Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 27 मई 2023

आदि उत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ

विधानसभा अध्यक्ष गोवा श्री तावड़कर एवं केन्द्रीय मंत्री श्री टूडू हुए शामिल

लोक कलाकारों की पारंपरिक धुनों पर थिरके अतिथि

मण्डला 27 मई 2023

            मंडला के रामनगर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले आदि उत्सव का 27 मई को भव्य शुभारंभ हुआ। शुभारंभ कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष गोवा रमेश तावड़कर मुख्य अतिथि थे। उनके साथ केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री विश्वेश्वर टुडू भी शामिल हुए। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में कहा कि आदि उत्सव मंडला जिले सहित आदिवासी जिलों की संस्कृति का परिचय कराने वाला महोत्सव है। उन्हांेने उत्सव में शामिल होने वाले आसपास के जिलों, प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर के लोक कलाकारों एवं प्रतिनिधियों का मंच से स्वागत किया। श्री कुलस्ते ने अलग-अलग स्थानों से पहुंचे राजवंशीय परिजनों के प्रतिनिधियों का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अपने संबोधन में 2 दिवसीय आदि उत्सव के दौरान होने वाली अलग-अलग गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष गोवा रमेश तावड़कर ने अपने संबोधन में कहा कि गोवा में भी जनजातीय संस्कृति को परिचय कराने वाले कार्यक्रम का विगत कई वर्षों से आयोजन हो रहा है। रामनगर का यह कार्यक्रम मंडला सहित राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य तथा राजनीति के क्षेत्र में बेहतर करने वाले जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों को अपने समाज के उत्थान में योगदान देने की अपील की। केन्द्रीय जनजातीय कार्यमंत्री विश्वेश्वर टुडू ने केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जाने वाली जनजातीय कल्याण की योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आदि उत्सव भावी पीढ़ी को आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति तथा परंपराओं को सीखने, समझने तथा आत्मसात करने में बखूबी सहयोग करेगा एवं महत्वपूर्ण साबित होगा।

ध्वज स्थल का वंदन, प्रदर्शनी का अवलोकन

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष गोवा रमेश तावड़कर ने गोंडवाना साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास के प्रतीक ध्वज स्थल पर पूजन कर एवं ध्वज आरोहण कर किया। इसके पश्चात अतिथियों ने आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क उपचार एवं परीक्षण के लिए लगाए गए शिविर का अवलोकन किया। साथ ही विभिन्न विभागों के स्टॉल्स को भी देखा। मंच से सभी अतिथियों का पारंपरिक मुकुट एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। मंच से अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया।

 

 

 

पारंपरिक धुनों पर थिरके अतिथि

 

आदि उत्सव में मंडला, डिंडौरी, सिवनी तथा अन्य स्थानों से आए लोक कलाकारों ने लोकनृत्य एवं वाद्ययंत्रों की आकर्षक प्रस्तुति से उपस्थित अतिथियों एवं जनमानस को प्रभावित किया। अतिथि भी मंच से उतरकर कलाकारों के दल में शामिल हुए तथा मांदर, टिमकी, बांसुरी, नगाड़े जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों पर थिरकने से खुद को रोक नहीं पाए। अतिथियों ने लोक कलाकारों का उत्साहवर्धन किया एवं परिचय भी प्राप्त किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, पंडित सिंह धुर्वे एवं तुलसीराम धूमकेती, समाजसेवी भीष्म द्विवेदी, अनुराग चौरसिया, सुधीर कसार तथा बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित था।

 

 

 

 

राजपरिवारों के प्रतिनिधियों का पारंपरिक स्वागत

 

2 दिवसीय आदि उत्सव के दौरान देशभर के अलग-अलग स्थानों पर शासन करने वाले जनजातीय राज परिवारों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। शुभारंभ कार्यक्रम में हर्रई जागीर के राजा कमलेश प्रताप शाह तथा कामिनि शाह, मदनपुर ढिलवार के कुंवर भीष्मशाह तथा कुंवर तिलकशाह, भंडारा महाराष्ट्र के राजा नितेश प्रताप सिंह, सरेखा के ठाकुर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, मर्रई के निर्मलशाह, माहुलझिर जागीर के ठाकुर रोहितभान शाह, झिरिया इमलई के बालबहादुर सिंह, सुंदरपुर के त्रिलोक सिंह तथा मछेरा के गनपतशाह शामिल हुए। केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित जनप्रतिनिधियों ने राजवंशीय परिजनों का परंपरागत माला, मुकुट एवं प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने प्रथम दिवस के शुभारंभ कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

 

समापन दिवस पर संगोष्ठियाँ एवं सम्मान

 

