मण्डला 5 जनवरी 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कोविड की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर जिला प्रशासन की अधिकारियों की विस्तृत बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सभी विभाग कोविड से बचाव के लिए सभी जरूरी तैयारियाँ समयपूर्व सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी एसडीएम, सीईओ जनपद तथा तहसीलदारों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिदिन फ्लैगमार्च करते हुए कोविड से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करें। इसी प्रकार आमजनों को मॉस्क का अनिवार्यतः उपयोग करने तथा सोशल डिस्टेसिंग का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की समझाईश दें। कलेक्टर ने कहा कि जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक में लिए गए निर्णयानुसार अब मॉस्क का उपयोग नहीं करने वाले व्यक्तियों पर जिला प्रशासन द्वारा 100 रूपए तथा प्रतिष्ठानों एवं दुकानों में सोशल डिस्टेसिंग का उल्लंघन होने पर 1 हजार रूपए तक की चालानी कार्यवाही की जाएगी।
श्रीमती सिंह ने कहा कि मैदानी अमले के माध्यम से शासन एवं जिला प्रशासन के कोविड से बचाव के दिशा-निर्देशों का विस्तृत प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कोविड जागरूकता एवं कोविड अनुरूप व्यवहार के संबंध में आमजनों से सघन रूप से संपर्क कर जागरूक करें। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों एवं सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि प्रतिदिन मुनादी एवं पैदलमार्च के माध्यम से लोगों को जागरूक करें। इसी प्रकार शासकीय कार्यालयों में अनिवार्य रूप से मॉस्क का उपयोग एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराएं। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र की सभी ब्लॉकों एवं पंचायतों में संकट प्रबंधन समिति की बैठकें संपन्न करें एवं सभी को पुनः सक्रिय करते हुए जरूरी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करें।
प्रवासियों की अनिवार्यतः जाँच करें
कलेक्टर ने कहा कि मंडला जिले में बाहर से आने वाले व्यक्तियों की अनिवार्यतः जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाले प्रवासियों की जांच सुनिश्चित करते हुए उनकी जानकारी भी संधारित करें। श्रीमती सिंह ने सभी सीईओ जनपद ब्लॉक स्तर पर 50-50 बिस्तर के आईसोलेशन वार्ड चिन्हित रखने के निर्देश दिए। उन्हांेने भीड़ वाले स्थानों जैसे बस स्टेण्ड, रेल्वे स्टेशन एवं अन्य पर रेंडम सेम्पलिंग करने की बात भी कही।
अब केवल आरटीपीसीआर टेस्ट ही होंगे
श्रीमती सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि कोविड जाँच के लिए अब केवल आरटीपीसीआर किट का ही उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रेपिड एंटीजन टेस्ट किट के माध्यम से की जाने वाली कोविड जांच को बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी जगह पर्याप्त मात्रा में आरटीपीसीआर जांच किट उपलब्ध रखें। इसी प्रकार आगामी दिनों के लिए भी उपलब्धता सुनिश्चित रखें। कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपद एवं बीएमओ को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रों में ऑक्सीजन बेड की उपलब्धता, जरूरी दवाईयाँ, ऑक्सीजन कॉन्सनट्रेटर एवं जरूरी सामग्री सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला चिकित्सालय सहित सभी स्थानों पर एम्बूलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला चिकित्सालय में व्यवस्था के लिए सीएस को निर्देश
कलेक्टर ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय में कोविड की संभावित तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए जरूरी मानव संसाधन, दवाईयाँ, ऑक्सीजन, सप्लाई, टेस्टिंग किट, एक्सरे मशीन का संचालन, ब्लड टेस्टिंग, मॉस्क, सेनेटाईजर आदि उपलब्ध रखें। उन्होंने ईईपीआईयू श्री पटले को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय सहित अन्य ऑक्सीजन प्लांट के सुचारू संचालन की निगरानी करें। श्रीमती सिंह ने डिस्ट्रिक्ट कमांड कंट्रोल सेंटर में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए ईईआरईएस श्री धुर्वे एवं श्री आर्मो को निर्देश दिए।
फीवर क्लीनिक प्रारंभ करें
श्रीमती सिंह ने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि पूर्वानुसार कोविड जांच के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में फीवर क्लीनिक पुनः प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि फीवर क्लीनिक में मरीजों की जांच के लिए व्यवस्था बनाते हुए उनका उपचार भी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने पूर्व में गठित रेपिड रिस्पोंस टीम को पुनः सक्रिय करते हुए मॉकड्रिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधितों को निर्देशित किया कि जरूरी सामग्री का आंकलन करते हुए स्टीमेट बनाएं। श्रीमती सिंह ने एनआरएलएम को निर्देशित किया कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा काढ़ा बनाने एवं वितरण का कार्य पुनः प्रारंभ किया जाए।
