सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के निराकरण में मंडला जिला अव्वल
कलेक्टर ने दी अधिकारियों को शुभकामनाएँ
मंडला 22 जुलाई 2023
मंडला जिले में सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों का निराकरण अत्यंत प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। शिकायतों के सकारात्मक निराकरण के लिए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा साप्ताहिक रूप से समीक्षा करते हुए लगातार फॉलोअप किया जाता है जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण के संबंध में मंडला जिला प्रदेश में अव्वल है। जून माह में प्राप्त आवेदनों के निराकरणों की समीक्षा के आधार पर 21 जुलाई को प्रदेश स्तर से रैंकिंग जारी की गई है जिसमें कुल वेटेज स्कोर 83.46 के साथ मंडला जिले को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण का वेटेज 48.28 है। 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का वेटेज 15.29, निम्न गुणवत्ता से बंद शिकायतों का वेटेज 10 तथा नॉन अटेंडेंट शिकायतों का वेटेज 9.89 के साथ मंडला जिला ए ग्रेड पाते हुए प्रदेश में पहले स्थान पर है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण के लिए सीएम हेल्पलाईन पोर्टल एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं हैं।

विभागीय कार्यों में प्रगति लाएं राजस्व अधिकारी – डॉ. सिडाना
समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मंडला 22 जुलाई 2023
राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी विभागीय कार्यों में प्रगति लाने का प्रयास करें। 6 माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करें। कोई भी प्रकरण अधिक तक लंबित नही रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीमांकन एवं अविवादित बंटवारा आदि के प्रकरणों को समय पर निराकृत करने का प्रयास करें तथा निराकृत प्रकरणों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करें।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शासकीय भूमि की सुरक्षा राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी है। कहीं भी अतिक्रमण न होने दें। उन्होंने अतिक्रमणों को हटाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री आवासीय भू अधिकार योजना के प्रकरणों के निराकरण में सकारात्मक रहें। प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत ई-केवाईसी तथा आधार सीडिंग का कार्य जल्द पूर्ण कराएं। स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ग्राउंड टुथिंग में प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे सहित समस्त एसडीएम तथा संबंधित उपस्थित रहे।

निर्वाचन के तैयारियाँ के संबंध में
कलेक्टर ने ली राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक
मंडला 22 जुलाई 2023
आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के मद्देनजर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने राजस्व तथा पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की कार्यवाही समय पर पूर्ण करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का प्रयास करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि एसडीएम, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनरीक्षण कार्य की मॉनिटरिंग करें। फॉर्म 6, 7 एवं 8 के तहत होने वाली कार्यवाही की रेंडम जांच करें। उन्हांेने कार्यवाही के दौरान निरस्त किए गए फॉर्मों की पुनः जांच करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जो इपिक कार्ड तैयार हो चुके हैं उनके वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। मतदान केन्द्रों का भ्रमण करते हुए उनमें रोशनी, बिजली, पानी, रैम्प, शौचालय आदि मूलभूत आवश्यकताओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। नेटवर्क की दृष्टि से शेडो एरिया की पहचान करें। सेक्टर अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों को रेंडम आधार पर क्रॉसचैक करें। बीएलओ के आदेश जारी करने की कार्यवाही समय पर पूर्ण करें। उन्होंने वोटर हेल्पलाईन नंबर 1950 के व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। बैठक में रिटर्निंग ऑफीसर्स को निर्देशित किया गया कि वे 25 जुलाई 2023 तक मतदान केन्द्रवार व्हीएम 2 एवं 3 सेक्टर तथा पुलिस अधिकारी के हस्ताक्षर से प्रस्तुत करें।

शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों पर सख्त कार्यवाही करें
बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने निर्देशित किया कि क्रिटीकल एवं वल्रेवल मतदान केन्द्रों का चिन्हांकन कर कारण सहित केन्द्रवार प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। अनुविभाग स्तर पर राजस्व अधिकारी तथा पुलिस अधिकारी संयुक्त बैठक आयोजित करें। उन्होंने शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों पर सख्ती से कार्यवाही करने जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए।

विकास पर्व: आज घुघरी एवं माडोगढ़ तथा फूलसागर में होंगे कार्यक्रम
मंडला 22 जुलाई 2023
16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज बिछिया विधानसभा के घुघरी एवं निवास विधानसभा के माडोगढ़ एवं फूलसागर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
बिछिया विधानसभा के घुघरी में आयोजित कार्यक्रम घुघरी, छिवलाटोला, लाटो, पांडकला, गरैयापांड, खोड़ाखुदरा एवं खमरिया पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए विजय झारिया एवं जगराम नरेटी पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के माडोगढ़ एवं फूलसागर में आयोजित कार्यक्रम में कोबरीकला, शाहा, सलैया, चौकी एवं माडोगढ़ तथा फूलसागर, बक्छेरागोंदी, बकौरी, चटुआमार, ग्वारी, खारी, खुक्सर, सागर, समेरखापा, टिकरिया, तिंदनी एवं उमरिया पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए शीतल तिवारी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 22 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 22 जुलाई 2023 के दौरान 554.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 395.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 159.4 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 जुलाई को मंडला में 4 मि.मी., बिछिया में 4.4 मि.मी. तथा नारायणगंज में 4.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 22 जुलाई 2023 को 2.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी सख्त कार्यवाही – डॉ. सलोनी सिडाना
जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक संपन्न
मंडला 22 जुलाई 2023
जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि चिकित्सक सहित समस्त स्वास्थ्य अमला अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए दायित्वों का बेहतर निर्वहन करें। स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध सेवाएं मरीजों को अनिवार्य रूप से प्रदान करें। स्वास्थ्य सेवाओं मंे लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सक समय पर पहुंचें और मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित करें। बैठक में सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्रीनाथ सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में दवाईयों की उपलब्धता पर ध्यान दें। स्टोर में दवाईयां रहते हुए भी बाजार की दवाईयां लिखना आपत्तिजनक है। उन्हांेने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्रों की पेथोलॉजी में जो भी टेस्ट होते हैं उनकी सूची चस्पा करें तथा मरीजों को उनका लाभ प्रदान करें। मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर न करें।

औपचारिक नहीं, व्यवहारिक बनें
मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की सभी जांचें समय पर करें। एनीमिक तथा हाईरिश्क महिलाओं की पहचान करते हुए उन्हें तत्काल आवश्यक उपचार प्रदान करें। ऐसी महिलाओं की केवल ऑनलाईन एंट्री कर औपचारिकता न निभाएं बल्कि व्यवहारिक बनते हुए उनकी समुचित काउंसलिंग भी करें। साथ ही समुचित उपचार प्रदान करते हुए उनका फॉलोअप करें। कलेक्टर ने खंड चिकित्सा अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करने तथा सेक्टर की बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए।

सिकलसेल स्क्रीनिंग को बेहतर बनाएं
सिकलसेल उन्मूलन प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्क्रीनिंग को बेहतर बनाएं। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भी स्क्रीनिंग करें। साप्ताहिक तथा मासिक लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने इस संबंध में जिला तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सिकलसेल उन्मूलन के संबंध में प्रशिक्षण, संसाधनों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, क्रियान्वयन, मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने योजना: जापान जाने का अवसर
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई
मंडला 22 जुलाई 2023
पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने की योजना-2022 अंतर्गत प्रदेश के पिछडे़ वर्ग के युवाओं को आकर्षक वेतन पर रोजगार हेतु जापान जाने का अवसर देता है। प्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए हाल ही में लागू की गई योजना विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने की योजना-2022 अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के 200 युवाओं को भारत सरकार की टेक्निकल इंटर्न ट्रेनिंग प्रोग्राम (टीआईटीपी) योजना के तहत 3 से 5 वर्षाे के लिए आकर्षक वेतन पर इंटर्न के रूप में जापान भेजा जा रहा है।
योजनान्तर्गत रोजगार के क्षेत्र, निर्धारित शेष सीट्स एवं न्यूनतम आवश्यक योग्यता के विवरण अनुसार केयर वर्कर के शेष 115 सीट्स के केवल महिला आवेदकों के लिए जिसकी योग्यता म.प्र. का मूल निवासी तथा पिछड़ा वर्ग जाति में वार्षिक आय 8 लाख से कम हो, आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य हो, स्नातक उत्तीर्ण तथा आवेदक का कोई अपराधिक रिकार्ड न हो। इसी प्रकार स्कॉफोल्डिंग, इंटरियर बोर्ड पेस्टिंग, एप्लिकेशन ऑफ कन्सट्रक्शन इक्यूपमेंट, रोड कन्सट्रक्शन के शेष 25 सीट्स के लिए केवल पुरूष आवेदकों को म.प्र. का मूल निवासी हो, पिछड़ा जाति वर्ग में सम्मिलित, वार्षिक आय 8 लाख रू. से कम तथा आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य, आईटीआई, पॉलीटेक्निक उत्तीर्ण एवं आवेदक का कोई अपराधिक रिकार्ड न हो।
उपरोक्त ट्रेड्स एवं निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता धारित प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के पात्र एवं योग्य इच्छुक युवाओं से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र डाक द्वारा अथवा ई-मेल द्वारा अधोहस्ताक्षकर्ता सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण मण्डला के कार्यालय में डाक अथवा ई-मेल द्वारा जमा कर सकते हैं। कार्यालय की ई-मेल आई.डी adbmwmad@mp.gov.in है। योजनांतर्गत आवेदन 31 जुलाई 2023 की शाम 5 बजे तक कर सकते हैं। उक्त अवधि के पूर्व अपना आवेदन उपरोक्त कार्यालय में पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बरसात की संक्रामक बीमारी से बचने जानकारी
मण्डला 22 जुलाई 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जनसमुदाय के लिए जारी एडवाइजरी में कहा है कि वर्तमान समय में बरसात में जलजनित बीमारी होने की संभावना होती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टायफाइड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें। बीमार न हों, इसके उपाय करें एवं स्वस्थ्य रहें।
बीमारी से कैसे बचें
दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट र्दद, पेचिस, पीलिया, टायफाइड, डायरिया जैसी संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन करें। शुद्ध पानी पिएं (उबला पानी, आरो का पानी, फिल्टर का पानी, हेंडपंप का पानी पिएं) कुआँ, नदी, नाला का पानी ना पिये। पानी क्लोरिनेशन करके पियें। सड़ीगली सब्जी, फल, बासा खाना ना खायें एवं बरसात के दिनों मांस का सेवन ना करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें। खानें की चीजों को छूनें से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं। संक्रमित चीजों को छूने के बाद या शौंच के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं। स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।
उपचार
डॉक्टर के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन मेट्रोंजिन, डायकलोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थों का अधिक मात्रा में सेवन करें।
सुझाव
दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डिपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें। बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे- मलेरिया, डेंगू, चिकिनगुनियां, फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारियां होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में एकत्रित पानी से मच्छर के लारवा से अंडे पनपते हैं।
मलेरिया
मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है।
डेंगू
डेंगू के लारवा साफ पानी में पैदा होता है। जैसे- कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लावा पनपते हैं। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है।
चिकिनगुनिया
इसका वायरस सीधे हड्डी पर अटेक करता है जिससे असहनीय दर्द होता है। डेंगू, मलेरिया, चिकिनगुनिया फायलेरिया से कैसे बचें- घर के आसपास की सफाई रखें, पानी इकट्ठा ना होने दें, गड्ढों को भरा जाये, टायर, कबाड़ समान ढक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। कूलर वा टंकी के पानी को एक सप्ताह में खाली करें। नीम का धुआं करें। शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्री में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी अस्तीन के कपडे़ पहने मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल रिपेलेंट इत्यादि का उपयोग करें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें।
सुझाव
बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर खून की जांच करायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जाँच कराएं एवं दवाइयां प्राप्त करें।