27 एवं 28 मई 2023 को आयोजित हो रहे 2 दिवसीय आदि उत्सव का समापन 28 मई की शाम को होगा। समापन दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि केन्द्र सरकार के जनजातीय कार्य राज्यमंत्री विश्वेश्वर टुडू होंगे। इस दिन म.प्र. सरकार की जनजातीय कार्यमंत्री मीनासिंह मांडवे भी शामिल होंगी। समापन दिवस के अवसर पर प्रातः 11 बजे से 1 बजे तक गोंडकालीन राजा एवं जनजातीय महापुरूषों के इतिहास, पुरातत्व एवं विकास पर आधारित संगोष्ठी का आयोजन होगा। इस संगोष्ठी में इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के विद्वान, स्थानीय विशेषज्ञ तथा अलग-अलग क्षेत्र के जानकार शामिल होंगे। दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। दोपहर 3 से 5 बजे तक लोक कलाकारों की प्रस्तुति होगी। शाम 5 बजे सांस्कृतिक महासंगम के पर्व आदि उत्सव का समापन होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आदि उत्सव: पेसा एक्ट क्रियान्वयन पर प्रशिक्षण सह कार्यशाला संपन्न

मण्डला 27 मई 2023

            आदि उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत रामनगर मंडला में पेसा एक्ट के क्रियान्वयन के संबंध में प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने कहा कि आदिवासियों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए केन्द्र तथा राज्य सरकार संकल्पित है। पेसा एक्ट के माध्यम से सत्ता के विकेन्द्रीकरण का प्रयास किया जा रहा है। एक्ट लागू होने से ग्राम से संबंधित निर्णय ग्रामसभा द्वारा ही लिए जाएंगे। उन्हांेने उपस्थित प्रतिभागियों का आव्हान किया कि वे प्रशिक्षण में सीखकर जाएं तथा पेसा एक्ट के प्रावधानों का जनहित में क्रियान्वयन करें। कार्यशाला को संबोधन करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि पेसा एक्ट ने जल, जंगल तथा जमीन पर अधिकार दिलाने का काम किया है। एक्ट का जनहित में ज्यादा से ज्यादा उपयोग करते हुए ग्राम विकास की नीव रखें।

प्रशिक्षण में भारत सरकार के पंचायत राज विभाग से निलय कुमार सिंह, महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज संस्थान जबलपुर के डिप्टी डायरेक्टर एसके संचान सहित विषय-विशेषज्ञों ने भी अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। कार्यशाला में पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यशाला का संचालन एसीईओ एसएस मरावी ने किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आज राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग का योजनाभवन में शिविर

प्रातः 9 बजे से पंजीयन, 10 से 4 तक सुनी जाएगी समस्याएँ

शिविर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर लाभ लेने की अपील

मण्डला 27 मई 2023

     भारत सरकार के राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगों 28 मई मण्डला जिले के योजना भवन में बाल अधिकार संरक्षण की बेंच/शिविर लगाकर बाल अधिकारों के हनन व संरक्षण के संबंध में शिकायतों को सुनकर उनका निराकरण करेंगे। साथ ही बच्चों के अधिकार, बाल विवाह रोकने, शिक्षा से जोड़ने, नशामुक्ति के संबंध में जनमानस से चर्चा कर रूपरेखा तैयार की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा जिले के नागरिकों से राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग मण्डला के योजना भवन में 28 मई को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित शिविर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की गई है। शिविर में घरेलू श्रम के रूप में खतरनाक व्यवस्था में बाल श्रम को लगाना, देय राशि का भुगतान न करना, बचाए गए बाल श्रम का प्रत्यावर्तन, बच्चा सड़क पर उत्पाद बेच रहा है, एसिड अटैक से संबंधित मामले, माता-पिता, अभिभावकों, अन्य व्यक्ति के साथ सड़कों पर भीख मांगना, शारीरिक शोषण, हमला, परित्याग, उपेक्षा, घरेलू हिंसा का शिकार बच्चा, एच.आई.वी. स्थिति के आधार पर बच्चे के साथ भेदभाव, बच्चे को पुलिस ने पीटा, सी.सी.आई. में बच्चें के साथ दुर्व्यवहार, अवैध गोद लेना, सी.सी.आई. द्वारा एक बच्चे की बिक्री, बच्चे की बिक्री, बच्चों के खिलाफ हिंसा आदि से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। शिविर के आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग मण्डला के जिला कार्यक्रम अधिकारी को लाईजनिंग ऑफीसर नियुक्त किया हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया है कि आयोग की बंेच में सुनवाई के लिये प्रातः 9 बजे से पंजीयन प्रारंभ होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

वीडियो कॉफेंस 29 को

मण्डला 27 मई 2023

            अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2023 के लिये एफएलसी का कार्य माह जून 2023 के प्रथम सप्ताह में प्रारंभ होने जा रहा है। एफएलसी कार्यक्रम से लेकर अन्य सभी गतिविधियां ईएमएस 2.0 पर ही की जानी है जिसके तारतम्य में 29 मई 2023 को अपरान्ह 4:30 बजे से वीडियो कॉफ्रेंस आयोजित की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता एवं सहायिका की अनंतिम सूची जारी

