जनजातीय संस्कृतियों का महासंगम ’आदि उत्सव’ आज से
लोककला, खेल स्पर्धाएँ एवं जनजातीय शोध संगोष्ठी का होगा आयोजन
राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के प्रतिनिधि एवं कलाकार होंगे शामिल
केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने सभी से की उत्सव में शामिल होने की अपील
मण्डला 26 मई 2023
मंडला जिले की पहचान बन चुके आदि उत्सव का आयोजन 27 एवं 28 मई 2023 को हो रहा है। यह आयोजन माँ नर्मदा के तट एवं गोंडवंशीय गौरवशाली इतिहास के साक्षी रामनगर में हो रहा है। जनजाति संस्कृतियों के महासंगम के 2 दिवसीय आयोजन आदि उत्सव में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के जनजातीय प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं ख्यातिलब्ध लोक कलाकार शामिल होंगे। 2 दिवसीय आदि उत्सव में मंडला, डिंडौरी, सिवनी, बालाघाट के जनजातीय कलाकारों के अलावा देशभर के कलाकार भी भाग लेंगे। 27 मई को आयोजन के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष गोवा रमेश तावड़कर मुख्य अतिथि होंगे। इस दिन जिले के प्रभारी मंत्री बिसाहूलाल सिंह तथा म.प्र. सरकार के मंत्री प्रेमसिंह पटेल शामिल होंगे। आदि उत्सव के आयोजन के सूत्रधार केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते हैं, जिनके मार्गदर्शन में उत्सव का आयोजन 2016 से लगातार जारी है।
देश का हर आदिवासी मूल रूप से एक – श्री कुलस्ते
आदि उत्सव के आयोजक एवं मार्गदर्शक केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने मंडला जिले सहित प्रदेश एवं देशवासियों से इस 2 दिवसीय जनजातीय उत्सव में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने अपने आमंत्रण संदेश में कहा है कि इस जनजातीय महासंगम में देश के कोने-कोने से कलाकार एवं जनजातीय प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग स्थानों पर रहने वाली जनजाति भौगोलिक एवं सांस्कृतिक रूप से अलग हो सकती है किन्तु मूल रूप से हर आदिवासी एक ही है। आदि उत्सव में अधिक से अधिक पधारकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने में हर वर्ग, हर समुदाय, हर व्यक्ति सहयोग करें।
प्रथम दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 मई 2023 से प्रारंभ हो रहे आदि उत्सव के पहले दिन प्रातः 11 बजे उत्सव का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष गोवा रमेश तावड़कर उत्सव में उपस्थित होंगे। स्वागत समारोह के पश्चात आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन अतिथियों द्वारा किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर में जबलपुर मेडीकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सक रहेंगे। आदि उत्सव में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होगी। साथ ही पेसा एक्ट पर परिचर्चा का आयोजन होगा। आयोजन स्थल पर जनजातीय जीवन की झलकियां प्रस्तुत करती हुई प्रदर्शनी भी लगाई गई हैं। केन्द्र सरकार के मार्गदर्शन में डिजीटल इंडिया, लेंड रिकॉर्ड मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम का परिचय कराने वाला स्टॉल भी लगाया जा रहा है। 27 मई को उत्सव में जिले के लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम समाप्त होगा।

