Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 1 नवम्बर 2021

आगामी 10 दिनों में 50 प्रतिशत द्वितीय डोज सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह

समय-सीमा बैठक में निर्देश

 

 

 

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन से संबंधित विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जनपदवार कोविड वैक्सीनेशन के प्रथम एवं द्वितीय डोज की आंकड़ेवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी आगामी 10 दिनों में कोविड टीकाकरण के द्वितीय डोज का 50 प्रतिशत सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी अपने क्षेत्रों में प्रथम डोज से वंचित रहने वाले 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की जानकारी एकत्रित करें तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए टीकाकरण पूर्ण कराएं। इसी प्रकार 18 से 44 वर्ष के शेष व्यक्तियों का भी टीकाकरण पूर्ण कराएं। उन्होंने द्वितीय डोज के लिए पात्र होने वाले हितग्राहियों की सूची साझा करने तथा आगामी 15 नवम्बर तक पात्र होने वाले व्यक्तियों की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आगामी पर्व त्यौहारों के दौरान आने वाले प्रवासियों की जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवासियों से उनके टीकाकरण की जानकारी लेते हुए उनकी अनिवार्यतः कोविड सेम्पलिंग भी कराएं। उन्होंने मवई तथा घुघरी क्षेत्र में सघन टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीवाली के बाद शुरू होने वाले कार्यक्रमों में द्वितीय डोज लेने वाले व्यक्ति शामिल होंगे। कार्यक्रम के आयोजक कोविड के दिशा-निर्देशों के पालन एवं द्वितीय डोज ले चुके व्यक्ति को ही प्रवेश देने के लिए जिम्मेदार होंगे। श्रीमती सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि त्यौहारों के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कोविड प्रोटोकॉल के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराएं अन्यथा संबंधितों पर कार्यवाही करें। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रों में कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराएं। मॉस्क का अनिवार्यतः उपयोग कराएं। इसी प्रकार शासकीय कार्यालयों में मॉस्क का उपयोग अनिवार्यतः सुनिश्चित किया जाए।

 

वार्ड एवं कॉलोनियों में घर-घर करें टीकाकरण

 

कलेक्टर ने सभी सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि वाहनों के माध्यम से वार्ड एवं कॉलोनियों में कोविड टीकाकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने मंडला तथा आसपास के पंचायतों में भी वार्डवार टीम बनाकर वाहन के माध्यम से टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाईल टीम के माध्यम से घर-घर, कार्यस्थल तथा आवश्यकता पड़ने पर खेतों में भी टीकाकरण कराएं। उन्होंने पीडीएस दुकानों, सोसायटी, अन्नोत्सव के दौरान, मनरेगा कार्यस्थलों में भी टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि द्वितीय डोज के संबंध में उक्त सभी स्थानों पर फ्लैक्स बैनर के माध्यम से भी जानकारी प्रसारित करें।

श्रीमती सिंह ने डीपीएम एनआरएलएम को निर्देशित किया कि सभी स्व-सहायता समूह की महिलाओं, उनके परिवारों को द्वितीय डोज लगाया जाना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार शासकीय तथा प्राईवेट स्कूलों के बच्चों के माध्यम से भी उनके अभिभावकों को पत्र लिखवाएं। कलेक्टर ने कहा कि कॉलेज तथा आईटीआई के 18 वर्ष से अधिक आयु के छात्र एवं छात्राएं स्वयं तथा अपने अभिभावकों को भी दोनों डोज लगाना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार वन समिति के सदस्य तथा जल समिति की महिलाओं का भी वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने दुकानों में वैक्सीनेशन संबंधी फ्लैक्स लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आयुष्मान कार्ड के निर्माण का कार्य भी सतत् रूप से जारी रखें।

 

पंचायत निर्वाचन के लिए तैयार रहें अधिकारी

 

कलेक्टर ने सभी को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में जिले में पंचायत इलेक्शन होंगे। सभी जिलाधिकारी तथा शासकीय सेवक पंचायत निर्वाचन के संबंध में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण एवं आवश्यक गतिविधियों में गंभीरतापूर्वक शामिल रहेंगे। बैठक में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा पंचायत इलेक्शन की संपूर्ण प्रक्रिया, मतदान केन्द्रों की जानकारी तथा आदर्श आचरण संहिता से संबंधित विस्तृत प्रेजेन्टेशन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने कहा कि आगामी दिनों में प्रशिक्षण के साथ-साथ जिलाधिकारियों के लिए निर्वाचन प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की जाएगी।