मंडला 27 मई 2023

            महिला एवं बाल विकास परियोजना नैनपुर, मवई, निवास, बीजाडांडी, मोहगांव, मंडला, बिछिया एवं घुघरी के आंगनबाड़ी केन्द्रों में रिक्त पदों के चयन हेतु अनंतिम सूची जारी कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार परियोजना नैनपुर के आंगनवाड़ी केन्द्र डोभी-1 में रिक्त आंगनवाड़ी सहायिका के पद हेतु वर्षा झारिया, आंगनवाड़ी केन्द्र सुन्हाटोला में कार्यकर्ता पद हेतु सावित्री परते तथा आंगनवाड़ी केन्द्र मक्के-2 में कार्यकर्ता के पद हेतु यामनि भांवरे को प्रथम वरीयता दी गई है। इसी प्रकार परियोजना मवई के आंगनवाड़ी केन्द्र बीजा क्रं.-1 में कार्यकर्ता पद हेतु रमा छांटा, आंगनवाड़ी केन्द्र खलौड़ी में कार्यकर्ता के पद हेतु गंगा तिलगाम, आंगनवाड़ी केन्द्र पटपरा में सहायिका के पद हेतु द्रोपती सोनवानी तथा आंगनवाड़ी केन्द्र खम्हरिया में कार्यकर्ता के पद हेतु सुनीता पैखवार का चयन किया गया है। परियोजना निवास के आंगनवाड़ी केन्द्र बस्तरी-2 में सहायिका के पद हेतु सभ्या धुर्वे, आंगनवाड़ी केन्द्र भजिया में सहायिका के पद हेतु रजनी बाई तथा आंगनवाड़ी केन्द्र हाथीतारा माल में सहायिका के पद हेतु रजनी तेकाम का चयन किया गया है। परियोजना बीजाडांडी में आंगनवाड़ी केन्द्र कटंगी में सहायिका के पद हेतु जानकी मरकाम, आंगनवाड़ी केन्द्र लखनपुर में मिनी आं.बा. कार्यकता के पद हेतु दीक्षा बर्मन, आंगनवाड़ी केन्द्र मोहगांव में सहायिका के पद हेतु सिलोचना परते तथा आंगनवाड़ी केन्द्र समनापुर में कार्यकर्ता के पद हेतु गीता मरावी का चयन किया गया है। परियोजना मोहगांव में आंगनवाड़ी केन्द्र मुकद्दमटोला घुघरा में सहायिका के पद हेतु भागवती परते, आंगनवाड़ी केन्द्र ठेभा में कार्यकर्ता के पद हेतु मंत्री तेकाम एवं आंगनवाड़ी केन्द्र झीना में कार्यकर्ता हेतु निशा विश्वकर्मा का चयन किया गया है। परियोजना मंडला में आंगनवाड़ी केन्द्र मधुपुरी में सहायिका हेतु भूमिका सिंगरौरे का चयन किया गया है। परियोजना बिछिया में आंगनवाड़ी केन्द्र दानीटोला-2 में सहायिका हेतु संगीता धुर्वे तथा आंगनवाड़ी केन्द्र नेवसा बहेरा में सहायिका हेतु सपना राजपूत का चयन किया गया है। परियोजना घुघरी में आंगनवाड़ी केन्द्र महली में कार्यकर्ता हेतु सरिता धुर्वे, आंगनवाड़ी केन्द्र मदनपुर-1 में सहायिका हेतु सरस्वती धूमकेती तथा आंगनवाड़ी केन्द्र कटंगी-2 में कार्यकर्ता के पद हेतु संगीता धुर्वे का चयन किया गया है।

परियोजना अधिकारी ने बताया कि आवेदकों को चयन संबंधी दावे-आपत्ति हों वे सूची प्रकाशन दिनांक से 10 दिवस के भीतर कार्यालयीन समय पर कलेक्टर जिला मंडला के समक्ष अपील की जा सकती है।

 

 

 

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग: विभागों एवं वॉलेंटियर्स की बैठक आयोजित

 

मण्डला 27 मई 2023

                प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मई 2023 आयोजित होने वाली राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की बेंच/शिविर के संबंध में 27 मई को योजना भवन में आयोग दल के द्वारा सभी सम्बंधित विभागों एवं वॉलेंटियर्स के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 28 मई को आयोजित शिविर के क्रियान्वयन हेतु मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई है। आयोग 28 मई को प्रातः 10 बजे से 4 बजे तक योजना भवन में समस्याओं का सुनवाई करेगा। जिलेवासी निर्धारित समय पर पहुंचकर अपनी समस्या के संबंध में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

Related posts

उद्यानिकी कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण हेतु 24 कृषकों का दल रवाना उद्यानिकी फसलों की आधुनिक तकनीक समझने कृषि विज्ञान केन्द्रों का करेगा भ्रमण  

Reva India News

कलेक्टर ने किया वनस्टॉप सेंटर का निरीक्षण

Reva India News

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके शनिवार को मंडला और नैनपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होगी

Reva India News

Leave a Comment