Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 6 सितम्बर 2021

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री श्री पटेल ने मनेरी में प्रसंस्करण इकाई का किया शुभारंभ

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत् 6 से 12 सितंबर तक मनाया जा रहा फूड प्रोसेसिंग सप्ताह

 

मण्डला 6 सितम्बर 2021

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मनेरी में सीईएफपीपीसी योजनांतर्गत विभूति मार्ट प्राइवेट लिमिटेड की फूड प्रोसेसिंग यूनिट का शुभारंभ किया। उन्होंने शुभारंभ के अवसर पर कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 6 से 12 सितंबर तक खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय द्वारा फूड प्रोसेसिंग सप्ताह मनाया जा रहा है। इस कड़ी में आज मनेरी औद्योगिक परिसर में विभूति मार्ट द्वारा फ्रूट बेस प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने बताया कि 6 से 12 सितंबर तक पूरे सप्ताह में खाद्य प्रसंस्करण की पूर्ण हो चुकी प्रसंस्करण इकाइयों का शुभारंभ किया जाएगा। श्री पटेल ने खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत विभिन्न वर्गों को दी जाने वाली सब्सिडी तथा केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य उत्पादक को उत्पाद का वाजिब मूल्य उपलब्ध कराना है तथा खाद्य सामग्री के नुकसान को कम से कम स्तर पर ले आना है। उन्होंने कहा कि मांग एवं पूर्ति के अंतर को कम करना हमारी प्राथमिकता है। खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री ने कहा स्व-सहायता समूहों को उद्योग प्रसंस्करण क्षेत्र में आने के लिए प्रोत्साहित करें। इसी प्रकार ब्रांडिंग और मार्केटिंग के संबंध में भी विस्तृत कार्य योजना बनाते हुए अपना व्यवसाय आगे बढ़ाएं। श्री पटेल ने कहा कि मंडला जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में समन्वय से काम करते हुए मनेरी औद्योगिक क्षेत्र को मध्यप्रदेश तथा देश के नक्शे में लाने के लिए विस्तृत रूप से कार्य करना होगा तथा कमियों को पूरा करते हुए आगे बढ़ना होगा। राज्य मंत्री ने कहा कि सन 2023 को मोटे अनाज वर्ष घोषित किया गया है। सभी इच्छुक व्यवसायी इस क्षेत्र में भी अच्छा कार्य कर सकते हैं। वह मोटे अनाज की पैकेजिंग, डिमांड एवं मार्केट पर विचार करते हुए इस क्षेत्र में आगे बढ़ें। संबोधन के अंत में श्री पटेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की तरफ से फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को शुभकामनाएं दी। इससे पहले केंद्रीय राज्यमंत्री श्री पटेल ने शुभारंभ की गई इकाई का निरीक्षण किया और कार्यप्रणाली जानी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक निवास रामप्यारे कुलस्ते, औद्योगिक क्षेत्र के पदाधिकारीगण, वरिष्ठ अधिकारी श्री गुप्ता, जयदत्त झा, रतन ठाकुर एवं संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

