क्षेत्र भ्रमण को परिणाममूलक बनाएं अधिकारी – डॉ. सिडाना
समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 24 जुलाई 2023
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी हितग्राहीमूलक योजनाओं की सघन समीक्षा करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। जिला स्तर के अधिकारी क्षेत्र का लगातार भ्रमण करें। भ्रमण को परिणाममूलक बनाएं। भ्रमण के दौरान जो भी कमियां सामने आती हैं उन्हें समय पर निराकृत करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयान्स कूमट, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, समस्त एसडीएम तथा संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों के तहत जो भी कार्य स्वीकृत किए गए हैं तथा जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं उनका विकास पर्व के दौरान भूमिपूजन, लोकार्पण कराएं। स्वीकृत निर्माण कार्यों को जल्द प्रारंभ करें। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समय सीमा में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूल, छात्रावास सहित शासकीय जमीनों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। भवनविहीन शालाओं के नवीन भवन निर्माण तथा जर्जर भवनों के मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करें। पेंशन तथा बैगा आहार अनुदान योजना के हितग्राहियों के ईकेवाईसी की कार्यवाही पूर्ण करें। उन्होंने अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने टीएल प्रकरण, वनाधिकार, स्कूल चलें हम, संबल, स्वरोजगार योजना एवं न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

पंजीयन के समय ही बैंक स्टेटस चैक करें
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि लाड़ली बहना योजना के तहत पंजीयन की कार्यवाही 25 जुलाई से प्रारंभ हो रही है। पात्रतानुसार महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित करें। पंजीयन के समय ही आवेदक का बैंक स्टेटस चैक करें तथा आवश्यकतानुसार आधार लिंकेज, ईकेवाईसी एवं डीबीटी की कार्यवाही पूर्ण करें। उन्हांेने आवेदकों को बैंक तक मोबीलाईज करने तथा बैंक की कार्यवाही में दस्तावेजीकरण एवं अन्य कार्यवाही में सहयोग करने के लिए पृथक-पृथक कर्मचारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।
दस्तक अभियान के तहत गंभीरता से करें स्क्रीनिंग

बैठक में कलेक्टर ने दस्तक अभियान की विस्तार से समीक्षा की। उन्हांेने निर्देशित किया कि 0 से 5 वर्ष के प्रत्येक बच्चे की स्क्रीनिंग पूरी गंभीरता से करें। डायरिया, एनीमिया के साथ-साथ अन्य अनुवांशिक बीमारियों की पहचान भी करें। उन्हांेने कहा कि सभी बच्चों का डिजीटाईजेशन करें। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के दौरान दस्तक अभियान का फीडबैक लेने के निर्देश दिए।
स्वच्छता पर ध्यान दें पंचायतें

कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्वच्छता पर ध्यान देना संबंधित पंचायतों की जिम्मेदारी है। सीईओ जनपद इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि नाडेप यूनिट की सफाई कराएं। मच्छर नियंत्रण हेतु दवाईयों का छिड़काव कराएं। जल स्त्रोतों पर ब्लीचिंग डालें। कहीं भी पानी एकत्र न होने दें। इस संबंध में उन्होंने जन जागरूकता की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को मिले प्रशस्ति पत्र
सीएम हेल्पलाईन पोर्टल में माह जून 2023 में प्राप्त शिकायतों के बेहतर निराकरण करने वाले अधिकारियों को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिन अधिकारियों का सम्मान किया गया उनमें सीएमओ निवास मयूर वाहने, आपूर्ति अधिकारी मनोज पुराविया, सीईओ बिछिया अर्थ जैन (आईएएस), ईईएमपीईबी शरद बिसेन, एलडीएम सुजय कुमार, खनिज अधिकारी राहुल सांडिल्य, ईई जल संसाधन धनंजय कुशराम, योजना अधिकारी सीडी चौरे, ईईपीएचई मनोज भास्कर, सहायक आयुक्त सहकारिता केके शिव, एसडीएम निवास क्षमा सराफ, एसडीएम घुघरी सोनल सिडाम, डीडी विटनरी उग्रसेन तिवारी एवं लोक सेवा प्रबंधक कविता गुप्ता शामिल हैं।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: नवीन पात्र हितग्राहियों का पंजीयन 25 से
मण्डला 24 जुलाई 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत नवीन हितग्राहियों के लिए ऑनलाईन आवेदनों के पंजीयन की प्रक्रिया 25 जुलाई से प्रारंभ हो रही है। नवीन निर्देशों के अनुरूप 21 से 23 वर्ष की महिलाएं तथा 23 से 60 वर्ष की ऐसी महिलाएं जिन्होंने स्वयं के परिवार में ट्रेक्टर होने के कारण आवेदन नहीं किया था अब वे भी योजना का लाभ लेने के लिए पात्र होंगी। योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में प्रतिमाह 1 हजार रूपए की प्रदान की जाती है।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्राप्त संशोधित आदेश के अनुसार 1 जनवरी 2023 को 21 वर्ष या उससे अधिक तथा 23 वर्ष से कम आयु की समग्र पोर्टल पर आधार ईकेवाईसी पूर्ण महिलाओं को आवेदन की पात्रता होगी। इसी प्रकार 1 जनवरी 2023 को 23 वर्ष या उससे अधिक तथा 60 वर्ष से कम आयु की ऐसी महिलाएं जिन्होंने स्वयं के परिवार में ट्रेक्टर होने के कारण योजना के लाभ से वंचित थी अब वे भी आवेदन कर सकेंगी। ऐसी महिलाओं से उनके ट्रेक्टर का पंजीयन क्रमांक प्राप्त किया जाएगा। इन पंजीयन नंबरों को तथा उनके मालिकों के नामों का परिवहन विभाग के पोर्टल से ऑनलाईन सत्यापन किया जाएगा। एक ट्रेक्टर को एक परिवार समग्र आईडी हेतु मान्य किया जाएगा।

नवीन आवेदनों पर क्रियान्वयन के लिए समय सीमा
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के नवीन आवेदनों के क्रियान्वयन के लिए शासन द्वारा समय-सीमा निर्धारित की गई है जिसके अनुसार नवीन हितग्राहियों के लिए ऑनलाईन आवेदन 25 जुलाई से प्रारंभ होगी। ऑनलाईन आवेदन पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अगस्त होगा। अनंतिम सूची 21 अगस्त को जारी की जाएगी। अनंतिम सूची पर प्राप्त आपत्तियों की अवधि 21 अगस्त से 25 अगस्त तक होगा। आपत्ति व जांच एवं निराकरण के लिए 26 अगस्त से 29 अगस्त तक होगा। अंतिम सूची 31 अगस्त 2023 तक जारी किया जाएगा। स्वीकृति पत्रों का वितरण 1 सितम्बर से 3 सितम्बर 2023 तक किया जाएगा। राशि अंतरण 10 सितम्बर 2023 से होगा। भुगतान के लिए प्रत्येक माह की 10 तारीख नियत है।

जिला सतर्कता समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 24 जुलाई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में बालक एवं कुमार श्रमिक (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत जिला स्तरीय बालश्रम टास्क फोर्स समिति एवं बंधक श्रम अधिनियम 1976 के तहत जिला सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट सहित संबंधित उपस्थित थे।
बैठक में श्रम पदाधिकारी द्वारा पिछली बैठक का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया तथा अधिनियम के अंतर्गत जानकारी प्रदान की गई। नोडल अधिकारी निलेश युवने, श्रम निरीक्षक मण्डला द्वारा पी.पी.टी. के माध्यम से बैठक में जानकारी प्रदान की गई। बैठक में ऐजेण्डा के बिन्दुओं पर बाल श्रम एवं बंधक श्रम प्रथा सम्माप्ति के विरूद्ध प्रचार-प्रसार के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही बाल श्रम एवं बंधक श्रम जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए आवश्यक कार्यवाही, कार्ययोजना तैयार किये जाने हेतु कलेक्टर द्वारा बालश्रम टास्क फोर्स समिति एवं बंधक श्रम सतर्कता समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया।

दस्तक अभियान के तहत आज 9023 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई
मण्डला 24 जुलाई 2023
सघन दस्त रोग, नियंत्रण पखवाड़ा एवं दस्तक अभियान का प्रथम चरण 18 जुलाई से शुरूवात हो गया है जो 31 अगस्त 2023 तक चलेगा। इसके अंतर्गत 0 से 5 साल के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, बीमारियों की पहचान, जांच, उपचार एवं रेफरल सेवाएं दस्तक दल द्वारा प्रदान की जा रही है। इसी तारतम्य में एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता के द्वारा घर-घर दस्तक देकर 9023 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई।

