Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य,समाचार मण्डला 1 अगस्त 2022

हर घर तिरंगाअभियान के तहत तिरंगामय हुआ मंडला

स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा 1 अगस्त से अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जोड़ने अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 1 अगस्त को मंडला मुख्यालय सहित समस्त विकासखंडों में साईकिल रैली एवं पैदल यात्रा का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के अलग-अलग स्थानों से स्कूली बच्चों ने साईकिल रैली तथा प्रभातफेरी निकाली। सभी विद्यार्थियों ने अपनी साईकिल पर तथा हाँथ में तिरंगा झंडा लेकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। साथ ही देशभक्ति के नारों लगाकर आम आदमी को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।     कलेक्टर हर्षिका सिंह कलेक्ट्रेट से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रभातफेरी में शामिल हुई एवं शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए स्टेडियम ग्राउंड पहुंची। सभी स्कूली बच्चे, आमजन तथा जनप्रतिनिधिगणों ने स्टेडियम में पहुंचकर अद्भुत वातावरण बनाने में सहयोग दिया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने सफेद, हरे तथा केसरिया रंग के कपड़े तथा हाँथ में झंडा लेकर आयोजन को देशभक्तिमय बना दिया। साथ ही श्रृंखला बनाकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, डीएफओ, नगरपालिका अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, अभिभावक, मीडिया तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मंच से राष्ट्रीय ध्वज संहिता की जानकारी दी गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तिरंगे झंडे के सम्मान तथा ’हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की उपस्थितजनों को शपथ दिलाई। साथ ही अभियान के संबंध में आमजनों को विस्तृत जानकारी दी तथा हर व्यक्ति को इस अभियान में सक्रिय होकर भाग लेने की अपील की। कलेक्टर, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान का जिलेभर में संदेश देने के लिए सफेद, केसरिया तथा हरे रंग के गुब्बारे हवा में छोड़े। स्टेडियम ग्राउंड में सभी के लिए सेल्फी प्वाईंट भी बनाए गए। बच्चों, विद्यार्थियों, आमजनों, अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर सेल्फी प्वाईंट में फोटो भी खिचवाई।

 

 

 

 

 

 

 

सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपना आधार डाटा मतदाता सूची से जोड़ें – हर्षिका सिंह

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की समीक्षा

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन, समाधान प्रकरण, ’हर घर तिरंगा’ अभियान, अंकुर अभियान तथा शासन की अलग-अलग योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि 1 अगस्त से प्रदेश के साथ-साथ मंडला जिले में मतदाता सूची से आधार डेटा जोड़ने संबंधी कार्यवाही प्रारंभ की जा रही है। सभी अधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिजन मतदाता सूची में अपना आधार डाटा जोड़ने की कार्यवाही प्रारंभ करें। कलेक्टर ने भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल की जानकारी देते हुए सभी को अपनी आवश्यक जानकारी पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने बैठक में सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए डी श्रेणी में आने वाले विभागों को प्रगति दिखाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 1 सप्ताह में निम्न प्रदर्शन करने वाले विभाग अपना प्रदर्शन सुधारें। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से सीएम हेल्पलाईन का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें तथा रिपोर्ट करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी शिकायत अनअटेंड न रहे। कलेक्टर ने एल-1 सहित अलग-अलग स्तरों पर लंबित शिकायतों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से निराकरण की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि पात्रता पर्चियों के सत्यापन संबंधी सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें।

 

झण्डे निर्माण का लक्ष्य पूर्ण कर तत्काल जमा करें

 

कलेक्टर ने बैठक में ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत अलग-अलग विभागों को तिरंगे झण्डे के निर्माण के लिए आवंटित लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने लक्ष्य के अनुरूप झण्डों का निर्माण करें तथा निर्धारित स्थानों पर जमा करें। उन्होंने सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि झण्डा विक्रय के लिए स्थानों का अपने स्तर पर चिन्हांकन भी करें। उन्होंने जिला मुख्यालय के रपटाघाट में भी झण्डा विक्रय के लिए स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर भी स्टॉल लगाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अगस्त के पहले सप्ताह में सप्ताह भर के आयोजनों की तैयारियों के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग में अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। उन्होंने 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने कार्यालयों एवं परिसरों में ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत फ्लैक्स, बैनर लगाएं। साथ ही अपने सोशल मीडिया पर भी अभियान से जुड़े पोस्टर एवं डीपी आदि लगाएं।

 

पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य 7 तक प्राप्त करने का प्रयास करें

 

कलेक्टर ने बैठक में ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा किए गए मैदानी भ्रमण का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आगामी 1 सप्ताह प्रभावी कार्य करते हुए 7 अगस्त तक जिले को पूर्ण रूप से साक्षर बनाने का लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका अपने-अपने क्षेत्रों में साक्षरता कार्य का सत्यापन करें तथा शेष बचे व्यक्तियों को पूर्ण रूप से साक्षर बनाने काम करें। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति तथा दिव्यांगजनों को भी पूर्ण रूप से साक्षर बनाने के लिए काम करने के निर्देश दिए।

 

3 अगस्त को वैक्सीनेशन महाभियान

 