शिविर लगातार बनाएं पात्र हितग्राही का आयुष्मान कार्ड – हर्षिका सिंह

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक में निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन एवं समाधान कार्यक्रम के प्रकरणों का गंभीरता से निराकरण करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने आगामी 7 सितम्बर को आयोजित किए जा रहे अन्न उत्सव कार्यक्रम के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर से लेकर अलग-अलग स्तरों पर अन्न उत्सव कार्यक्रम आयोजित करें तथा जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित करें। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, संयुक्त कलेक्टर अग्रिम कुमार सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिले के सभी पात्र व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनाएं। संबंधित विभाग आयुष्मान कार्ड बनाने की जानकारी अपने निचले अमले के माध्यम से प्रसारित करना सुनिश्चित करें। आयुष्मान कार्ड का पंजीयन लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से कराएं। इसी प्रकार आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष कैम्प आयोजित करें। सीईओ जिला पंचायत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए जरूरी कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे तथा इस कार्य के लिए जिला स्तर पर सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार नोडल होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग आयुष्मान कार्ड बनाने के काम में विशेष सहयोग करेंगे। कलेक्टर ने बैठक में निर्देशित किया कि टीबी मरीज एवं गर्भवती महिलाओं का अनिवार्य रूप से आयुष्मान कार्ड बनाएं। इसी प्रकार मनरेगा के हितग्राहियों का भी आयुष्मान कार्ड बनाएं।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्व-सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज प्रदान करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धारणाधिकार पट्टों का वितरण सुनिश्चित करें। इस कार्य में राजस्व अमला पर्याप्त सहयोग करे। श्रीमती सिंह ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत् जिले के शेष पात्र हितग्राहियों को लाभ दिया जाए। साथ ही उनका चिन्हांकन करते हुए दस्तावेजी कार्यवाही पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को उज्ज्वला लाभ की पात्रता की जांच अनिवार्य रूप से करें। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई, दवाई का छिड़काव एवं अन्य जरूरी कार्य करें। उन्होंने खनिज, परिवहन तथा आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि ओवरलोड वाहन तथा अवैध शराब के संबंध में प्रभावी कार्यवाही करें।

श्रीमती सिंह ने जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया कि सिंचाई की आवश्यकता वाले क्षेत्रों के लिए पानी छोड़ें। इसी प्रकार नाहरवेली पुल निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजें। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग के सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण पर निगरानी सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने उपार्जन एवं गिरदावरी के संबंध में जरूरी निर्देश दिए तथा जिले के कृषकों से अपील की कि अपनी गिरदावरी से संबंधित जरूरी कार्य राजस्व अमले के माध्यम से पूरा करें। उन्होंने खजरी, जुनवानी क्षेत्र में स्वास्थ्य सर्वे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में आ रहे सुधार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेम बच्चों की डेटा एंट्री समय पर की जाए। कलेक्टर ने कहा कि ’एक जिला एक उत्पाद’ के तहत् चयनित गौंड़ी पैंटिंग से युक्त रेशम की साड़ियाँ ऑॅनलाईन मार्केट पर भी उपलब्ध करा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि साड़ियों का उत्पादन बढ़ाने के लिए जिले में लोगों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। मवई को हेंडलूम क्लस्टर के रूप में विकसित करने के संबंध में भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ऑक्सीजन प्लांट के निर्माण कार्य जल्द पूर्ण किए जाएं। जिला चिकित्सालय में सीटी स्केन के इंस्टालेशन के लिए वरिष्ट कार्यालय से समन्वय करें। जिला चिकित्सालय में वार्डब्यॉय की नामजद ड्यूटी लगाएं तथा चिकित्सक सहित समस्त स्टॉफ का बायोमैट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करें। 16 सितम्बर से 15 नवम्बर तक विशेष अभियान चलाकर बैगा पंचायतों में विकास कार्यों तथा हितलाभ वितरण की कार्यवाही की जाए। उन्होंने जिला रोजगार अधिकारी को रोजगार मेला आयोजित करने तथा दिव्यांगजनों के लिए रोजगार संबंधी विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के कार्य प्रारंभ कराते हुए श्रमिकों का नियोजन सुनिश्चित करें। निर्माण कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए विशेष शिविर लगाएं। बैठक में टीएल के पत्रों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

वापस स्कूल चलें हम अभियान संचालित करें

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग, जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया कि जो भी बच्चे प्रवेश से वंचित हैं उन्हें चिन्हित कर प्रवेश दिलाएं। कोई भी बच्चा शालात्यागी अथवा अप्रवेशी नहीं रहना चाहिए। आंगनवाड़ियांे से सूची प्राप्त कर कक्षा एक में दर्ज सुनिश्चित करें। इसी प्रकार कक्षा 5 उत्तीर्ण बच्चों का कक्षा 6 में, कक्षा 8 उत्तीर्ण बच्चों का कक्षा 9 में तथा कक्षा 10 उत्तीर्ण बच्चों का कक्षा 11 में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। जो बच्चे छूट गए हैं उनके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से वापस स्कूल चलें हम अभियान संचालित करते हुए उनका प्रवेश सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी शालाओं के बोर्ड में रंग कराएं। शालाओं में बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करें। शाला परिसर से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें।

