’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में निकाली गई तिरंगा यात्रा
कलेक्टर एवं वरिष्ठ अधिकारी कोंड्रा में हुए शामिल
मण्डला 2 अगस्त 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जागरूकता एवं जिलेवासियों को अभियान से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 1 अगस्त से अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। 2 अगस्त को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्रामीण एवं पंचायत क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में गाँव के जनप्रतिनिधि, महिलाएँ, बच्चे एवं स्कूली छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में शामिल हुए। कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बैगा पंचायत कोंड्रा में तिरंगा रैली में शामिल हुए। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जनजातीय प्रतिनिधियों तथा बच्चों की विशेष रूप से सहभागिता रही। स्कूली छात्र-छात्राओं ने हाथ में तिरंगा लेकर बढ़-चढ़कर तिरंगा यात्रा में भाग लिया।
इसी प्रकार जिले की सभी विकासखंडों एवं पंचायत स्तरों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। लोगों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी दी गई। गांवों में बच्चे, बूढ़े एवं जवान हर वर्ग के व्यक्तियों ने हाँथों में झंडा लेकर यात्रा में भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी को ’हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रियता से जुड़ने एवं राष्ट्रध्वज के सम्मान की सुरक्षा करने की शपथ दिलाई।

बाल संरक्षण समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 2 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में बाल संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह, महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी, बाल संरक्षण समिति के सदस्य तथा संबंधित उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बाल संरक्षण से जुड़ी जागरूकता गतिविधियाँ लगातार आयोजित करें। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण के लिए बनाए गए नियमों एवं दिशा-निर्देशों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने बाल संरक्षण समिति द्वारा अब तक निराकृत किए गए प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समिति लम्बित प्रकरणों का जल्द निराकरण करें।
कलेक्टर ने बैठक में बाल संरक्षण, पुर्नवास, फास्टर केयर की गतिविधियाँ, समिति के बजट एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक जानकारी ली एवं जरूरी निर्देश दिए।

आज रामनगर एवं महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर बनाई जाएगी मानव श्रंृखला
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिलेभर में आयोजन
मुख्यालय के प्रमुख चौराहों पर भी कार्यक्रम
मण्डला 2 अगस्त 2022
13 से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले ’हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में जागरूकता कार्यक्रमों की कड़ी में 3 अगस्त को जिले की सभी पंचायतों एवं नगरीय निकायों में प्रातः 10 से 11 बजे के बीच मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 3 अगस्त को आयोजित किए जाने वाले मानव श्रृंखला कार्यक्रम की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक रामनगर में मानव श्रृंखला का कार्यक्रम आयोजित करने तैयारियाँ करें। उन्होंने एसीईओ श्री मरावी को निर्देशित किया कि रामनगर सहित आसपास की ग्राम पंचायतों के लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दें। साथ ही कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने के लिए आमंत्रित करें।
कलेक्टर ने बताया कि रामनगर के साथ-साथ ऐतिहासिक गौंड़कालीन बावड़ियों में भी मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। उन्होंने सिमरिया, कटरा तथा झिरिया की बावड़ियों में मानव श्रृंखला बनाने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिले के अन्य महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों जैसे सहस्त्रधारा, गरमपानी का कुंड, कान्हा गेट, घुघरा वाटरफॉल आदि में भी स्थानीय ग्रामीणों को आमंत्रित कर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मानव श्रृंखला बनाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग अमृत सरोवरों के आसपास भी मानव श्रृंखला बनाएं। उन्होंने सभी सीईओ जनपद एवं एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र की सभी पंचायतों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर मानव श्रृंखला बनाएं तथा ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शपथ कार्यक्रम आयोजित करें।
जिला मुख्यालय के चौराहों पर बनेगी मानव श्रृंखला
कलेक्टर ने एसडीएम मंडला एवं सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि जिला मुख्यालय के प्रमुख बैगा-बैगी चौक, चिलमन चौक, बिंझिया तिराहा, नेहरू स्मारक, उदय चौक सहित अन्य महत्वपूर्ण चौराहों पर मानव श्रृंखला बनाने की तैयारी करें। उन्होंने एडीएम को निर्देशित किया कि जिला मुख्यालय के अलग-अलग चौराहों पर मानव श्रृंखला का कार्यक्रम आयोजित करने अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी दें। उन्होंने आरडी कॉलेज, प्राईवेट कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, आईटीआई के छात्र-छात्राओं को मानव श्रृंखला के कार्यक्रम में सक्रियता से भाग लेने के निर्देश दिए।
4 अगस्त को जिला स्तरीय मैराथन
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 4 अगस्त को जिला स्तरीय मैराथन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मैराथन के लिए पंजीयन, रूट निर्धारण एवं जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित करने तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मैराथन 7:30 बजे से आयोजित होगी। इस मैराथन में खिलाड़ी, बच्चे, आमजन, अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य इच्छुक व्यक्ति भी भाग ले सकते हैं। कलेक्टर ने आमजनों से अपील की है कि तिरंगे झंडे के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज के रंगों के कपड़े पहनकर मैराथन में शामिल हो सकते हैं।
5 को तिरंगा वृक्षारोपण
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 5 अगस्त को जिलेभर में तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने ईईआरईएस, पीएमजीएसवाई, पीडब्ल्यूडी, मनरेगा एवं ग्रामीण विकास से जुड़े सभी विभागों को निर्देशित किया कि 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण के लिए स्थान चिन्हित करें तथा सघन रूप से वृक्षारोपण करें। कलेक्टर ने वृक्षारोपण के पश्चात अभियान की शपथ दिलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नर्मदा तट एवं इससे जुड़ी पंचायतों में भी सघन स्तर पर 5 अगस्त को वृक्षारोपण किया जाए। 6 अगस्त को बैगा क्षेत्रों में सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी प्रकार 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने एसी ट्राईबल को जनजातीय कर्मचारी संघ, जनजातीय प्रतिनिधियों, एनजीओ एवं समाजसेवियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार आगामी दिनों में सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से बुजुर्ग एवं दिव्यांगजनों को भी ’हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ा जाएगा।

