Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचर मण्डला 2 नवम्बर 2021

केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने किया स्वास्थ्य केन्द्र उन्नयन कार्य का लोकार्पण

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला जिले के प्रवास पर हैं। निर्धारित कार्यक्रम के तहत् श्री कुलस्ते ने 2 नवम्बर को मंडला जिले की तहसील निवास में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन कार्य का लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कुलस्ते ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा लगातार आमजनों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन कार्य से स्थानीय स्तर पर अधोसंरचनागत स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। साथ ही क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल सकेंगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य जया कोकड़िया, जनपद सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

त्यौहारों के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराएँ – संभाग आयुक्त

वीसी से हुई जिलेवार समीक्षा

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

जबलपुर संभाग आयुक्त बी. चंद्रशेखर ने संभाग के सभी जिलों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी जिले आगामी त्यौहारों के मद्देनजर कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराएं। कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कोविड प्रोटोकॉल उल्लंघन के संबंध में जिलेवार की गई कार्यवाही की आंकड़ेवार समीक्षा की। एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

वीसी में श्री चंद्रशेखर ने मंडला तथा बालाघाट जिले द्वारा दुकानों में कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन के संबंध में की गई कार्यवाही की सराहना की। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए 1 अप्रैल 2020 से जीवित जन्म तथा उनके टीकाकरण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों का नियमित एवं शतप्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने कहा कि कुपोषित बच्चों को अनिवार्यतः एनआरसी में भर्ती कराएँ। उन्होंने स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। श्री चंद्रशेखर ने कोविड से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं तथा खर्च से संबंधित जानकारी भी ली। बैठक में बाल सेवा योजना के हितग्राहियों को पात्रतापर्ची वितरण, एसएचजी लिंकेज, राईस मिलिंग तथा एमजीएनआरईजीएस योजना की समीक्षा की गई।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने 15 आवेदकों की सुनी समस्याएँ

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में आमजनों की समस्याएं सुनी। उन्होंने जनसुनवाई में कुल 15 आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समुचित निराकरण करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह के समक्ष आवेदकों ने अतिक्रमण, रोजगार, प्रसूती सहायता, पेंशन, मजदूरी भुगतान, गरीबी रेखा कार्ड संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा भी निर्धारित की। उन्होंने स्वास्थ्य समस्या लेकर आए आवेदक धनसिंह राजपूत का स्वास्थ्य परीक्षण करवाने के लिए जिला स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया। जनसुनवाई में इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एसडीएम मंडला, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मरावी सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की राजस्व शुद्धीकरण पखवाड़े की समीक्षा

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की वीसी के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने राजस्व शुद्धीकरण पखवाड़े के अंतर्गत किए जा रहे सुधार कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। श्रीमती सिंह ने कहा कि आगामी 15 दिनों में नामांतरण फौती के अधिकतर प्रकरणों का निराकरण करें। उन्होंने क्षेत्रफल सुधार के प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए तहसीलदारों से जवाब मांगे। श्रीमती सिंह ने भूमि सुधार, बटांकन, डाटा परिमार्जन, भूमि स्वामी सुधार, पुराने डायवर्जन के प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने सभी पटवारियों को निर्देशित किया कि राजस्व शुद्धीकरण पखवाड़े के अंतर्गत सकारात्मक एवं प्रभावी निराकरण करें। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले शीर्ष 5 पटवारियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार निम्न प्रदर्शन करने वाले पटवारियों पर कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

बिछिया तहसील में संचालित है स्वामित्व योजना का कार्य

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

एसडीएम बिछिया सुलेखा उईके ने बताया कि तहसील बिछिया के अंतर्गत महत्वाकांक्षी योजना स्वामित्व योजना के तहत् सर्वे कार्य किया जा रहा है। स्वामित्व योजना के तहत् तहसील बिछिया के रा.नि. मंडल बिछिया के 25 ग्रामों, सिझौरा के 24 ग्रामों, अंजनिया के 18 ग्रामों, मोतीनाला के 17 ग्रामों तथा मवई के 18 ग्रामों में ड्रोन द्वारा सर्वे कार्य कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मवई एवं मोतीनाला के ग्रामों में स्वामित्व योजना से संबंधित अभिलेख तैयार किये जा चुके हैं। जबकि शेष ग्रामों में सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा नक्शे प्रिंट होकर शीघ्र ही प्राप्त हो जाएँगे।

 

 

 

 

 

 

 

वृद्धाश्रम में हुई निःशुल्क नेत्र जाँच एवं चश्मे वितरित

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद सीईओ मंडला शैलेंद्र शर्मा व डॉ. सरोते बम्हनी के मार्गदर्शन में रपटा घाट स्थित वृद्धाश्रम में वृद्धजनों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई। साथ ही वृद्धजनों को निःशुल्क चश्मे एवं दवाईयों का वितरण भी किया गया। इस कार्य में सामाजिक न्याय विभाग से पीयुष पांडे, नेत्र चिकित्सा सहायक डॉ. अशोक पांडेय एवं सतीश उडाली से विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। इस दौरान वृद्धजनों की आंखों की जांच, दृष्टि दोष निवारण के लिए निःशुल्क चश्मे वितरण व आवश्यक उपचार एवं सलाह दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

नवीन राष्ट्रीय पशुधन मिशन अंतर्गत बैंकेबल योजनाओं का शुभारंभ

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

उपसंचालक पशु पालन एवं डेयरी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार के मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधीन पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा नवीन केन्द्रीय प्रवर्तित योजना-राष्ट्रीय-पशुधन मिशन वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक अनुमोदन की गई है जिसका मुख्य उद्देश्य जिला मण्डला में मुर्गीपालन, बकरी पालन, सूकर पालन तथा चरी-चारा विकास में उद्यमिता विकास के साथ-साथ बकरियों एवं सूकर की नस्ल में सुधार तथा चारा उत्पादन में सुधार लाना है।

योजना के क्रियान्वयन हेतु म०प्र० शासन पशुपालन एवं डेयरी विभाग, उद्यमिता विकास कार्यक्रम अन्तर्गत निम्न परियोजनाओं हेतु व्यक्गित, कृषक उत्पादन संस्था, स्व-सहायता समूह से आवेदन आमंत्रित है। इन योजनाओं का लाभ लेने से पूर्व प्रशिक्षण, अनुभव प्रमाण-पत्र प्राप्त करना आवश्यक है।

ग्रामीण कुक्कुट उद्यमिता मॉडल – ला इनपुट टेक्नालॉजी वाले कम से कम 1 हजार पेरेन्ट पक्षी का फार्म प्रति सप्ताह 3 हजार हैचिंग अंडा सेटिंग की क्षमता वाली हैचरी के साथ-साथ प्रति सप्ताह 2 हजार चूजों की बुडिंग की क्षमता वाली मदर यूनिट की स्थापना के लिए (इकाई लागत- 34.73 लाख रूपए अधिकतम अनुदान राशि 25 लाख रूपए)

बकरी इकाई- 500 मादा + 25 नर की इकाई स्थापना के लिए (इकाई लागत- 87.30 लाख रूपए अधिकतम अनुदान राशि 50 लाख रूपए)

चारा उत्पादन इकाई- साइलेज, फॉडर ब्लॉक निर्माण इकाई की स्थापना हेतु। (साइज हेतु इकाई लागत- 87.30 लाख रू. अधिकतम अनुदान राशि 50 लाख रू) (फाडर ब्लॉक निर्माण हेतु इकाई लागत 85 लाख रू अधिकतम अनुदान राशि 50 लाख रू.)

उक्त परियोजनाओं का विस्तृत विवरण, आवेदन पत्र पात्रता तथा अनुदान हेतु पात्र मशीन व उपकरणों की सूची अभिरूचि की अभिव्यक्ति की अवधि, प्राप्त प्रस्तावों के परीक्षण, अनुदान राशि की उपलब्धता, प्राप्त प्रस्तावों की स्वीकृति, अस्वीकृति के अधिकारी सम्बन्धित जानकारी विभाग की वेबसाइट mpdah.gov.in पर उपलब्ध है। डॉ. यू०एस० तिवारी उप संचालक पशु पालन एवं डेयरी विभाग जिला मण्डला द्वारा जिला मण्डला के युवा उद्यमियों, पशुपालकों, हितग्राहियों से अनुरोध किया गया है अधिक जानकारी के लिए अपने ग्राम के निकटतम पशु चिकित्सालय में उक्त योजनाओं का लाभ लेने हेतु संपर्क करें ताकि योजना अन्तर्गत ऋण प्राप्त करने से पूर्व नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर से प्रशिक्षण प्राप्त करवाया जा सके।

 

 

 

 

 

 

 

फसल अवशेषों को न जलाएं, उसका प्रबंधन कर भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं

कृषि विभाग की किसानों को सलाह

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि जिले में खरीफ फसलों की कटाई प्रारंभ हो गई है। प्रायः यह देखा जाता है, कि किसान भाई फसल काटने के पश्चात् आगामी फसल के लिये खेत तैयार करने और अपनी सुविधा के लिये खेत में आग लगाकर तने के डंठल व फसल अवशेष को नष्ट कर देते हैं जबकि नरवाई जलाने से विभिन्न तरह के नुकसान होने की परिस्थिति निर्मित होती है। जिले के सभी किसानों से अपील है कि फसल अवशेषों (नरवाई) को नहीं जलायें और इसका प्रबंधन करते हुये उसे रोटावेटर एवं अन्य कृषि यंत्रों के माध्यम से भूमि में मिलाकर भूमि के जीवांश पदार्थ की मात्रा में वृद्धि कर भूमि की उर्वरा शक्त्ति को बढ़ायें।

उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंडला द्वारा बताया गया कि नरवाई में आग लगाने से खेत की मिट्टी में प्राकृतिक रूप से पाये जाने वाले लाभकारी सूक्ष्म जीव नष्ट हो जाते है। जससे भूमि की उर्वरा शक्ति धीरे-धीरे नष्ट हो जाती है और उत्पादन में कमी आ जाती है। खेत में पड़े फसलों के अवशेष जैसे भूसा, डंठल, कड़वी सड़ने के बाद भूमि को प्राकृतिक रूप से उपजाऊ बनाते है।

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते 3 नवम्बर को 9:30 बजे जेवरा से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 11 बजे मंडला कलेक्टर कार्यालय में डीआईएसएचए की बैठक लेंगे एवं 1 बजे यातायात जागरूकता अभियान की बैठक लेंगे। श्री कुलस्ते 3 बजे भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे एवं 8 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 4 नवम्बर को जेवरा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते 5 नवम्बर को 6 बजे जेवरा से अमरकंटक के लिए प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 6 नवम्बर को 10:30 बजे जेवरा से बरबटी नारायणगंज के लिए रवाना होंगे तथा बरबटी में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा 5 बजे बरबटी से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे एवं 5:20 बजे जेवरा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते 9 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

अनुमत्य एवं प्रतिबंधित पटाखों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

जिला दण्डाधिकारी ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के 29 अक्टूबर 2021 को जारी निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक एवं सभी एसडीएम मंडला को निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों में अनुमत्य एवं प्रतिबंधित पटाखों के विषय में सर्वोच्च न्यायालय के 29 अक्टूबर के आदेशानुसार creckers with reduced emission (improved crackers) तथा green crackers अनुमत्य है। इसी प्रकार पटाखें जिनके निर्माण में Barium salt का उपयोग किया गया हो, लड़ी (जुडे़ हुए) में बने पटाखें, पटाखें जिनकी तीव्रता विस्फोटक स्थल से 4 मीटर की दूरी पर 125 से अधिक न हो। पटाखें जिनके निर्माण में antimony, lithium, merecury, arsenic, lead, strontium chromate का उपयोग किया गया हो, पटाखों का ई-कॉमर्स कंपनियाँ अथवा निजी व्यक्तियों द्वारा ऑनलाईन विक्रय तथा गैर लायसेन्सी विक्रय, घोषित शांति क्षेत्र ¼notified silent zone½ के भीतर 100 मीटर दूरी तक, रात्रि 8 बजे से पहले तथा रात्रि 10 बजे के बाद पटाखें चलाना एवं गतिविधियाँ प्रतिबंधित हैं।

 

 

 

 

 

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक 3 नवम्बर को

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक 3 नवम्बर दिन बुधवार को दोपहर 11 बजे जिला योजना भवन सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक संसद सदस्य जिला मंडला एवं केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में आयोजित की गई है। बैठक में योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत जिले को प्राप्त आवंटन एवं व्यय की मदवार समीक्षा की जायेगी। इसी प्रकार बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही विवरण का पालन प्रतिवेदन संबंधी समीक्षा की जाएगी एवं वन विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा, सिंचाई विभाग, विद्युत, ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित मनरेगा योजना, ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

किसानों के लिए आयोजित होंगे सहकारी समितियों में कैम्प

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

सहायक आयुक्त सहकारिता ने बताया कि मंडला जिले की सहकारी समितियों में जिला सहकारी संघ के माध्यम से कैम्प का आयोजन किया जाना है। इन शिविरों में खाद एवं बीज के उपयोग, समितियों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी, किसान क्रेडिट कार्ड के संबंध में जानकारी तथा डिफाल्टर सदस्यों के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी। 3 नवम्बर को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित नैनपुर में सहकारिता शिविर आयोजित होंगे। इसी प्रकार 8 नवम्बर को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित जमगांव, 9 नवम्बर को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित टाटरी तथा 10 नवम्बर को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बम्हनी बंजर में शिविर आयोजित होंगे।

 

 

 

 

 

कलेक्टर सहित जिलाधिकारियों ने खरीदे मिट्टी के दीए और स्थानीय उत्पाद

 

मण्डला 2 नवम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह और जिलाधिकारियों ने दिवाली त्यौहार के मद्देनजर मंडला जिले के स्थानीय कलाकारों द्वारा निर्मित मिट्टी के आकर्षक दीये की मार्केट से खरीदी की। कलेक्टर ने मिट्टी के दीए के साथ-साथ मंडला जिले के स्थानीय उत्पादों को भी खरीदा। इस दौरान जिला अधिकारियों ने भी मिट्टी के दीए और स्थानीय उत्पादों की खरीदी की।

 

जिलेवासी मिट्टी के दीये और स्थानीय उत्पाद जरूर खरीदें

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला जिलेवासियों से अपील की है कि इस दिवाली त्यौहार के मद्देनजर मंडला जिले के स्थानीय कलाकारों द्वारा निर्मित आकर्षक मिट्टी के दीयों को जरूर खरीदें। इसी के साथ ही स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पाद और स्थानीय उत्पादों को दीवाली के दौरान अवश्य खरीदें। श्रीमती सिंह ने जिलेवासियों से कहा है कि स्थानीय कलाकारों के उत्पाद खरीदने से उन्हें निश्चित रूप से आर्थिक मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय उत्पादों को भी बाजार एवं बढ़ावा मिलेगा।

 

Related posts

खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025-26 मंडला में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का शानदार आगाज एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, कबड्डी, शतरंज, पिट्ठू क्रिकेट व रस्साकशी में दिखा युवाओं का जोश

Reva India News

कोरोना वायरस से बचने एडवाईजरी

Reva India News

रन फॉर सायबर अवेयरनेस और रन फॉर यूनिटी का आयोजन आज बिंझिया चौराहा से होगी शुरुआत कैबिनेट मंत्री श्रीमती उइके होगी शामिल

Reva India News

Leave a Comment