समापन दिवस पर संगोष्ठियाँ एवं सम्मान
27 एवं 28 मई 2023 को आयोजित हो रहे 2 दिवसीय आदि उत्सव का समापन 28 मई की शाम को होगा। समापन दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि केन्द्र सरकार के जनजातीय कार्य राज्यमंत्री विश्वेश्वर टुडू होंगे। इस दिन म.प्र. सरकार की जनजातीय कार्यमंत्री मीनासिंह मांडवे भी शामिल होंगी। समापन दिवस के अवसर पर प्रातः 11 बजे से 1 बजे तक गोंडकालीन राजा एवं जनजातीय महापुरूषों के इतिहास, पुरातत्व एवं विकास पर आधारित संगोष्ठी का आयोजन होगा। इस संगोष्ठी में इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के विद्वान, स्थानीय विशेषज्ञ तथा अलग-अलग क्षेत्र के जानकार शामिल होंगे। दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।
पद्मश्री हस्तियाँ भी होंगी सम्मानित
आदि उत्सव के समापन दिवस पर शामिल हो रहे जनजातीय गौरव पद्मश्री अर्जुन धुर्वे, पद्मश्री जोधईया बाई तथा पद्मश्री ऊषा वारले का भी अतिथियों द्वारा सम्मान किया जाएगा। पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे डिंडौरी जिले के चाड़ा के प्रख्यात लोक कलाकार हैं। उमरिया जिले की जोधईया बाई उईके ट्राईबल पेंटिंग में बड़ा नाम है। छत्तीसगढ़ की ऊषा वारले प्रख्यात पंडवानी गायिका है। सम्मान समारोह के पश्चात पंडवानी गायिका ऊषा वारले की प्रस्तुति भी होगी। इसके पश्चात जिले के मेधावी विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों का मंच से सम्मान होगा तथा शासन की अलग-अलग योजनाओं से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी होगा। दोपहर 3 से 5 बजे तक लोक कलाकारों की प्रस्तुति होगी। शाम 5 बजे 2 दिवसीय सांस्कृतिक महासंगम के पर्व आदि उत्सव का समापन होगा।
जनजातीय राज परिवारों के प्रतिनिधि भी होंगे शामिल
2 दिवसीय आदि उत्सव के दौरान देशभर के अलग-अलग स्थानों पर शासन करने वाले जनजातीय राज परिवारों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हर्रई जागीर के राजा कमलेश प्रताप शाह तथा कामिनि शाह, मदनपुर ढिलवार के कुंवर भीष्मशाह तथा कुंवर तिलकशाह, भंडारा महाराष्ट्र के राजा नितेश प्रताप सिंह, सरेखा के ठाकुर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, मर्रई के निर्मलशाह, माहुलझिर जागीर के ठाकुर रोहितभान शाह, झिरिया इमलई के बालबहादुर सिंह, सुंदरपुर के त्रिलोक सिंह तथा मछेरा के गनपतशाह शामिल होंगे।

रामनगर आदि उत्सव: पार्किंग व्यवस्था 5 स्थानों पर निर्धारित
मण्डला 26 मई 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 एवं 28 मई को रामनगर मंडला में आयोजित हो रहे आदि उत्सव कार्यक्रम में आगंतुकों के लिए पार्किंग व्यवस्था निर्धारित कर दी गई है। रामनगर पहुंचने वाले विभिन्न मार्गों पर पार्किंग व्यवस्था के अंतर्गत रामनगर-मंडला मार्ग पर बड़े वाहनों की पार्किंग होगी। इसी प्रकार पदमी रोड, घुघरी रोड और चौगान रोड पर अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। आगंतुक अपने वाहनों को व्यवस्थित पार्क कर कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते हैं।

आदि उत्सव रामनगर: केन्द्रीय मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
मण्डला 26 मई 2023
केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फ़ग्गनसिंह कुलस्ते के मार्गदर्शन में 27 एवं 28 मई 2023 को रामनगर मंडला में आदि उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के लिए सभी जरूरी तैयारियाँ अपने अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने आदि उत्सव कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को उनके दायित्वों से संबंधित जरूरी निर्देश दिए। श्री कुलस्ते ने आदि उत्सव की तैयारियों का जायजा लेते हुए मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, प्रदर्शनी सहित अन्य स्थलों का भ्रमण किया।

आदि उत्सव में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
मण्डला 26 मई 2023
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि 27 एवं 28 मई 2023 को रामनगर के ’आदि उत्सव’ में 2 पालियों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक निःशुल्क किया जा रहा है। शिविर प्रभारी आयु.चिकि.अधि. डॉ. सीमा भवेदी एवं होम्यो.चिकि.अधि. डॉ. पुनीत धूमकेती रहेंगे। साथ ही शिविर में अधिकारी, कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

