Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 17 फरवरी 2023

सकारात्मक मानसिकता के साथ परीक्षाओं की तैयारी करें विद्यार्थी

कलेक्टर ने जिलेभर के स्कूली बच्चों से की बात

 

मण्डला 17 फरवरी 2023

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से आगामी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं से बात की। उन्होने कहा कि सभी विद्यार्थी आगामी 10वी एवं 12वी की बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक मानसिकता के साथ तैयारी करें। उन्होंने कहा कि 10वी तथा 12वी की परीक्षाएं करियर की दृष्टि से महत्वपूर्ण होती हैं, ऐसे में सभी गंभीर होकर अच्छी रणनीति के साथ पढ़ाई करें। श्रीमती सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि सभी विद्यार्थी अपने सिलेबस के अनुसार पढ़ाई करें। बार-बार अभ्यास करने से परीक्षा के दौरान होने वाली चिंता दूर होती है तथा आत्मविश्वास प्राप्त होता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों से आत्मीय व्यवहार करें तथा उनकी विषयगत कठिनाईयों को समझें तथा दूर करने का प्रयास करें। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि दिव्यांग बच्चों को भी परीक्षा के दौरान विशेष सहयोग करें एवं मोटीवेट करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर अंक लाने एवं सफल होने की शुभकामनाएं भी दी।

तनाव होने पर करें अपनी पसंद का काम

 

कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों से कहा कि लगातार पढ़ाई के दौरान अक्सर तनाव हो जाता है ऐसे में विद्यार्थी पढ़ाई के बीच थोड़ा ब्रेक लें, इस दौरान अपनी रूचि या पसंद का काम करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परीक्षाओं के दौरान अपने टाईम टेबल के प्रति अनुशासित रहें। कलेक्टर ने सभी अभिभावकों से भी अपील की है कि पढ़ाई के लिए बच्चों को ज्यादा दबाव न दें तथा परीक्षा के समय बच्चों को तनावमुक्त रखने में मदद करें। श्रीमती सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा के लिए बाकी बचे दिनों में कड़ी मेहनत करें। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए मॉडल तथा पुराने प्रश्नपत्रों का अधिक से अधिक अध्ययन करें तथा प्रेक्टिस करें। इस दौरान विद्यार्थियों ने कलेक्टर से परीक्षा एवं परीक्षा के दौरान होने वाली मानसिक कठिनाईयों के संबंध में प्रश्न भी किए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

निवास सहित अलग-अलग ब्लॉकों में आयोजित हुई विकास यात्रा

 

मण्डला 17 फरवरी 2023

5 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली विकास यात्राओं के क्रम में 17 फरवरी को निवास में विकास यात्रा आयोजित हुई। विकास यात्रा कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं सम्बल योजना के हितलाभ वितरण किए गए। साथ ही विकास कार्यों के लोकार्पण किए गए। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष हेमलता परस्ते, परियोजना अधिकारी रामकुमार कुर्वेती, मुख्य नगरपालिका अधिकारी विकेश कुमार कुमरे, उपाध्यक्ष बसन्त चौधरी, समस्त वार्ड पार्षद, समस्त जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित थे। इसी प्रकार 17 फरवरी को नारायणगंज विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरी, ग्राम चरमुहा, ग्राम घोंटखेड़ा, ग्राम चांटी, बिछिया विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत देई, केवलारी, विकासखंड निवास के अंतर्गत ग्राम अमगांव, पद्दीकोना में विकास यात्रा आयोजित हुई एवं हितलाभ वितरण किया गया।

16 फरवरी को मंडला विकासखंड के अंतर्गत ग्राम जबैधा एवं हीरापुर में भी विकास यात्राएं आयोजित हुईं। इसी प्रकार ग्राम पंचायत छिंदगांव बीजाडांडी में विकास यात्रा कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते एवं स्थानीयजन शामिल हुए। ग्राम पंचायत बरवाही, उमरडीह, डिठौरी, अंडियादर, खैरी, चाबी में भी विकास यात्राएं आयोजित हुई तथा हितग्राहियों को संबल, आयुष्मान कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण-पत्र सहित कल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ वितरण किए गए। नैनपुर क्षेत्र में सहजपुरी से पिंडरई तक विकास यात्राएं निकाली गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

अंजनिया में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत विशेष शिविर संपन्न

 

मण्डला 17 फरवरी 2023

शासकीय महाविद्यालय अंजनिया के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा 7 दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया था। यह शिविर 10 फरवरी से 16 फरवरी 2023 तक गोदग्राम कांसखेड़ा में आयोजित हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम में विभिन्न जनजागरूकता अभियान चलाए गए। अभियान के तहत प्रभातफेरी, योग और व्यायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने को प्रेरित किया गया तथा 7 दिवसों में प्रतिदिवस अलग-अलग परियोजना कार्य के अंतर्गत नशा मुक्ति, बाल संरक्षण, स्वच्छ भारत अभियान, मतदाता जागरूकता अभियान, पेसा अधिनियम आदि विषयों से संबधित जागरूकता रैली निकाली गई। स्कूल के विद्यार्थियों से परिचर्चा कर बाल संरक्षण, चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी प्रदान की गई। स्वयं सेवकों द्वारा जल संरक्षण के तहत ग्राम के नदी में बोरी बंधान का कार्य किया गया। बौद्धिक सत्र के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा जैविक खेती, प्रतियोगी परीक्षा, पर्यावरण संरक्षण, प्रशासनिक सेवा की तैयारी आदि से सम्बंधित जानकारी दी गई। शिविर का समापन अवसर पर नायब तहसीलदार अंजनिया एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

19 फरवरी को प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण कार्यक्रम, निर्देश जारी

 

मण्डला 17 फरवरी 2023

पर्यावरण विभाग म.प्र. शासन ने समस्त संभाग आयुक्त एवं जिला कलेक्टर्स को आगामी 19 फरवरी को समस्त जिलों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि राज्य के हरित क्षेत्र में वृद्धि कर प्रदेश के पर्यावरण को स्वच्छ रखने व प्रकृति को प्राणवायु से समृद्ध रखने के उद्देश्य से म.प्र. शासन, पर्यावरण विभाग के द्वारा जारी किये गये दिशा-निर्देश अनुसार जन सहभागिता के माध्यम से व्यापक वृक्षारोपण अभियान ’अंकुर कार्यक्रम’ विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2021 से आरंभ किया गया है। आमजन की सुविधा के लिये स्वैच्छा से पौधारोपण हेतु प्रदेश के सभी नगरों एवं गाँवों में पौधारोपण हेतु स्थल चिन्हित किये जाने एवं पौधारोपण के लिये अन्य आवश्यक सुविधायें सुनिश्चित करने के लिये म.प्र. शासन, पर्यावरण विभाग द्वारा दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। प्राकृतिक संरक्षण में वृक्षों की महत्ता को दृष्टिगत मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा 19 फरवरी 2021 से प्रतिदिन पौधारोपण का संकल्प लिया गया था। इसी क्रम में 19 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिदिन पौधारोपण करने के संकल्प के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्य शासन द्वारा 19 फरवरी 2023 को प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया है।

राज्य शासन के निर्णय अनुसार 19 फरवरी 2023 को प्रत्येक जिले में 19 फरवरी 2023 को प्रचलित विकास यात्रा आरंभ स्थल पर सामुदायिक रूप से वृक्षारोपण करें। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक सार्वजनिक स्थान चिन्हित कर अधिकतम 5 पौधों का रोपण करवाया जाए। जिले की प्रत्येक शिक्षण संस्थाओं (समस्त विद्यालय, महाविद्यालय) में अधिकतम 5 पौधों का रोपण करें। कार्यक्रम अंतर्गत 19 फरवरी 2023 को किये जाने वाले वृक्षारोपण को वायुदूत (अंकुर) ऐप पर पृथक से पंजीयन कर फोटो अपलोड करवाया जाए। अंकुर कार्यक्रम के प्रतिभागियों द्वारा पूर्व में रोपित पौधों की सिंचाई व सुरक्षा हेतु संदेश प्रसारित करें।

 

 

 

 

 

 

 

पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 17 फरवरी 2023

कार्यालय कलेक्टर (प्रोटोकॉल) से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश श्री कमलनाथ का 19 फरवरी को मंडला आगमन हो रहा है। जारी कार्यक्रम के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री 19 फरवरी को प्रातः 11:45 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा घुघरी पहुंचेंगे एवं बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा के पारिवारिक समारोह में शामिल होंगे। श्री कमलनाथ दोपहर 12:30 बजे घुघरी से छिंदवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

14 मार्च तक बबैहा पुल पर भारी वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित

कलेक्टर ने जारी किया आदेश

मण्डला 17 फरवरी 2023

बरेला-मंडला मार्ग पर बबैहा के निकट पुल पर मध्यम मालयान, भारी मालयान एवं बसों के आवागमन, यातायात के लिए लगाए गए प्रतिबंध को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह द्वारा 14 मार्च 2023 तक के लिए विस्तारित किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार बबैहा पुल पर सुरक्षा जांच का कार्य प्रारंभ होने व तदुपरांत आवश्यकतानुसार सुधार, मरम्मत, सुदृढ़ीकरण का कार्य संभावित होने के कारण पुल से दो पहिया, तीन पहिया, चार पहिया (कार, जीप, ट्रेक्टर एवं पिकअप) को छोड़कर मध्यम मालयान, भारी मालयान एवं बसों के आवागमन, यातायात पर लगाया गया प्रतिबंध 14 मार्च 2023 तक यथावत जारी रहेगा। प्रतिबंधित किए गए मध्यम मालयान एवं भारी मालयानों हेतु मंडला- फूलसागर- बबलिया- निवास- बरेला मार्ग का उपयोग करने हेतु निर्देशित किया है। इसी प्रकार बसों तथा ज्वलनशील पदार्थों के टेंकर (पेट्रोल, डीजल, केरोसीन) के लिए मंडला- फूलसागर- बबलिया- नारायणगंज- बीजाडांडी – बरेला मार्ग का उपयोग किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

उपार्जन की अंतिम तिथि 25

 

मण्डला 17 फरवरी 2023

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले में गत वर्ष 21100 किसानों में गेहूं विक्रय हेतु पंजीयन कराया था। रबी विपणन वर्ष 2023-24 में गेहूं, चना मसूर एवं सरसों के पंजीयन का कार्य जिले के 36 विभिन्न पंजीयन केन्द्रों पर किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 25 विभिन्न सीएससी सेंटरों पर भी पंजीयन का कार्य कराया जा रहा है। शासन द्वारा पंजीयन का कार्य 5 फरवरी 2023 से 25 फरवरी 2023 तक की अवधि नियत की गई है। जिले में अभी तक 800 किसानों ने ही पंजीयन कराये हैं। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील की गई है ताकि अन्तिम समय में असुविधा न रहे।

 

 

 

मंडला-नैनपुर मार्ग पर की गई वाहन चैकिंग

 

मण्डला 17 फरवरी 2023

                जिला परिवहन अधिकारी ने मंडला-नैनपुर मार्ग पर वाहनों की चैकिंग की कार्यवाही की। वाहनों की चैकिंग के दौरान परमिट, फिटनेस, बीमा, लायसेंस, मोटरयान कर एवं ओव्हरलोडिंग आदि की जाँच की गई। इस दौरान 2 वाहनों पर 13 हजार रूपए की चालानी कार्यवाही की गई।

Related posts

बस स्टैंड अब ‘वीर नारायण शाह’ के नाम से जाना जाएगा कैबिनेट मंत्री श्रीमती उइके और प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल पहुंचे बस स्टैंड कायाकल्प कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा अभियान अंतर्गत हेलमेट वितरण कर दिया जागरूकता संदेश

Reva India News

जनसुनवाई: कलेक्टर श्री मिश्रा ने सुनी 67 आवेदकों की समस्यायें

Reva India News

जिले में हुई औसत वर्षा की जानकारी

Reva India News

Leave a Comment