Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 13 मई 2022

एएनसी कैम्प में महिलाओं को करें दवाईयों का वितरण – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने नरेन्द्रगढ़ में आयोजित कैम्प में दिए निर्देश

 

मण्डला 13 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए नियमित रूप से स्वास्थ्य कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में नरेन्द्रगढ़ पंचायत में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एएनसी कैम्प का आयोजन किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने एएनसी कैम्प का निरीक्षण किया। उन्होंने एएनएम से ग्राम पंचायत के कुल एएनसी रजिस्ट्रेशन, उनके स्वास्थ्य स्तर तथा नियमित जाँच के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान एनीमिक पाई जाने वाली महिलाओं को कैम्प से दवाईयों का वितरण भी सुनिश्चित किया जाए। श्रीमती सिंह ने कहा कि एएनसी कैम्प में जांच के बाद महिलाओं को उनके स्वास्थ्य को बेहतर करने के तरीके, खान-पान तथा पूरक पोषण आहार के संबंध में जानकारी जरूर दें। इस दौरान सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, बीएमओ बम्हनी श्री सरौते, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

एएनसी का डाटा संधारण गंभीरता से करें

 

कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि एएनसी कैम्प के दौरान स्वास्थ्य जांच सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को गंभीरता से संकलित करें। उन्होंने कहा कि ऑनलाईन डाटा एंट्री में लापरवाही न बरतें। श्रीमती सिंह ने कहा कि एएनसी पंजीयन, नियमित जांच सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को पोर्टल पर अनिवार्यतः दर्ज कराएं। उन्होंने हर माह महिलाओं की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएमओ तथा सीएचओ एएनएमवार एएनसी पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करें।

 

अमृत सरोवर तथा विकास कार्यों का किया निरीक्षण

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नरेन्द्रगढ़ के समीप आरईएस द्वारा बनाए जा रहे अमृत सरोवर के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर का कार्य जल्द पूरा करें। सभी सरोवर गुणवत्तापूर्ण ढंग से बनाएं। श्रीमती सिंह ने राजस्व अमले को निर्देशित किया कि सरोवरों के निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन एवं सीमांकन का कार्य विधिवत रूप से पूर्ण करें। उन्होंने झालपानी में आरईएस विभाग द्वारा बनाए जा रहे स्टॉप डेम के कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नाले में जमा मिट्टी को भी हटाएं तथा व्यवस्थित रूप से स्टॉप डेम का निर्माण करें।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया नरेन्द्रगढ़ आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण

 

मण्डला 13 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नरेन्द्रगढ़ आंगनवाड़ी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र में बच्चों की उपस्थिति, कुपोषण तथा पूरक पोषण आहार के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी रखें। श्रीमती सिंह ने आंगनवाड़ी केन्द्र के बच्चों का वजन, नाप कराया तथा डाटा संधारण की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के अक्षरज्ञान का परीक्षण भी किया। आंगनवाड़ी केन्द्र में उपस्थित बच्चों ने एबीसीडी तथा गिनती के ज्ञान पर संतुष्टि जाहिर की। इस दौरान सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, बीएमओ बम्हनी श्री सरौते, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

बावड़ियों के जीर्णोद्धार का कार्य का हुआ निरीक्षण

कलेक्टर ने मोहनिया में देखा कड़कनाथ प्रोजेक्ट, ग्रामीणों से चर्चा

 

मण्डला 13 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शुक्रवार को सिमरिया एवं कटरा स्थित बावड़ियों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक बावड़ियों के जीर्णोद्धार का कार्य जारी रखें। श्रीमती सिंह ने ईईआरईएस मनोज धुर्वे को निर्देशित किया कि जीर्णोद्धार के साथ-साथ बावड़ियों को पर्यटन केन्द्र के रूप में भी विकसित करें। उन्होंने कहा कि बावड़ियों के परिसर में पार्क विकास, वृक्षारोपण सहित अन्य सौंदर्यीकरण का कार्य करें। उन्होंने इस दौरान बावड़ियों की ऐतिहासिकता की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि मंडला जिले की बावड़ियों को आगामी दिनों में जिले के पर्यटन केन्द्रों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा करते हुए बावड़ियों के संबंध में बात की।