सी.एम.राईज स्कूल अंजनिया का परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत
मण्डला 26 मई 2023
प्राचार्य सी.एम.राईज़ विद्यालय अंजनिया ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2022-23 में कक्षा 10वी एवं 12वी का परीक्षा परिणाम उत्साहजनक रहा। कक्षा 10वी में 90 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की। कक्षा 10वी में 60 छात्र परीक्षा में शामिल हुए जिसमें 39 छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए एवं 15 छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इसी तरह कक्षा 12वी में 154 छात्रों ने परीक्षा दी जिसमें 139 छात्र उत्तीर्ण हुए। 84 छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए एवं 55 छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। कक्षा 12वी का परीक्षा परिणाम 90.2 प्रतिशत रहा। वहीं कक्षा 12वी साइन्स का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा। इस सफलता में सी.एम.राईज विद्यालय अंजनिया के सभी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पेसा क्रियान्वयन: प्रशिक्षण सह कार्यशाला आज
एकलव्य विद्यालय सेमरखापा (अचली) में प्रातः 10:30 बजे से
मण्डला 26 मई 2023
कमिश्नर कार्यालय जबलपुर संभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आदि उत्सव कार्यक्रम के तहत जिला मण्डला, डिण्डौरी की समस्त जनपद पंचायत एवं जिला सिवनी की जनपद पंचायत, लखनादौन, घंसौर, धनौरा, छपारा एवं कुरई के पेसा क्षेत्र के जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत कॉर्डीनेटर, ग्राम सभा मोबेलाईजर्स तथा ग्राम सभा अध्यक्षों का प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन 27 मई 2023 को एकलव्य विद्यालय सेमरखापा (अचली) में प्रातः 10:30 बजे से किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला में महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज संस्थान, जबलपुर के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक मॉड्यूल एवं प्रशिक्षण सामग्री की व्यवस्था महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज संस्थान, जबलपुर द्वारा की जाएगी।

महिला वसति गृह (सखी निवास) योजना
मण्डला 26 मई 2023
भारत सरकार की मिशन शक्ति सामर्थ्य अंतर्गत कामकाजी महिलाओं को सुविधाजनक व सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने हेतु महिला वसति गृह (सखी निवास) योजना संचालित की जा रही है। जिन शहरों, क्षेत्रों में रोजगार के पर्याप्त-अवसर उपलब्ध हैं, उन क्षेत्रों में कामकाजी महिलाओं के लिए भारत सरकार की योजना अंतर्गत सुविधाजनक व सुरक्षित आवास उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। महिला वसतिगृह (सखी निवास) के स्थान चयन हेतु जिले में कारखाना बाहुल्य स्थान, तकनीकी शिक्षा, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, निजी बैंक व महाविद्यालय अथवा अन्य ऐसे स्थान जहां पर कामकाजी महिलाओं की संख्या अधिक हो महिला वसतिगृह (सखी निवास) स्थापित किये जा सकते हैं।
महिला वसतिगृह (सखी निवास) की स्थापना संबंधी व्यय का भार भारत सरकार, राज्य सरकार द्वारा 60: 40 अनुपात में निर्वहन किया जाएगा। वसति गृह स्थापित करने के लिये शासकीय रिक्त भवन अथवा पूर्ण सुविधायुक्त किराये के भवन में की जा सकती है। भारत सरकार द्वारा इस हेतु जारी गाईडलाईन संलग्न है। इसे भारत सरकार महिला एवं बाल विकास विभाग की ऑफिशियल साइट https://wcd.nic.in//act/2420 पर भी उपलब्ध है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि समाचार प्रकाशन के पश्चात् 10 दिवसों के मध्य अपना प्रस्ताव कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग जिला पंचायत परिसर मण्डला में डाक द्वारा या स्वयं उपस्थित होकर कार्यालयीन समय में जमा किये जा सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी मण्डला प्रथम तल जिला पंचायत परिसर मण्डला से संपर्क कर सकते हैं।

