2 दिवसीय गौरव दिवस का हुआ आगाज
प्रातः सभी वार्डों से निकली प्रभातफेरियाँ, कुम्भ स्थल पर भव्य योगाभ्यास
नर्मदाष्टक गायन से शुभारंभ, शिवतांडव श्लोक पर योग
मण्डला 14 नवम्बर 2022
14 एवं 15 नवंबर को मंडला जिले में गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है। 2 दिवसीय इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, कलश यात्रा, फुड फेस्टिवल सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। गौरव दिवस के पहले दिन 14 नवंबर को प्रातः 7 बजे जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से प्रभातफेरियाँ निकली तथा कुंभस्थल पर पहुंची। कुंभ स्थल पर भव्य योगाभ्यास के आयोजन के साथ 2 दिवसीय गौरव दिवस का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर नर्मदा अष्टक गायन प्रस्तुत किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत तथा नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा ने पोस्टर अनावरण कर गौरव दिवस आयोजन का शुभारंभ किया। अतिथियों एवं मंच के पास खड़े बच्चों ने गुब्बारों को हवा में छोड़कर संपूर्ण मंडला जिले को आगामी 2 दिवसीय आयोजन के शुभारंभ का संदेश दिया। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, स्कूली बच्चे, योग से जुड़े शिक्षक एवं विद्यार्थी, अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी, सीआरपीएफ के जवान तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
मीनूमॉय रोबिना सिंह के योगासनों ने बटोरी तालियाँ
कुंभ स्थल पर आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने योग के अलग-अलग आसनों का आकर्षक प्रदर्शन किया। शिव तांडव श्लोकों के साथ योग कला से जुड़े बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। साथ ही आसनों का लयबद्ध प्रदर्शन किया। योग प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी मिनी सिंह ने मंच से उपस्थितजनों को विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। मीनूमॉय रोबिना सिंह ने ’कान्हा सो जा जरा ….. ’ के संगीतमय धुन पर योग की आकर्षक मुद्राओं का प्रदर्शन कर उपस्थितजनों से सराहना एवं तालियाँ बटोरी। सभी ने रूबीना सिंह की हतप्रभ कर देने वाले आसनों को देखकर उत्साहवर्धन किया। कुंभस्थल पर उपस्थितजनों, बच्चों ने उत्साह के साथ योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। नगरपालिका द्वारा बच्चों को फलाहार भी बांटे गए।

गौरव दिवस कार्यक्रम: जिले को जानने ’आओ जानें मंडला’ प्रतियोगिता आयोजित
रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं
मण्डला 14 नवम्बर 2022
गौरव दिवस कार्यक्रम के योगाभ्यास के साथ हुए शुभारंभ के पश्चात प्रातः 11 बजे से सर्किटहाउस के सामने स्थित रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थल पर रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता तथा प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। विद्यार्थियों के लिए ’आओ जानें मंडला’ प्रतियोगिता मंडला जिले के इतिहास, गौरव, संस्कृति, खान-पान, वन्यजीव को समझने एवं परिचय देने के उद्देश्य से आयोजित की गई। ’आओ जानें मंडला’ प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। यह प्रतियोगिता स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित की गई। कार्यक्रम में विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
’आओ जानें मंडला’ प्रतियोगिता में अलग-अलग स्कूल के बच्चों ने भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा जिले के गौरव को प्रदर्शित करते आकर्षक रंगोली एवं चित्र बनाए गए। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान प्रश्नोत्तरी के सफल प्रतिभागियों को उपहार बांटे गए।
रंगोली से सजे चौराहे, स्कूल एवं परिसर
गौरव दिवस आयोजन के अंतर्गत 14 नवंबर को रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुई। स्कूली छात्राओं एवं कलाकारों ने इन प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मुख्यालय के प्रमुख चौराहों, कार्यालय परिसर, स्कूल, घरों एवं प्रांगणों में बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगोली बनाई। जिला मुख्यालयवासियों ने 2 दिवसीय गौरव दिवस के आयोजन के अवसर पर अपने घरों में भी आकर्षक साज-सज्जा करते हुए रंगोली बनाई। साथ ही चित्रकला से जुड़े प्रतिभागियों ने अनेक आकर्षक चित्र बनाए।