बैठक में आईटीआई विभाग द्वारा ’संकल्प योजना’ से संबंधित पीपीटी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए आगामी 19 तारीख के पहले अधिकाधिक लम्बित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रति मंगलवार को पंचायत स्तर पर जनसुनवाई आयोजित करते हुए शिकायतों का संधारण करें एवं उनका निराकरण करें। कलेक्टर ने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि मिट्टी के दीए तथा स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों को खरीदें ताकि स्थानीय लोगों की आर्थिक मदद की जा सके। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को भी त्यौहारों के दौरान स्थानीय उत्पादों को खरीदने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आयोजित हुई मैराथन दौंड़

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

1 नवंबर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मंडला जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातः 8 बजे जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी स्टेडियम से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ को नगर पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, नगर पालिका उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, सीएमओ नगरपालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खिलाड़ी, प्रतिष्ठित व्यक्ति एवं संबंधित उपस्थित रहे। यह मैराथन रैली जिला मुख्यालय के विभिन्न मार्गों से होती हुई स्टेडियम ग्राउंड मंडला में समाप्त हुई। मैराथन में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने इस दौरान अद्भुत उत्साह का परिचय दिया। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिला खेल विभाग द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं अतिथियों ने जिले के प्रतिभावान तीरंदाजों का हुनर देखा एवं उनसे चर्चा करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

राज्य स्थापना दिवस पर आजीविका समूह के बुटीक का हुआ शुभारंभ

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

1 नवंबर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आजीविका मिशन के तहत् मां नर्मदा स्व-सहायता समूह के द्वारा बुटीक का उद्घाटन किया गया। बुटीक शुभारंभ के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, डीपीएम एनआरएलएम, स्व-सहायता समूह की दीदियाँ, रेशम विभाग तथा कलाकार उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी ने बुटीक शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त करने एवं उन्हें रोजगार देने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला प्रशासन मंडला द्वारा आजीविका मिशन की दीदियों द्वारा संचालित बुटीक का शुभारंभ करना सराहनीय कार्य है। इस बुटिक के उद्घाटन से जहां स्व-सहायता समूह की दीदियां आर्थिक रूप से सशक्त होगी, वहीं आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में यह अभिनव कदम है।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश को बनाने के लिए जिलों का आत्मनिर्भर होना भी जरूरी है। 1 नवम्बर मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बुटीक का शुभारंभ होने से स्व-सहायता समूह की दीदियां आत्मनिर्भर होगी। कलेक्टर ने कहा कि ’’एक जिला-एक उत्पाद’’ के तहत् मंडला जिले से कोदो-कुटकी के उत्पाद एवं गोंडी पेंटिंग चयनित की गई है। बुटीक कथा रेशम विभाग के अलग-अलग परिधानों में गौंडी पेंटिंग से संबंधित कलाकारों को प्रशिक्षण दिया जाएगा एवं गोंडी पेंटिंग पर आधारित विभिन्न सामग्रियों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मवई क्षेत्र को हेंडलूम तथा सेरीकल्चर क्लस्टर के रूप में विकसित करना है। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मवई जनपद पंचायत में हथकरघा का भी वर्चुअल शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे ने बुटीक शुभारंभ के अवसर पर आजीविका मिशन एवं बुटीक से संबंधित संक्षिप्त जानकारी दी। डीपीएम एनआरएलएम ने आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

राजनीतिक दलों को दी गई निर्वाचक नामावली की जानकारी

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने राजनीतिक दलों को निर्वाचक नामावली के प्रकाशन संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में निर्धारित तिथि तक दावा आपत्ति प्राप्त की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के राजनीतिक दलों को निर्वाचक नामावली एवं दावे आपत्ति के संबंध में सूचना दें। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचक नामावली के दावे आपत्ति संबंधी निराकरण के लिए विशेष कैम्प लगाएं। उन्होंने प्रतिनिधियों को मतदान केन्द्रों के बदलने के संबंध में भी जानकारी दी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, निर्वाचन शाखा प्रभारी श्री तिवारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया ई.वी.एम. वेयरहाउस का निरीक्षण

