Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 28 जून 2023

आपदा प्रबंधन की तैयारियों को गंभीरता से सुनिश्चित रखें – डॉ. सिडाना

कंट्रोल रूम एवं आपदा प्रबंधन कक्ष का औचक निरीक्षण

मंडला 28 जून 2023

                 कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बुधवार को जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थापित किए गए जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम का नंबर लगातार सक्रिय रखें। इसी प्रकार अल्टरनेट सीयूजी मोबाइल नंबर की भी व्यवस्था बनाए। उन्होंने निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम की ड्यूटी में संशोधन करते हुए प्रतिदिन एक वरिष्ठ अधिकारी की ड्यूटी लगाएं। इसी प्रकार एसएलआर सप्ताह के सातों दिन कंट्रोल रूम में ड्यूटी करेंगे। उनकी सहायता के लिए सहायक एसएलआर भी ड्यूटीरत होंगे। उन्होने कंट्रोल रूम में ड्यूटीरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ब्लॉक स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर एवं अन्य ज़रूरी नंबरों का समुचित रूप से संधारण करें तथा परस्पर सतत रूप से संपर्क में रहें।

कलेक्टर डॉ. सिडाना ने जिला होमगार्ड्स द्वारा आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए की गई तैयारियों का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कमांडेंट होमगार्ड को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी समस्त बचाव सामग्री जैसे- रस्सी, बोट, दवाइयां, ज़रूरी उपकरण, टार्च आदि तहसील स्तरों पर वितरण करें। इसी प्रकार ज़िलेभर के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में प्रशिक्षित अमले की तैनाती सुनिश्चित करें। उन्होंने लाइफ़ जैकेट, लाइफ़ बॉल, चिकित्सा सामग्री एवं अन्य आवश्यक सामग्री को भी मैदानी स्तर पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल भेजने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

दवाई स्टोर के मैनेजमेंट में गड़बड़ी पर होगी एफआइआर – डॉ. सिडाना

बड़ी खैरी स्टोर रूम के औचक निरीक्षण में पहुँची कलेक्टर

मंडला 28 जून 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय दवा स्टोर रूम का बुधवार को दोपहर में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टोर रूम में संधारित की गई दवाईयों की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधितों को निर्देशित किया कि दवा स्टोर रूम का मैनेजमेंट पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ करें। दवाईयों के मैनेजमेंट में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध एफ़आइआर दर्ज की जाएगी। कलेक्टर ने इस दौरान ई-औषधि पोर्टल की जानकारी ली। उन्होंने कहा उन्होंने कहा कि दवाइयों की अपडेट स्थिति भी रखें।

सीएमएचओ करें स्टोर रूम का निरीक्षण

 

कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह को निर्देशित किया कि जिले के सभी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम का विशेष रूप से निरीक्षण करें तथा इसकी नियमित रिपोर्ट दें। कलेक्टर ने कहा कि इन्सपेक्शन के दौरान बारिश के मौसम में सर्पदंशरोधी दवाईयों सहित अन्य ज़रूरी दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करें।

 

सर्पदंशरोधी दवाईयां अनिवार्यतः स्टॉक में रखें

 

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बारिश के दौरान सर्पदंशरोधी दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्हांेने कहा कि जिले में जिन इलाकों से सर्पदंश की घटनाएँ ज्यादा होती हैं उन क्षेत्रों में इन दवाइयों को तत्काल भेजें। उन्होंने घुघरी, मवई एवं बिछिया क्षेत्र के लिए सर्पदंशरोधी दवाईयाँ पर्याप्त मात्रा में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान स्टॉक में रखी गई दवाइयों का विस्तृत निरीक्षण किया एवं उनके उपयोग, वितरण एवं रख-रखाव से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

सूचना तंत्र प्रभावी रखें, जलभराव संभावित क्षेत्रों की जानकारी अपडेट रखें – कलेक्टर

आपदा प्रबंधन की बैठक में निर्देश

मंडला 28 जून 2023

                जिला आपदा प्रबंधन के संबंध में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में होमगार्ड अमले की तैनाती एवं उनके लिए जरूरी सामान की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा भौतिक सत्यापन भी करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिला स्तर पर अत्यावश्यक परिस्थितियों के लिए मोटरबोट भी उपलब्ध है, आवश्यकता होने पर तत्काल संबंधित क्षेत्रों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। उन्हांेने कहा कि एसडीएम अपने क्षेत्र के चिकित्सालयों का भी भ्रमण करते हुए उनमें आपदा प्रबंधन एवं बारिश के दौरान आवश्यक दवाईयों जैसे- ओआरएस, ब्लीचिंग पाउडर, सर्पदंशरोधी दवाईयाँ आदि का भी निरीक्षण करें तथा उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसी प्रकार दवाई वितरण की व्यवस्था भी पुख्ता रखें।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों में कंट्रोल रूम की स्थापना करते हुए नियमित ड्यूटी निर्धारित करें। प्रतिदिन एक वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करें। कंट्रोल रूम में समुचित व्यवस्था एवं जरूरी नंबर संधारित रखे जाएं। उन्हांेने कहा कि बारिश के दौरान सभी प्रभावी सूचना तंत्र रखें एवं समन्वय के साथ प्रबंधन की कार्यवाही करें।

 

जलभराव संभावित क्षेत्रों पर सतत् निगरानी रखें

 

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जल संसाधन विभाग एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रों के जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित करें। इसी प्रकार लगातार बारिश के चलते जलभराव की संभावना वाले क्षेत्रों पर भी सतत् निगरानी रखें एवं स्थानीय तथा जिला स्तर पर इसकी सूचना दें। संबंधित अधिकारी जलभराव संभावित क्षेत्रों का समय-समय पर भ्रमण भी करें। साथ ही जानकारी को अपडेट भी रखें। कलेक्टर ने सड़क से जुड़े विभागों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान पुल-पुलियों, डायवर्सन, खतरनाक या दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर संकेतक, रैलिंग, सूचना बोर्ड आदि लगाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

बाढ़ में फसे लोगों को निकालने में प्रशासन मुस्तैद

बाढ़ के दौरान खतरनाक स्थानों पर न जाएँ, पुल पार न करें – कलेक्टर

मंडला 28 जून 2023

                तहसीलदार घुघरी ने बताया की 27 जून की रात्रि में तहसील घुघरी अंतर्गत ग्राम पंचायत खमरिया के बाकलनाला में मछली पकड़ने गए 7 लोग अचानक आई बाढ़ में फस गए थे। प्रशासन, पुलिस बल, पंचायत एवं स्थानीय ग्रामवासियों के सहयोग से फसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इसी प्रकार घुघरी के ही ग्राम पंचायत चुरिया में 10 लोग अचानक आई बाढ़ में फस गए थे जिन्हे भी स्थानीय लोगों के सहयोग से सुरक्षित निकला गया। 28 जून को नैनपुर-बालाघाट क्षेत्र में फसे 2 लोगों को स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षित रूप से निकाल लिया गया।

 

बाढ़ के दौरान ख़तरनाक स्थलों पर न जाने की अपील

 

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिलेवासियों से अपील की है कि बाढ़ के दौरान ख़तरनाक स्थानों पर न जाएं। इसी प्रकार पुल पर पानी होने की दशा में पुल आदि भी पार न करें। उन्होंने अपनी अपील में कहा है कि अभिभावक भी अपने बच्चों को इस संबंध में आवश्यक समझाईश दें कि बाढ़ एवं ख़राब मौसम के दौरान ख़तरनाक या दुर्घटना संभावित स्थानों पर न जाएं।

 

 

 

 

 

 

 

जनपद पंचायत मोहगांव में आपदा कंट्रोल रूम स्थापित

मंडला 28 जून 2023

                मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मोहगांव से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार वर्षाकाल के दौरान अतिवृष्टि, बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा की संभावनाओं को देखते हुए जनपद पंचायत मोहगांव में आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का नंबर 8717873763 है। कंट्रोल रूम के प्रभारी ब्लॉक समन्वय संजय मनोहर जोशी हैं जिनका मोबाईल नंबर 8234002310 है। कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

जनपद नारायणगंज में बाढ़ नियंत्रण के लिए नंबर जारी

मंडला 28 जून 2023

                मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणगंज ने बताया कि कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार वर्षाकाल के दौरान अतिवृष्टि, बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा की संभावनाओं को देखते हुए जनपद पंचायत नारायणगंज में बाढ़ नियंत्रण के लिए नंबर जारी किया गया है। तहसील नारायणगंज का नंबर 9425359361 है। इसी प्रकार थाना टिकरिया का नंबर 07643-224237 है।

 

 

 

 

 

 

 

रोजगार मेले का आयोजन 30 जून को डाईट में

मंडला 28 जून 2023

                जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि युवा जिनकी उम्र 18-35 वर्ष एवं योग्यता-कक्षा 8वीं से स्नातक एवं आई.टी.आई उत्तीर्ण को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने हेतु 30 जून 2023 को डाइट (बीटीआई) मण्डला में रोजगार मेले का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 3 बजे तक किया जा रहा है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मण्डला एवं जिला रोजगार कार्यालय मण्डला द्वारा संयुक्त रूप से रोजगार दिवस में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार पंजीयन एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

विगत एक माह में जारी हुए 759 हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टे

मंडला 28 जून 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशन में मंडला जिले में बीते एक माह में विशेष अभियान चलाकर वनाधिकार पट्टे के सर्वे, परीक्षण एवं जारी करने की प्रक्रिया संचालित है। विगत एक माह में 759 हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टे जारी भी किए गए हैं। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार वन क्षेत्र में निवास करने वाली अनुसूचित जनजातियों और अन्य परम्परागत वन निवासियों को वन अधिकारों और वन भूमि में अधिभोग को मान्यता प्रदान करने के लिए यह अभियान चलाया गया है।

वनाधिकार पट्टे जारी करने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत राजस्व, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जनजातीय कार्यविभाग के अमले को जिला स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण में राजस्व, वन और ग्रामीण विकास के अमले को संयुक्त रूप से संबंधित क्षेत्र में सर्वे करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त दल ने सर्वे की कार्यवाही समय में पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन किया जिसके आधार पर विगत एक माह में 759 हितग्राहियों के लिए वनाधिकार पट्टे जारी किए गए हैं। जानकारी के अनुसार पश्चिम सामान्य वनमंडल ने 616, पूर्व सामान्य वनमंडल में 131 एवं बफर जोन वनमंडल में 12 हितग्राहियों को वनभूमि पट्टे जारी किए गए। वनाधिकार पट्टा मिलने से ये हितग्राही शासन की अन्य योजनाओं का भी लाभ प्राप्त कर सकेंगे। कलेक्टर ने विगत एक माह में वनाधिकार पट्टे के सर्वे, परीक्षण एवं जारी करने की प्रक्रिया में संलग्न अमले को बधाई दी है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

मण्डला 28 जून 2023

                जिले में इस वर्ष एक जून से 28 जून के दौरान 234.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 101.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 132.7 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जून को मंडला में 131.4 मि.मी., नैनपुर में 93.8 मि.मी., बिछिया में 56.4 मि.मी., निवास में 78.6 मि.मी., घुघरी में 70.1 मि.मी. एवं नारायणगंज में 94.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 28 जून को 87.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन के लिए ड्यूटी निर्धारित

कलेक्टर ने जारी किए आदेश

जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 07642-251179

मंडला 28 जून 2023

                जिला आपदा प्रबंधन के अंतर्गत मानसून सत्र 2023 में वर्षाकाल के दौरान बाढ़/अतिवृष्टि से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम कलेक्टर कार्यालय के अधीक्षक कक्ष में स्थापित किया गया है। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 07642-251179 है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कंट्रोल रूम में जिले से प्राप्त शिकायतों के समन्वय के संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन प्रभारी एडीएम मीना मसराम तथा जिला स्तरीय बाढ़ आपदा कंट्रोल रूम प्रभारी एसएलआर मुन्नालाल तिवारी हैं। जिला स्तरीय बाढ़ आपदा कंट्रोल रूम में 24 घंटे की ड्यूटी के लिए सहायक के रूप सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख हीरालाल तिवारी, इंद्रजीत सिंह, रामसिंह उलाड़ी तथा प्रभारी लिपिक मनोज राय को नियुक्त किया गया है। कंट्रोल रूम में सुबह 8 बजे से 2 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक की 2 शिफ्ट निर्धारित की गई है जिसमें दिनवार अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित है।

जारी आदेश के तहत रविवार के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए खेलकूद अधिकारी रवि ठाकुर तथा दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक के लिए जिला समन्वयक जन अभियान राजेन्द्र चौधरी, सोमवार के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए रा.नि नजूल अनीता मडावी तथा दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक के लिए सहा. संचा. एलएस सेंद्राम, मंगलवार के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए रा.नि. नजूल प्रज्ञा स्वामी तथा दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक के लिए सहा.संचा. एसीटीडब्ल्यू डीएस उद्दे, बुधवार के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए सहा.संचा.पि. वर्ग दिलीप श्रीवास तथा दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक के लिए सहा.संचा. एलएस सैयाम, गुरूवार के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए नापतौल अधिकारी जीपी मरावी तथा दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक के लिए जिला उद्योग एवं व्यापार एनके बास्कले, शुक्रवार के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए जिला परियोजना समन्वयक डीपी ठाकुर तथा दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक के लिए संयोजक एसीटीडब्ल्यू रंजीत गुप्ता, शनिवार के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए खादी ग्रामोद्योग विजय धुर्वे तथा दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक के लिए जिला विपणन अधिकारी कृष्णराज परतेती की ड्यूटी लगाई गई है।

Related posts

संयुक्त कलेक्टर व्हीके कर्ण जांच अधिकारी नियुक्त

Reva India News

30 जून की स्थिति में लम्बित प्रकरण 15 दिवस में निराकृत करें – अभय वर्मा संभाग आयुक्त ने किया एसडीएम तथा तहसील कार्यालयों का निरीक्षण

Reva India News

मानव सेवा ही माधव सेवा है, इसलिए दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण का वितरण किया गया जपं. बिछिया में भारत सरकार की एडिप योजना एलिम्को सहायक उपकरण वितरण शिविर संपन्न हुआ

Reva India News

Leave a Comment