Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 7 सितम्बर 2021

नए कोरोना मरीजों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग गंभीरता से करें – श्री चंद्रशेखर

कमिश्नर ने वीसी में दिए निर्देश

 

मण्डला 7 सितम्बर 2021

जबलपुर संभाग आयुक्त श्री बी. चंद्रशेखर ने वीसी के माध्यम से सभी जिलों की विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की। उन्होंने जिलेवार कोविड संक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए नए कोरोना मरीजों की आंकड़ेवार जानकारी ली। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि नए कोरोना मरीजों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग गंभीरता से करें। इसी प्रकार संक्रमण की पहचान करते हुए आईसोलेशन की प्रक्रिया अपनाएं। संभाग आयुक्त ने जिलेवार आरटीपीसीआर तथा आरएटी टेस्ट की जानकारी लेते हुए कहा कि कोविड वायरस के नए वेरिएंट को देखते हुए जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला प्रशासन को एक्सरे की व्यवस्था, कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग, दवाईयों की उपलब्धता, टेस्टिंग किट तथा अन्य कोविड व्यवस्थाओं पर जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में ऑक्सीजन प्लांट, कोविड संक्रमण, ’एक जिला एक उत्पाद’, रोजगार मेले तथा अन्य बिन्दुओं पर जानकारी प्रदान की।

श्री बोरकर ने जिलों में कोविड प्रोटोकॉल के पालन के लिए चल रही कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस तथा राजस्व के माध्यम से किए गए चालान की जानकारी ली। संभाग आयुक्त ने कोविड कल्याण योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने ’एक जिला एक उत्पाद’ के तहत् जिलेवार किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों को दिलाए जा रहे क्रेडिट लिंकेज में प्रगति लाएं। श्री बोरकर ने नगरीय क्षेत्रों में धारणाधिकार आवंटन, राईस मिलिंग और खाद्यान्न उठाव की व्यवस्था, रोजगार मेलों की जानकारी, जल-जीवन मिशन की प्रगति तथा जिले में वर्षा की स्थिति तथा फसल नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

 

 

 

 

बैगाओं को प्राकृतिक एवं पर्यावास के अधिकार दिलाने कार्यवाहियाँ पूर्ण करें

समीक्षा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देश

 

विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति को प्राकृतिक व पर्यावास का अधिकार प्रदान करने के जिले की 10 बैगा बाहुल्य पंचायतों का चयन किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए उन्हें सभी कार्यवाहियाँ समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त कलेक्टर अग्रिम कुमार, संबंधित एसडीएम, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग विजय तेकाम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि चयनित प्रत्येक पंचायतों के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति करें जो पूरे अभियान को संचालित करने के लिए जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि नियुक्त नोडल अधिकारी आवंटित ग्राम का भ्रमण कर बैगा समुदाय के लोगों से चर्चा कर उनके रहन-सहन, आहार, पूजा-पद्धति, सामाजिक परिवेश, आर्थिक गतिविधियाँ सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा कर जानकारी संकलित करेंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रयोजनों के लिए बैगा समुदाय के लोग जंगल आने-जाने में किन रास्तों का उपयोग करते हैं इस संबंध में भी विस्तृत जानकारी एकत्र की जाए। नोडल अधिकारी भ्रमण के दौरान जानकारी संकलन में संबंधित पटवारी, पंचायत सचिव तथा रोजगार सहायक आदि की सहायता प्राप्त करेंगे। साथ ही ग्राम में बैठक कर उनका फीडबैक प्राप्त करेंगे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जानकारी प्राप्त करने के उपरांत पंचायत का हेबिटेट राइट के निस्तार का नजरी नक्शा तैयार करें जिसमें सभी पहलुओं को अंकित किया जाए। नक्शे में जीपीएस लॉकेशन तथा फॉरेस्ट का कम्पार्टमेंट नंबर अनिवार्य रूप से दर्शाया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी पूरी सावधानी बरतते हुए जानकारी संकलित करें। कलेक्टर ने बैगाओं को प्राकृतिक एवं पर्यावास अधिकार प्रदान करने के संबंध में विभिन्न गतिविधियों के लिए समयसीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए।

 

 

 

बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए उत्पाद तैयार करें समूह

कलेक्टर ने की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की समीक्षा

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना पर कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, रेशम विभाग, जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र, नाबार्ड मण्डला, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को लक्ष्य के अनुरूप शत् प्रतिशत लाभान्वित कराना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सहायक संचालक उद्यानिकी को एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत कोदो-कुटकी की प्रोसेसिंग इकाईयां स्थापित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना 2 दिवस में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कोदो-कुटकी का क्षेत्र बढ़ाने के लिए समुचित प्रयास करें। कोदो-कुटकी की गुणवत्ता की जांच कराएं तथा गुणवत्ता सुधार के लिए विशेषज्ञों से सहयोग लें। रेशम की साड़ियों का उत्पादन बढ़ाएं तथा जनजातीय पेंटिंग को प्रोत्साहित करें। इस संबंध में उन्होंने प्रशिक्षण आयोजित करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि महिलाओं का चिन्हांकन कर मवई क्षेत्र में कॉटन तथा शिल्क का कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि रेशम, हाथकरघा तथा ग्रामीण आजीविका के अधिकारी सम्मिलित भ्रमण कर मवई क्षेत्र में हेंडलूम को बढ़ावा देने आवश्यक कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि स्व-सहायता समूह बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए उत्पाद तैयार करें। उन्होंने चादर, तकिया, कुर्ता, टीशर्ट आदि के उत्पादन पर भी ध्यान देने की बात कही। श्रीमती सिंह ने कहा कि अमेजन, फ्लिपकार्ट, ट्रायफेड एवं अन्य ऑनलाईन मार्केट के माध्यम से कोदो कुटकी, हथकरघा वस्त्र, रेशम वस्त्र व अन्य उत्पादों के विक्रय को बढ़ावा देने का प्रयास करें। उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत् पात्र हितग्राहियों के प्रकरण तैयार कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि साल के वृक्ष से कपूर संग्रह के लिए स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशिक्षित करें। बैठक में संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

9 को घुघरी एवं 10 को मंडला में लगेंगे मेगा ऋण वितरण कैम्प

किसान समृद्धि अभियान के तहत् आयोजन

 

देश के अन्नदाता किसानों के सम्मान में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सभी शाखाओं में 20 सितंबर 2021 तक किसान समृद्धि अभियान चलाया जा रहा है। किसानोन्मुख इस अभियान में जिले की सभी शाखाओ द्वारा अलग-अलग तिथि में शाखा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें बैंक से जुड़े कृषक ग्राहकों को विभिन्न प्रकार के ऋण की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न शाखाओं द्वारा इस कृषक उन्मुख अभियान के दौरान कृषकों के आर्थिक सहयोग हेतु किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन ऋण, ट्रैक्टर ऋण, थ्रेसर ऋण, वेयर हाउस, कोल्ड स्टोर, एग्रिकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत ऋण, पीएमएफ़एमई के तहत ऋण, कृषक उत्पादक संगठन ऋण एवं अन्य कृषि उपकरण हेतु ऋण के साथ-साथ स्व-सहायता समूह ऋण की सुविधाएं भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिले के किसान इस विशेष अभियान में नजदीकी शाखाओं से संपर्क कर कषि उन्नति के अपने-सपने को साकार कर सकते है।

क्षेत्रीय प्रबंधक महावीर प्रसाद मीना द्वारा बताया गया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किसानों के उन्नति की यह अनोखी पहल खासकर ग्रामीण व अर्धशहरी शाखाओं में विशेष रूप से अभियान चलाकर की जा रही है। जहां किसानों के लिए कृषि ऋण के अतिरिक्त गृह ऋण व वाहन ऋण भी सस्ते दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार केशरी ने बताया कि किसानों के सम्मान व आर्थिक सहयोग हेतु जिले के सभी बैंक शाखाओं में चौपाल के आयोजन के साथ-साथ 9 सितम्बर 2021 को घुघरी में एवं 10 सितम्बर 2021 को मंडला में मेगा कैम्प का आयोजन किया जाएगा जिसमें किसानों को समाज में उनके अहम योगदान हेतु जिला प्रशासन, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, नाबार्ड, कृषि विकास से जुड़े विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों व गणमान्य व्यक्ति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