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयर हाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान प्राचार्य आर.के. परोहा तथा निर्वाचन शाखा से सीके तिवारी, राजनैतिक दल के सदस्य सहित निर्वाचन से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना

नैनपुर क्षेत्र के नरेन्द्र कछवाहा को मिला ऋण

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

’एक जिला-एक उत्पाद’ के तहत् कलेक्टर श्रीमति हर्षिका सिंह के निर्देशन में अमृत महोत्सव अंतर्गत मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवम्बर 2021 के उपलक्ष्य में ग्राम-बोरी पीपरडाही, विकासखड नैनपुर में श्री नरेंद्र प्रसाद कछवाहा द्वारा कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की गई। श्री कछवाहा को जिला स्तरीय मेगा ऋण वितरण कैम्प में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजनांतर्गत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मंडला द्वारा राशि 22 लाख 15 हजार रूपये का लोन स्वीकृत किया गया है। नैनपुर क्षेत्र में प्रोसेसिंग यूनिट के लगने से कृषकों को कोदो-कुटकी की फसल, प्रोसेसिंग तथा मार्केटिंग करने के बारे में जानकारी प्राप्त होगी। इसी प्रकार कोदो-कुटकी के फसल क्षेत्र विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा तथा उन्नत तकनीक का उपयोग करते हुए इसकी खेती की जाएगी। प्रोसेसिंग यूनिट के स्थापित होने से जहां एक ओर क्षेत्र के किसानों में उन्नत कृषि के संबंध में जागरूकता आएगी वहीं दूसरी ओर बिचौलियों के द्वारा कम कीमत पर कोदो-कुटकी की खरीदी एवं अनावश्यक मुनाफे से निजात मिलेगा। नरेन्द्र कहते हैं कि मैं स्वयं तथा क्षेत्र के किसान कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित होने से उत्साहित हूं।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने नाबार्ड द्वारा स्वीकृत कोदो-कुटकी मूल्य परियोजना का किया शुभारंभ

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

1 नवम्बर मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एवं महत्वाकांक्षी योजना  “एक जिला एक उत्पाद” योजना के अंतर्गत नाबार्ड द्वारा मंडला जिले में कोदो-कुटकी मूल्य श्रखंला के विकास हेतु एक परियोजना स्वीकृत की गई है। इस परियोजना अंतर्गत कोदो कुटकी के उत्पादन से लेकर इसके मार्केटिंग एवं विपणन तक, प्रत्येक स्तर की कार्ययोजना शामिल है। इस परियोजना अंतर्गत मुख्यतः 4 विकासखंड मवई, बीजाडांडी, मंडला एवं नैनपुर विकासखंड का चयन किया गया है। परियोजना का क्रियान्वयन बीजाडांडी एवं मवई विकासखंड में शारडा संस्था के द्वारा बनाए गए कृषक उत्पादक संघ तथा मंडला एवं नैनपुर विकासखंड में रिलायंस फाउंडेशन द्वारा बनाए गए नर्मदा सेल्फ रेलाइंट प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से होना है। इस परियोजना अंतर्गत जिले में कार्य कर रहे अन्य कृषक उत्पादक संगठनों को भी भविष्य में जोड़ने हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नाबार्ड द्वारा स्वीकृत कोदो-कुटकी मूल्य परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना अंतर्गत 300 कृषक एवं 300 महिला समूह सदस्य सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। इसके अतिरिक्त जिले के अन्य कोदो कुटकी उत्पादक कृषक अपनी फसल के उचित मूल्य हेतु इस कार्यक्रम से जुड़ सकते हैं। इस परियोजना के शुभारंभ अवसर पर नाबार्ड मध्यप्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय से मुख्य महाप्रबंधक श्रीमति टीएस राजी गेन, महाप्रबंधक वाईएन महादेवैया, भारतीय मिलेट अनुसंधान संस्था से डॉक्टर सांगपा, जीआईज़ेड से श्री शैलेंद्र द्विवेदी, शारडा से एन पी सिंह,ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। कार्यक्रम में श्री सुनील दुबे,नाबार्ड महाप्रबन्धक, श्री संजय के तालुकदार, नाबार्ड उपमहाप्रबंधक , श्रीमती ज्योति नैनीवाल, सहायक महा प्रबन्धक श्री शैलेन्द्र पाडियार, जीआईजेड क्षेत्रीय अधिकारी अविनाश आलोक, रिलायंस फाउंडेशन मार्केटिंग हेड आशुतोष देशपांडे आदि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