सर्पदंश के बचाव, इलाज एवं भ्रांतियाँ
मण्डला 22 जुलाई 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है जिसमें कहा गया है कि बरसात के दिनों में सर्प के काटने के अत्यधिक केस आते हैं। सर्प के काटने से व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है। आमजन सर्पदंश को अनदेखा न करें। पीड़ित को किसी नजदीकी अस्पताल में तुरंत लेकर जाएं। झाड़-फूक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है। सर्प काटने पर विष सीधे शरीर में खून के माध्यम से फैल जाता है। सामान्यतः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषैले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं। परंतु ये दिखाई नही देते हैं। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नहीं काटा। ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।
लक्षण
सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना, इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होना। आमतौर पर सर्पदंश पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं।
यह ना करें
रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल न करें। मुँह से खून ना चूसें। ओझा-गुनिया के पास ना जायें। अंधविश्वास में ना पड़ें।
यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें
सांप के काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपडे़ से डंक के जगह की चमड़ी को साफ करें जिससे वहाँ पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है, करवट सुलाने से उल्टी श्वसन तंत्र में ना जाये। जहाँ पर सांप ने काटा है उस स्थान पर कपडे़ से हल्का सा बाँध देवें ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।
उपचार
सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सर्प के काटने के जहर को मारने के लिए अस्पताल मेंएंटी स्नेक इंजेक्शन निःशुल्क लगाया जाता है, जो अस्पताल में उपलब्ध है। डॉक्टर की सलाह अनुसार उचित उपचार कराएं।
बचाव
अंधेरे में ना जाएं। गड्ढों या बिलों में हाँथ ना डालें। झाड़ियों में ना जाएं। पानी भरे गड्ढों में ना जायें तथा पैरों में चप्पल-जूते पहनकर चलें।

स्वरोजगार स्थापित करने हेतु PMEGP एवं MUKY योजनांतर्गत ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना
मंडला 22 जुलाई 2023
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में जिले के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में विनिमार्ण हेतु 50 हजार से 50 लाख तक, सेवा/खुदरा व्यवसाय हेतु 50 हजार से 25 लाख तक का ऋण प्रकरणों का आवेदन समस्त पोर्टल से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं।
पात्रता
आवेदक का 8वी कक्षा उत्तीर्ण, 18 से 45 आयु वर्ग के हों तथा जिनकी परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रू से कम हो वो पात्र हैं। मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पेन कार्ड, आधार कार्ड, कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, आवश्यक लायसेन्स व अन्य दस्तावेज। अब आवेदकों को विनिर्माण उद्योग स्थापना के लिए 50 हजार से 50 लाख तक तथा सेवा एवं खुदरा व्यवसाय इकाई के लिए 50 हजार से 25 लाख तक बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जायेगा। योजना में 3 प्रतिशत त्रैमासिक दर से 7 वर्ष तक की अवधि हेतु ब्याज अनुदान एवं सीजीटीएमएसई गारंटी शुल्क 7 वर्ष तक प्रतिपूर्ति के रूप में देय है।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में केन्द्र शासन की महात्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना में जिले के बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में निमार्ण उद्योग इकाई हेतु 50 लाख रूपये तक सेवा इकाई हेतु 20 लाख रूपये तक का ऋण प्रकरणों का आवेदन PMEGP पोर्टल से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला एवं बैंकों से किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालीन समय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