जनसुनवाई में प्राप्त हुए 37 आवेदन
मण्डला 2 अगस्त 2022
जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में 37 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, एसीईओ श्री मरावी सहित संबंधित उपस्थित थे। जनसुनवाई में आवेदकों ने अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण करें।
जनसुनवाई में ग्राम देवदरा निवासी छबिलाल सारथी ने राशन कार्ड के आधार राशन दिलाने के संबंध में, ग्राम जन्तीपुर निवासी पवन पटेल एवं प्रवीन कुमार पटेल ने जॉबकार्ड बनवाने के संबंध में, ग्राम चंदवारा घुघरी निवासी सुनील कुमार भांवरे ने बिजली बिल में सुधार करने एवं उचित जांच कर कार्यवाही की मांग के संबंध में, ग्राम खुकसर निवासी ध्रुप सिंह सरोते ने क्लोराईड हेण्डपंप बंद कराने से संबंधित आवेदन पत्र प्रस्तुत किये।

अप्रवासी भारतीय ने आँगनवाड़ी केन्द्र को दिए उपहार
मण्डला 2 अगस्त 2022
एडॉप्ट आंगनबाड़ी के अंतर्गत अप्रवासी भारतीय ज्योत्सना त्रिपाठी (अबू धाबी निवासी) ने आंगनबाड़ी केंद्र घुघरी एवं बीजाडांडी में आंगनबाड़ी केन्द्र के प्रत्येक बच्चों के लिए 2-2 सेट ड्रेस, बच्चों के लिए कुर्सी एवं केन्द्र के लिए सिलिंग फैन दिया। सीडीपीओ मनीषा तिवारी ने बताया कि इसके पूर्व भी ड्रेस और कुर्सी संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास द्वारा बच्चों को वितरित की गई थी। भविष्य में भी आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए आवश्यक खिलौने एवं अन्य सामग्री देने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

निरक्षरों के लिए स्वामी सीताराम वार्ड में कक्षाएं शुरू
मण्डला 2 अगस्त 2022
’निरक्षरता से आज़ादी अभियान’ कलेक्टर मंडला के निर्देशन में संपूर्ण जिले में चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराया गया है। उसी तारतम्य में मंडला जिले के स्वामी सीताराम वार्ड में सर्वे करवाया गया, जिसमें 77 निरक्षर व्यक्ति को चिन्हित किया गया। 2 अगस्त को कलेक्टर द्वारा स्वामी सीताराम वार्ड फुलवाड़ी केंद्र और आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया। अक्षरसाथी दीपिका नंदा द्वारा निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने में सहयोग किया जा रहा है। इस अभियान में अब निरक्षर महिलाएं आगे आकर अक्षरज्ञान सीख रही हैं।