गौरव दिवस आयोजन: होमगार्ड एवं मछुआ सदस्यों ने किया बोट रैली
मण्डला 14 नवम्बर 2022
गौरव दिवस आयोजन के पहले दिन 14 नवंबर को दोपहर 1 बजे से होमगार्ड एवं स्थानीय मछुआ समिति के सदस्यों द्वारा नर्मदा नदी में बोट रैली आयोजित की गई। यह रैली संगम घाट से प्रारंभ होकर रपटाघाट तक आयोजित हुई। इस रैली में शामिल होमगार्ड एवं मछुआ समिति के सदस्यों की बोट ने पानी में आकर्षक मुद्राएं बनाई तथा मंडला जिले में आयोजित हो रहे 2 दिवसीय गौरव दिवस का संदेश दिया। बोट रैली में शामिल सभी चालकों ने बोट से अलग-अलग प्रकार के आकर्षक प्रदर्शनों से दर्शकों का ध्यान खींचा एवं सराहना प्राप्त की।

गौरव दिवस इवेन्ट्स: फुड फेस्टिवल में सजी स्थानीय उत्पादों की श्रृंखला
कलेक्ट्रेट रोड पर संगीतमय शाम की बिखरी रौनक
मण्डला 14 नवम्बर 2022
गौरव दिवस के आयोजन के पहले दिन 14 नवंबर को प्रातः 7 बजे से रात 9 बजे तक अनेक प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां आयोजित की गई। 14 नवंबर की शाम लगभग 4ः30 बजे कलेक्ट्रेट रोड से बैगा-बैगी चौक तक के मार्ग पर फुड फेस्टिवल प्रमुख आकर्षण का केन्द्र रहा। इस फुड फेस्टिवल में मंडला जिले के जनजातीय एवं स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ अनेक प्रकार के व्यंजनों ने नगरवासियों को अपनी ओर खींचा। साथ ही कलेक्ट्रेट रोड पर आयोजित हुए इस फुड फेस्टिवल में महावीर आईस्क्रीम, अमृततुल्य चाय, वंधन विकास केन्द्र, आंचल महिला समिति, गुजराती स्टॉल, नवोदय तंदूरी चाय, कृषि विभाग, मधुरम, किंगफिशर, आदिवासी प्राकृतिक कलेवा, श्रीनाथ पावभाजी, दीदी कैफे, रिलाईंस फाउंडेशन, स्व-सहायता समूह सहित अनेक स्टॉलों में स्थानीय उत्पाद आकर्षक रूप में देखे गए। इसी प्रकार सीआरपीएफ जवानों द्वारा बंदूक एवं हथियारों का प्रदर्शन, यातायात पुलिस द्वारा रोबोट सिग्नल ने उपस्थितजनों को शिक्षाप्रद जानकारी भी दी।
कलेक्ट्रेट रोड हुआ संगीतमय-जायकेदार
फुड फेस्टिवल का आयोजन कलेक्ट्रेट रोड पर किया गया। इस दौरान मार्ग को अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाया गया। आकर्षक लाईटिंग एवं संगीत ने वातावरण को अद्भुत रूप दिया। नगरवासी बड़ी संख्या में फुड फेस्टिवल पहुंचे तथा स्थानीय व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया। फुड फेस्टिवल में स्थानीय व्यंजनों के अलावा कलाकारों ने संगीतमय प्रस्तुति दी। जनजातीय परिधानों में सजे कलाकारों ने सामूहिक नृत्य, गायन आदि से उपस्थितजनों का खूब मनोरंजन किया तथा तालियाँ बटोरी। मंच पर कलाकारों ने नाटक, गायन आदि से समां बांधा।

उच्चशिक्षा मंत्री डॉ. यादव का सर्किटहाउस में स्वागत
मण्डला 14 नवम्बर 2022
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव 14 नवंबर को मंडला ज़िले के दौरे पर थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री यादव लगभग प्रातः 11 बजे सर्किट हाउस मंडला पहुँचे। विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले एवं कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उच्च शिक्षा मंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उच्च शिक्षा मंत्री श्री यादव ने सर्किटहाउस में वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ औपचारिक चर्चा की। इसके पश्चात रानी दुर्गावती महाविद्यालय में आयोजित बैठक में शामिल होने रवाना हुए।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव ने ली कॉलेज प्राचार्यों की बैठक
मण्डला 14 नवम्बर 2022
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव का शुभागमन रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मण्डला में हुआ। डॉ. यादव की अध्यक्षता में जिले समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों की एक बैठक आयोजित की गई। डॉ. यादव का एन.सी.सी एवं एन.एस.एस के समूहों द्वारा गायन, नृत्य एवं गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मान किया गया। मंत्री डॉ. यादव द्वारा आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े विद्यार्थियों के लिए जनभागीदारी समिति के माध्यम से रेमेडियल कक्षाएँ प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समेकित रूप से सभी महाविद्यालयों को बहुसंकायी बनाने हेतु संकायों को प्रारंभ करने के लिए महाविद्यालयों एवं प्राध्यापकों के बीच में क्लस्टर बनाकर कार्य करने की बात कही गई। बैठक में आरडी महाविद्यालय प्राचार्य डॉ.राजेश चौरसिया द्वारा जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्याें का परिचय कराते हुये सभी महाविद्यालयों के प्रगति प्रतिवेदन से उच्च शिक्षा मंत्री को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मण्डला विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, जनभागीदारी अध्यक्ष चंद्रशेखर निखारे, अतिरिक्त संचालक जबलपुर डॉ. लीला भलावी एवं जिले के समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