पशु चिकित्सीय अमले ने किया बम्हनी क्षेत्र का भ्रमण
पशुओं का किया उपचार एवं दवा वितरण
मण्डला 26 मई 2023
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार लम्पी बीमारी के संबंध में प्रकाशित खबरों के आधार पर पशुपालन विभाग के चिकित्सीय अमले ने ग्राम बम्हनी क्षेत्र का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान पशुपालकों के नाम एवं उनके पशुओं के छपे फोटोग्राफ के आधार पर मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया गया। चिकित्सीय दल द्वारा पशुपालक के घर जाकर निरीक्षण किया गया जिसमें पाया गया कि संतलाल हरदाहा बम्हनी बंजर की गायों में पूर्व में लम्पी बीमारी का माइल्ड प्रकोप था, जो कि अब पूरी तरह से ठीक हो चुका है। साथ ही श्री हरदाहा को पशुओं के अच्छे स्वास्थ्य के लिए मल्टीविटामिन, स्किन क्रीम एवं अन्य औषधिया प्रदाय की गईं।
उपसंचालक ने बताया कि लम्पी बीमारी के संबंध में सभी संस्था प्रभारियों को आवश्यक निर्देश समय-समय पर दिए जा रहे हैं एवं लम्पी बीमारी का टीकाकरण भी पूरे जिले में कराया जा रहा है। अब तक कुल 45000 पशुओं में लम्पी के टीके लगाये जा चुके हैं एवं आगे भी टीकाद्रव्य उपलब्ध होने पर टीके लगाये जाने का क्रम जारी रहेगा। पशुपालकों से अपील है कि लम्पी बीमारी रोग से घबराने की आवश्यकता नहीं है। गर्मी के समय अपने पशुओं को खुला ना छोड़ें, गौशाला व छायादार जगह पर बांधकर रखें इत्यादि समझाइश दी गई, लम्पी बीमारी से बचाव ही उपचार है।

ग्रीष्म ऋतु के मौसम में धूप की तपन लू से रहें सावधान
मण्डला 26 मई 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में ग्रीष्म ऋतु के दौरान बढती धूप की तपन, लू से सावधानी एवं शरीर को मौसमी बीमारी से बचाव हेतु आमजन को मुख्य बातों का ध्यान रखना आवश्यक है।
क्या करें
घर से बाहर निकलने से पहले भरपेट पानी अवश्य पियें, धूप में जाते समय सूती कपडे़ पहनें और सिर और कान को सूती कपडे़ से ढंक्कर रखें। धूप में घूमने वाले व्यक्ति नमक, शक्करयुक्त कोई तरल पदार्थ या ओ.आर.एस. घोल का अधिक सेवन करें। नींबूपानी, केरी का पना, शिंकजी या मट्ठा अधिक से अधिक पियें, भरपेट भोजन करके ही बाहर निकलें, हमेशा ताजा भोजन, फल और सब्जियां खायें। यथासंभव धूप में अधिक न निकलें।
क्या न करें
धूप में खाली पेट न निकलें, शरीर में पानी की कमी न होने दें, बुखार में शरीर का तापमान न बढ़ने दें, ठंडें पानी की पट्टी रखें, कूलर या कंडीशनर से धूप में एकदम न निकलें, मिर्च, मसालेयुक्त भोजन न करें, बासी भोजन, फल एवं सलाद न खायें।
लू लगने पर
व्यक्ति को फौरन छायादार जगह में लेटायें, ढीले कपडे़ पहनें, पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल ओ.आर.एस., कच्चे आम का पना पिलायें एवं ताप घटाने के लिये व्यक्ति के सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें एवं नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार लें।

जल शक्ति एवं कार्यविभाग केन्द्रीय राज्यमंत्री का आगमन 28 को
मंडला 26 मई 2023
केन्द्रीय जल शक्ति एवं कार्यविभाग केन्द्रीय राज्यमंत्री भारत सरकार बीएलई श्री विश्रेश्वर टूडू का 28 मई 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री विश्रेश्वर टूडू 28 मई को रायपुर से रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे मंडला पहुंचेंगे। वे दोपहर 3 बजे रामनगर के लिए रवाना होंगे तथा रामनगर में आयोजित आदि उत्सव में शामिल होंगे। श्री विश्रेश्वर टूडू शाम 4:30 बजे मंडला से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

परस्पर समन्वय से करें काम, उत्कृष्ट टीम को मिलेगा इनाम – डॉ. सिडाना
वनाधिकार अधिनियम के अंतर्गत लम्बित दावों के निराकरण के लिए आयोजित संयुक्त कार्यशाला आयाजित
मण्डला 26 मई 2023
डाईट मंडला के सभागार में वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत लम्बित दावों के निराकरण के लिए पंचायत, राजस्व एवं वन विभाग की संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, उपसंचालक वन, डीएफओ ईस्ट, डीएफओ वेस्ट, संयुक्त संचालक बफर एवं पंचायत, राजस्व तथा वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। संयुक्त कार्यशाला में ग्राम पंचायत स्तर पर राजस्व एवं वन विभाग के अमले की संयुक्त टीम गठित की गई एवं उनके दायित्वों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में वनाधिकार अधिनियम के अंतर्गत लम्बित दावों का सर्वे, मान्यता एवं निराकरण संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत, राजस्व एवं वन विभाग का अमला लम्बित दावों के सर्वे एवं निराकरण के लिए समन्वय के साथ काम करें। उत्कृष्ट काम करने वाली टीम को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार प्रकरणों के अधिक से अधिक निराकरण करने वाली टीम भी सम्मानित होगी। डॉ. सिडाना ने कहा कि जनजातीय हितों से जुड़े इस कार्य को अत्यंत गंभीरता से लें। इस कार्य के दौरान किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशान न करें अन्यथा संबंधितों पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित होगी।

ड्राइविंग लायसेंस कैम्प में 40 लायसेंस वितरित
मण्डला 26 मई 2023
प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय अंजनिया ने बताया कि विद्यालय में छात्राओं के लिए निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस बनवाने हेतु कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय मंडला के अधिकारियों के द्वारा महाविद्यालय के लगभग 40 छात्र-छात्राओं को लर्निंग लाइसेंसों का वितरण किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा परिवहन विभाग के सारथी पोर्टल पर ऑनलाइन लायसेंस की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

पेसा क्रियान्वयन: प्रशिक्षण सह कार्यशाला आज
आयोजन स्थल पर प्रातः 10:30 बजे से कार्यशाला
मण्डला 26 मई 2023
कमिश्नर कार्यालय जबलपुर संभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आदि उत्सव कार्यक्रम के तहत जिला मण्डला, डिण्डौरी की समस्त जनपद पंचायत एवं जिला सिवनी की जनपद पंचायत, लखनादौन, घंसौर, धनौरा, छपारा एवं कुरई के पेसा क्षेत्र के जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत कॉर्डीनेटर, ग्राम सभा मोबेलाईजर्स तथा ग्राम सभा अध्यक्षों का प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन 27 मई 2023 को रामनगर कार्यक्रम स्थल में प्रातः 10:30 बजे से किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला में महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज संस्थान, जबलपुर के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक मॉड्यूल एवं प्रशिक्षण सामग्री की व्यवस्था महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज संस्थान, जबलपुर द्वारा की जाएगी।

28 मई को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग शिविर लगाकर करेगा सुनवाई
प्रातः 9 बजे से पंजीयन, 10 से 4 तक सुनी जाएगी समस्याएँ
मण्डला 26 मई 2023
भारत सरकार के राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगों 28 मई मण्डला जिले के योजना भवन में बाल अधिकार संरक्षण की बेंच/शिविर लगाकर बाल अधिकारों के हनन व संरक्षण के संबंध में शिकायतों को सुनकर उनका निराकरण करेंगे। साथ ही बच्चों के अधिकार, बाल विवाह रोकने, शिक्षा से जोड़ने, नशामुक्ति के संबंध में जनमानस से चर्चा कर रूपरेखा तैयार की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के नागरिकों से राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग मण्डला के योजना भवन में 28 मई को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित शिविर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की गई है। शिविर में घरेलू श्रम के रूप में खतरनाक व्यवस्था में बाल श्रम को लगाना, देय राशि का भुगतान न करना, बचाए गए बाल श्रम का प्रत्यावर्तन, बच्चा सड़क पर उत्पाद बेच रहा है, एसिड अटैक से संबंधित मामले, माता-पिता, अभिभावकों, अन्य व्यक्ति के साथ सड़कों पर भीख मांगना, शारीरिक शोषण, हमला, परित्याग, उपेक्षा, घरेलू हिंसा का शिकार बच्चा, एच.आई.वी. स्थिति के आधार पर बच्चे के साथ भेदभाव, बच्चे को पुलिस ने पीटा, सी.सी.आई. में बच्चें के साथ दुर्व्यवहार, अवैध गोद लेना, सी.सी.आई. द्वारा एक बच्चे की बिक्री, बच्चे की बिक्री, बच्चों के खिलाफ हिंसा आदि से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। शिविर के आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग मण्डला के जिला कार्यक्रम अधिकारी को लाईजनिंग ऑफीसर नियुक्त किया हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया है कि आयोग की बंेच में सुनवाई के लिये प्रातः 9 बजे से पंजीयन प्रारंभ होगा।