डाक विभाग के माध्यम से 25 रूपए में होगी राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री
मण्डला 2 अगस्त 2022
अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भारतीय डाक विभाग द्वारा राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री के साथ-साथ बैनर, पोस्टर के माध्यम से आम जनता को सूचना प्रदान कर जागरूक किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मंडला व डिंडोरी जिले के लिए 2 हजार की संख्या में राष्ट्रीय ध्वज प्राप्त हुए हैं, जिनकी बिक्री प्रधान डाकघर मंडला व मुख्य डाकघर डिंडोरी के साथ-साथ मंडला व डिंडोरी जिले के अन्य 21 उपडाकघर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत सभी 471 शाखा डाकघरों के माध्यम से की जायेगी, जिसका मूल्य 25 रूपए निर्धारित किया गया है।
अधीक्षक डाकघर ने मंडला व डिंडोरी जिले के सभी आमजन से जल्द से जल्द राष्ट्रीय ध्वज खरीद कर ’हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील की है। भारतीय डाक विभाग सेल्फी बोर्ड लगाया जायेगा, जिसमें आमजन अपनी तस्वीर क्लिक कर इंडिया पोस्ट एवं ’आजादी का अमृत महोत्सव’ तथा #HarGharTiranga#IndiaPost4Tiranga के साथ क्रमशः टेग एवं हेशटेग कर सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी तस्वीर पोस्ट व शेयर कर सकते हैं।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 2 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 2 अगस्त के दौरान 583.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 560 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 23.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 अगस्त को नैनपुर में 2.5 मि.मी., बिछिया में 1 मि.मी., निवास में 2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 2 अगस्त को 0.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ
मण्डला 2 अगस्त 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 1 अगस्त की शाम 3 बजे से 2 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

4 कोरोना केस मिले
मण्डला 2 अगस्त 2022
1 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 2 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 4 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराजपुर मंडला निवासी 65 वर्षीय पुरूष, नर्मदा जी वार्ड मंडला निवासी 48 वर्षीय पुरूष तथा ग्राम मुगदरा निवासी 55 वर्षीय पुरूष एवं सर्री नैनपुर निवासी 50 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

शांति समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 2 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने शांति समिति की बैठक ली। बैठक में आगामी पर्व, त्यौहारों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों में कानून व्यवस्था तथा अन्य विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने बैठक में 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस तथा मोहर्रम के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिलेवासी शांति एवं सौहार्द्र के साथ मोहर्रम एवं विश्व आदिवासी दिवस का त्यौहार मनाएं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने बताया कि आदिवासी दिवस का आयोजन जेल ग्राऊँड में किया जाएगा। सीएमओ नगरपालिका कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई सुनिश्चित करें। इसी प्रकार उन्होंने ताजिया विसर्जन के लिए घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था आदि को दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि समस्त त्यौहारों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग, कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने इस अवसर पर शांति समिति के सदस्यों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी दी तथा सभी से 13 से 15 अगस्त के दौरान अपने घरों में तिरंगे झंडे लगाने तथा अन्य को भी प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने समिति के सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में भी सपरिवार शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। श्रीमती सिंह ने शांति समिति की बैठक में अंकुर अभियान के बारे में जानकारी देते हुए सभी से कम से कम एक पेड़ लगाने और इसे अंकुर पोर्टल पर अपलोड करने की बात कही। उन्होंने 3 अगस्त को कोविड वैक्सीनेशन महाभियान में पात्र व्यक्तियों को प्रीकॉशन डोज लगाने का आग्रह भी किया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने उपस्थित सदस्यों से आगामी सभी पर्व, त्यौहारों को शांति एवं सौहार्द्र के साथ मनाने की अपील की।

75वे स्वतंत्रता दिवस का आयोजन विशेष गरिमामय रूप से करें
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देश
मण्डला 2 अगस्त 2022
आजादी के 75वे स्वतंत्रता दिवस के विशेष गरिमामय आयोजन के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस का संपूर्ण आयोजन विशेष रूप से करें। इस आयोजन को बेहतर बनाने के हरसंभव प्रयास करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से संबंधित जिम्मेदारी आवंटित करते हुए समयपूर्व तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने आयोजन के दौरान परेड, अतिथियों की व्यवस्था, प्रस्तुतियों, स्टेडियम में आवश्यक तैयारी आदि के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए आयोजन की तैयारियां पूर्ण करें। बैठक में एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बैठक में कहा कि मैदान की सजावट तिरंगे की थीम पर करें। इसी प्रकार राष्ट्रीय ध्वज के ध्वजारोहण सहित समस्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को ध्वजसंहिता के अनुरूप अपने-अपने कार्यालयों में आयोजन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यक्रम में बिजली, बैठक व्यवस्था, स्वास्थ्य टीम, एम्बूलेंस, फायरब्रिगेड, पेयजल आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने एडीएम को मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम निर्धारित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग तथा स्कूल उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने के लिए 12 अगस्त तक नाम भेजें। 13 अगस्त को प्रातः 9 बजे स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाईनल रिहर्सल की जाए।

ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण
मण्डला 2 अगस्त 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला परिसर स्थित नवीन ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयर हाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित थे।