 

खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच करें

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि संबंधित विभाग जिले में बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करें। अमानक पाए जाने पर संबंधितों के विरूद्ध कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि कोई भी दुकानदार एक्सपायरी डेट की सामग्री का विक्रय करता है तो उसके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही करें। उन्होंने आमजन को इस संबंध में जागरूक करने के संबंध में भी अभियान चलाने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

प्रत्येक बुधवार एवं गुरूवार को आयोजित होगा वैक्सीनेशन का महाभियान

समीक्षा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने दिए निर्देश

 

कोविड वैक्सीनेशन के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि 20 सितम्बर तक शतप्रतिशत वैक्सीनेशन करना सुनिश्चित करें। लक्ष्यपूर्ति होने तक प्रत्येक बुधवार एवं गुरूवार को महाभियान संचालित कर वैक्सीनेशन किया जाए। इस महाभियान को सफल बनाने के लिए ग्रामीण विकास, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास सहित सभी विभाग अपने-अपने अमले के माध्यम से लोगों को वैक्सीनेशन सेंटर तक मोबिलाईज करेंगे। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित संबंधित विभागों के जिला तथा विकासखण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए प्रभावी योजना तैयार कर क्रियान्वित करें। जिन क्षेत्रों में वैक्सीनेशन का प्रतिशत कम है वहां पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, संबंधित जनपद सीईओ तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारी स्वयं भ्रमण कर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, रोजगार सहायक तथा ग्राम पंचायत सचिव वैक्सीन से बचे लोगों को चिन्हित कर निर्धारित तिथि में वैक्सीनेशन सेंटर तक पहुंचाने में मदद करेंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि मतदाता सूची से मिलन करें तथा जो शेष रह गए हैं उनका वैक्सीनेशन कराएँ। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि स्थायी टीम के अलावा मोबाईल टीम भी गठित की जाए जो आवश्यकतानुसार घर-घर पहुंचकर लोगों का वैक्सीनेशन करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक, हॉस्टल अधीक्षक तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने कार्यक्षेत्र में शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए जिम्मेदार होंगे। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निकायवार वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए निर्देशित किया कि सम्मिलित प्रयास कर लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें। लक्ष्य की पूर्ति नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। वैक्सीनेशन कार्य की उपलब्धि संबंधित अधिकारी के सीआर में अंकित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सबसे पहले अपने कार्यक्षेत्र को शतप्रतिशत वैक्सीनेट कराने वाले अधिकारी को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने जिला पंचायत तथा विकासखण्ड स्तर पर जनपद पंचायतों में कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित सेंटरों में सुबह 8 बजे तक वैक्सीन पहुंचाकर वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ कराएं।

 

योजनाओं का लाभ लेने वैक्सीनेशन जरूरी

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं के तहत् लाभ लेने वाले हितग्राहियों का अनिवार्य रूप से वैक्सीनेशन कराएँ। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न, प्रधानमंत्री आवास, पेंशन सहित अन्य सभी योजनाओं के लाभ के लिए हितग्राहियों से उनका वैक्सीनेशन प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त करें तथा जिनका वैक्सीनेशन नहीं हुआ है उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें।

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 748.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 6 सितम्बर के दौरान 748.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1167.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 418.5 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 सितम्बर को मंडला में 2.8, नैनपुर में 7.2, बिछिया में 9.3 मि.मी., घुघरी में 11 एवं नारायणगंज में 2.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 5.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।

 

 

 

 

 

 

 

