मंडला, 23 सितम्बर 2026
हिन्दी दिवस एवं हिन्दी पखवाड़ा (14 से 28 सितंबर) के अंतर्गत पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ एवं हिन्दी साहित्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वाद-विवाद एवं कहानी लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं माल्यार्पण से हुआ। वाद-विवाद प्रतियोगिता में ‘मातृभाषा हिन्दी की आवश्यकता है या नहीं’ विषय पर विद्यार्थियों ने पक्ष एवं विपक्ष में प्रभावी तर्क प्रस्तुत किए। वहीं कहानी लेखन प्रतियोगिता में ‘हिन्दी भाषा का महत्व’ विषय पर विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।
मुख्य वक्ता डॉ. अरविंद ठाकुर ने कहा कि हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों की आत्मा है। उन्होंने नई पीढ़ी से हिन्दी साहित्य के अध्ययन तथा हिन्दी को तकनीक, विज्ञान और रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। हिन्दी विभाग की डॉ. दुर्गावती सल्लाम ने हिन्दी को राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान की प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों को हिन्दी के प्रति गौरव की भावना रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रही।
