Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 30 जून 2023

कलेक्टर ने ली केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक

मंडला 30 जून 2023

शुक्रवार को केंद्रीय विद्यालय में जिला कलेक्टर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष डॉ. सलोनी सिडाना ने इस सत्र की प्रथम बैठक ली। विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में कलेक्टर ने अंशकालीन शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली और रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं के विषय एवं विद्यालय में मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता के लिए ऑनलाइन सेवाएं लेने और बॉस्केटबॉल ग्राउंड बनाने संबंधी चर्चा की एवं ज़रूरी निर्देश दिए। बैठक में केन्द्रीय विद्यालय प्राचार्य उपेन्द्र कुमार, ईईपीआईयू जेपी पटले सहित संबंधित उपस्थित थे।

कलेक्टर ने विद्यालय की नई बाउंड्रीवॉल निर्माण के संबंध में जानकारी लेते हुए कार्य को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय के कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड के परीक्षा परिणाम की जानकारी लेते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे- नीट और जेईई में विद्यालय के छात्रों के चयन के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने कक्षा बारहवीं के पश्चात प्रतियोगी परीक्षा में छात्रों की चयन संख्या में वृद्धि हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस संबंध में उन्होंने कक्षा 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री, मेथ्स और बायोलॉजी के शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के छात्रों का पाठ्यक्रम अक्टूबर 2023 तक समाप्त करें, ताकि छात्रों को पुनरावृति और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु अतिरिक्त समय मिल सके। पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित किताबें और मॉकटेस्ट पेपर पर्याप्त मात्रा में रखें और विद्यालय के प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित भूतपूर्व छात्रों से परामर्श और मार्गदर्शन लेने हेतु एक सेशन रखने का सुझाव दिया। बैठक में उन्होंने अभिभावकों और अन्य सदस्यों से भी विद्यालय प्रबंधन समिति की बेहतरी के लिए सुझाव मांगे।

केन्द्रीय विद्यालय की कक्षों का निरीक्षण

 

कलेक्टर ने इस दौरान केन्द्रीय विद्यालय के फिजिक्स लैब, केमिस्ट्री लैब, बायोलॉजी लैब, अटल लैब, संगीत कक्ष, पीटी कक्ष एवं लायब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि लायब्रेरी में पुस्तकों को विषयवार रखें। कलेक्टर ने अटल लैब के निरीक्षण के दौरान थ्रीडी प्रिंटर की विस्तृत जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

रोजगार मेले में 113 का प्रारंभिक चयन

मंडला 30 जून 2023

नगरपालिका मण्डला के टाउनहॉल में आयोजित रोजगार मेले में कुल 223 युवाओं ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन कराया। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि मेले में कुल 3 निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा 113 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया। साथ ही उपस्थित आवेदकों को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना की जानकारी देते हुए पोर्टल में पंजीयन करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मोहगांव में आशा प्रोत्साहन राशि गबन के मामले में 2 पर एफआईआर दर्ज

मण्डला 30 जून 2023

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहगाँव में आशा प्रोत्साहन राशि के गबन के मामले में 2 आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना मोहगाँव में विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार अनामिका दुबे एवं रानू कुम्हरे के द्वारा अपने परिचित की फर्जी आशा कार्यकर्ता आईडी बनाकर 2019 से उनके खातों में शासकीय राशि ट्राँसफर की गई। मोहगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

 

 

 

 

 

 

 

 

ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल का प्रशिक्षण प्रत्येक सोमवार को

मंडला 30 जून 2023

कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार तथा उच्च न्यायालय जबलपुर के निर्देशानुसार जिले के विभागीय अधिकारियों को ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए ई-दक्ष केन्द्र के वरिष्ठ प्रशिक्षण को ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल का प्रशिक्षण प्रदाय कर मास्टर ट्रेनर बनाया गया है।

अर्ध दिवसीय प्रशिक्षण सप्ताह के प्रत्येक सोमवार को ई-दक्ष केन्द्र, बीआरसी भवन में प्रदाय किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुसार ई-दक्ष केन्द्र में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

मण्डला 30 जून 2023

जिले में इस वर्ष 1 जून से 30 जून के दौरान 287.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 142.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 145.1 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जून को मंडला में 13.2 मि.मी., नैनपुर में 4.2 मि.मी., बिछिया में 1 मि.मी., निवास में 15.4 मि.मी., घुघरी में 33.1 मि.मी. एवं नारायणगंज में 21.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 30 जून को 14.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

मंडला 30 जून 2023

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे 1 जुलाई 2023 को प्रातः 8 बजे जेवरा से शहडोल के लिए रवाना होंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 12 बजे शहडोल पहुंचकर वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा के समापन समारोह एवं सिकल सेल एनीमिया नेशनल पोर्टल लाँच कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। श्री कुलस्ते रात्रि 8 बजे शहडोल से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे एवं रात्रि 11:55 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 2 जुलाई 2023 को जेवरा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात दोपहर 1 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

1 से 5 तक की कक्षाएं 1 जुलाई से प्रारंभ होंगी

मण्डला 30 जून 2023

कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं 1 जुलाई से प्रारंभ होंगी। कलेक्टर द्वारा इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 5वी तक की समस्त कक्षायें 1 जुलाई 2023 से नियमित समय सारिणी के अनुसार संचालित होंगी।

 

Related posts

बिना अनुमति चल रही थी केमिकल इंडस्ट्रीज  कृषि विभाग ने गोदाम सील करके विक्रय किया प्रतिबंध

Reva India News

राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई

Reva India News

जिले में अब तक 964.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज  

Reva India News

Leave a Comment