7 को आयोजित होगा अन्न उत्सव

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 सितम्बर को जिले की प्रत्येक उचित मूल्य दुकानों पर अन्न उत्सव का आयोजन किया जाना है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सहायक आयुक्त सहकारिता, तहसीलदार और नायब तहसीलदार, सीईओ जनपद, सीएमओ नगरीय निकाय एवं सहायक तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक दुकान में सतर्कता समिति, क्राईसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्य एवं स्थानीय प्रबुद्धजनों को सम्मिलित करते हुए अन्न उत्सव कार्यक्रम का आयोजन करना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए एडवाईजरी

 

बरसात के दिनों में आकाशीय बिजली अक्सर जानलेवा साबित होती है। खेतों में काम करने वाले, पेड़ों के नीचे पनाह लेने वाले, तालाब में नहाते समय बिजली चमकने पर इसकी आगोश में आने की संभावना अधिक रहती है। आकाशीय बिजली से बचाव के कुछ उपाय ऐसे हैं जिससे  बचा जा सकता है। राज्य सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने के लिए दिशा-निर्देश जारी किया गया है।

आकाशीय बिजली कड़कने पर यदि घर के भीतर हों तो बिजली से संचालित उपकरणों से दूर रहें, तार वाले टेलीफोन का उपयोग नहीं करना चाहिए। खिड़कियां व दरवाजे बंद कर दें, बरामदे और छत से दूर रहें। इसके अलावा ऐसी वस्तुएं जो बिजली के सुचालक हैं उनसे भी दूर रहना चाहिए। धातु से बने पाइप, नल, फव्वारा, वाश बेसिन आदि के संपर्क से दूर रहना चाहिए।

इसी तरह जब आप घर के बाहर हैं तब वृक्ष जो बिजली को आकर्षित करते हैं। बिजली चमकते समय वृक्ष के नीचे न खड़े रहें, ऊंची इमारतों वाले क्षेत्र में आश्रय न लें, समूह में खड़े होने के बजाय अलग-अलग हो जाएं। किसी मकान में आश्रय लेना बेहतर है। सफर के दौरान अपने वाहन में ही रहें। मजबूत छत वाले वाहन में रहें, खुली छत वाले वाहन की सवारी न करें, बाहर रहने पर धातु से बने वस्तुओं का उपयोग न करें। बाइक, बिजली या टेलीफोन का खंभा तार की बाड़ और मशीन आदि से दूर रहें। तालाब और जलाशयों से दूर रहें यदि आप पानी के भीतर हैं, अथवा किसी नाव में हैं तो तुरंत बाहर आ जाएं। सिर के बाल खड़े हो जाएं तो समझिए बिजली गिरेगी। यदि आकाशीय बिजली चमक रही है और आपके सिर के बाल खड़े हो जाएं व त्वचा में झुनझुनी होने लगे तो फौरन नीचे झुककर कान बंद कर लें। क्योंकि यह इस बात का सूचक है कि आपके आस-पास बिजली गिरने वाली है।

 

आकाशीय बिजली गिरने पर क्या करें-

 

बिजली का झटका लगने पर जरूरत के अनुसार व्यक्ति को सीपीआर, कार्डियो पल्मोनरी रेसिटेंशन यानि कृत्रिम सांस देनी चाहिए। तत्काल प्राथमिक चिकित्सा देने की व्यवस्था करनी चाहिए।

 

 

 

 

समस्याग्रस्त क्षेत्रों में जल उपलब्धता के लिए प्राथमिकता से कार्य करें

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने की जल जीवन मिशन की समीक्षा

 

