मंडला 29 जुलाई 2025
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि आश्रमों एवं छात्रावासों में सभी मूलभूत सुविधाएं बच्चों को मिलें, यह जिम्मेदारी छात्रावास अधीक्षक की हैं। छात्रावासों में किसी भी प्रकार की कमियाँ बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। कलेक्टर श्री मिश्रा वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से जिले के आवासीय आश्रमों एवं छात्रावासों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सभी अधीक्षकों से बच्चों के मासिक स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि परीक्षण में किसी भी प्रकार के मेडिकल अंटेशन के लिए डॉक्टर के सुझाव पर तत्काल बच्चों को मेडिकल ऐड दिलायें। किसी भी बालिका छात्रावास में पुरुष वार्डन न हों। उन्होंने कहा कि बच्चों को छात्रावासों में पाठयोत्तर गतिविधियों से जोड़ने का कार्य हॉस्टल में कराएं।

इस दौरान गोलमेज कक्ष में मौजूद जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी हॉस्टल्स में प्रतिमाह निरीक्षण करें। जिला स्तरीय अधिकारी हॉस्टल में रात्रि विश्राम भी करें। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी हॉस्टल के भवन में मरम्मत की आवश्यकता होने पर तत्काल उसकी मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करवायें। हॉस्टल में शुद्ध पेयजल, शौचालय, मेनू के अनुसार समय पर नाश्ता तथा भोजन की उपलब्धता कराना अधीक्षक की जिम्मेदारी है, यह बेसिक व्यवस्था प्रत्येक हॉस्टल में सुनिश्चित करें। इस दौरान स्थानीय गोलमेज कक्ष में सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, डीईओ श्रीमती मुन्नी वरकड़े, डीपीसी श्री अरविंद विश्वकर्मा, सहायक संचालक आदिवासी विकास विभाग श्री रंजीत गुप्ता, एपीसी श्री मुकेश पांडे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