कलेक्टर ने पशुपालन विभाग द्वारा प्रारंभ किए गए कड़कनाथ प्रोजेक्ट के कार्य का मोहनिया में निरीक्षण किया। उन्होंने प्रोजेक्ट के लिए चिन्हित हितग्राहियों के घर जाकर मुर्गीपालन के कार्य की जानकारी ली। उन्होंने उपसंचालक को निर्देशित किया कि पशुपालन विभाग द्वारा वितरित किए गए कड़कनाथ प्रोजेक्ट के लिए अधिक से अधिक हितग्राही चिन्हित करें तथा उन्हें योजना की जानकारी देते हुए आर्थिक रूप से लाभान्वित करें। श्रीमती सिंह ने इस दौरान ग्रामीणों से चर्चा भी की तथा उनसे नलजल योजना, मनरेगा, कोविड वैक्सीनेशन, बैगा पेंशन सहित अन्य योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली।

 

 

 

 

 

 

महिला ज्ञानालय में निरक्षर से साक्षर बन रही महिलाएँ

अक्षर ज्ञान सीखी दयावती ने कलेक्टर को भेंट किया स्वलिखित अभिनंदन संदेश

 

मण्डला 13 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में महिला बाल विकास विभाग द्वारा निरक्षर महिलाओं को साक्षर करने के उद्देश्य से महिला ज्ञानालय कार्यक्रम वर्ष 2020 से शुरू किया गया है। महिला ज्ञानालय कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्रों में गांव की निरक्षर महिलाओं को गांव की ही पढ़ी-लिखी महिलाओं द्वारा अक्षरज्ञान, गिनती एवं सामान्य बैंकिंग व्यवहार के बारे में जानकारी दी जाती है। महिला ज्ञानालय कार्यक्रम को अनेक मंचों पर सराहा गया है। अब इस कार्यक्रम के सुखद परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

कलेक्टर हर्षिका सिंह शुक्रवार को ग्राम पंचायत नरेन्द्रगढ़ के दौरे पर थी। इस दौरान उनसे मिलने ग्राम पंचायत की महिलाएं आई। इन महिलाओं ने महिला ज्ञानालय में अक्षरज्ञान एवं गिनती सीखा है। निरक्षर से साक्षर हुई दयावती कुड़ापे ने स्वयं अपने सीखे अक्षरज्ञान से कलेक्टर के लिए अभिनंदन संदेश लिखा तथा भेंट किया। कलेक्टर हर्षिका सिंह साक्षर बनी सभी महिलाओं से मिलकर एवं दयावती बाई द्वारा लिखे अभिनंदन संदेश को पाकर अभिभूत हुई तथा सभी को बधाई देते हुए उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी महिलाओं को आगे और पढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। निरक्षर से साक्षर बनी दयावती कुड़ापे ने अपने अभिनंदन संदेश में अपने अक्षरज्ञान सीखने, पढ़ना-लिखना तथा बैंक के फॉर्म भरने की जानकारी प्राप्त करने का जिक्र किया है। साथ ही उन्होंने कलेक्टर को महिलाओं के हित में प्रारंभ की गई इस पहल के लिए आत्मीय धन्यवाद दिया है।

 

 

 

 

 

 

सिकल सेल एनीमिया के लिए पेंशन से इलाज में बड़ी राहत – सीताराम

हरदुआ के 2 बच्चों को मिल रही सहायता राशि

 