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या है वहां पर जल जीवन मिशन का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करें। जहाँ पर जल परिवहन के माध्यम से जलापूर्ति की जाती है अथवा जहां पर जल के समुचित स्त्रोत नहीं हैं, ऐसे स्थानों को चिन्हित करते हुए उनमें जल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि घरेलू कनेक्शनों की लक्ष्य की पूर्ति समय सीमा में सुनिश्चित करें। उन्होंने कमजोर प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी के विरूद्ध कार्यवाही करें जो एजेंसी संतोषजनक प्रगति नहीं देती है उसे ब्लेक लिस्टेड करने की कार्यवाही की जाए। श्रीमती सिंह ने कहा कि घरेलू कनेक्शन, स्कूल एवं आंगनवाड़ी में पानी की सुविधा तथा लक्ष्य की पूर्ति आदि बिन्दुओं के आधार पर प्रतिमाह सहायक यंत्रियों की रैंकिंग करें। कलेक्टर ने सितम्बर माह का लक्ष्य निर्धारित करते हुए समय-समय पर प्रगति से अवगत करने के निर्देश दिए। उन्हांेने निर्देशित किया कि पाईप सहित अन्य सभी सामग्रियों की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित करें। स्कूल तथा आंगनवाड़ी भवनों में जल सुविधा के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करें। जिन ग्रामों, स्कूल तथा आंगनवाड़ियों में शतप्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है वहां पर भौतिक सत्यापन कराया जाए। इसी प्रकार जिन क्षेत्रों में पानी की टंकियों का निर्माण पूर्ण हो चुका है उनका भी समुचित उपयोग प्रारंभ करें। कलेक्टर ने कहा कि रामनगर में जल-जीवन मिशन का काम तत्काल प्रारंभ कराते हुए फोटो सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि पानी अनिवार्य आवश्यकता है इसके लिए लोगों को परेशान नहीं होना चाहिए।

श्रीमती सिंह ने कहा कि जल एवं स्वच्छता समिति को सक्रिय करें। जल स्त्रोतों के रख-रखाव तथा जल संरक्षण के संबंध में स्व-सहायता समूहों का भी सहयोग लिया जाए। जिन स्थानों पर जल जीवन मिशन के कार्य चल रहे हैं वहां पर अनिवार्य रूप से सूचना बोर्ड लगवाएं। बंद नलजल योजनाओं को चिन्हित कर उन्हें भी जल जीवन मिशन में सम्मिलित करें। इसी प्रकार टंकिंयों के संबंध में आने वाली समस्याओं को सूचीबद्ध कर उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। बंद हेण्डपंपों का सुधार कराएं तथा जल स्त्रोतों का क्लोरीनेशन भी कराएं। कलेक्टर ने ईईपीएचई को जल की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एएस कुशरे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

समूहों के बैंक लिंकेज में सकारात्मक रूख अपनाएं बैंकर्स

 

स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि बैंकर्स सकारात्मक रूख अपनाते हुए समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों द्वारा बैंकों में प्रस्तुत प्रकरणों पर समय-सीमा में ऋण स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि ग्रामीण आजीविका तथा शहरी आजीविका का अमला समूहों को दस्तावेजीकरण में सहयोग प्रदान करें। मिशन मोड में कार्य करते हुए अगले 3 दिवस में शिविर लगाकर ऋण स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही करें। निकायवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि वार्षिक लक्ष्य के 50 प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सितम्बर माह में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बैंकर्स को निर्देशित किया कि ऋण स्वीकृति की कार्यवाही पोर्टल पर भी अपडेट करें। बैठक में संयुक्त कलेक्टर अग्रिम कुमार, एलडीएम अमित केसरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बैंकर्स उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पद हेतु आवेदन आमंत्रित

 

महिला एवं बाल विकास परियोजना घुघरी अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पद के लिए 15 सितम्बर तक पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी केन्द्र पद्दीकोना में कार्यकर्ता पद के लिए तथा चुरिया एवं कुन्टीददरगांव में सहायिका के रिक्त पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विस्तृत जानकारी परियोजना घुघरी परियोजना कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

Related posts

जिले में अब तक 300.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

Reva India News

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक लेंगे

Reva India News

डोंगरमण्डला भवन में शारीरिक माप से संबंधित ट्रेनिंग का आयोजन

Reva India News

Leave a Comment