Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 28 मई 2023

आदि उत्सव समापन: अंतिम दिन जनजाति संगोष्ठी आयोजित, प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण

मण्डला 28 मई 2023

            27 एवं 28 मई को रामनगर मंडला में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले आदि उत्सव का समापन हुआ। कार्यक्रम के दूसरे दिन 28 मई को जनजातीय शोध एवं जनजातीय योगदान पर आधारित संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्वान उपस्थित हुए। वक्ताओं ने आदिवासियों के धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक तथा सांस्कृतिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ऐतिहासिक पक्ष पर विस्तार से जानकारी देते हुए स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी जननायकों के कार्य, आंदोलन एवं शहादत पर प्रकाश डाला। विद्वानों ने आदिकाल से नारीशक्ति के उत्थान के लिए हुए जनजातीय आंदोलन, उनके सशक्तिकरण पर भी बात की। इसी प्रकार देशभर की वीरांगनाओं की परम्परा के बारे में बताया। इस दौरान केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, एसपी रजत सकलेचा, पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, जिला पंचायत सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सुधीर कसार एवं जनमानस उपस्थित रहे।

अतिथियों ने किया प्रतिभाओं का सम्मान

 

आदि उत्सव के अंतिम दिन 28 मई को जनजातीय संगोष्ठी के पश्चात 24 मई से प्रारंभ हुई विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंच से अतिथियों ने सम्मानित किया। 24 मई से कबड्डी, तीरंदाजी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इन प्रतियोगिताओं में अलग-अलग आयुवर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। विजेता एवं उप विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। आदि उत्सव के समापन के अवसर पर जेईई-विशिष्ट परीक्षा में सफल होने वाले जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों का भी अतिथियों ने सम्मान करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने संगोष्ठी में पहुंचे वक्ताओं का भी मंच से सम्मान किया। लोक कलाकारों के गुदुम नृतक दल ने अपनी शान प्रस्तुति से उपस्थितजनों की तालियां बटोरी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पटवारियों से अभद्रता…’ शीर्षक का समाचार पूर्णतः निराधार एवं असत्य

कलेक्टर ने मीडिया को दी वस्तुस्थिति की जानकारी

मण्डला 28 मई 2023

            28 मई 2023 को ’पटवारियों ने कलेक्टर पर लगाए अभद्रता के आरोप’ सहित अलग-अलग शीर्षक से प्रकाशित समाचार के संबंध में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि यह खबर पूर्णतः असत्य एवं निराधार है। उन्हांेने बताया कि शुक्रवार के दिन डाइट मंडला में 2018 से लंबित वनाधिकार पट्टों के निराकरण के लिए वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, सचिव एवं पटवारी के लिए प्रशिक्षण रखा गया था। इस दिन पटवारियों का राज्य स्तरीय सामूहिक अवकाश पर होने के बावजूद कुछ पटवारी जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला में शामिल हुए। पटवारी गीतू बैरागी द्वारा प्रशिक्षण में शामिल हुए अन्य पटवारियों को गेट पर खड़े होकर प्रशिक्षण में शामिल होने से रोका गया। कलेक्टर ने बताया कि पटवारी बैरागी द्वारा किया गया यह कृत्य शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की श्रेणी में आता है जो कि दांडिक अपराध भी है।

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि उक्त संबंध में स्पष्टीकरण देने के लिए पटवारी बैरागी को कलेक्टर कार्यालय में बुलाकर समझाईश दी गई किन्तु उन्हांेने स्पष्टीकरण का जवाब देने के स्थान पर स्वयं को बचाने के लिए निराधार एवं असत्य कहानी बनाई। साथ ही अच्छे कार्य करने वाले पटवारियों को भी गुमराह करते हुए झूठी एवं निराधार बातें कही। कलेक्टर डॉ. सिडाना ने बताया कि इस घटनाक्रम के दौरान कलेक्टर कार्यालय में एडीएम मीना मसराम एवं एसएलआर भी मौजूद थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

