मण्डला 11 दिसम्बर 2021
11 दिसम्बर को प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत कार्यक्रम का जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आरएस शर्मा सहित न्यायाधीशगणों एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान न्यायाधीश श्री आरएस शर्मा ने कहा कि न्यायालयों में लम्बित प्रकरणों से बचने एवं प्रकरणों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के लिए लोक अदालतें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिला न्यायालय के अधीन समस्त न्यायालयों में भी लोक अदालतें आयोजित कर अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि लोक अदालतों में पैसे की बचत के साथ-साथ समय की भी बचत होती है। लोक अदालतों के सफल आयोजन में न्यायालय एवं सभी विभागों का समन्वय आवश्यक है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
2 अक्टूबर से 14 नवम्बर के बीच ’आजादी के अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में ’विधिक जागरूकता एवं पहुँच कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। विधिक जागरूकता एवं पहुँच कार्यक्रम के माध्यम से गाँव-गाँव में विधिक जागरूकता एवं अधिकारों के बारे में बताया गया। इस कार्यक्रम में महत्वपूर्ण संस्थाओं, विभागों एवं ग्रामीणों द्वारा सकारात्मक एवं प्रभावी सहयोग दिया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के शुभारंभ के अवसर पर प्रधान न्यायाधीश श्री शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत तथा उपस्थित न्यायाधीशगणों ने विधिक जागरूकता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ० श्रीमति प्रीति श्रीवास्तव ने बताया कि नेशनल लोक अदालत जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास एवं बिछिया में नेशनल लोक अदालत हेतु सभी समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु 18 खंडपीठों का गठन किया गया है जिसमें आपसी सुलह के आधार पर राजीनामा किया गया। उन्होंने बताया कि 11 दिसम्बर को आयोजित नेशनल लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में बैंक के 1869 प्रकरणों में से 70 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 842025 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। बीएसएनएल विभाग के 400 प्रकरणों में से 19 प्रकरण निराकृत हुए। विद्युत विभाग के 324 प्रकरणों में से 65 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 439000 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। इसी प्रकार नगरपालिका के 328 प्रकरणों में से 81 प्रकरण निराकृत हुये, जिसमें 254028 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। न्यायालय के लंबित मामलों में समझौता योग्य आपराधिक प्रकरणों के 72 प्रकरणों में से 28 निराकृत। धारा 138 एन0आई0 एक्ट के 85 प्रकरणों में से 42 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 9959795 राशि का अवार्ड पारित किया गया। एम0ए0सी0टी0 के 281 प्रकरणों में से 84 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 12178213 राशि का अवार्ड पारित किया गया एवं पारिवारिक विवाद के 75 प्रकरणों में से 27 प्रकरणों को निराकृत किया गया। अन्य सिविल प्रकृति के 60 प्रकरणों में से 14 प्रकरण निराकृत हुये। लंबित विद्युत अधिनियम के 4 प्रकरण रखे गये थे, जिसमें से 1 प्रकरण निराकृत हुये, जिसकी समझौता राशि 76600 रूपये का आदेश पारित किया गया। सभी समझौता योग्य प्रकरणों का निराकरण आपसी सुलह के आधार पर किया गया। इस प्रकार न्यायालय के पेंडिंग केसेस कुल 577 प्रकरणों में से 196 प्रकरण निराकृत किये गये तथा 22,2146081/-रूपये राशि का धनादेश पारित किया गया। इस नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु जिला न्यायाधीश/सचिव श्रीमति डॉ0 प्रीति श्रीवास्तव द्वारा सभी न्यायाधीशगणों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के प्रति आभार प्रकट किया गया।
