मण्डला 18 अक्टूबर 2021
कलेक्टर ने गोलमेज सभाकक्ष में नगरीय निकायों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में कोविड वैक्सीनेशन की गति को बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के सेकंड डोज के लिए पात्र हितग्राहियों की सूची स्थानीय पार्षदगणों से भी साझा करें। इसी प्रकार स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं वार्ड प्रभारियों का सहयोग प्राप्त करते हुए सेकंड डोज कराया जाना सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि नगरीय स्तरों पर कोविड वैक्सीनेशन जागरूकता के लिए स्थाई पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था करें। इसी प्रकार मुनादी, मंदिरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित होने वाले समारोह में सेकंड डोज वैक्सीनेशन की शपथ भी दिलाएं।
कलेक्टर ने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन के लिए स्थानीय अमला घर-घर जाकर निमंत्रण दें। मोबाईल टीम के माध्यम से घर-घर जाकर वैक्सीनेशन करें। इसी प्रकार पात्र व्यक्तियों को उनके मोबाईल नंबरों पर भी उनके वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी दें। श्रीमती सिंह ने सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई के विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि पार्षदों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए सार्वजनिक स्थानों एवं परिसरों में श्रमदान कराएं। उन्होंने नगरीय निकायों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि नियमित रूप से पानी की टंकियों, फिल्टर प्लांट की साफ-सफाई कराएं। इसी प्रकार पानी की गुणवत्ता भी समय-समय पर मापना सुनिश्चित करें। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में सीवरेज, एएचपी, प्रधानमंत्री आवास, बिजली उपलब्धता की समीक्षा की।
श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल प्रारंभ करें। इसी प्रकार अपूर्ण आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण करें। उन्होंने सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् नगरीय निकायों में संचालित कार्यों का प्रतिदिन निरीक्षण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में पात्रता पर्ची के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पात्र व्यक्तियों को अनिवार्यतः लाभ देने के निर्देश दिए। इसी प्रकार अपात्र व्यक्तियों को हटाने की कार्यवाही भी जारी रखने की बात कही। उन्होंने ओडीएफ समीक्षा, पेंशन पात्रता, सड़कों एवं नालियों के मरम्मत्, सार्वजनिक भवनों का रंगरोगन एवं सफाई से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में वृद्धजनों के लिए डे-केयर सेंटर बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन सेंटर में वृद्धजनों के लिए अखबार, मनोरंजन गतिविधियां एवं इनडोर गेम की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें।
नगरीय निकायों में बनाएं उपवन
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि सभी सीईओ अपने नगरीय निकायों में अंकुर अभियान के तहत् उपवन बनाए जाने के लिए स्थल चिन्हित करें। इन उपवनों में स्थानीय लोगों द्वारा विशेष अवसरों पर वृक्षारोपण कराएं तथा इस संबंध में जानकारी प्रसारित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि स्थानीय लोग अपने जन्मदिन, सालगिरह एवं अन्य विशेष अवसरों पर निगरीय निकायों के उपवनों में जाकर वृक्षारोपण जरूर करें। उन्होंने पार्क परिसर में गोंडी पैंटिंग कराए जाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने नगरीय निकायों की सीएम हेल्पलाईन की निकायवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकायों में 1 नवम्बर से आनंदम केन्द्र भी शुरू कराएं। इसी प्रकार कोविड प्रोटोकॉल का भी कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि मॉस्क का उपयोग नहीं करने वाले व्यक्तियों पर चालानी कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसी प्रकार दुकानदारों द्वारा सोशल डिस्टेसिंग की व्यवस्था बनवाएं। कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर जुर्माने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि गुरूवार को सभी नगरीय निकायों के मुख्यालय स्तर पर जनसुनवाई आयोजित करें। इस जनसुनवाई में संबंधित क्षेत्र के राजस्व, पुलिस एवं अन्य अधिकारी शामिल होंगे एवं स्थानीय स्तर का अमला मौजूद रहेगा।
