Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 2 जुलाई 2023

अगले 4 दिन फूलसागर-नारायणगंज मार्ग में भारी वाहन प्रतिबंधित

कलेक्टर एवं एसपी ने किया हाईवे का बारिकी से निरीक्षण

एमपीआरडीसी को गुणवत्ता के साथ तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश

मण्डला 2 जुलाई 2023

                मंडला-जबलपुर मार्ग पर बन रही जाम की समस्या के मद्देनजर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कुड़ामैली के संबंधित स्थल का बारिकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने एमपीआरडीसी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुड़ामैली में डायवर्सन का काम तत्काल प्रारंभ करते हुए उचित गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करें। उन्होंने आगामी 4 दिनों के लिए फूलसागर से बरेला मार्ग में भारी वाहनों के आवागमन को तत्काल प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डायवर्जन का कार्य पूरा होने तक छोटे वाहन एवं यात्री बसों को फूलसागर, नारायणगंज, बरेला मार्ग में जाने की अनुमति होगी। अन्य बड़े एवं भारी वाहन फूलसागर, निवास, मनेरी, बरेला मार्ग से जा सकेंगे।

पूरे समय रखें ड्रायवर सहित क्रेन की व्यवस्था

 

कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडला से नारायणगंज, कुड़ामैली तक के मार्ग में डायवर्जन के कार्य तथा पुलों के पेंच वर्क का कार्य इसी सप्ताह प्रारंभ करें तथा एक माह में गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूरा करें। उन्हांेने फूलसागर पुल के पेंच वर्क एवं रेलिंग कार्य, बबैहा सरफेस के सतह की मरम्मत एवं रेलिंग कार्य तथा बबैहा डायवर्जन कार्य को इसी सप्ताह प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नारायणगंज के पास बालई पुल का भी निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने एसडीएम एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित थाने में पूरे समय ड्रायवर सहित क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करें ताकि जाम, आदि की समस्या आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही की जा सके।

अति आवश्यक कार्य के लिए शासन से 25 लाख स्वीकृत

 

मंडला-बरेला मार्ग में बारिश के दौरान आने वाली समस्याओं के तात्कालिक निराकरण के लिए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा गया था जिसके आधार पर राज्य शासन द्वारा न्यूनतम, वांछित एवं अति आवश्यक कार्य के लिए तत्काल रूप से 25 लाख रूपए स्वीकृत कर दिए गए हैं।

सुधार कार्य के दौरान प्रशासन का सहयोग करें

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उनसे प्रशासन का सहयोग करने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग में आवश्यक सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। ग्रामीण समस्या के समाधान के लिए प्रशासन के साथ समन्वय करते हुए सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे भ्रमण के दौरान ग्रामीणजनों की भी समस्याएं सुनें तथा उन्हें जिला प्रशासन के संज्ञान में लाएं।

 

 

 

 

 

 

 

शिक्षक समय पर स्कूल आते हैं या नहीं ?

कलेक्टर ने बच्चों से ली शैक्षणिक गतिविधियों का फीडबैक

मण्डला 2 जुलाई 2023

                कूड़ामैली, नारायणगंज क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बच्चों से आत्मीय चर्चा करते हुए शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में फीडबैक लिया। उन्हांेने बच्चों से पूछा- स्कूल जाते हो या नहीं ? पुस्तकें और गणवेश मिले या नहीं ? स्कूल में प्रवेश उत्सव मनाया गया नहीं ? शिक्षक समय पर आते हैं या नहीं ? मध्यान्ह भोजन मिलता है या नहीं ? कलेक्टर ने बच्चों को नियमित स्कूल जाने की समझाईश देते हुए उन्हें स्नेहस्वरूप चॉकलेट एवं बिस्किट दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरण में जिले को राज्य स्तर पर चतुर्थ स्थान

मण्डला 2 जुलाई 2023

                1 जुलाई को आयोजित आयुष्मान कार्ड वितरण एवं राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 का शुभारंभ कार्यक्रम शहडोल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंडला जिले के 18026 हितग्राहियों को पीवीसी आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरण की प्रगति में मंडला जिला राज्य स्तर पर चतुर्थ स्थान पर है।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शहडोल कार्यक्रम का प्रसारण जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में किया गया जिसमें पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरण की कार्यवाही भी की गई। कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण मंडला जिले में 18026 हितग्राहियों को पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरण किए गए। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार शेष ईकेवाईसी की कार्यवाही आशा कार्यकर्ता एवं रोजगार सहायकों द्वारा पूर्ण कर पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरण किया जा रहा है।

 

2108 लोगों को सिकलसेल जेनेरिक स्क्रीनिंग कार्ड वितरित

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में सिकलसेल एनीमिया के मरीजों के चिन्हांकन के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिकलसेल के मरीज के चिन्हांकन के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित कार्यक्रमों के दौरान संभावित मरीजों की जांच की गई। बताया गया कि जिले मंे 2108 लोगों को सिकलसेल जेनेरिक स्क्रीनिंग कार्ड एवं उपचार तथा फॉलोअप पुस्तिका का वितरण किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बाढ़ के दौरान खतरनाक स्थलों पर न जाएँ – कलेक्टर