श्रीमती सिंह ने बैठक में समस्त जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि 3 अगस्त को समस्त जिले में कोविड वैक्सीनेशन एवं प्रीकॉशन डोज के लिए महाभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के मैदानी अमले के माध्यम से व्यापक जानकारी प्रसारित करें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी भी कराएँ। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि 3 अगस्त को प्रातः जल्दी वैक्सीनेशन प्रारंभ कराएं आवश्यक होने पर अधिक से अधिक मोबाईल टीम बनाएं तथा घर-घर जाकर भी वैक्सीनेशन कराएं।

 

अंकुर अभियान की हुई समीक्षा

 

कलेक्टर ने बैठक में कहा कि अंकुर अभियान के तहत किए जाने वाले वृक्षारोपण एवं इसकी जानकारी वायुदूत ऐप में फीड करें। उन्होंने संबंधित विभागों को अंकुर अभियान के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन बढ़ाने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं। साथ ही हरियाली महोत्सव के दौरान भी अधिक से अधिक पेड़ लगाकर वायुदूत ऐप पर जानकारी फीड करें। कलेक्टर ने वृक्षारोपण के लिए नर्मदा तटों को भी विशेष रूप से आच्छादित करने के निर्देश दिए।

 

विश्व स्तनपान दिवस की दी गई जानकारी

 

बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह ने 1 से 7 अगस्त तक आयोजित हो रहे विश्व स्तनपान सप्ताह के आयोजन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। बैठक में कलेक्टर ने जिले में मलेरिया की स्थिति के बारे में जाना। उन्होंने मलेरिया अधिकारी को निर्देशित किया कि मलेरिया जांच की कार्यवाही लगातार करें। साथ ही आमजनों को मलेरिया से रोकथाम एवं बचाव की जानकारी भी प्रदान करें। कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग से नए शैक्षणिक सत्र के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी पाठ्यक्रमों का शैक्षणिक कार्य समुचित रूप से प्रारंभ हो। उन्होंने स्कूलों में मध्यान्ह भोजन प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने डीपीसी को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के लिए बनाए जा रहे जाति प्रमाण पत्रों के वितरण के लिए विशेष कैम्प लगाएं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को विशेष भोज के आयोजन की तैयारियां पूर्ण करें।

 

 

 

 

 

 

भारतीय ध्वज संहिता 2002 के संबंध में संशोधन

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            भारत सरकार के गृह मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज संहिता 2002 में संशोधन जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग, प्रदर्शन, फहराना राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971 और भारतीय ध्वज संहिता, 2002 द्वारा नियंत्रित होता है, जो गृह मंत्रालय की वेबसाइट www.mha.gov.in पर उपलब्ध है। सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से भारतीय ध्वज संहिता-2002 के clause (xi) of paragraph 2.2 of Part-II में संशोधन किया गया है और इस संशोधन को निम्नानुसार पढ़ा जाए-

“(xi) जहां झंडा खुले में प्रदर्शित किया जाता है या किसी सदस्य के घर पर प्रदर्शित किया जाता है तो इसे दिन और रात को फहराया जा सकता है।श्

 

 

 

 

 

 

आधार डेटा संग्रहण एवं हर घर तिरंगाअभियान के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 अगस्त 2022 से मतदाता सूची में आधार डाटा संग्रहण के संबंध में प्राप्त दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रियाओं के संबंध में जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी मतदाता सूची के साथ आधार डाटा संग्रहण की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। श्रीमती सिंह ने आधार डाटा संग्रहण के लिए निर्वाचन आयोग के निर्धारित पोर्टल एवं प्रारूप संबंधी जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि डाटा संग्रहण की प्रक्रिया ऑफलाईन एवं ऑनलाईन दोनों माध्यमों से की जाएगी। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा इस संबंध में घर-घर जानकारी का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी उक्त कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की।

 

हर घर तिरंगाअभियान को घर-घर तक पहुँचाएँ

 

कलेक्टर ने उपस्थित मीडिया को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा अभियान के प्रचार-प्रसार एवं 13 से 15 अगस्त के बीच की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। श्रीमती सिंह ने 1 अगस्त से जिले के साथ-साथ सभी ब्लॉक एवं ग्रामीण स्तर पर ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरूकता एवं आम आदमी को इस अभियान से जोड़ने के लिए किए जाने वाले नवाचारों की तारीखवार जानकारी दी। उन्होंने इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज संहिता के पालन एवं संशोधन के बारे में भी बताया। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे सभी आजादी के 75वे वर्ष में आयोजित हो रहे इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने में सहभागी बनें।

 

अंकुर अभियान की दी जानकारी

 

कलेक्टर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिले के सभी मीडिया प्रतिनिधियों को प्रदेश सरकार द्वारा वृक्षारोपण के लिए चलाए जा रहे अंकुर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने हरियाली महोत्सव के दौरान जिला प्रशासन द्वारा वृक्षारोपण के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में भी बताया। श्रीमती सिंह ने उपस्थित मीडिया से अपील की कि विशेष अवसरों पर कम से कम एक पेड़ जरूर लगाएं। इसी प्रकार हरियाली महोत्सव के दौरान भी वृक्षारोपण कर इसे वायुदूत ऐप पर अपलोड जरूर करें।

