’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले भर में बनाई गई मानव श्रृंखला
प्रमुख चौराहे, पर्यटन स्थल, अमृत सरोवरों पर हुए आयोजन
मण्डला 3 अगस्त 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रमों के अंतर्गत 3 अगस्त को मंडला जिला मुख्यालय सहित सभी पंचायतों एवं नगरीय निकायों में मानव श्रृंखला बनाकर अभियान की जानकारी दी गई एवं शपथ दिलाई गई। जिला मुख्यालय के लालीपुर, चिलमन चौक, उदय चौक सहित सभी महत्वपूर्ण चौराहे पर प्रातः 10 से 11 बजे के बीच मानव श्रृंखला बनाकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में जागरूकता कार्य किया गया। इसी प्रकार जिले के सभी नगरीय निकायों एवं पंचायतों में भी बुधवार को मानव श्रृंखला बनाकर अभियान से जुड़ने की अपील की गई। मंडला नगरपालिका द्वारा किला परिसर में मानव श्रृंखला बनाई गई। नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला द्वारा उपस्थितजनों को अभियान से जुड़ने एवं राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। किला परिसर में कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम, नगरपालिका अधिकारी, एसडीओपी अश्विनी कुमार, पुलिस तथा प्रशासन के संबंधित अधिकारी एवं स्थानीयजन उपस्थित थे।
नैनपुर नगरपालिका द्वारा भी मानव श्रृंखला के साथ भारत का नक्शा उकेरा गया। साथ ही शपथ का कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिछिया नगरीय क्षेत्र के कॉलेज परिसर में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाई गई। एसडीएम सुलेखा उईके ने शपथ दिलाई। इसी प्रकार जिले की सभी परियोजनाओं एवं विकासखंडों में ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरूकता के लिए मानव श्रृंखला बनाते हुए आम आदमी को अभियान से जुड़ने प्रेरित किया गया। घुघरी क्षेत्र के इमलीटोला पंचायत में बनाई गई अमृत सरोवर पर भी स्थानीयजनों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में मानव श्रृंखला बनाई गई।
बावड़ियों, कान्हा गेट, घुघरा वाटरफॉल पर बनी श्रृंखला
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता के लिए ऐतिहासिक गौंड़कालीन बावड़ियों सिमरिया, झिरिया तथा कटरा में मानव श्रृंखला बनाई गई। इसी प्रकार निवास क्षेत्र के प्रसिद्ध घुघरा जलप्रपात पर भी स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों की मदद से मानव श्रृंखला बनाई गई तथा शपथ दिलाई गई। विश्व प्रसिद्ध कान्हा क्षेत्र के खटिया गेट पर भी मानव श्रृंखला बनाकर पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी प्रदान की गई।

ऐतिहासिक रामनगर में मानव श्रृंखला से बनाया गया ’भारत का नक्शा’
’हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की कलेक्टर ने दिलाई शपथ
मण्डला 3 अगस्त 2022
3 अगस्त बुधवार को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंडला मुख्यालय सहित सभी पंचायतों एवं नगरीय निकायों में मानव श्रृंखला बनाकर अभियान का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही जिले के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर भी मानव श्रृंखला बनाकर शपथ दिलाई गई। ऐतिहासिक रामनगर में स्कूली बच्चों, स्थानीयजन, जनप्रतिनिधियों ने माँ नर्मदा के तट पर मानव श्रृंखला बनाते हुए ’भारत का नक्शा’ बनाया। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम, एसी ट्राईबल, ईईआरईएस मनोज तेकाम, क्षेत्र संयोजक रंजीत गुप्ता, स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित थे।
स्कूली बच्चों एवं स्थानीय लोगों ने मानव श्रृंखला के साथ ’हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में जागरूकता प्रसारित की। इस दौरान देशभक्ति के नारे और तिरंगे झंडे की जय से ऐतिहासिक रामनगर एवं माँ नर्मदा का तट गूंजा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्कूली बच्चों एवं स्थानीय लोगों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने एवं तिरंगे झंडे के सम्मान के संबंध में शपथ दिलाई तथा स्कूली छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाया।