अब बाल्टी-गुंडी लेकर दूर नहीं जाना पड़ता – भागवती भांवरे

जल-जीवन मिशन से घर में लगा है नल

मण्डला 28 मई 2023

            जल-जीवन मिशन से घर-घर पानी पहुंचाया जा रहा है, मिशन के इस कार्य से अनेक गांवों में जल समस्या का समाधान हो गया है। घर की महिलाओं को इस योजना से सबसे ज्यादा सहुलियत एवं लाभ मिला है। ग्राम भंवरदा की रहने वाली भागवती भांवरे भी जल-जीवन मिशन से लाभान्वित होने वाली गृहणी हैं। भागवती कहती हैं कि मैं पहले बाल्टि एवं गुंडी लेकर घर से काफ़ी दूर पानी के लिए जाती थी। लेकिन हमारे ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन से अब हर घर नल लग गया है। घर-घर नल लग जाने से हम लोगों को ख़ासकर गृहणियों को बहुत सुविधा हो गई है और हमारी परेशानी भी दूर हो गई है। अब हमें गुंडी एवं बाल्टी लेकर दूर पानी लेने के लिए दूर हेंडपंप-नदी पर नहीं जाना पड़ता है। जल जीवन मिशन के माध्यम से मिलने वाले पानी की गुणवत्ता भी अच्छी है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

घर में पानी मिल रहा है, अब हम सब खुश भी हैं, सुखी भी

मण्डला 28 मई 2023

            मंडला जिले के अलग-अलग पंचायतों में जल-जीवन मिशन का कार्य किया जा रहा है। अनेक पंचायतों में मिशन का कार्य पूर्ण भी हुआ है। जिन पंचायतों में जल-जीवन मिशन से घर-घर पानी मिल रहा है वहां के ग्रामवासी भी काफी खुश हैं। घर की महिलाएं-बेटियाँ जल-जीवन मिशन से सर्वाधिक खुश हैं। गौंझी माल की रहने वाली गृहणी घर में नल से पानी मिल जाने से खुश है और कहती हैं कि घर में पानी मिल जाने से परिवार के सभी लोग सुखी हो गए हैं। उन्होंने जल-जीवन मिशन योजना को प्रारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद भी दिया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वास्थ्य, पेयजल एवं विद्युत समस्या के लिए कंट्रोल रूम दूरभाष नंबर 07642-251079

मण्डला 28 मई 2023

            ग्रीष्मकालीन सत्र 2023 जिला आपदा प्रबंधन के अंतर्गत जनसामान्य को लू-(तापघात) के प्रकोप से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं व पेयजल समस्याओं एवं विद्युत समस्याओं के संबंध में जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों एवं उनके समुचित निराकरण हेतु कार्यालय कलेक्टर मण्डला के अधीक्षक कक्ष में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जनसामान्य कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07642-251079 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

लू-तापघात के लिये एडवायजरी

मण्डला 28 मई 2023

            गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले सूती वस्त्रों का प्रयोग करें, भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिए से ढ़क्कर ही धूप में निकलें, रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पीयें एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें, बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें, बच्चों को सिखायें कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आयें। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने देवें, समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें, सुपाच्य भोजन एवं तरल पदार्थों का सेवन करायें। गर्मी के दिनों में ठंडे मौसमी फलों का सेवन करें। तीव्र धूप को अंदर आने से रोकें।

 

लू से बचाव के लिए क्या न करें

 

बिना भोजन किए बाहर ना निकलें। जहां तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें, बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में न जायें, रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। गर्भवती माता, बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 से 4 बजे तक घर के बाहर की गतिविधियों में शामिल न होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पांव न चलें। चाय, कॉफी, अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थें का सेवन न करें।

 

लू लगने के लक्षण इस प्रकार हैं

 

गर्म, लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान 40 सेल्सियस या 104 फेरेंनाइट, मितली या उल्टी आना, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन, सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज हो जाना। घबराहट होना, चक्कर आना, बेहोशी और हल्का सिरदर्द।

 

प्राथमिक उपचार इस प्रकार दिया जाये

 

रोगी को तुरंत छायादार जगह पर कपड़े ढ़ीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य, पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शर्बत (पना) आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान कराएं या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियाँ रखकर पूरे शरीर को ढक दें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्व-रोजगार के लिए प्रशिक्षण हेतु ऑनलाईन आवेदन 31 तक

मण्डला 28 मई 2023

            मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड भोपाल द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम योजना अन्तर्गत वर्ष 2023-24 के लिए जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर गुड्स, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग फल एवं सब्जी (आचार, पापड़, मसाले एवं अन्य), कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टेली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राजमिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इम्ब्रोइडरी, जरी जरदोसी, विडियोग्राफी फोटोग्राफी, मोटर वाइरिंग, मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरवत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु आवेदन ऑनलाईन 31 मई 2023 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/User_Registration_khadi.aspx पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

कौशल उन्नयन प्रशिक्षण के लिए आवेदन 30 जून तक आमंत्रित

मण्डला 28 मई 2023

            जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्रों के लिए कौशल एवं तकनीकि विकास योजना 2021 अंतर्गत मंडला जिले के बुनकरों एवं शिल्पियों, स्व-सहायता समूहों, बुनकर सहकारी समितियों, मास्टर उद्यमियों से वर्ष 2023-24 के लिए कौशल उन्नयन प्रशिक्षण के लिए 30 जून 2023 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी जिला पंचायत मंडला 8989723206 से संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

बीमार एवं घायल पशुओं को मिलेगी तत्काल सहायता

मण्डला 28 मई 2023

            उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने बताया कि मंडला जिले को 10 वेटनरी मोबाइल यूनिट मिली हैं जिसके अंतर्गत 9 विकासखंडों में एक-एक मोबाइल यूनिट एवं एक जिला मुख्यालय को दी गई है। जिले में कहीं से भी 1962 टोल फ्री नंबर पर कॉल करने पर घायल या बीमारी पशु को त्वरित सहायता एवं उपचार कार्य मिलेगा जिससे पशुओं के जीवन को बचाया जा सकेगा।

उपसंचालक ने बताया कि प्रत्येक एम्बुलेंस वाहन में एक पशु चिकित्सक, एक सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एवं एक वाहन चालक रहेगा। यह टीम पशुपालकों के पशुओं के उपचार के लिए सशुल्क घर पहुंच सेवा उपलब्ध कराएगी। वाहन में आवश्यक दवाइयां एवं पशु चिकित्सा की सेवाएं दी जाएँगी। प्राप्त एम्बुलेंसों को जल्द ही विकासखंड स्तर पर सेवाएं हेतु भेजा जायेगा।

 

 

बच्चों की समस्याओं के निराकरण में समाज का सहयोग अत्यंत आवश्यक – अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो

राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग ने शिविर लगाकर सुनीं समस्याएं

 

मण्डला 28 मई 2023

                राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष तथा राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य मंडला ज़िले के दो दिवसीय प्रवास पर थे। आयोग ने 28 मई को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक योजना भवन में शिविर लगाकर बच्चों एवं एवं उनके परिजनों की समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त किए। मीडिया से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न विभागों एवं योजनाओं के माध्यम से बाल संरक्षण, उनके पुनर्वास एवं उनकी बेहतरी के लिए वृहत स्तर नीतिगत एवं कानूनी आधार पर काम किया जा रहा है। उन्हांेने बताया कि जुवेनाईल एक्ट में भी बाल संरक्षण एवं अधिकारों के संबंध में अनेक नए प्रावधान भी जोड़े गए हैं। अध्यक्ष श्री कानूनगो ने कहा कि बच्चों की समस्याओं का निराकरण सिर्फ़ बच्चों के माध्यम से ही नहीं वरन इसके निराकरण के लिए पूरे समाज के सहयोग की अत्यंत आवश्यकता है। इस दौरान श्री क़ानूनगो ने जिला प्रशासन के सहयोग से मंडला ज़िले के बच्चों की समस्याओं के चिन्हांकन, मैपिंग तथा उनके शिविर लगाने संबंधी समस्त गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य ओमकार सिंह, अनुराग पांडे तथा मेघा पवार उपस्थित थी।

शिविर में व्यक्तिगत शिकायतों के 458 आवेदन, 238 निराकृत

 

                राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग द्वारा 28 मई को प्रातः 10 बजे से 4 बजे तक योजना भवन में लगाए गए समस्या निवारण शिविर में व्यक्तिगत समस्याओं के 458 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 238 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। आयोग ने प्राप्त होने वाले कोविडकेयर बालस्वराज के 103, 5 आकांक्षी विकासखंड के 2305 ड्राप आउट बच्चों, पास्को के 42 मुआवज़ा प्रकरण तथा विद्युत, जलविहीन एवं भवन विहीन आंगनवाड़ी के विषयों से संबंधित आवेदनो पर संज्ञाओं लिया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 15 दिव्यांग सर्टिफिकेट बनाए गए।

                शिविर के प्रारंभ में बैगा नृतक दल ने राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो एवं सदस्यों की अगवानी की। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने माननीय अध्यक्ष एवं सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। आयोग के अध्यक्ष श्री कानूनगो ने पंजीयक डेस्क का निरीक्षण किया तथा शिविर में पहुंचे बच्चों एवं उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात भी की।

Related posts

श्री दिलीप कुमार श्रीवास को सीएम हेल्पलाईन के निराकरण के लिए मिला प्रशस्ति पत्र  

Reva India News

नेहरू स्मारक सौंदर्यीकरण कार्य का किया गया भूमि पूजन

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 6 फरवरी 2023

Reva India News

Leave a Comment