चाई के लिए पानी उपलब्ध कराने प्रशासन का संयुक्त भ्रमण
मण्डला 24 फरवरी 2023
तहसीलदार नैनपुर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन एवं नैनपुर एसडीएम के मार्गदर्शन में ग्राम गौंझी, इतका, नैनपुर के कृषकों के मांग को ध्यान में रखते हुए 22 फरवरी को जल संसाधन राजस्व, विद्युत एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा सतत भ्रमण एवं निगरानी किया गया। भ्रमण दल द्वारा हीरापुर डिस्ट्रीब्यूट्री से नैनपुर डिस्ट्रीब्यूट्री तक नहर के टेल एरिया तक निर्धारित गेज पर पानी पहुंचाने का कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि मोटर पंप चालकों को आगामी तीन दिवस तक मोटर पंप न चलाने की हिदायत दी गई है जिससे टेल एरिया के कृषकों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सके।

विकास यात्रा कार्यक्रम
मण्डला 24 फरवरी 2023
5 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली विकास यात्राओं के क्रम में 23 फरवरी को बिछिया विकासखंड के अंतर्गत ग्राम मोहड़ चटुआखर, चौरंगा माल, करंजिया माल में विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुआ। यात्रा के दौरान ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इसी प्रकार 24 फरवरी को ग्राम कसौटा एवं खर्राछापर में भी विकास यात्रा का आयोजन कर कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।

एमपीपीएससी की निःशुल्क ऑफलाईन कोचिंग के संबंध में जानकारी
मण्डला 24 फरवरी 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा के निःशुल्क ऑफलाईन कोचिंग के लिए शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र जबलपुर में अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिये निःशुल्क प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। आवेदक अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के सदस्य एवं म.प्र. के मूल निवासी हों तथा आवेदक के परिवार के सभी स्त्रोतों से वार्षिक आय 6 लाख से अधिक ना हो तथा न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष एवं 35 वर्ष हो। आवेदक ने पूर्व में किसी भी परीक्षा को प्रशिक्षण केन्द्र में प्रशिक्षण न लिया हो।
आवेदन के लिए कुल 50 सीट हैं जिसमें 50 प्रतिशत महिला वर्ग के लिए रहेंगी। चयन का आधार स्नातक में प्राप्त मेरिट होगा। प्रशिक्षण का माध्यम हिन्दी होगा तथा छात्रावास सुविधा उपलब्ध नही है। आवेदक स्नातक परीक्षा में 55 प्रतिशत या अधिक होने पर मूल टी.सी एवं अन्य आवश्यक अभिलेख जमा करने पर नियमानुसार आवास सहायता राशि 2 हजार रूपए एवं छात्रवृत्ति राशि 500 रू. प्रतिमाह उपस्थिति के आधार पर देय होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2023 है तथा प्रशिक्षण 1 मार्च 2023 से आरंभ होगा।
उपरोक्तानुसार आवेदक आवेदन पत्र के साथ हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी, स्नातक उत्तीर्ण की अंकसूची, 2 पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, कोविड-19 का पूर्ण टीकाकरण का प्रमाण पत्र की स्व प्रमाणित छायाप्रति डाक द्वारा प्राचार्य शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र (पेट्रोल पंप के पास कौशल विकास संचालनालय के बाजू में ग्वारी घाट रोड) रामपुर चौक जबलपुर पिन कोड-482008 कार्यालयीन पता अथवा व्यक्तिगत रूप से कार्यालयीन समय एवं दिवसों में कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि के पश्चात् प्राप्त आवेदन पत्र मान्य नही किये जाएंगें। अधिक जानकारी हेतु कार्यालय के दूरभाष नंबर 0761-2663471 एवं मोबाईल नम्बर 8889609588 पर कार्यालयीन समय एवं दिवसों मे सम्पर्क कर सकते हैं।

एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना: पोर्टल पर आवेदन करें
मण्डला 24 फरवरी 2023
सहायक संचालक उद्यान से प्राप्त जानकारी के अनुसार एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना व राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत घटक फसलोत्तर प्रबंधन के उपघटक प्याज भण्डार गृह 12 इकाई एवं पैक हाउस निर्माण हेतु 3 इकाईयों के जिले को लक्ष्य प्राप्त है। योजना अनुसार पैक हाउस में कम से कम 2 हेक्टेयर क्षेत्र में उद्यानिकी फसलों का उत्पादन व प्याज भण्डार गृह हेतु सामान्य वर्ग के लिए 2 हेक्टेयर एवं अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति के कृषकों हेतु 1.75 हेक्टेयर में प्याज की खेती करना अनिवार्य है। दिशा-निर्देश अनुसार इकाई स्थापना पर 50 प्रतिशत प्याज भण्डार गृह (50 एमटी) हेतु अधिकतम 1.75 लाख रूपये एवं पैक हाउस हेतु 2 लाख रूपये अनुदान देय होगा। योजना का लाभ लेने एमपीएफएसटीएस पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन करना अनिवार्य है। अधिक जानकारी प्राप्त करने अपने विकासखण्ड स्तरीय वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी, क्षेत्रीय ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारियों अथवा कार्यालय सहायक संचालक उद्यान जिला-मण्डला से संपर्क कर सकते हैं।

अल्पकालीन लेखा प्रशिक्षण 24 मार्च तक
मण्डला 24 फरवरी 2023
शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर में 20 फरवरी से 24 मार्च 2023 तक संभाग के समस्त शासकीय कार्यालयों के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिये अल्पकालीन लेखा प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। इस प्रशिक्षण में पूर्व में लेखा प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारी भी भाग ले सकते हैं। संभाग के समस्त कार्यालय प्रमुख इस प्रशिक्षण के लिए अपने कार्यालय से कर्मचारियों का नाम प्रस्तावित करें। यह प्रशिक्षण सशुल्क है, जिसकी राशि विभाग द्वारा प्रवेश के समय चालान के माध्यम से जमा की जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुसार 27 फरवरी से 1 मार्च तक पेंशन के प्रशिक्षण के लिए 500 रूपए, 2 मार्च से 7 मार्च तक भंडार प्रबंधन के प्रशिक्षण के लिए 1 हजार रूपए तथा 13 मार्च से 24 मार्च तक कैशियर एवं अकाउंटेंट संबंधी कार्य के प्रशिक्षण के लिए 2 हजार रूपए का प्रावधान है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 2022: आयोजन की प्रस्तावित तिथियाँ
मण्डला 24 फरवरी 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 2022 के अंतर्गत सामूहिक विवाहों के आयोजन के लिए प्रस्तावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। इसके अनुसार जनपद पंचायत नारायणगंज में 27 फरवरी 2023 को विवाह के आयोजन की तिथि प्रस्तावित है। इसी प्रकार जनपद पंचायत बीजाडांडी में 28 फरवरी 2023, जनपद पंचायत निवास एवं नगर परिषद निवास में 5 मार्च 2023, जनपद पंचायत मवई में 6 मार्च 2023, जनपद पंचायत मंडला, नगरपालिका मंडला, नगर परिषद बम्हनीबंजर में 11 मार्च 2023, जनपद पंचायत नैनपुर, नगरपालिका नैनपुर में 13 मार्च 2023, जनपद पंचायत मोहगांव में 16 मार्च 2023, जनपद पंचायत बिछिया, नगर परिषद बिछिया में 17 मार्च 2023 तथा जनपद पंचायत घुघरी में 19 मार्च 2023 को विवाह की तिथियाँ प्रस्तावित हैं।

उपार्जन की अंतिम तिथि आज
मण्डला 24 फरवरी 2023
जिले में गत वर्ष 21100 किसानों में गेहूं विक्रय हेतु पंजीयन कराया था। रबी विपणन वर्ष 2023-24 में गेहूं, चना, मसूर एवं सरसों के पंजीयन का कार्य जिले के 36 विभिन्न पंजीयन केन्द्रों पर किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 25 विभिन्न सीएससी सेंटरों पर भी पंजीयन का कार्य कराया जा रहा है। शासन द्वारा पंजीयन का कार्य 25 फरवरी 2023 तक की अवधि नियत की गई है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील की गई है ताकि अंतिम समय में असुविधा न रहे।