मण्डला 13 मई 2022

ग्राम हरदुआ निवासी सीताराम यादव के दोनों बेटे सिकल सेल एनीमिया से ग्रसित है। सीताराम बताते हैं कि मेरे बच्चों का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने से हमारा परिवार बड़ा परेशान रहा है। मैंने अपने दोनों बच्चों का अपनी शक्ति अनुसार हरसंभव एवं हर जगह इलाज कराया, किन्तु ज्यादा आराम नहीं मिला। बीमारी के कारण लगातार आर्थिक समस्या भी बनी रहती है। मुझे सिकल सेल एनीमिया के बारे में ज्यादा जानकारी भी नहीं थी, किन्तु धीरे-धीरे जानकारी मिलती गई। जनवरी 2022 में मुझे सिकल सेल एनीमिया के तहत शासन से मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा निःशक्त पेंशन के बारे में जानकारी मिली। मैंने जनपद पंचायत मंडला में समग्र सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पीयुष पांडे से मुलाकात की। उनके सहयोग से मैंने सभी दस्तावेज जमा किए। 20 जनवरी 2020 को मेरे दोनों बेटों की सामाजिक सुरक्षा निःशक्त पेंशन स्वीकृत हो गई। इस पेंशन को स्वीकृत कराने में मुझे किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई। मेरे दोनों बेटे राकेश एवं मनमोहन को विगत 4-5 माह से बिना किसी परेशानी के निःशक्तजन पेंशन का लाभ मिल रहा है। दोनों को मिलने वाली सहायता राशि से अब उनके बीमारी के इलाज में भी मदद हो रही है। शासन की यह योजना निश्चित रूप से निम्न वर्ग के लोगों के लिए बड़ी राहत देने वाली है।

 

 

 

 

 

 

 

चलित पुस्तकालय का हुआ शुभारंभ

कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 

मण्डला 13 मई 2022

जिले के विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को सुधारने तथा गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने एवं शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए जिला स्तर पर लगातार सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्रोजेक्ट-नई उड़ान‘‘ का शुभारंभ 1 अक्टूबर 2020 को किया गया। जिले का शैक्षिक नवाचार प्रोजेक्ट नई उड़ान अंतर्गत जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रो में निवासरत विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं वैज्ञानिक अभिरूचि विकसित करने हेतु 13 मई 2022 से चलित पुस्तकालय का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती हर्षिका सिंह के द्वारा कलेक्टर परिसर से हरी झंडी दिखाकर ग्राम पंचायत भपसा के लिये रवाना किया गया है। ग्राम पंचायत भपसा के स्थानीय जनप्रतिनिधी एवं उपसरपंच सभी प्राथमिक माध्यमिक हाईस्कूल के शिक्षक एवं जनशिक्षक की उपस्थिति में चलित पुस्तकालय का लाभ लगभग 200 विद्यार्थियों को मिला। इस प्रकार चलित पुस्तकालय प्रत्येक ग्राम पंचायत में 14 जून 2022 तक पहुंचाकर विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

न्यायालयीन प्रकरण में एक लाख अर्थदण्ड जमा करने के निर्देश

 

मण्डला 13 मई 2022

अपर कलेक्टर ने बताया कि न्यायालय के प्रकरण क्रमांक 0014(ब-121)2022-23 (पक्षकार म0प्र0 शासन विरूद्ध मुस्ताक खान – नैनपुर) में दिनांक 11.05.2022 को आदेश पारित किया गया है। उक्त आदेश तहसीलदार नैनपुर की ओर आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजा गया है। अपर कलेक्टर ने बताया कि अनावेदक न्यायालय अपर कलेक्टर के आदेशानुसार अर्थदण्ड की राशि 1,00,000/- (अंकन एक लाख) रू. शासन पक्ष में जमा कराएं।

 

 

 

 

 

 

दिव्यांगजनों के कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए आवेदन 30 मई तक

 

मण्डला 13 मई 2022

प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था ने बताया कि कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार ’मिशन दिव्यांग उत्कर्ष’ योजना अंतर्गत दिव्यांग युवक-युवतियों के लिए शासकीय आई.टी.आई. मंडला में व्यवसाय कंप्यूटर के अंतर्गत डाटा एन्ट्री ऑपरेटर व्यवसाय में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदाय किया जायेगा। इस प्रशिक्षण के लिए दसवी कक्षा उत्तीर्ण दिव्यांगजनों से 30 मई 2022 तक आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। यह प्रशिक्षण 3 माह व 150 घंटे की अवधि का होगा। अधिक जानकारी कार्यालयीन कार्य दिवसों में शासकीय आई.टी.आई मंडला से प्राप्त की जा सकती है।

 

 

 

 

 

 

 

गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, जाँच एवं खतरे की पहचान करने 17 को शिविर

 

मण्डला 13 मई 2022

मुख्य चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 17 मई को गर्भवती महिलाओं के पंजीयन जांच एवं खतरे की पहचान के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि समाज एवं परिवार की गर्भवती महिलाओं की जांच अवश्य करायें एवं जच्चा एवं शिशु को सुरक्षित करें तथा संस्था में सुरक्षित प्रसव करायें। मातृ मृत्युदर को कम करने के लिए जिले की प्रत्येक गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीयन, स्वास्थ्य जांच, परीक्षण उपरातं खतरे वाली माताओं का चिन्हांकन करते हुए निरंतर निगरानी एवं सुरक्षित प्रसव कराना आवश्यक है। आगामी 7 दिवस तक निंरतर घर-घर जाकर एएनएम आशा कार्यकर्ता नई गर्भवती महिलाओं का चिन्हाकन कर अनमोल पार्टल पर पंजीयन किया जायेगा। 17 मई 2022 को व्ही.एन.डी. सत्र दिवस में प्रत्येक गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण कम्यूनिटी हेल्थ ऑफीसर व चिकित्सा अधिकारी के द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र एच.डब्लू.सी., प्रा. स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वा. केंद्र स्तर पर परीक्षण होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

नेशनल लोक अदालत आज

समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु 17 खंडपीठों का गठन

 

मण्डला 13 मई 2022

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकारण जबलपुर के आदेशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा आर0एस0 शर्मा के मार्गदर्शन में 14 मई को जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय निवास, नैनपुर, भुआ बिछिया में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में पूर्व की ही भांति न्यायालय में लंबित समझौता योग्य आपराधिक प्रकरण, धारा 138 चैक बाउन्स, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा, श्रम और रोजगार विभाग के प्रकरण विद्युत की बकाया वसूली, जलकर, पारिवारिक विवाद, भू-अर्जन, व्यवहार न्यायालयों में लंबित राजस्व प्रकरण एवं अन्य दीवानी प्रकृति के मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जायेगा। इसी प्रकार ऐसे प्रकरण जो न्यायालय में प्रस्तुत नही किये गये हैं, लेकिन प्रस्तुत किये जाने योग्य हैं, धारा 138 चैक बाउन्स, श्रम और रोजगार विभाग, विद्युत की बकाया वसूली, जलकर, व अन्य समझौता योग्य आपराधिक तथा दीवानी प्रकृति के प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जायेगा।

जिला न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डी.आर. कुमरे ने बताया कि नेशनल लोक अदालत जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास, बिछिया में भी उक्त नेशनल लोक अदालत आयोजित किया जाना है जिसमें सभी समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु 17 खंडपीठों का गठन किया गया है जिसमें आपसी सुलह के आधार पर राजीनामा किया गया। उन्होंने समस्त जनमानस एवं आमजन से अपेक्षा की है कि उक्त आयोजित नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने प्रकरणों का निराकरण बिना खर्च, कम समय में कराएं।

 

 

 

 

 

 

 

जिले में चल रहा बावड़ी जीर्णोद्धार का कार्य

गौंड़कालीन बावड़ियों के उन्नयन जारी

 

मण्डला 13 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में गौंड़कालीन एवं ऐतिहासिक बावड़ियों के जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ किया गया है। विगत वर्ष सिमरिया बावड़ी के जीर्णोद्धार के साथ बावड़ियों के उन्नयन का कार्य प्रारंभ किया गया है। अब कुल 5 गौंड़कालीन बावड़ियों के जीर्णोद्धार का कार्य भी प्रारंभ है जिसमें सिमरिया, मेढ़ाताल, डोंगरमंडला, रामनगर तथा कटरा है। आरईएस ईई मनोज धुर्वे ने बताया कि सिमरिया, मेढ़ाताल तथा डोंगरमंडला के जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसी प्रकार रामनगर एवं कटरा बावड़ी का उन्नयन कार्य जारी है। कलेक्टर ने बारिश के पूर्व तक बावड़ियों के उन्नयन एवं मरम्मत कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक हुई 409723.49 क्विंटल गेहूं की खरीदी