गौरव दिवस का आज अंतिम दिवस, भव्य कलश यात्रा निकलेगी
मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाईन में, लेजर शो एवं प्रतिष्ठित कलाकारों की प्रस्तुति
जिलेवासियों से की परंपरागत परिधानों में शामिल होने की अपील
मण्डला 14 नवम्बर 2022
14 एवं 15 नवंबर के गौरव दिवस के अंतिम दिन अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 नवंबर को प्रातः प्रातः 7 बजे जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा स्कूली बच्चों के साथ रैली निकालकर स्टेडियम ग्राउंड पहुंचेगी। स्टेडियम ग्राउंड में जुम्बा डांस का आयोजन होगा। 15 नवंबर को प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे तक राजराजेश्वरी मंदिर से आंगनवाड़ी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं, दीदियों एवं स्थानीय महिलाओं के द्वारा भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कलश यात्रा में समस्त नगरवासियों तथा समाजिक संगठनों की उपस्थिति में माँ नर्मदा में चुनरी अर्पण का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी के साथ शहर के मुख्य चौराहों एवं रास्तों पर सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत लोकनृत्य, संगीत, रंगोली आदि का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
पुलिस लाईन में लेजर शो, जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुति
गौरव दिवस के द्वितीय दिवस 15 नवंबर की शाम 4 बजे से पुलिस लाईन ग्राउंड मंडला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनजातीय मेले का आयोजन होगा। पुलिस लाईन में अलग-अलग विभागों के स्टॉल्स लगेंगे। साथ ही जनजातीय संस्कृति का परिचय देते आयोजन भी होंगे। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले के विख्यात कलाकारों के साथ-साथ बाहर के प्रतिष्ठित कलाकार भी शामिल होंगे। खैरागढ़ के कलाकारों द्वारा सेमी क्लासिकल नृत्य की प्रस्तुति, नटराज टीम द्वारा नर्मदा स्तुति पर कत्थक डांस, सोनसाय बैगा के नेतृत्व में बैगा नृत्य तथा छिंदवाड़ा के भारिया नृतक दल द्वारा भारिया लोकनृत्य का प्रदर्शन होगा। मंडला जिले की उभरती हुई गायिका अवनि वर्मा की प्रस्तुति भी होगी। लेजर शो गौरव दिवस के दूसरे दिन की शाम का मुख्य आकर्षण होगा। लेजर शो के माध्यम से माँ नर्मदा की यात्रा, जिले का इतिहास तथा जिले की पहचान वन्यजीवों के बारे में बताया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले को गौरवान्वित करने वाले अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। छोटे रपटा पुल पर आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
जिलेवासी पारंपरिक वेशभूषा में पधारें
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’गौरव दिवस’ के आयोजन में शामिल होने के लिए सभी जिलेवासियों से अपील की है कि गौरव दिवस के आयोजन को एक उत्सव के रूप में मनाएं तथा सक्रिय रूप से सहभागी भी बनें। उन्होंने मुख्यालयवासियों से अपील की है कि दिवाली के दौरान होने वाली घरों की साज-सज्जा एवं लाईटिंग आदि को गौरव दिवस के आयोजन के दौरान भी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि ’गौरव दिवस ’लोगो’ को गौरव दिवस आयोजन तक अपने व्हाट्सऐप की डीपी बनाएं। साथ ही अपने परिजनों, मित्रों को फेसबुक सहित अन्य सोशलमीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगाकर व्यक्तिगत स्तर पर भी इस आयोजन के प्रचार-प्रसार में सहयोग करें। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि गौरव दिवस के आयोजन में जिले की पारंपरिक, सांस्कृतिक एवं जनजातीय विविधता का परिचय कराने आमजन परंपरागत परिधानों में आएं तथा कार्यक्रमों को विशिष्टता प्रदान करें।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 14 नवंबर 2022
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 15 नवंबर 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 15 नवंबर को रात्रि 8 बजे डिंडौरी से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा रात्रि 10 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 16 नवंबर 2022 को सायं 5 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए रवाना होंगे तथा सायं 7:45 बजे जबलपुर से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे एवं रात्रि 9:45 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 17 नवंबर को प्रातः 9 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा 10 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते दोपहर 2 बजे मंडला से धनौरा जिला सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगे।

कार्यालय जिला ई-गवर्नेस सोसायटी जिला पंचायत मण्डला मैप आईटी भोपाल द्वारा आयोजित सी.पी.सी.टी. इच्छुक अभ्यर्थियों हेतु सूचना
मण्डला 14 नवम्बर 2022
मैपआईटी भोपाल द्वारा कम्प्यूटर पात्रता हेतु आयोजित सीपीसीटी परीक्षा के इच्छुक अभ्यर्थियों को कम्प्यूटर, आईटी सिलेबस अनुसार परीक्षा की तैयारी हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षार्थियों का चयन “पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यालयीन समय के अतिरिक्त होगा। केन्द्र में उपलब्ध सीटों की संख्या 30 है। प्रशिक्षार्थी 12वी उर्त्तीण हो तथा सी.पी.सी.टी. परीक्षा में सम्मिलत होने के इच्छुक होना चाहिए। प्रशिक्षण अवधि 45 घण्टे है जिसके लिए प्रशिक्षण शुल्क 1 हजार रूपए निर्धारित है। प्रशिक्षण शुल्क का भुगतान प्रशिक्षार्थी द्वारा प्रशिक्षण शुल्क का अग्रिम भुगतान किया जाएगा। प्रशिक्षार्थियों का पंजीयन इच्छुक प्रशिक्षार्थियों को ई-दक्ष केन्द्र में उपस्थित होकर पंजीयन कराना होगा। आवेदक को आवश्यक दस्तावेज पहचान पत्र (आधार, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी) 10वी, 12वी की अंकसूची प्रस्तुत करने होंगे। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय कलेक्टर एवं कार्यालय जिला पंचायत के नोटिस बोर्ड का अवलोकन कर सकते हैं अथवा ई-दक्ष केन्द्र बीआरसी भवन पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के पास संपर्क कर सकते हैं।

लोकसेवा केन्द्रों के भवन प्रभारी एवं पर्यवेक्षण समिति गठित
मण्डला 14 नवम्बर 2022
विभागीय परिसंपत्तियों संधारण योजना के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा लोकसेवा केन्द्रों के भवन प्रभारी एवं पर्यवेक्षण समिति गठित की गई है। समिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को अध्यक्ष एवं नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार अनूप मिश्रा अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग को सदस्य तथा कविता गुप्ता जिला प्रबंधक लोकसेवा प्रबंधन को सदस्य एवं भवन प्रभारी नियुक्त किया गया है। उक्त समिति विभागीय परिसंपत्तियों के संधारण हेतु जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए भवन के अनुरक्षण कार्य की प्रक्रिया निष्पादित करेगी।

नामावली प्रेक्षक 19 को लेंगे बैठक
मण्डला 14 नवम्बर 2022
फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 के अंतर्गत पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विवेक कुमार पोरवाल प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश पॉवर मैनेजमेंट लिमि. जबलपुर एवं पदेन सचिव म.प्र. शासन नवीन एवं नवकरणीकरण ऊर्जा विभाग को मंडला जिले के लिए नामावली प्रेक्षक (रोल ऑब्जर्वर) नियुक्त किया गया है। श्री पोरवाल द्वारा 19 नवंबर 2022 को प्रातः 9 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में जिले के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों, जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की बैठक रखी गई है।

रपटाघाट में आयोजित हुई नर्मदा महाआरती, 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित
मण्डला 14 नवम्बर 2022
जिला मुख्यालय के रपटाघाट में गौरव दिवस आयोजन के पहले दिन शाम को माँ नर्मदा की महा आरती का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान रपटाघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालू उपस्थित थे। जिलेवासी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से नगरपालिका द्वारा रपटाघाट पर 51 हजार दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के दौरान रपटाघाट पर माँ नर्मदा का अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। गौरव दिवस के प्रथम दिवस का समापन रपटाघाट पर आतिशबाजी के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

बिछिया अनुविभाग में तहसील स्तरीय गौरव दिवस आयोजित
खेल स्पर्धा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए
मण्डला 14 नवम्बर 2022
14 नवंबर को बिछिया तहसील में तहसील स्तरीय गौरव दिवस कार्यक्रम जनपद पंचायत मवई एवं जनपद पंचायत बिछिया का संयुक्त रुप से मनाया गया। यह कार्यक्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर बिछिया में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा, जनपद अध्यक्ष मवई मनीषा मरकाम, जनपद अध्यक्ष बिछिया सकुना उइके, नगर पंचायत अध्यक्ष बिछिया चित्रा धुर्वे, जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, जनपद सदस्यगण अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिछिया, तहसीलदार बिछिया मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मवई एवं अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में शैक्षणिक संस्थाओं के बच्चों के लिए आओ जाने मंडला विषय पर प्रश्नमंच, बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता एवं अन्य आयोजन किए गए। गौरव दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