 

 

 

 

आगामी त्यौहारों में मूर्ति निर्माण के लिए दिशा-निर्देश जारी

जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश

 

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह ने क्षेत्रीय अधिकारी म0प्र0 प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विजय नगर, जबलपुर से प्राप्त प्रतिवेदन 31 अगस्त 2021 के अनुक्रम में गणेश जी, दुर्गाजी की मूर्तियाँ स्थापित कर पूजा की जाती है एवं पूजा के उपरांत मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है। मूर्तियों का विसर्जन प्राकृतिक जल स्त्रोतों में किये जाने से जल की गुणवत्ता प्रभावित होती है एवं जलीय जीवन पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। मूर्ति विसर्जन से प्राकृतिक जल स्त्रोतों जैसे नदी, तालाब, झील आदि की गुणवत्ता प्रभावित न हो इसके लिये केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नई दिल्ली द्वारा मूर्ति विसर्जन के संबंध में गाईड लाइन जारी की गयी है तथा राष्ट्रीय हरित अधिकरण, सेन्ट्रल जोनल बैंच भोपाल 19 दिसम्बर 2013 जारी गाईड लाईन में मूर्ति निर्माण एवं मूर्तियों व ताजियों के विसर्जन हेतु निर्देश जारी किये गये है। उपरोक्त प्रतिवेदन के आधार पर मण्डला जिले में मूर्ति निर्माण एवं विसर्जन से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम हेतु प्रतिबंधात्मक कार्यवाही व प्रचार-प्रसार आवश्यक है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अंतर्गत आदेशित किया है कि मण्डला जिले की राजस्व सीमाओं के अंतर्गत मूर्तियों, प्रतिमाओं के निर्माण हेतु केवल प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाये। मूर्तियों के निर्माण में परम्परागत मिट्टी का ही उपयोग किया जाये, पकी हुई मिट्टी, पी.ओ.पी. (प्लास्टर ऑफ पेरिस) या किसी प्रकार के केमिकल एवं रासायनिक वस्तुओं का उपयोग मूर्ति निर्माण में किया जाना प्रतिबंधित रहेगा। मूर्तियों, प्रतिमाओं पर कलर हेतु केवल प्राकृतिक रंगों व गैर विशाक्त रंगों का इस्तेमाल किया जायेगा। किसी भी प्रकार के रासायनिक व विशाक्त रंगों का पूर्णतयाः इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।

जिले में केवल परम्परागत मिट्टी से निर्मित प्रतिमाओं का ही उत्पादन व विक्रय किया जा सकेगा। परम्परागत मिट्टी छोड़कर अन्य पदार्थ जैसे पी.ओ.पी. व अन्य रासायनिक पदाथों से बनायी जाने वाली प्रतिमाओं के उत्पादन तथा विक्रय, बाहर ले जाने या बाहर से लाने को प्रतिबंधित किया जाता है। परम्परागत मिट्टी छोड़कर अन्य पदार्थ जैसे पी.ओ.पी. व अन्य रासायनिक पदार्थों से मूर्ति, प्रतिमाओं के निर्माण को प्रतिबंधित किया जाता है। स्थानीय निकाय द्वारा इस संबंध में सत्यापन किया जायेगा, यदि परम्परागत मिट्टी छोड़कर अन्य पदार्थ जैसे पी.ओ.पी. व अन्य रासायनिक पदार्थों से प्रतिमाओं के निर्माण का मामला प्रकाश में आता है तो तत्काल स्थानीय निकाय द्वारा इस निर्मित प्रतिमाओं को अपने कब्जे में लेकर उनका निपटान ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन नियम-2016 के प्रावधानों के अनुरूप करेगा।

