Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 30 अगस्त 2022

पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने लगाएं शिविर – मुख्यमंत्री श्री चौहान

  

मण्डला 30 अगस्त 2022

          मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देशित किया कि 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर के मध्य विशेष शिविरों का आयोजन कर प्रत्येक हितग्राही को पात्रतानुसार केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। शिविरों का आयोजन प्रभारी मंत्री के मार्गदर्शन में करें। उन्होंने इन शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में एनआईसी कक्ष मंडला से कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन करें। पात्र हितग्राहियों से आवेदन लेकर मौके पर ही उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान करें। जिन आवेदनों पर त्वरित निराकरण संभव नहीं है उनमें द्वितीय चरण के शिविर में पात्रतानुसार लाभान्वित करें। प्रत्येक आवेदक को अंतिम निराकरण के बारे में सूचित करें। श्री चौहान ने इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों के लिए पृथक से पोर्टल तैयार कर जिला स्तर से एंट्री सुनिश्चित करें। उन्होंने शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों से आव्हान किया कि वे पूरी क्षमता से कार्य करते हुए इस अभियान को सफल बनाएं।

 

जनउत्सव के रूप में मनाएं स्थापना दिवस

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर 26 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक विविध गतिविधियाँ आयोजित करें। खेलकूद, कला, परंपरागत खेल, संगीत, रोजगार योजना सहित अन्य विधाओं पर गतिविधि तथा प्रतियोगिताएँ आयोजित करें। उन्होंने कहा कि हर दिन अलग-अलग थीम पर आयोजन किए जाएं। 1 नवम्बर को गौरव दिवस का कार्यक्रम पूरे उत्साह से मनाया जाए। कार्यक्रमों पर जनभागीदारी सुनिश्चित करें। स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को जनउत्सव के रूप में आयोजित करें। उन्होंने इस संबंध में जनसामान्य से सुझाव आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए।

 

संयुक्त दल बनाकर क्षति का आंकलन करें

 

बाढ़ एवं अतिवृष्टि से हुए नुकसानों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देशित किया कि संबंधित विभागों के कर्मचारियों का संयुक्त दल बनाकर जल्द से जल्द सर्वे कराएं। क्षति का आंकलन कर नियमानुसार राहत दिलाने की कार्यवाही करें। सर्वे से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर सर्वे की कार्यवाही करें। सूची को पंचायत भवन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करें तथा लोगों को पढ़कर सुनाएं। इस संबंध में यदि कोई आपत्ति प्राप्त होती है तो उसका भी समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनके मकान ढह गए हैं उनके लिए अस्थायी व्यवस्था करें तथा युद्ध स्तर पर उनके मकान बनवाने की व्यवस्था करें। बाढ़ तथा बारिश से टूटे पुल-पुलियों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

1 से 30 सितम्बर तक आयोजित करें सघन स्तर पर पोषण गतिविधियाँ

पोषण माह के आयोजन संबंधी बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 30 अगस्त 2022

          शासन के निर्देशानुसार 1 से 30 सितंबर तक प्रदेश के साथ-साथ ज़िले में भी पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में पोषण माह के आयोजन के संबंध में विस्तृत बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि 1-30 सितंबर तक ज़िले के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्रों में सघन स्तर पर पोषण गतिविधियां आयोजित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि पोषण माह के आयोजन के लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें। उन्होने कहा कि महिला बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग जिले भर में एनिमिया के चिन्हांकन के लिए गंभीर रूप से काम करेंगे। उन्होने कहा कि इस दौरान बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं की जाँच की जाएगी तथा उनके स्वास्थ्य स्तर के आधार पर उनका नियमित फ़ॉलोअप भी चैक किया जाएगा। बैठक में सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, डॉ. श्रीनाथ सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे सहित महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य, कृषि उद्यानिकी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

श्रीमती सिंह ने कहा कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे में जागरूकता गतिविधियों के आयोजन के दौरान उनके परिवार को भी सजग करें। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि एनआरसी के लिए चिन्हित बच्चों को भर्ती कराएं। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि मंडला ज़िले में स्थानीय पोषण आहार लोकल फूड पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। स्थानीय भोजन में शामिल आहार के संबंध में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें तथा प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्रों में इसके लिए कार्यक्रम करें। कलेक्टर ने कहा कि पोषण माह के दौरान जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने एवं अपने क्षेत्र में कुपोषण को कम करने के लिए काम करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइज़र तथा सीडीपीओ को जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

श्रीमती सिंह ने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि स्कूलों के बच्चों के लिए भी पोषण माह में विशेष गतिविधियां आयोजित करें तथा स्कूलों में बनाए जाने वाले मध्यान्ह भोजन में स्थानीय स्तर की पोषण आहारों को शामिल करें। इस संबंध में मध्यान्ह भोजन तैयार करने के लिए कार्य करने वाले स्व-सहायता समूह को भी निर्देश दें। कलेक्टर ने कहा कि 14 वर्ष से अधिक के बच्चों का भी एनिमिया टेस्ट करें, स्कूलों में जाएँ तथा उनका डाटाबेस तैयार करें। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा लागू करें। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में जल संरक्षण की गतिविधियों को आयोजित करें एवं क्षेत्र में बनाए गए अमृत सरोवरों के आस-पास भी कार्यक्रम आयोजित कर जागरूकता प्रसारित करें।