 

 

 

 

 

 

बाल श्रम पर सख्ती से प्रतिबंध लगाएँ

जिला टॉस्कफोर्स समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            जिला टॉस्कफोर्स समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि बाल श्रमिकों को चिन्हित करें, उन्हें बालश्रम से मुक्त कर शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ें। बालश्रम पर सख्ती से प्रतिबंध लगाएं। उन्होंने कहा कि जिले के औद्योगिक इकाईयाँ, व्यापारिक प्रतिष्ठान में काम करने वाले बच्चों का चिन्हांकन करें तथा नियमानुसार उनका रेस्क्यू करें। कलेक्टर ने कहा कि गुम होने वाले बच्चों के लिए चलाए जाने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू किए जाने वाले बच्चों के पुर्नवास की कार्यवाही भी करें।

कलेक्टर ने कहा कि जिले एवं प्रदेश के बाहर जाने वाले बच्चों की बालश्रम से जुड़ी जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस की सहायता लें। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा बालश्रम को रोकने के लिए बनाए जाने वाले नियमों एवं दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि विकासखंड स्तर पर होने वाली बैठकों, 15 अगस्त को होने वाले विशेष ग्राम सभाओं, शिक्षकों की बैठकों में बालश्रम से जुड़े कानूनों के बारे में जानकारी प्रसारित करें। उन्होंने मवई, घुघरी एवं बीजाडांडी क्षेत्र में विशेष रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे अभिभावक जिनके बच्चे बाहर गए हैं उनसे संपर्क कर भी बच्चों की गतिविधियों एवं बालश्रम से जुड़ी जानकारी दें। साथ ही ऐसे क्षेत्र जहां से अधिक संख्या में बच्चे लापता हैं उन क्षेत्रों में सेमीनार करते हुए नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी दें।

 

 

 

 

 

राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            जिला मुख्यालय के इंडोर स्टेडियम में 1 से 6 अगस्त तक आयोजित हो रही राज्य स्तरीय 56वे म.प्र. जूनियर यू-19 बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने टूर्नामेंट का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को शुभकामनाएँ भी दी। इस अवसर पर कान्हा टाईगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एसके सिंह, प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बेडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा खिलाड़ी उपस्थित थे।

 

 

 

 

जिला वाटरशेड विकास सलाहकार समिति की बैठक संपन्न

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            1 अगस्त 2022 को जिला योजना भवन में कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में जिला वाटरशेड विकास सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंडला, वन अधिकारी, उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, उपसंचालक पशुपालन विभाग, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रीकी सेवा क्र-1 एवं 2, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ यांत्रिकी विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला संयोजक, अनुसूचित जाति एवं आदिम जाति कल्याण विभाग, उपायुक्त सहकारिता विभाग, जिला परियोजना अधिकारी- वाटरशेड एवं मनरेगा, जिला परियोजना प्रबंधक- आजीविका मिशन, महाप्रबंधक औद्योगिकी, नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र, सहायक संचालक उद्यानिकी, सहायक संचालक मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग, जिला प्रबंधक नाबार्ड मंडला, लीड बैंक मैनेजर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रोजेक्ट लीडर पीएमकेएसवाई-डब्ल्यूडी 2.0. (जनपद- निवास, बीजाडांडी, घुघरी) एवं समस्त वारशेड परियोजना समन्वयक उपस्थित रहे।

सलाहकार समिति की बैठक में जिला परियोजना अधिकारी – वाटरशेड उमेश सिंगरौरे द्वारा जिले में संचालित परियोजनाओं के सम्बंध में एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। साथ ही समस्त अधिकारीजन के साथ समय-समय पर पड़ने वाले आवश्यक सहयोग के संदर्भ में विभागीय रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

 

 

 

 

 

 

शांति समिति की बैठक आज

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            2 अगस्त 2022 को शाम 4 बजे जिला योजना भवन में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शांति समिति की बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 1 अगस्त के दौरान 582.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 550.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 32.2 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अगस्त को बिछिया में 2.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 1 अगस्त को 0.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 31 जुलाई की शाम 3 बजे से 1 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

5 कोरोना केस मिले

 

मण्डला 1 अगस्त 2022

            31 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 1 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 5 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार दादा धनीराम वार्ड मंडला निवासी 24 वर्षीय युवती, ग्राम बिनेका निवासी 36 वर्षीय पुरूष एवं 35 वर्षीय महिला, राजीव कॉलोनी निवासी 57 वर्षीय पुरूष तथा बिंझिया निवासी 56 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

Related posts

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर के कार्य की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश गणनापत्रक डिजिटाईजेशन के कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराएं जिला निर्वाचन अधिकारी

Reva India News

जबलपुर में भिड़ेंगे बालाघाट और मंडला  डी सी ए ने जारी की खिलाड़ियों की  अंडर २३ क्रिकेट टीम 

Reva India News

कोदो-कुटकी के उपार्जन के लिए जिले में 30 पंजीयन केन्‍द्र निर्धारित

Reva India News

Leave a Comment