कलेक्टर ने किया कोविड वैक्सीनेशन केंद्रों का दौरा
मण्डला 10 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सेकंड डोज महाभियान के तहत् मंडला क्षेत्र के वैक्सीनेशन केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने किलावार्ड, ज्ञानदीप स्कूल एवं लालीपुर में स्थित सेकंड डोज वैक्सीनेशन सेंटरों का निरीक्षण किया। साथ ही कोविड टीकाकरण कराने आए हितग्राहियों से आत्मीय चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि सभी स्वयं टीकाकरण कराते हुए अपने आसपास के लोगों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। श्रीमती सिंह ने कोविड टीकाकरण केन्द्र का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य अमले से टीकाकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
कलेक्टर ने जिले के वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अमले से कोविड वैक्सीनेशन के द्वितीय डोज की प्रगति जानी। उन्होंने कहा कि सेकंड डोज के लिए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करते हुए उनकी लिस्ट तैयार करें तथा उन्हें टीकाकरण की सूचना दें। भ्रमण के दौरान एसडीएम मंडला पुष्पेन्द्र अहके, नगरपालिका सीएमओ प्रदीप झारिया सहित संबंधित उपस्थित थे।

द्वितीय डोज वैक्सीनेशन महाभियान में जिलेभर में हुआ टीकाकरण
मण्डला 10 नवम्बर 2021
शासन के निर्देशानुसार 10, 17 तथा 24 नवंबर एवं 1 दिसंबर को कोविड वेक्सीनेशन का दूसरा डोज लगाने के लिए महाभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज 10 नवंबर को जिले के विभिन्न टीकाकरण केंद्रों में सत्र आयोजित कर द्वितीय डोज लगाया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार द्वितीय डोज के लिए पात्र हुए हितग्राहियों को चिन्हित कर स्थानीय अमले द्वारा उन्हें दूसरे डोज के टीकाकरण की सूचना दी गई। इसी प्रकार विभिन्न स्थाई एवं अस्थाई केंद्रों का निर्धारण कर टीकाकरण सुनिश्चित किया गया। स्वास्थ्य, महिला बाल विकास विभाग तथा अन्य विभागों के मैदानी अमले के माध्यम से मनरेगा सहित विभिन्न कार्य स्थलों पर दूसरा डोज लगाया गया। इसी प्रकार घर-घर जाकर भी दूसरे टीके की जानकारी एवं दूसरा डोज लगाने प्रेरित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी ने भी महा अभियान के तहत अपने आवंटित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर ग्रामीणों को दूसरे डोज के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही मोबाइल टीम के माध्यम से भी घर-घर जाकर कोविड वेक्सीनेसन सुनिश्चित किया गया। कोविड वेक्सीनेसन के महा अभियान के तहत कोरोना वालंटियर्स ने भी अपने स्तर पर टीकाकरण जागरूकता एवं हितग्राहियों को दूसरा डोज लगाने टीकाकरण केंद्र तक लाने में सहयोग दिया।

जनपद स्तरीय आरओ व एआरओ का प्रशिक्षण 12 नवम्बर को
मण्डला 10 नवम्बर 2021
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021 की तैयारियों के संबंध में 12 नवम्बर को दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक जिला योजना भवन में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है।
उन्होंने प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारियों एवं बनाए गए उपकेन्द्रों के एआरओ को प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 10 नवम्बर 2021
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 11 नवम्बर को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 11 नवम्बर को 9:20 बजे जेवरा पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 12 नवम्बर को 8 बजे जेवरा से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 9 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 10 बजे मंडला से बालाघाट के लिए रवाना होंगे।