बाल्यकालीन बीमारियां जैसे- गंभीर एनीमिया बच्चों का इलाज, हीमोग्लोबिन की जांच, गंभीर कुपोषण के बच्चों को एनआरसी में भर्ती एवं एसएनसीयू एवं एनआरसी से छुट्टी से प्राप्त बच्चों की जांच एवं फॉलोअप करना, आयु अनुसार 9 माह से 5 वर्ष के बच्चों को विटामिन ए अनुपूरक देना, रेफरल समस्त 11 प्रकार की सेवायें प्रदान की जायेगी। दस्तक दल घर-घर जाकर चैकलिस्ट अनुसार जानकारी सुपरवाईजर के पर्यवेक्षण रिपोट्रिंग समय सीमा में किया जाना है।

विकास पर्व: आज मुगदरा, मोचा एवं टिकरिया में होंगे कार्यक्रम
मंडला 24 जुलाई 2023
16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज मंडला विधानसभा के मुगदरा, बिछिया विधानसभा के मोचा एवं निवास विधानसभा के टिकरिया में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
मंडला विधानसभा के मुगदरा, जहरमऊ, सुर्खी, भडिया, सकवाह, जैदेपुर एवं तिलई पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए प्रमोद जैन उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिछिया विधानसभा के मोचा में आयोजित कार्यक्रम मोचा, खटियानारंगी, डुंगरिया, मानिकपुर, बटवार एवं पौंड़ी पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए सिंगराम धुर्वे पंचायत समन्वयक अधिकारी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के टिकरिया में आयोजित कार्यक्रम में टिकरिया, देवरी, पिपरिया, बुदरा एवं बेरपानी पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए धरमसिंह पंद्रो पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 24 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 24 जुलाई 2023 के दौरान 567.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 442.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 124.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जुलाई को मंडला में 4.8 मि.मी., नैनपुर में 22 मि.मी., बिछिया में 2.2 मि.मी., निवास में 3 मि.मी., घुघरी में 1.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 24 जुलाई 2023 को 5.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

स्कूलों में शैक्षणिक वातावरण तैयार करें – डॉ. सलोनी सिडाना
कलेक्टर ने की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा
मण्डला 24 जुलाई 2023
शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी स्कूलों में शैक्षणिक वातावरण तैयार करें। शाला परिसर एवं भवन की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। उन्हांेने कहा कि शतप्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। सर्वे कर शाला से बाहर बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ें। कलेक्टर ने नेशनल मेरिट कम मीन्स छात्रवृत्ति, ओलम्पियाड, पुस्तक वितरण आदि के संबंध में भी विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयान्स कूमट तथा शिक्षा विभाग के जिला तथा विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

दक्षताएँ अर्जित नहीं होने पर शिक्षक होंगे जिम्मेदार
कलेक्टर ने कहा कि कक्षा 1, 6, 9 तथा 11 के नामांकन में विशेष ध्यान दें। कोई भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए। शतप्रतिशत बच्चों की मैपिंग सुनिश्चित करें। शालाओं में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचे तथा सहायक शैक्षिक सामग्री का उपयोग करते हुए अध्यापन कार्य सुनिश्चित करें। पाठ्यक्रम समय पर पूर्ण करें। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों में समुचित दक्षताएँ अर्जित नहीं होने पर संबंधित शिक्षक जिम्मेदार होंगे।

शाला भवनों की मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करें
शाला भवनों के मरम्मत कार्य की स्थलवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन शालाओं में मरम्मत के कार्य स्वीकृत हैं उन्हें प्राक्कलन के अनुसार जल्द पूर्ण कराएं। वाटर प्रूफिंग सहित अन्य कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखें। कलेक्टर ने मरम्मत कार्यों का जिला स्तर से रेंडम आधार पर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जर्जर शालाओं में भी मरम्मत कार्य के लिए जनभागीदारी मद स्वीकृत कराने की कार्यवाही करें। इसी प्रकार भवनविहीन शालाओं के भवन स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजें। उन्हांेने प्रत्येक स्कूलों की भौतिक संरचना को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

दिव्यांग बच्चों के लिए शिविर आयोजित करें
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि स्कूलों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को मेडीकल बोर्ड का प्रमाण पत्र जारी करने के लिए शिविर का आयोजन करें। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया कि वे दिव्यांगतावार बच्चांे की सूची 30 जुलाई तक प्रस्तुत करें। उन्हांेने संख्या के आधार पर शिविर की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दिव्यांग बच्चों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी ली।

बाल श्रम रोकने विशेष अभियान की योजना तैयार करें
जिला सतर्कता समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 24 जुलाई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में बालक एवं कुमार श्रमिक (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत जिला स्तरीय बालश्रम टास्क फोर्स समिति एवं बंधक श्रम अधिनियम 1976 के तहत जिला सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट सहित संबंधित उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बाल श्रम पर सख्ती से रोक लगाएं। बच्चों से काम लेने वाले व्यवसायियों पर वैधानिक कार्यवाही करें। बाल श्रम को रोकने की दृष्टि से हॉटस्पॉट का चिन्हांकन करें। स्लम एरिया में काउंसलिंग करें। स्कूलों में प्रहरी ग्रुप के गठन की कार्यवाही पूर्ण करें। संबंधित अधिकारियों रेंडम आधार पर निरीक्षण करें। कलेक्टर ने बाल श्रम उन्मूलन के संबंध में विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि बच्चों को नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रखने के लिए कारगर कदम उठाएं। शैक्षणिक संस्थाओं के निकट किसी भी प्रकार के नशीले वस्तुओं का विक्रय नहीं होना चाहिए। बैठक में श्रम पदाधिकारी द्वारा पिछली बैठक का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया तथा अधिनियम के अंतर्गत जानकारी प्रदान की गई। नोडल अधिकारी निलेश युवने, श्रम निरीक्षक मण्डला द्वारा पी.पी.टी. के माध्यम से बैठक में जानकारी प्रदान की गई। बैठक में ऐजेण्डा के बिन्दुओं पर बाल श्रम एवं बंधक श्रम प्रथा सम्माप्ति के विरूद्ध प्रचार-प्रसार के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही बाल श्रम एवं बंधक श्रम जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए आवश्यक कार्यवाही, कार्ययोजना तैयार किये जाने हेतु कलेक्टर द्वारा बालश्रम टास्क फोर्स समिति एवं बंधक श्रम सतर्कता समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया।

डिजिटल इंडिया सप्ताह 2023 हेतु पंजीकरण कराएं
मण्डला 24 जुलाई 2023
देश में डिजिटल परिवर्तन का जश्न मनाने के लिए केंद्र सरकार डिजिटल इंडिया सप्ताह 2023 का आयोजन कर रही है। इसका उद्देश्य तकनीकी प्रक्रिया को सभी के सामने प्रदर्शित करना, टेक स्टार्टअप के लिए सहयोग, व्यावसायिक अवसरों का पता लगाना और नागरिकों को प्रेरित करना है। जिला सूचना-विज्ञान अधिकारी एनआईसी मंडला द्वारा मंडला जिले की डिजिटल पहचान बनाने हेतु आमजन नागरिकों, अधिकारियों/कर्मचारियों, विद्यार्थियों से लिंक https://www.nic.in/diw2023-reg/ पर पंजीकरण करने हेतु आग्रह किया है। अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन करें, ताकि मंडला को जिलों की रेंकिंग सूची में वरिष्ठता प्राप्त हो।

जानू बाबा ने किया शहर गश्त
मंडला – रविवार की रात मोहर्रम की 4 तारीख को वरिष्ठ मुजाबिर बाबा सैयद राहित अली के दरबार ए बगदादी रोशन दरबार से उनके भतीजे सैयद शोएब अली जानू बाबा अपनी टिपारी के साथ शहर गश्त के लिए निकले। जानू बाबा के साथ फारुख मलंग और पप्पू सोनी ने भी सफर किया। बाबा की सवारी सबसे पहले हजरत बाबा बंगाली शाह रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पहुंची। यहां से सवारी बाड़ा पहुंची, जहां सभी चाहने वालों के घर बाबा की आमद हुई। बाबा से मिलने पर यात्रियों का ताता लगा रहा। बाड़ा से बस स्टैंड, चिलमन चौक, उदय चौक, कोष्टा मोहल्ला, इलाही चौक होते हुए सवारी वापस मुकाम पहुंची। इस दौरान बड़ी तादाद में बाबा के चाहने वाले सफर में मौजूद। रहे।