पूजन सामग्री जैसे फल-फूल, नारियल, वस्त्र-आभूषण, सजावट के सामान जिनमें कागज एवं प्लास्टिक से निर्मित वस्तुएं शामिल हैं, को मूर्ति, प्रतिमाओं विसर्जन के पूर्व निकालकर उन्हें अलग-अलग एकत्रित किया जायेगा तथा उक्त एकत्रित सामग्री का निपटान ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन नियम-2016 के प्रावधानों के परिप्रेक्ष्य में स्थानीय निकायों द्वारा किया जायेगा। मूर्ति, प्रतिमाओं के विसर्जन के 24 घंटे के भीतर विसर्जित मूर्ति, प्रतिमाओं से उत्पन्न ठोस अपशिष्ठ जैसे बांस, रस्सी, मिट्टी, पी.ओ.पी., प्रतिमा के हिस्सों आदि को एकत्रित कर उनका निपटान नगरीय ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन नियम-2016 के प्रावधानों के परिप्रेक्ष में स्थानीय निकायों द्वारा किया जायेगा। उक्त आदेश जारी दिनांक से 15 अक्टूबर 2021 तक प्रभावशील होगा तथा उक्त अवधि में उक्त आदेश का उल्लंघन धारा 188 भारतीय दण्ड विधान अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आयेगा।

 

 

 

 

 

बेसहारा-बेघर वरिष्ठ नागरिकों के बचाव एवं उनके साथ दुर्व्यवहार को रोकने हेतु भागीदारी एवं सहायता प्राप्त कराने

 

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत शासन एवं राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा मिशन अंतर्गत भारत सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सहायता देने एवं आवश्यक सेवा प्रदान करने हेतु राष्ट्रीय हेल्पलाईन (एल्डर हेल्पलाईन) स्थापित किया गया है। मध्यप्रदेश में ऐल्डर हेल्पलाईन 14567 का क्रियान्वयन सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी कार्यालय प्रमुखों को ऐल्डर हेल्पलाईन 14567 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं सूचना पटल पर राष्ट्रीय हेल्पलाईन 14567 (टोल फ्री नंबर) चस्पा करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

रोजगार शिविर में 102 युवकों का प्राथमिक चयन

 

मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला मण्डला अतंर्गत विकाखण्ड स्तर पर म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन विकासखण्ड मण्डला द्वारा 7 सितम्बर 2021 को रोजगार केम्प आयोजित किया गया। एसआईएस कम्पनी अनूपपुर द्वारा 102 युवक का प्राथमिक चयन किया गया। एसआईएस कम्पनी के द्वारा प्राथमिक चयन के साथ साथ नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर विकासखण्ड प्रबंधक शबीना बानो, सुरेखा बैरागी, अभय गौर, शैलजा सैनी, योगेन्द्र तिवारी एवं एसआईएस कम्पनी से दिनेश शर्मा उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

परिवहन एवं खनिज विभाग की संयुक्त कार्यवाही

 

जिला परिवहन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग एवं खनिज विभाग की संयुक्त चैकिंग में जिले में संचालित वाहनों के दस्तावेजों एवं ओव्हरलोडिंग की जांच की गई। वाहनों की चैकिंग की गई जिसमें नियम विरूद्व संचालित तीन वाहन जब्त किये गये। एक वाहन महाराजपुर थाने में एवं 2 बम्हनी थाने में सुरक्षार्थ रखा गया है। चैकिंग की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। चैकिंग में जिला परिवहन अधिकारी बिमलेश कुमार गुप्ता, खनिज अधिकारी दिवेश मरकाम माईनिंग इंसपेक्टर बसंत पाटिल एवं परिवहन कार्यालय का स्टॉफ उपस्थित रहा।

 

 

 

 

कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग इकाई के लिए आवेदन आमंत्रित

 

महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना संचालित की जा रही है। इकाई लगाने के इच्छुक युवक, युवतियाँ कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग इकाई के लिए ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं जिसमें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही की जायेगी। इच्छुक व्यक्ति जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कार्यालय में उपस्थित होकर भी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 749.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 7 सितम्बर के दौरान 749.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1173.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 424 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 सितम्बर को नैनपुर में 1.4 एवं घुघरी में 6.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 1.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।

 

 

 

 

 

आयुष्मान कार्ड से प्रतिवर्ष 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की पात्रता

कलेक्टर ने की आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील

 

 

जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ उठाने आव्हान किया है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष पात्र परिवार को 5 लाख रूपये तक का इलाज मुफ्त मिलेगा। आयुष्मान भारत ‘’निरामयम’’ योजना का उद्देश्य गरीब एवं असहाय परिवारों को गुणवत्तापूर्ण इलाज समय पर उपलब्ध कराना है। सभी संबल कार्ड धारी, खाद्यान्न पर्ची धारी एवं ऐसे सभी लोग जिनका नाम एस.ई.सी. सूची में हैं। वे सभी आयुष्मान कार्ड के लिए पात्र है। आप अपना आयुष्मान कार्ड जिला चिकित्सालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में निःशुल्क रूप से बना सकते है। इसके अलावा अपने पास के लोक सेवा केन्द्र तथा कॉमन सर्विस सेंटर में जाकर बनवा सकते हैं। कार्ड बनवाने के लिए अपनी परिवार समग्र आई.डी., आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड इनमे से कोई भी दस्तावेज लेकर पहुचना है। ऐसे परिवार जिनमें मुखिया का आयुष्मान कार्ड बना है। वे अपने परिवार के अन्य सभी सदस्यों का कार्ड बनवाएं। यदि लाभार्थी कार्ड बनवाने में कोई समस्या आती है तो लोक सेवा केन्द्र के हेल्पडेस्क कर्मचारी से सहायता लें सकते है। आयुष्मान कार्ड संबंधि अधिक जानकारी के लिए नागरिक टोल फ्री नम्बर 1800111565/14555 पर कॉल कर सकते हैं या वेबसाइट https://pmjay.gov.in  पर लॉग इन करने के अलावा लोक सेवा केन्द्र या जन सेवा केन्द्र संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

13 से 23 सितंबर 2021 तक चलेगा राष्ट्रीय कृमी मुक्ति अभियान

1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवाई

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जन समुदाय को जानकारी देते हुए अपील की है कि जिले में 13 से 23 सितंबर 2021 तक राष्ट्रीय कृमी मुक्ति अभियान स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं महिला बाल विकास, विभाग के माध्यम से संचालित होना है, जिसमें 1 से 19 वर्ष के बच्चे एवं किशोर किशोरियों को कीड़े मारने की दवाई एल्बेंडाजोल खिलाई जायेगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु उपरोक्त विभागों के साथ समन्वय किया गया एवं वर्चुवल मीटिंग करके इस अभियान में होने वाली गतिविधि की जानकारी दी गई है एवं विभागों का इस अभियान में कौन-कौन से उत्तरदायित्व है, विस्तार से जानकारी दी जा चुकी है जिला स्तर एवं विकासखंड स्तर तथा ग्राम स्तर तक के अधिकारी कर्मचारियों को अभियान के दौरान होने वाली गतिविधि की जानकारी प्रशिक्षण के दौरान दी जा चुकी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जन समुदाय से अपील की है कि अपने 1 वर्ष से 19 वर्ष के बच्चों एवं किशोर किशोरियों को कृमिनाशक की दवाई एल्बेंडाजोल जरूर खिलाएं।

डॉ. वाई.के. झारिया जिला टीकाकरण अधिकारी ने कृमि मुक्ति के लिए क्रियान्वयन रणनीति बताया एवं एल्बेंडाजोल गोली 1 वर्ष में दो बार बच्चों एवं किशोरियों को खिलाई जाती है दवाइयों का सेवन करने से पेट के कीड़े मर जाते हैं बच्चों एवं किशोर मैं मानसिक विकास शारीरिक विकास एवं बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन समुदाय आधारित रणनीति के अंतर्गत 13 से 23 सितंबर तक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास के समस्त मैदानी कार्यकर्ता के द्वारा समुदाय में घर-घर जाकर 1 से 19 वर्ष के समस्त हितग्राहियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जायेगी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन हो रहा है शिक्षकों के सहयोग से उपलब्ध समस्त हितग्राहियों को एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कराया जाएगा। 13 से 23 सितंबर 2021 तक जिन गांव या वार्डों में पूर्व निर्धारित व्हीएचएनडी दिवसों के आधार पर मैदानी कार्यकर्ता कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कृमि की दवाई अपनी निगरानी में खिलाई जायेगी।

 

’’किसे कितनी दवाइयों की खुराक’’

 

