कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के आदेश एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत मीणा के निर्देशानुसार जिला शिक्षा केंद्र मंडला के मार्गदर्शन में जनपद शिक्षा केंद्र मंडला में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय चिकित्सकीय मूल्यांकन शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन एलिम्को संस्था जबलपुर एवं जिला शिक्षा केंद्र मंडला के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
शिविर में शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत 192 दिव्यांग छात्र-छात्राओं का चिकित्सकीय परीक्षण एवं मूल्यांकन किया गया। परीक्षण के उपरांत 61 बच्चों के लिए 86 सहायक उपकरण स्वीकृत किए गए। वहीं 10 बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्रों का नवीनीकरण तथा 30 नए दिव्यांगता प्रमाण-पत्र’’ बनाने की प्रक्रिया पूर्ण की गई।

मेडिकल बोर्ड की टीम ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं दिव्यांगता का चिकित्सकीय मूल्यांकन किया। एलिम्को टीम द्वारा विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया गया। शिविर में जिला परियोजना समन्वयक श्री अशोक शुक्ल, सहायक परियोजना समन्वयक एवं नोडल समावेशी शिक्षा श्री के.के. उपाध्याय, बीआरसी श्री अनादि वर्मा सहित बीएसी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर को सफल बनाने में एमआरसी, शिक्षकों एवं सहयोगी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों को आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं, प्रमाण-पत्र एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा में प्रभावी रूप से सहभागी बनाना रहा।