3 को आयोजित हुआ कोविड वैक्सीनेशन महाभियान
मण्डला 3 अगस्त 2022
प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी 3 अगस्त को कोविड वैक्सीनेशन का महाभियान आयोजित हुआ। महाभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य, महिला बाल विकास एवं संबंधित अमले के द्वारा टीकाकरण केन्द्रों पर वैक्सीनेशन किया गया। इसी प्रकार घर-घर जाकर भी कोविड वैक्सीनेशन का कार्य पूर्ण किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने नजदीकि टीकाकरण केन्द्रों में जाकर अपना कोविड प्रीकॉशन डोज जरूर लगाएं।

पीएम आवास योजना के अपूर्ण कार्यों को जल्द पूरा करें – संभाग आयुक्त
मण्डला 3 अगस्त 2022
जबलपुर संभाग आयुक्त श्री बी. चंद्रशेखर ने संभाग के सभी जिलों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि सी तथा डी ग्रेड में आने वाले जिले अपना प्रदर्शन सुधारें। उन्होंने संबंधित जिलों के कलेक्टर से सामुदायिक स्वच्छता परिसर, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा व्यक्तिगत शौचालयों की आंकड़ेवार जानकारी ली। कमिश्नर ने ’स्वच्छ भारत मिशन’ के अंतर्गत अपूर्ण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए सभी कलेक्टर्स से 2020-2021 तक पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत तथा पूर्ण कार्यों के बारे में बताया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कमिश्नर श्री चंद्रशेखर ने कहा कि अपूर्ण प्रधानमंत्री आवास को जल्द पूरा करें। उन्होंने अंकुर अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि सघन वृक्षारोपण जारी रखें। साथ ही अंकुर पोर्टल पर वृक्षारोपण की जानकारी भी अपलोड करें। संभाग आयुक्त ने जिलेवार वर्षा की समीक्षा करते हुए संबंधित कलेक्टर्स से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ, तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर्स चिन्हित किए गए जर्जर स्कूल भवनों का मरम्मत कार्य गंभीरता से करें। साथ ही ऐसे भवनों का चिन्हांकन जारी रखें। उन्होंने शौचालय विहीन स्कूलों की भी आंकड़ेवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्वामित्व योजना, शालाओं के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के अभियान की प्रगति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शालाओं एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में विद्युत कनेक्शन तथा जल कनेक्शन, टीकाकरण अभियान की समीक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

सभी चिकित्सालयों में फायर ऑडिट के लिए समिति गठित
मण्डला 3 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय चिकित्सालयों में फायर ऑडिट एवं अन्य व्यवस्थाओं के परीक्षण के लिए समिति गठित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत समिति में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन एवं संबंधित बीएमओ, संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदार तथा संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी शामिल है। उन्होंने उक्त समिति को निर्देशित किया गया है कि 10 अगस्त 2022 तक जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय चिकित्सालयों का भ्रमण कर फायर सेफ्टी नाम्स का परीक्षण करेंगे एवं पूर्व में दिए गए अनुज्ञा की सभी शर्तों का पालन एवं नियमानुसार आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण कर फोटोग्राफ्स सहित प्रतिवेदन 10 अगस्त 2022 तक अपर कलेक्टर मंडला को प्रस्तुत करेंगे।

’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज जिला स्तरीय मैराथन
5 को तिरंगा वृक्षारोपण
मण्डला 3 अगस्त 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता एवं देशभक्ति की भावना जाग्रत करने 4 अगस्त को जिला स्तरीय मैराथन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह मैराथन 8 बजे स्टेडियम ग्राऊँड मंडला से प्रारंभ होगी, जो रेडक्रॉस चौराहा, चिलमन चौक, बस स्टेंड, लालीपुर चौक, बिंझिया तिराहा से नेहरू स्मारक होते हुए बैगा-बैगी चौक से कलेक्ट्रेट होते हुए वापस स्टेडियम ग्राउंड में संपन्न होगा। इस मैराथन में खिलाड़ी, बच्चे, आमजन, अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य इच्छुक व्यक्ति भी भाग ले सकते हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आमजनों से तिरंगे झंडे के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज के रंगों के कपड़े पहनकर मैराथन में शामिल होने का आव्हान किया है।
5 को तिरंगा वृक्षारोपण
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 5 अगस्त को जिलेभर में तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ईईआरईएस, पीएमजीएसवाई, पीडब्ल्यूडी, मनरेगा एवं ग्रामीण विकास से जुड़े सभी विभागों को 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण के लिए स्थान चिन्हित करने एवं सघन रूप से वृक्षारोपण करने के लिए निर्देशित किया गया है। वृक्षारोपण के पश्चात अभियान की शपथ भी दिलाई जाएगी। कलेक्टर ने नर्मदा तट एवं इससे जुड़ी पंचायतों में भी सघन स्तर पर 5 अगस्त को वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। 6 अगस्त को बैगा क्षेत्रों में सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी प्रकार 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ जोड़ा जाएगा।