अनुमत्य एवं प्रतिबंधित पटाखों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

जिला दण्डाधिकारी ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के 29 अक्टूबर 2021 को जारी निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक एवं सभी एसडीएम मंडला को निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों में अनुमत्य एवं प्रतिबंधित पटाखों के विषय में सर्वोच्च न्यायालय के 29 अक्टूबर के आदेशानुसार creckers with reduced emission (improved crackers) तथा green crackers अनुमत्य है। इसी प्रकार पटाखें जिनके निर्माण में Barium salt का उपयोग किया गया हो, लड़ी (जुडे़ हुए) में बने पटाखें, पटाखें जिनकी तीव्रता विस्फोटक स्थल से 4 मीटर की दूरी पर 125 से अधिक न हो। पटाखें जिनके निर्माण में antimony, lithium, merecury, arsenic, lead, strontium chromate का उपयोग किया गया हो, पटाखों का ई-कॉमर्स कंपनियाँ अथवा निजी व्यक्तियों द्वारा ऑनलाईन विक्रय तथा गैर लायसेन्सी विक्रय, घोषित शांति क्षेत्र ¼notified silent zone½ के भीतर 100 मीटर दूरी तक, रात्रि 8 बजे से पहले तथा रात्रि 10 बजे के बाद पटाखें चलाना एवं गतिविधियाँ प्रतिबंधित हैं।

 

 

 

पोस्ट मैट्रिक छात्रवत्ति नवीनीकरण आवेदन 15 नवम्बर तक

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 वर्ष 2020-21 नवीन व नवीनीकरण छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाईन पोर्टल को 15 नवम्बर 2021 तक पुनः खोला गया है। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर 2021 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि समस्त संस्थाएं अपनी संस्था में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि तक आवेदन भरने हेतु सूचित करें। यदि कोई विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रहता है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी।

 

 

 

 

 

 

 

कन्या शिक्षा परिसर खर्राछापर के सहायक ग्रेड-3 निलंबित

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्या शिक्षा परिसर खर्राछापर (मोहगांव) की सहायक ग्रेड-3 नेहलता सेन्द्राम को परिवीक्षाधीन अवधि में अपने शासकीय पदीय दायित्वों का निर्वहन नहीं करने, बिना सूचना व आवेदन के कर्तव्य से लंबी अवधि से लगातार अनुपस्थित रहने, कर्तव्य पर उपस्थित होने हेतु जारी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था जिसका प्रतिउत्तर न देते हुये एवं अपने कर्तव्य पर अनुपस्थित रहने के कारण, संस्था के कार्य को प्रभावित करने, विभाग की छवि को धूमिल करने एवं शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता एवं शासकीय निर्देशों की अव्लेहना करने पर प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर श्रीमति नेहलता सेन्द्राम सहायक ग्रेड 3 के विरूद्व अनुशानात्मक कार्यवाही किया जाना प्रस्तावित है।

सहायक आयुक्त ने बताया कि म.प्र.सिविल सेवा (वर्गीकरण ,नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) में निहित प्रदत्त शक्तियों के तहत श्रीमति नेहलता सेन्द्राम सहायक ग्रेड 3 कन्या शिक्षा परिसर खर्राछापर विकास खंड मोहगावं (मंडला) को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में श्रीमति नेहलता सेन्द्राम सहायक ग्रेड 3 का मुख्यालय कार्यालय विकास खंड शिक्षा अधिकारी बीजाडांडी (मण्डला) निर्धारित किया जाता है। निलंबन अवधि में श्रीमति नेहलता सेन्द्राम को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

 

 

 

 

 

 