 

मण्डला 13 मई 2022

रबी विपणन वर्ष 2022-23 के लिए जिले में गेहूं विक्रय के लिए 53 केन्द्र बनाये गए हैं। इन केन्द्रों पर 15501 कृषकों द्वारा स्लॉट बुकिंग कराया गया है एवं जिन कृषकों के द्वारा स्लॉट बुकिंग नहीं कराया गया था, इन कृषकों में से शासन स्तर से 5410 कृषकों को गेहूं विक्रय हेतु एस.एम.एस. भेजे गए हैं। इनमें से 9841 कृषकों के द्वारा जिले के उपार्जन केन्द्रों में 409723.49 क्विंटल गेहूं की उपज का विक्रय किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी कृषकों से अनुरोध किया है कि कृषक उपार्जन केन्द्र में उपार्जन साफ-सुथरी एवं एफ.ए.क्यू. मापदण्ड के अनुरूप तैयार करके ही लाएं।

 

 

 

 

 

उद्यमी क्रांति योजना एवं स्वरोजगार योजना अंतर्गत बीजाडांडी में हुए 65 पंजीयन

17 को मोहगांव एवं 18 को मवई में लगेगा जागरूकता शिविर

 

मण्डला 13 मई 2022

जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीजाडांडी में आजीविका मिशन के सभाकक्ष में सहायक प्रबधंक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रेखा चौरसिया एवं बैंक अधिकारी मिहिप पटेल शाखा प्रबंधक स्टेट बैंक बीजाडांडी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना, स्वरोजगार योजना का जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सहायक प्रबधंक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रेखा चौरसिया द्वारा बेरोजगार युवक युवतियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने हेतु उपस्थित 65 युवक एवं युवतियों का पंजीयन किया जाकर उचित मार्गदर्शन प्रदाय किया गया एवं विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना अंतर्गत स्वयं के उद्योग के लिए 50 लाख तक ऋण एवं सेवा क्षेत्र एवं व्यवसाय हेतु 25 लाख तक ऋण ले सकते हैं। योजनांतर्गत 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान सी.जी.टी.एम.एस.ई. अतंर्गत बैंक गारंटी का प्रावधान है। मिहिप पटेल शाखा प्रबंधक स्टेट बैंक द्वारा शिविर में बैंकिंग संबंधी प्रकियाओं की जानकारी प्रदान की गई। 17 मई 2022 को मोहगांव में एवं 18 मई 2022 को मवई के जनपद जनपद सभाकक्ष में एवं आईटीआई मंडला में खण्ड स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इच्छुक युवक एवं युवतियां शिविर में उपस्थित होकर शासन की योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

स्वरोजगार योजना अंतर्गत बिछिया में हुए 79 पंजीयन

 

मण्डला 13 मई 2022

जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिछिया पंचायत के सभाकक्ष में मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना व स्वरोजगार योजना का जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सहायक प्रबधंक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र अनिल दुबे एवं  जिला समन्वयक उद्यमिता विकास एस.के. शर्मा द्वारा नारायणगंज के बेरोजगार युवक युवतियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने हेतु उपस्थित 79 युवक एवं युवतियों का पंजीयन किया गया एवं उचित मार्गदर्शन प्रदाय किया गया। अनिल दुबे द्वारा म.प्र. शासन की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना अंतर्गत स्वयं का उद्योग के लिए 50 लाख तक ऋण एवं सेवा क्षेत्र एवं व्यवसाय हेतु 25 लाख तक ऋण ले सकते हैं। योजनार्तगत 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान सी.जी.टी.एम.एस.ई. अतंर्गत बैंक गारंटी का प्रावधान है।

Related posts

25 मार्च से 5 अप्रैल के बीच जल अभिषेक अभियान होगा प्रारंभ कलेक्टर ने अभियान की तैयारियों के लिए दिए निर्देश

Reva India News

मध्यप्रदेश विशेष सहयोगी दस्ता भर्ती 18 जुलाई से प्रारंभ

Reva India News

सीईओ जिला पंचायत ने किया खेत-तालाब का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment