मंडला, 25 सितम्बर 2026
अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वरिष्ठजनों के अधिकारों के संरक्षण तथा समाज में उनके प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से मंगल भवन, नगर पालिका नैनपुर में एक दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों, शिकायत निवारण व्यवस्था, प्रचलित नियमों एवं न्यायिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कृष्ण पंजवानी ने की। श्री अजीत सिंह मरावी ने वरिष्ठजनों के अधिकारों एवं माता-पिता भरण-पोषण अधिनियम की जानकारी दी। इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया। डॉ. नीता भलावी राव, डॉ. संगीता उइके एवं डॉ. अंजुलता मरकाम सहित चिकित्सा दल ने लगभग 115 वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद श्री सुनील विश्वकर्मा, श्रीमती लक्ष्मी परते, पार्षद मंसाराम बेगन, टीआई नैनपुर श्री लक्ष्मण सिंह सरस, सीएमओ श्री सुभाष सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री जयदीप गोविंद, सामाजिक न्याय विभाग से श्री राजेंद्र झरिया सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन श्रीमती विद्या बरवै ने किया तथा श्रीमती कामिनी रजक ने आभार व्यक्त किया।