भृत्य यादव के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग ने बताया कि कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जिला स्तरीय आनंदम संस्थान कलेक्ट्रेड मंडला में कार्यों को विधिवत रूप से संचालन कराने की दृष्टिकोण से संस्थान में प्राप्त होने वाली सामग्रियों एवं ज्ञानदान अन्तर्गत प्राप्त होने वाले पुस्तक सामग्री को व्यवस्थित करने हेतु इस कार्यालय में पदस्थ श्री सुरेन्द्र कुमार यादव भृत्य को जिला स्तरीय आनंदन संस्थान मंडला में कार्य करने हेतु आदेशित किया गया था। उक्त सबंध में प्रभारी जिला स्तरीय आनंदम संस्थान मंडला के द्वारा से प्राप्त प्रतिवेदन में लेख किया गया है कि श्री सुरेन्द्र कुमार यादव भृत्य के द्वारा आदेश का पालन न करते हुये आदेशित संस्था में उपस्थिति नही दी गई है एवं आदेशानुसार कार्य नहीं किया जा रहा है।

सहायक आयुक्त ने बताया कि श्री सुरेन्द्र कुमार यादव भृत्य के द्वारा नियुक्तिकर्ता का आदेश का पालन नही करने के कारण एवं शासकीय कार्यों के प्रति अनुशासनहीनता एवं लापरवाही तथा उदासीनता के साथ श्री सुरेन्द्र कुमार यादव भृत्य के विरूद्व अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाना प्रस्तावित है। अतः म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) में निहित प्रदत्त शक्तियों के तहत श्री सुरेन्द्र कुमार यादव भृत्य कार्यालय सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मंडला को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में श्री यादव भृत्य का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी मवई (मण्डला) निर्धारित किया गया है।

 

 

 

 

 

 

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक 3 नवम्बर को

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक 3 नवम्बर दिन बुधवार को दोपहर 11 बजे जिला योजना भवन सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक संसद सदस्य जिला मंडला एवं केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में आयोजित की गई है। बैठक में योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत जिले को प्राप्त आवंटन एवं व्यय की मदवार समीक्षा की जायेगी। इसी प्रकार बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही विवरण का पालन प्रतिवेदन संबंधी समीक्षा की जाएगी एवं वन विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा, सिंचाई विभाग, विद्युत, ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित मनरेगा योजना, ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते 1 नवम्बर को रात्रि 9:30 बजे जेवरा पहुंचेंगे रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 2 नवम्बर को 11:40 बजे जेवरा से निवास के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 12 बजे निवास में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का लोकार्पण करेंगे एवं 3 बजे स्थानीय भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 7 बजे निवास में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा 7:20 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। 3 नवम्बर को केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 9:30 बजे जेवरा से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 11 बजे मंडला में डीआईएसएचए की कलेक्टर कार्यालय में बैठक लेंगे एवं 1 बजे यातायात जागरूकता अभियान की बैठक लेंगे। श्री कुलस्ते 3 बजे भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे एवं 8 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। 4 नवम्बर को जेवरा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते 5 नवम्बर को 9 बजे जेवरा से डिंडौरी के प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 6 नवम्बर को 10:30 बजे जेवरा से बरबटी नारायणगंज के लिए रवाना होंगे तथा बरबटी में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा 5 बजे बरबटी से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे एवं 5:20 बजे जेवरा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते 9 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

 

मण्डला 1 नवम्बर 2021

1 नवम्बर मध्यप्रदेश दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा नगर पालिका परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला शिक्षा अधिकारी, अतिरिक्त परियोजना समन्वयक मुकेश पांडे, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी, विद्यार्थी एवं संबंधित उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कोरोना जागरूकता वीडियो का विमोचन किया। कार्यक्रम के पश्चात राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलसीडी के माध्यम से देखा गया। नगरपालिका परिसर के सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय, सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास, नवीन आदिवासी कन्या छात्रावास मंडला, नटराज डांस क्लासेस, महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास मंडला, नवरत्न कन्या छात्रावास मंडला, हाईस्कूल बिंझिया, निर्मिला सीनियर सेकेन्डरी स्कूल मंडला एवं भारत ज्योति विद्यालय मंडला की छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

 

Related posts

धान उपार्जन कार्य हेतु उपार्जन केन्द्रों पर दल का गठन किया गया

Reva India News

देश और समाज की उन्नति के लिये संतों का अनुसरण जरूरी संत रविदास जयंती समारोह सम्पन्न

Reva India News

नायब तहसीलदार ने किया गणना पत्रक वितरण कार्य का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment