मंडला, 23 सितम्बर 2026
पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर में उमंग दिवस का आयोजन उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरावस्था की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हुए छात्राओं में आत्मविश्वास, जागरूकता, जीवन कौशल तथा चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की क्षमता विकसित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ उमंग कॉर्नर में मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं छात्राओं द्वारा उमंग गीत का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम की नोडल शिक्षक सुश्री लता गुरवानी ने उमंग एवं उज्ज्वल कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इनके माध्यम से छात्राओं को जीवन कौशल, सुरक्षा, तनाव प्रबंधन, वित्तीय समझ एवं भविष्य निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उमंग सत्रों से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की प्रेरणादायी कहानियां साझा कीं। वित्तीय प्रबंधन, तनाव का सामना एवं आकांक्षा पथ जैसे विषयों पर रोल-प्ले प्रस्तुत किए गए तथा रैपिड फायर क्विज का आयोजन कर विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। 14425 हेल्पलाइन नंबर की उपयोगिता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में उसके प्रयोग की जानकारी देने के लिए मॉक कॉल का प्रभावी प्रदर्शन भी किया गया। मुख्य अतिथि मंडला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने छात्राओं को बालिका सुरक्षा, कैरियर मार्गदर्शन एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए सजग, आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी श्री अनूप नामदेव, एसडीओपी (महिला सुरक्षा) श्री सतीश चतुर्वेदी एवं महाराजपुर थाना प्रभारी श्री जयसिंह यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में उत्साह एवं उमंग का विशेष वातावरण रहा। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती विभा मिश्रा ने अतिथियों, अधिकारियों, छात्राओं एवं समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शिक्षक श्री सतीश मिश्रा ने किया। उमंग गीत के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।