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वाई.के. झारिया ने बताया कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को अल्बेंडाजोल 400 मिलीग्राम गोली पीसकर पीने के साफ पानी के साथ दी जाएगी। 2 से 3 वर्ष एल्बेंडाजोल 400 मिलीग्राम की पूरी गोली पीसकर पीने के साफ पानी के साथ। इसी तरह 3 से 19 वर्ष एल्बेंडाजोल 400 मिलीग्राम की पूरी गोली चबाकर पीने के साफ पानी के साथ दी जाएगी। समाचार

 

 

 

 

 

 

 

पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन

 

एक से 30 सितम्बर तक महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह मनाया जा रहा है। पोषण माह के अंतर्गत कुपोषित बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसी प्रकार घर एवं स्थानीय स्तर पर उत्पादित किए जाने वाले सब्जी एवं फल आदि के बारे में जानकारी देते हुए कुपोषण को कम करने समझाईश दी जा रही है। इसी क्रम में जिले की सभी परियोजनाओं एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषणवाटिका भी लगाई गई है। साथ ही आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

मोटर दुर्घटना एवं क्षतिपूर्ति के प्रकरणों की प्रीसिटिंग संबंधी बैठक सम्पन्न

 

 

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन 11 सितम्बर 2021 को सम्पूर्ण देश में किया जाना है। इसी तारतम्य में जिला मण्डला में जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री आर०एस० शर्मा के मार्गदर्शन में एवं जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला श्रीमति डॉ० प्रीति श्रीवास्तव के निर्देशन में न्यायालयों में लंबित मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के प्रकरणों को चिन्हित किया जाकर प्रकरणों के आवेदक अधिवक्ताओं एवं अनावेदक अधिवक्ताओं को बुलाया जाकर प्रीसिटिंग बैठकें आयोजित की गई है।

उक्त के संबंध में माननीय श्री आर०पी० सिंह विशेष न्यायाधीश की विशेष उपस्थिति में 6 सितम्बर 2021 से लगातार मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के प्रकरणों के संबंध में प्रीसिटिंग बैठक आयोजित की जा रही है। 7 सितम्बर की प्रीसिटिंग बैठक में माननीय श्री आर०पी०सिंह विशेष न्यायाधीश मण्डला, श्रीमति डॉ० प्रीति श्रीवास्तव जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला सहित श्री निरंजन कुमार पांचाल प्रथम जिला न्यायाधीश, श्री जे०बी०एस० राजपूत चतुर्थ जिला न्यायाधीश, श्री किशोर कुमार निनामा, पंचम जिला न्यायाधीश की उपस्थिति में समस्त मो०दु० क्षतिपूर्ति के न्यायालय के लंबित प्रकरणों को चिन्हित किये जाने हेतु चर्चा की गई एवं उन्हें निराकृत कराये जाने हेतु प्रयास किये जा रहे हैं। उक्त प्रीसिटिंग बैठक में बीमा कंपनी के प्रबंधक श्री प्रमोद सोधिया उपस्थित रहे एवं बीमा कंपनी के अधिवक्तागण सुश्री दीप्ति शास्त्री अधि० श्री मुकेश श्रीवास्तव अधिव, श्री सी०वी०पटैल अधिव. श्री ब्रजेश चौरसिया अधि0, श्री अखिलेश दुबे अधि०, श्री सुधीर बाजपेयी अधिव, श्री संजय मिश्रा अधि०, श्री पी०एल० पटैल अघि0, श्री नंदकिशोर रजक अधिव सहित अन्य समस्त आवेदक अधिवक्तागण श्री अशोक वर्मा अधिव, श्री आनंद राय अधिव, श्री मनोज गुप्ता अधिव, श्री सुरेन्द्र गढ़ेवाल अधिव, श्री ओ०पी०यादव अधिव, श्री मनीष चौधरी, सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे। जिनसे उनके संबंधित प्रकरणों में चर्चा किया जाकर प्रकरणों में समझौता, राजीनामा की चर्चा की गई है।

Related posts

स्वस्थ मतदान की नींव रखने मतदान अवश्य करें बच्चों ने परिजनों को पत्र लिखकर किया नैतिक मतदान का आग्रह

Reva India News

नैनपुर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों का एसडीएम ने किया निरीक्षण

Reva India News

पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की समीक्षा बैठक 12 सितंबर को होगी

Reva India News

Leave a Comment