मलेरिया, डेंगू एवं चिकुनगुनिया से बचाव के लिए एडवाईजरी
मण्डला 10 नवम्बर 2021
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मलेरिया, डेंगू एवं चिकुनगुनिया से बचाव हेतु आवष्यक सावधानियाँ रखी जानी अत्यंत आवष्यक है। मलेरिया के लक्षण में कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। कपकपी के साथ तेज बुखार, सिर दर्द, उल्टी होना, बेचैनी, कमजोरी, सुस्ती, रुक-रुक्कर बुखार आना पसीना आकर बुखार उतरना, ठंड गर्मी या तपन का महसूस होना आदि मलेरिया के लक्षण हैं। बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में खून की जांच कराऐं एवं मलेरिया की पुष्टि होने पर पूर्ण उपचार लें। खाली पेट दवा का सेवन कदापि नहीं करना चाहिये। मलेरिया की जांच व उपचार सभी शासकीय अस्पतालों पर निःशुल्क उपलब्ध है।
डेंगू मलेरिया फैलाने वाले मच्छर जहां पैदा होते हैं जैसे- छत पर खुली टंकियां, खाली बर्तन, मटके, गमले, टायर, कूलर, फ्रिज के पीछे भरा पानी, गार्डन, फूलदान, पात्रों में एक सप्ताह से अधिक भरे साफ पानी में मच्छर अंडे देते हैं जिससे लार्वा एवं पूर्ण वयस्क मच्छर बनता है। डेंगू के लक्षण 2-7 दिन तक बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द जोड़ों में दर्द, आंख के पीछे दर्द, खसरा जैसे लाल चकत्ते छाती एवं हाथों पर डेंगू के लक्षण हैं। डेंगू के उपचार के लिए डेंगू की पुष्टि होने पर चिकित्सक के परामर्श अनुसार पूर्ण उपचार लेना चाहिए। रोगी को पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थ जैसे- फलों का रस, पानी, ओआरएस लेना चाहिए एवं आराम करना चाहिए। किसी भी दर्द निवारक गोली का सेवन नहीं करना चाहिए। मच्छरों की उत्पत्ति को रोकने हेतु भरे हुए पानी को हर 3-4 दिन में बदलना चाहिए।
पानी संग्रहण करने वाली टंकी, बाल्टी एवं अन्य, पानी से भरे हुए बर्तन को ढक्कर रखना चाहिए। वॉशबेसिन, बाथरुम में पानी निकासी के स्थान में मच्छररोधी जाली लगवाना चाहिए एवं मच्छर की उत्पत्ति स्थल पर मिट्टी का तेल या जला हुआ ऑइल डालना चाहिए। यह आवश्यक है कि घरों के आस-पास सफाई रखें, अनावश्यक पानी जमा न होने दें। सोने के लिए हम मच्छरदानी का उपयोग करें, घरों में मच्छर निरोधक जालियों, मच्छर निरोधी क्रीम, कॉइल का उपयोग करें। अपने घरों में मच्छर निरोधक पौधे जैसे- लेमन ग्रास, लहसुन, लेवेंडर, गेंदा, तुलसी, सिट्रोनेला इत्यादि लगायें।
जिला पेंशन फोरम की बैठक हुई आयोजित
मण्डला 10 नवम्बर 2021
अपर कलेक्टर मीना मसराम की अध्यक्षता में जिला पेंशन फोरम की बैठक का आयोजन योजना भवन के सभाकक्ष में किया गया। बैठक में पेंशन से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु अपर कलेक्टर मीना मसराम ने निर्देश दिये। बैठक में जिला पेंशन अधिकारी अखिलेश नेटी द्वारा बैंक संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए सुझाव दिये गये। पेंशन एसोसियेशन अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार जैन द्वारा पेंशन से संबंधित लंबित सम्स्याओं के विषय में अवगत कराया गया तथा पेंशन एसोसियेशन के द्वारा किये गये कार्यों की जानकारी दी गई। जिला पेंशन फोरम की बैठक में सहायक पेंशन अधिकारी मंगल सिंह करचाम, सहायक पेंशन अधिकारी राहुल कुमार चौरसिया तथा सहायक कोषालय अधिकारी एन.एल.मर्सकोले तथा सहा० ग्रेड-2 श्वेता उइके तथा सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