जल जीवन मिशन पर ग्रामोद्योग संस्थान के द्वारा 3 दिवसीय प्रशिक्षण
मण्डला 3 अगस्त 2022
जल जीवन मिशन पर ग्रामोद्योग संस्थान के द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न मंडला जल जीवन मिशन के द्वारा पी.एच.ई. विभाग के अंतर्गत ग्रामस्तरीय सामुदायिक कार्यकर्ताओं का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामोद्योग संस्थान के द्वारा कटरा में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि जल है तो कल है, जब हमारे आसपास पानी बचेगा तो हमारा जीवन भी बचेगा। हमने पानी की समस्या को करीब से देखा है लेकिन यह हमारा सौभाग्य है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल पहुंचाने की महत्वकांक्षी योजना आज धरातल पर उतर रही है। यह योजना हमारे जीवन के लिए संजीवनी है। उन्होंने कहा कि हम इस योजना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और हमेशा अपना अंशदान देकर गांव में शुद्ध पानी की आपूर्ति कराने में निरंतर कार्य करते रहें। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी प्रशिक्षणार्थियों को गांव में इस योजना को लेकर जन जागरूकता फैलाने के लिए आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम ने कहा कि जल से ही अपना कल है और इस जल पर ही हमारा पूरा जीवन निर्भर है। इसलिए इस योजना को सफल बनाने में सिर्फ सरकार की ही जिम्मेदारी नही है हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राजभाषा हिंदी सलाहकार इस्पात मंत्रालय भारत सरकार के सदस्य सुधीर कसार एवं कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री कुशरे ने जल जीवन मिशन से जुड़े विभिन्न पहलुओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन के विषय में विस्तृत बात रखी। इस अवसर पर ग्रामोद्योग संस्थान के निदेशक हरिओम शुक्ला के द्वारा प्रशिक्षण में जल जीवन मिशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया और संस्था के कार्यक्षेत्रों के बारे में अथितियों को विस्तार से बताया गया। जल जीवन मिशन की अवधारणा समुदाय की भागीदारी समितियों के कर्तव्य एवं योजना का क्रियान्वयन कैसे किया जाये। इन सभी बिंदुओं पर प्रशिक्षक डॉ. महेश गूंजेले, सिलविया आनंद, प्रीति बालाराव, प्रतीक शुक्ला, संजय संतोष प्रसाद, सुधीर परवार के द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। ग्राम भवरदा में प्रशिक्षणार्थियों का फील्ड विजिट कर सोशल मेप, रिसॉर्स मेप और टाइम लाइन तैयार करवाया गया। प्रतिभागियों द्वारा ट्रांजिट वाक के माध्यम से ग्राम के बारे में जाना और ग्राम की बसाहट और संसाधनों की जानकारी जुटाई। प्रशिक्षण में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत आवेदन आमंत्रित
मण्डला 3 अगस्त 2022
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में जिले के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में ऐसे आवेदक जो म0प्र0 के मूल निवासी 8वी कक्षा उत्तीर्ण हों, 18 से 45 आयु वर्ग के हों तथा जिनकी परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रू से कम हो वो पात्र हैं। पात्र आवेदकों को विनिर्माण उद्योग स्थापना के लिए 1 लाख से 50 लाख रूपए तक तथा सेवा एवं व्यवसाय के लिए 1 लाख से 25 लाख रूपए तक बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जायेगा।
योजना में सेवा एवं व्यवसाय के तहत व्यवसायिक वाहन व दुकान हेतु एम.पी. ऑनलाईन पोर्टल से आवेदन कर सकते हैं। योजना में 3 प्रतिशत वार्षिक दर 7 वर्ष तक की अवधि हेतु ब्याज अनुदान एवं सीजीटीएमएसई गारंटी शुल्क 7 वर्ष तक प्रतिपूर्ति के रूप में देय है। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालीन समय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 3 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 3 अगस्त के दौरान 583.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 566.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 17.2 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ
मण्डला 3 अगस्त 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 2 अगस्त की शाम 3 बजे से 3 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

4 कोरोना केस मिले
मण्डला 3 अगस्त 2022
2 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 3 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 4 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला जेल परिसर मंडला निवासी 20 वर्षीय युवक, खैरी ब्लॉक नारायणगंज निवासी 52 वर्षीय महिला, बिछिया निवासी 35 वर्षीय पुरूष तथा ग्राम खड़देवरी निवासी 4 वर्षीय बालक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

फिलाटेली जमा खाता खोलकर छात्रवृत्ति योजना में भाग ले सकेंगे छात्र
मण्डला 3 अगस्त 2022
अधीक्षक डाकघर मंडला से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय डाक विभाग फिलाटेली छात्रवृत्ति योजना ”दीन दयाल स्पर्श योजना“ वर्ष 2022-23 के अंतर्गत कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति प्रदाय करने हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित करता है, जिसमें कक्षा 6 से कक्षा 9 तक प्रत्येक कक्षा में चयनित 10-10 विद्यार्थियों को छात्रवृति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि 6 हजार रूपए एक वर्ष के लिए होगी। विस्तृत जानकारी भारतीय डाक विभाग की वेबसाइट http://www.indiapost.gov.in से अथवा मंडला व डिंडोरी जिले के प्रतिभागी अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग मंडला के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
योजना के लिए पात्रता शर्ते
आवेदक को सम्बंधित विद्यालय में स्थित सक्रिय फिलाटेली क्लब का सदस्य होना चाहिए। यदि किसी विद्यालय में फिलाटेली क्लब नही है तो विद्यार्थी, प्रतियोगी का किसी भी डाकघर में सक्रिय फिलाटेली जमा खाता होना चाहिए। बिना फिलाटेली जमा खाते के आवेदन पर विचार नही किया जायेगा। प्रतियोगी का विगत परीक्षा का परिणाम 60 प्रतिशत अथवा समान्तर ग्रेड से अधिक होना चाहिए। एससी, एसटी प्रतिभागियों हेतु 5 प्रतिशत की रियायत प्रदान की जायेगी।
चयन प्रक्रिया
स्तर- 1 लिखित क्विज परीक्षा 18 सितम्बर 2022 को आयोजित की जायेगी, जिसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न समसामयिकी, इतिहास, भूगोल, विज्ञान, खेल, संस्कृति प्रत्येक से 5 प्रश्न एवं स्थानीय व राष्ट्रीय फिलाटेली से सम्बंधित क्रमशः 10 एवं 15 प्रश्न रहेंगे। लिखित क्विज की समय-अवधि एक घंटा रहेगी। लिखित परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र द्वारा स्थान एवं समय की सूचना दी जायेगी। लिखित परीक्षा में उपस्थित होने के लिए कोई भी यात्रा व्यय देय नही होगा।
स्तर- 2 लिखित क्विज में चयनित विद्यार्थियों को स्तर 2 में भाग लेते हुए फिलाटेली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करना होगा। फिलाटेली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2022 तक रहेगी। फिलाटेली प्रोजेक्ट हेतु विषय अलग से सूचित किये जायेंगे। आवेदन प्रक्रिया उक्त छात्रवृति योजना में भाग लेने हेतु आवेदन पत्र नजदीकी डाकघर में उपलब्ध होंगे तथा निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र अंतिम तारीख को समय 4 बजे तक या उससे पहले अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग मंडला 481661 के कार्यालय के पते पर रजिस्टर्ड, स्पीड पोस्ट, साधारण डाक के माध्यम से भेजा जाना है। आवेदन पत्र के लिफाफे पर स्पष्ट रूप से दीन दयाल स्पर्श छात्रवृति योजना वर्ष 2022-23 लिखा हुआ होना आवश्यक है। आवेदन पत्र प्रेषित करने की समय सीमा 18 जुलाई 2022 से 26 अगस्त 2022 समय 4 बजे तक है।