मण्डला 2 जुलाई 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिलेवासियों से अपील की है कि बाढ़ के दौरान खतरनाक स्थानों पर न जाएं। इसी प्रकार पुल पर पानी होने की दशा में पुल आदि भी पार न करें। उन्होंने अपनी अपील में कहा है कि अभिभावक भी अपने बच्चों को इस संबंध में आवश्यक समझाईश दें कि बाढ़ एवं ख़राब मौसम के दौरान ख़तरनाक या दुर्घटना संभावित स्थानों पर न जाएँ।

 

 

 

 

 

 

अमृत सरोवर मामले में राज्य स्तरीय जाँच दल गठित

मण्डला 2 जुलाई 2023

                विगत दिनों निवास क्षेत्र के अमृत सरोवर के फूटने के प्रकरण में शासन द्वारा राज्य स्तर से जाँच दल गठित किया गया है, जो घटना की जाँच कर निर्धारित समयावधि में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रकरण में ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निलंबित भी कर दिया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना बैच 2: जिले से 135 युवाओं का किया जाएगा चयन

मण्डला 2 जुलाई 2023

                मध्यप्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण ’मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना” के बैच 2 शुभारम्भ किया गया है। यह सरकारी योजना मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए है। इस योजना के तहत हर विकासखंड में 15 और प्रदेशभर में 4695 युवाओं का चयन किया जाएगा जिसमें से 135 इंटर्न (सीएम जनसेवा मित्र) का चयन मण्डला ज़िले के लिए किया जाएगा, जो मण्डला जिले के मूल निवासी हैं जिनकों इस योजना के तहत विकास योजनाओं का कार्य अनुभव दिया जाएगा। मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना के लिए आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पिछले 2 वर्षाे में न्यूनतम 50 प्रतिशत से स्नातक, स्नातकोत्तर उत्तीर्ण आवेदक एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 2 से 10 जुलाई 2023 तक ऑनलाइन वेबसाइट https://services.mp.gov.in/main/citizen/services/ui#intr/apply पर आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के द्वारा “मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र” बनने का मौका मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा 8000 रूपये का स्टायपेंड दिया जायेगा। इंटर्नशिप की कार्यवधि 6 माह की होगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

मण्डला 2 जुलाई 2023

                जिले में इस वर्ष 1 जून से 2 जुलाई 2023 के दौरान 302.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 156 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 146.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 जुलाई को मंडला में 14.6 मि.मी., नैनपुर में 1.4 मि.मी., बिछिया में 1.6 मि.मी., घुघरी में 4.6 मि.मी. एवं नारायणगंज में 5.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 2 जुलाई 2023 को 4.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत

मंडला 2 जुलाई 2023

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सत्ती बाई ग्राम जेवरा निवासी की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक सक्ता को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल का प्रशिक्षण प्रत्येक सोमवार को

मंडला 2 जुलाई 2023

                कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार तथा उच्च न्यायालय जबलपुर के निर्देशानुसार जिले के विभागीय अधिकारियों को ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए ई-दक्ष केन्द्र के वरिष्ठ प्रशिक्षण को ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल का प्रशिक्षण प्रदाय कर मास्टर ट्रेनर बनाया गया है।

अर्ध दिवसीय प्रशिक्षण सप्ताह के प्रत्येक सोमवार को ई-दक्ष केन्द्र व बीआरसी भवन में प्रदाय किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुसार ई-दक्ष केन्द्र में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

जनपद पंचायत मोहगांव में आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित

मंडला 2 जुलाई 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार वर्षाकाल के दौरान अतिवृष्टि, बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा की संभावनाओं को देखते हुए जनपद पंचायत मोहगांव में आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का नंबर 8717873763 है। कंट्रोल रूम के प्रभारी ब्लॉक समन्वयक संजय मनोहर जोशी हैं जिनका मोबाईल नंबर 8234002310 है। कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

जनपद नारायणगंज में बाढ़ नियंत्रण के लिए नंबर जारी

मंडला 2 जुलाई 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार वर्षाकाल के दौरान अतिवृष्टि, बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा की संभावनाओं को देखते हुए जनपद पंचायत नारायणगंज में बाढ़ नियंत्रण के लिए नंबर जारी किया गया है। तहसील नारायणगंज का नंबर 9425359361 है। इसी प्रकार थाना टिकरिया का नंबर 07643-224237 है।

 

Related posts

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने राजा शंकरशाह एवं कुंवर रघुनाथशाह की प्रतिमा का अनावरण किया

Reva India News

समस्त उत्कृष्ट विद्यालयों में जेईई व नीट रिफ्रेशर कोचिंग का पंजीयन 18 से प्रारंभ

Reva India News

आज से साईं भक्त किशोर मांगेगे भिक्षा

Reva India News

Leave a Comment