पंचायतों में रिक्त दुकानों के लिए ऑनलाईन आवेदन 31 जुलाई तक
मंडला 22 जुलाई 2023
सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 में दिए गए प्रावधान अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक उचित मूल्य दुकान संचालित किया जाना है। जिले के विकासखंड घुघरी के अंतर्गत पंचायत जिनमें उचित मूल्य दुकान पूर्व संचालक संस्थाओं के समर्पित करने के कारण रिक्त हैं। इन पंचायतों में दुकान खोलने के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
अनुविभाग घुघरी के ग्राम पंचायत देवहारा, बरवानी, ढेंको, चोबा, सिंघनपुरी, दुलादर, सलवाह, चुरिया, गरैया, छिबलाटोला, मांगा, गोरखपुर, नाहरवेली, जुनवानी, टिकरिया, राम्हेपुर तथा लाटो कुल 17 दुकानों के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की वेबसाईट पोर्टल पर पात्र संस्थाएँ 31 जुलाई 2023 तक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। नियत तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। दुकान आवंटन की कार्यवाही संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा की जाएगी।

महान चित्रकार पद्मविभूषण सैयद हैदर रज़ा की पुण्यतिथि आज
चादर पेश कर दी जायेगी पुष्पांजलि
मंडला – रविवार को मंडला की माटी में आराम फरमा रहे मशहूर चित्रकार मरहूम सैयद हैदर रज़ा की 7वीं पुण्यतिथि पर उनके चाहने वाले श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। सुबह 10 बजे रज़ा फाउंडेशन द्वारा आयोजित रज़ा स्मृति के तहत विभिन्न कलाकार व उनके सभी चाहने वाले स्थानीय बिंझिया स्थित कब्रिस्तान पहुंचकर कर महान कलाकार को अपनी श्रद्धांजलि देंगे। उल्लेखनीय है कि सैयद हैदर रज़ा का लगभग 95 वर्ष की आयु में 23 जुलाई 2016 को दिल्ली में निधन हुआ था। उनकी इच्छा के मुताबिक उनके पार्थिव शरीर को मंडला लाकर उनके वालिद की कब्र के बगल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द ए खाक किया गया। वर्ष 2010 में पेरिस, फ्रांस से लौटकर दिल्ली शिफ्ट हो गए थे। पेरिस से लौटने के बाद उन्होंने अपने 14 सोलो शो किए। इनमे 2 शो लंदन और बाकी शो कोलकाता, दिल्ली और मुंबई में हुई। वर्ष 2015 में उन्हें फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया गया। भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 1981 में पद्मश्री, वर्ष 2007 में पद्म भूषण और वर्ष 2013 में पद्म विभूषण सम्मान प्रदान किया। शिव नादर विश्वविद्यालय नोएडा और खेरागढ़ विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें मानद डिलीट की भी उपाधि प्रदान की गई थी।

शनिवार को रज़ा स्मृति में बड़ी संख्या में कला प्रेमी चित्रकारी करने पहुंचे। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी चित्रकारी करते नज़र आए। महिलाएं बड़ी तादाद में रज़ा स्मृति में चित्रकारी करने पहुंची। चॉक मिटटी चीज़े बनाने में भी लोगों की खासी रूचि दिखी। समवाय के दूसरे दिन पांच सत्रों में विभाजित कविता पाठ के सत्र में प्रिया वर्मा, ज्योति शर्मा, सविता सिंह, विजय कुमार, अनिल मिश्र, सुशीला पुरी, अमिताभ चौधरी, अनुराधा सिंह, संगीता गुंदेचा, विष्णु नागर, शिरोमणि महतो, मनोज मोहन, जावेद आलम खान, लीलाधर मंडलोई, विहाग वैभव, मिथिलेश शरण चौबे, सुभाष राय, उदयन वाजपेयी, रश्मि भारद्वाज, स्मिता सिन्हा, राजेंद्र उपाध्याय, विवेक निराला और ऋतुराज ने अपनी कविताएं पढ़ी। समवाय के दूसरे दिन का संवाद सत्र ज्योतिष जोशी, वैभव सिंह एवं ओम थानवी के आलोचनात्मक वक्तव्य के नाम रहा।

