सीएम ने की ’निरक्षरता से आजादी अभियान’ की सराहना
मण्डला 23 फरवरी 2023
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर मंडला जिला प्रशासन द्वारा संचालित नवाचार ’निरक्षरता से आजादी अभियान’ की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए गए वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कलेक्टर एवं जिला प्रशासन द्वारा संचालित इस अभियान की कार्यप्रणाली एवं इसके सुखद परिणामों की प्रशंसा की है। श्री चौहान ने कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं जिला प्रशासन की टीम को साक्षरता के लिए चलाए जा रहे अभिनव नवाचार की बधाई दी।

विकास यात्रा कार्यक्रम
मण्डला 23 फरवरी 2023
5 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली विकास यात्राओं के क्रम में 22 फरवरी को बिछिया विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सिझौरा में विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इसी क्रम में 21 फरवरी को बिछिया विकासखंड के पड़रिया ग्राम में विकास यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जनपद पंचायत जनप्रतिनिधि, बिछिया नोडल अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।

जिला स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम
मण्डला 23 फरवरी 2023
नगरपालिका टाउनहॉल में जिला स्तरीय रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। रोजगार दिवस में जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को अपना स्वयं का रोजगार, सेवा, उद्योग इकाई स्थापित करने के लिए शासन की विभिन्न योजना अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को उनके रोजगार हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण स्वीकृत एवं वितरण किया गया। जिला स्तरीय रोजगार दिवस में उपस्थित अतिथियों द्वारा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ० भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना, भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना, टंटया मामा आर्थिक कल्याण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना, ग्रामीण आजिविका स्व सहायता समूह, शहरी आजिविका स्व सहायता समूह एनयूएलएम, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना आदि में बैंकों के द्वारा स्वीकृत ऋण एवं वितरण पत्रक प्रदाय किये गए।
जिला स्तरीय स्वरोजगार एवं रोजगार दिवस कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद सम्पतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगर पालिका उपाध्यक्ष, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.एल. मरावी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक एन.के. वास्कले, जिला अग्रणी प्रबधंक सैन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया अमित केशरी, रोजगार अधिकारी एस.एल. सैयाम, शाखा प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक मण्डला एवं सेडमेंप मण्डला एस.के. शर्मा एवं हितग्राही उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 2022: आयोजन की प्रस्तावित तिथियाँ
मण्डला 23 फरवरी 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 2022 के अंतर्गत सामूहिक विवाहों के आयोजन के लिए प्रस्तावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। इसके अनुसार जनपद पंचायत नारायणगंज में 27 फरवरी 2023 को विवाह के आयोजन की तिथि प्रस्तावित है। इसी प्रकार जनपद पंचायत बीजाडांडी में 28 फरवरी 2023, जनपद पंचायत निवास एवं नगर परिषद निवास में 5 मार्च 2023, जनपद पंचायत मवई में 6 मार्च 2023, जनपद पंचायत मंडला, नगरपालिका मंडला, नगर परिषद बम्हनी बंजर में 11 मार्च 2023, जनपद पंचायत नैनपुर, नगरपालिका नैनपुर में 13 मार्च 2023, जनपद पंचायत मोहगांव में 16 मार्च 2023, जनपद पंचायत बिछिया, नगर परिषद बिछिया में 17 मार्च 2023 तथा जनपद पंचायत घुघरी में 19 मार्च 2023 को विवाह की तिथियाँ प्रस्तावित हैं।

किसानांे के खाते में सुधार के लिए सुविधा
मण्डला 23 फरवरी 2023
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में धान उपार्जन के पश्चात् सभी किसानों के भुगतान की प्रक्रिया की गयी है, जिन किसानों को भुगतान में असुविधा हो वे अपने सम्बन्धित धान विक्रय सेन्टर के माध्यम से अपनी असुविधा का विवरण लिखकर आवेदन कर सकते हैं, ताकि उनकी असुविधा को दूर किया जा सके। उन्होंने किसानों से अपील की है कि जिनका खाता क्रमांक गलत हैं वे उनके स्थान पर अन्य खाते को दर्ज कराकर सुधार करा सकते हैं। यह सुविधा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मण्डला (जेल घाट के सामने) या कलेक्ट्रेट खाद्य शाखा में उपलब्ध है। आईएफएससी कोड भी परिवर्तित कर दिये हैं जिसमें सुधार करवाया जा सकता है। जिन किसानों के जीरो बैलेन्स अकाउण्ट हैं या जमा की लिमिट है, वे अपने अकाउण्ट अवश्य सुधार करवा लें, ऐसे अकाउण्ट में राशि अधिक होने से ईपीओ फेल हो जाते हैं। किसानों से अपील की गई है कि पंजीयन कराते समय भी ऐसे अकाउण्ट दर्ज कराने के स्थान पर अन्य खाता दर्ज कराएं ताकि उपार्जन पश्चात् भुगतान आसानी से मिल सके।

उपार्जन की अंतिम तिथि 25 फरवरी
मण्डला 23 फरवरी 2023
जिले में गत वर्ष 21100 किसानों में गेहूं विक्रय हेतु पंजीयन कराया था। रबी विपणन वर्ष 2023-24 में गेहूं, चना मसूर एवं सरसों के पंजीयन का कार्य जिले के 36 विभिन्न पंजीयन केन्द्रों पर किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 25 विभिन्न सीएससी सेंटरों पर भी पंजीयन का कार्य कराया जा रहा है। शासन द्वारा पंजीयन का कार्य 25 फरवरी 2023 तक की अवधि नियत की गई है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील की गई है ताकि अन्तिम समय में असुविधा न रहे।

स्वास्थ्य शिविर में 217 मरीजों की जाँच व उपचार
मण्डला 23 फरवरी 2023
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में 217 मरीजों का जांच व उपचार किया गया। शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, जांच, उपचार एवं दवा वितरण किया जा रहा है। शिविर में स्वास्थ्य सुविधाओं के दृष्टि से महिला चिकित्सा संबंधी, शिशु रोग से संबंधी, परिवार नियोजन एवं परामर्श, असंचारी रोग एन.सी.डी., सर्वाइकल कैंसर, मानसिक स्वास्थ्य सेवायें, फिज्योथेरिपी एवं वृद्धजन स्वास्थ्य सेवायें संचारी रोग टीबी, नेत्र रोग, दन्त रोग सेवायें तथा स्वास्थ्य के रिकार्ड हेतु आभा आईडी का निर्माण किया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन 20 से 25 फरवरी 2023 तक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मण्डला में किया जा रहा है।