 

 

 

 

जनसुनवाई में प्राप्त हुए 61 आवेदन

 

मण्डला 30 अगस्त 2022

          जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याएं सुनी गई। जनसुनवाई में 61 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पुष्पेन्द्र अहके, जिला पंचायत एसीईओ श्री मरावी, तहसीलदार मण्डला देवीप्रसाद चक्रवर्ती सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में आवेदकों ने अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में गायत्री नगर वार्ड देवदरा निवासी रामबाई ने निराश्रित पेंशन के सबंध में, ग्राम जंतीपुर निवासी प्रवीन कुमार पटेल ने जॉबकार्ड के सबंध में, ग्राम खम्हरिया निवासी पतिराम ने बिजली बिल के सुधार के सबंध में, ग्राम मोहगांव निवासी हरिचंद्र झारिया ने सीमांकन के संबध में आवदेन प्रस्तुत किए।

 

 

 

 

 

अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी में संलिप्त 11 लोगों पर मामला दर्ज

 

मण्डला 30 अगस्त 2022

          जिले में मदिरा के अवैध विनिर्माण, परिवहन व विक्रय के रोकथाम अंतर्गत मण्डला शहरी क्षेत्र में छापामार कार्यवाही की गई। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मछली मार्केट, सीताराम वार्ड, बस स्टेंड, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, पड़ाव वार्ड, अवंती बाई वार्ड एवं अम्बेडकर वार्ड क्षेत्र अंतर्गत कार्यवाही करते हुए अवैध शराब विक्रय एवं निर्माण में संलिप्त 11 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) (क) के अन्तर्गत न्यायालयीन मामला दर्ज किया गया है। कार्यवाही के दौरान विभिन्न ब्रांडों के 36 नग विदेशी मदिरा एवं 8 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त 52 लीटर हाथ से निर्मित महुआ शराब जब्त की गई।

 

 

 

 

 

स्वरोजगार स्थापित करने ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

 

मण्डला 30 अगस्त 2022

          प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश से मण्डला के लिए 32 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- सिलाई, रेडीमेट गारमेंट, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, प्लम्बर, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, मोबाईल रिपेयरिंग, ढाबा रेस्टोरेन्ट, राईस मिल, फोटो कॉपी, कम्प्यूटर ऑनलाईन सर्विस, आटा चक्की, तेल मिल, टेन्ट हाउस, फर्नीचर निर्माण एवं रेपेरिंग, निर्माण कार्य से सबंधित आदि ट्रेडों में ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर 8959500194 एवं एस.एल. वरकड़े मो.नं. 9424361125 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 30 अगस्त 2022

          जिले में इस वर्ष एक जून से 30 अगस्त के दौरान 1117.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 716.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 401.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 अगस्त को नैनपुर में 6.2 मि.मी., निवास में 5 मि.मी., घुघरी में 14.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 12.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 30 अगस्त को 6.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 29 अगस्त 2022

          प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्पदंश से ग्राम घाघा निवासी सुशीला बाई की मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक आशाराम बरमैया को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

4 कोरोना मरीज स्वस्थ

 

मण्डला 30 अगस्त 2022

          जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 29 अगस्त की शाम 3 बजे से 30 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 4 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीज को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियाँ स्थापित करना प्रतिबंधित

 

मण्डला 30 अगस्त 2022

          पर्यावरण को प्रदूषण से मुक्त रखने के उद्देश्य से प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से निर्मित मूर्तियों को स्थापित किया जाना प्रतिबंधित किया गया है। अपर कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पंडालों एवं घरों में पूर्णतः मिट्टी से निर्मित (ईको फ्रेंडली) गणेश प्रतिमा ही स्थापित किया जाए।

 

 

 

निःशुल्क गैस कनेक्शन के लिए आवेदन 31 तक

 

मण्डला 30 अगस्त 2022

          शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना-2 अंतर्गत निःशुल्क नवीन गैस कनेक्शन जारी किए जाएंगे। पात्र परिवार आवश्यक दस्तावेज जैसे- राशन कार्ड, परिवार के सभी सदस्य के आधार कार्ड, समग्र आईडी, मोबाईल नंबर आदि के साथ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना-2 अंतर्गत निःशुल्क नवीन गैस कनेक्शन प्राप्त करने के लिए 31 अगस्त 2022 तक अपने समीपस्थ गैस एजेंसी में जाकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

 

Related posts

मंडला में राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

Reva India News

7 कोरोना मरीज स्वस्थ

Reva India News

*बैगा जनजाति को रोजगार से जोड़ने कलेक्टर मंडला ने बैगा समाज के जनप्रतिनिधि के साथ की संयुक्त बैठक*

Reva India News

Leave a Comment