मण्डला 11 अक्टूबर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में संचालित कोविड वैक्सीनेशन महाभियान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग कोविड वैक्सीनेशन के सेकण्ड डोज लगाने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से जारी रखें। श्रीमती सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला बाल विकास विभाग, एसडीएम, सीईओ जनपद तथा पंचायत स्तरीय अमला समन्वय बनाते हुए अपने क्षेत्र के द्वितीय डोज के लिए पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार करें तथा हितग्राहियों को द्वितीय डोज की सूचना देते हुए उनका टीकाकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि द्वितीय डोज के लिए पात्र हितग्राहियों को टीकाकरण की सूचना देने के लिए स्थानीय स्तर पर मुनादी सहित अन्य प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें।
श्रीमती सिंह ने कोविड टीकाकरण में सहयोग के लिए जन अभियान परिषद को समन्वय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी अपने क्षेत्रों का सतत् भ्रमण जारी रखें एवं कोविड वैक्सीनेशन के द्वितीय डोज के प्रतिशत में प्रगति लाएं। कलेक्टर ने कहा कि पंचायत स्तर पर कोविड वैक्सीनेशन के द्वितीय डोज के लक्ष्य को पूरा करने के लिए बैठकें आयोजित करें तथा शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए रणनीति बनाएँ। कलेक्टर नेे कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में कोविड के टीके उपलब्ध हैं अतः सभी बीएमओ, सीडीपीओ, सीईओ जनपद अपने मैदानी अमले के माध्यम से वैक्सीनेशन को पूर्णता प्रदान करें। उन्होंने नगरीय निकायों में भी कोविड वैक्सीनेशन के द्वितीय डोज के लिए सत्र आयोजित करते हुए पात्र हितग्राहियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्हांेने इसके लिए एडीएम मीना मसराम को निगरानी करने की बात कही।
दुर्गा पंडालों में दिलाएँ वैक्सीनेशन की शपथ
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि दुर्गा उत्सव के मद्देनजर पंडाल समितियाँ अपने स्तर पर भी वैक्सीनेशन जागरूकता में सहयोग दें। प्रतिदिन आरती के पूर्व या पश्चात् पंडालों में सेकण्ड डोज के लिए वैक्सीनेशन की शपथ भी दिलाएँ। उन्होंने एसडीएम एवं सीईओ जनपद को पंडाल समितियों के माध्यम से भी स्थानीय वैक्सीनेशन जागरूकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार दुर्गा उत्सव के दौरान जिला प्रशासन द्वारा कोविड से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का भी सख्ती से पालन कराएँ।
परिजनों एवं अधिनस्थों का द्वितीय डोज पूर्ण कर सर्टिफिकेट दें
श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी जिलाधिकारी स्वयं भी कोविड का द्वितीय डोज जरूर लें। इसी प्रकार अपने कार्यालय में पदस्थ सभी अधिनस्थों का द्वितीय डोज कराना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने परिजनों, कार्यालय के अधिनस्थों का सेकण्ड डोज वैक्सीनेशन पूर्ण करते हुए इस आशय का सर्टिफिकेट कलेक्टर कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, पुलिस, नगरपालिका सहित अन्य फ्रंटलाईन वर्कस का भी सेकण्ड डोज टीकाकरण पूर्ण करें। उन्होंने पीडीएस हितग्राही, उपार्जन के लिए पहुंचने वाले किसान, मनरेगा के मजदूर सहित अन्य पात्र हितग्राहियों को भी द्वितीय डोज वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करते हुए उनका टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।
नियमित टीकाकरण भी सतत् जारी रखें
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि प्रति मंगलवार एवं शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जाने वाले नियमित टीकाकरण को भी सतत् रूप से जारी रखें। उन्होंने कहा कि सीएमएचओ विगत् 1 वर्ष में जीवित जन्म, टीकाकरण, संस्थागत् प्रसव तथा गृह प्रसव की जानकारी उपलब्ध कराएँगे। इसी प्रकार इस डाटा को महिला बाल विकास विभाग के साथ साझा करते हुए नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करेंगे। श्रीमती सिंह ने कहा कि नियमित टीकाकरण का 90 प्रतिशत से कम प्रगति नहीं हो। उन्होंने नियमित टीकाकरण में कमी वाले बीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कोविड दिशा-निर्देशों का पालन कराएं, चालानी कार्यवाही करें
कलेक्टर ने कहा कि त्यौहारों के दौरान कोविड से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार प्रतिदिन मॉस्क नहीं पहनने वाले व्यक्तियों पर चालानी कार्यवाही करें। इसी प्रकार प्रतिदिन अपने क्षेत्र में फुटमार्च करना सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिन दुकानों में सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं कराया जा रहा है वहां भी चालानी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी सीएमओ को नगरीय क्षेत्रों में भी कड़ाई से सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में जल-जीवन मिशन का कार्य पूर्ण करें। उन्होंने नोडल अधिकारी एवं आरईएस विभाग को समय-समय पर जल-जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी, बिजली एवं सड़क की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण करें। कलेक्टर ने एक नवम्बर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग यूनिट का शुभारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपार्जन, कुपोषण, मंडला-जबलपुर सड़क निर्माण, एनआरएलएम क्रेडिट लिंकेज के लक्ष्य एवं पूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने आगामी 2 दिनों में सभी शासकीय कार्यालय एवं पंचायत परिसरों में साफ-सफाई अभियान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी जिलाधिकारियों को विगत् माह संपन्न हुई कलेक्टर – कमिश्नर कॉन्फ्रेंस का पालन प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्माण विभागों को निर्देशित किया कि समय-सीमा में निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करें।
शासकीय अतिक्रमण चिन्हित कर हटाएँ
कलेक्टर ने एडीएम को निर्देशित किया कि शासकीय भूमि पर किया गया अतिक्रमण को चिन्हित कर तत्काल हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में ग्रामीणों से होने वाली बैंकिंग धोखाधड़ी की शिकायतों पर तत्काल एवं सख्त कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि ऐसे क्षेत्रों में शिकायत निवारण शिविर आयोजित करें। इन शिविरों में पुलिस का अमला भी उपस्थित रहेगा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 अक्टूबर तक कोविड सहायता, अनुकंपा नियुक्ति, अनुग्रह सहायता राशि प्रदान करें। उन्होंने सभी सीईओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में अंकुर उपवन के लिए जगह चिन्हित कर उपवन बनाएं।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को सतत् रूप से शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीज की उपलब्धता, भंडारण की जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने किसान पंजीयन, पीपीओ पेंडेंसी, विगत् जन सुनवाई के प्रकरणों का निराकरण, पंचायत चुनाव की तैयारियों पर निर्देश तथा मतदान केन्द्रों के भौतिक सत्यापन से संबंधित जरूरी निर्देश दिए। समय-सीमा बैठक में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एडीएम मीना मसराम तथा संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित थे।
