Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 1 अगस्त 2023

ज्ञानार्जन 2.0 का हुआ शुभारंभ

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

जेईई और नीट की परीक्षा की तैयारी के लिए चयनित किए गए 120 छात्रों की 1 अगस्त से ज्ञानार्जन 2.0 के तहत कक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। यह कक्षाएं प्रातः 7 बजे से उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में तैयार किए गए 2 विशेष कमरों में आयोजित की जा रही है। शुभारंभ के अवसर पर विद्यार्थियों ने फीता काटा एवं माँ सरस्वती का पूजन किया। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना शुभारंभ के अवसर पर विद्यार्थियों से मिली एवं उन्हें मोटिवेट करते हुए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी पूरे मन के साथ पढ़ाई पर ध्यान दें, अन्य सभी व्यवस्थाओं की ज़िम्मेदारी जिला प्रशासन की है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री का वितरण भी किया। कलेक्टर ने लाइब्रेरी का अवलोकन करते हुए निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की ज़रूरतों के अनुसार किताबें एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराएं। फोटोकॉपी, नोट्स आदि के लिए समुचित इंतज़ाम सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन शिक्षा विभाग के सहयोग से ज्ञानार्जन 2.0 प्रारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम में ज़िलेभर के श्रेष्ठ शिक्षक अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। कलेक्टर ने सभी संबंधित को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवश्यकतानुसार सभी व्यवस्था बनाकर रखेंगे।

 

जोमेटो एवं बायजू ने सहयोग के लिए हाथ बढ़ाया

 

ज्ञानार्जन 2.0 कार्यक्रम जैसे नवाचार के लिए ऑनलाइन कंपनी जोमेटो एवं कोचिंग संस्थान बायजू ने सहयोग के लिए हाथ बढ़ाया है। जोमेटो ने प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होने वाली कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की ज़िम्मेदारी ली है। इसी प्रकार प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान बायजू ने ज्ञानार्जन 2.0 के अंतर्गत जेईई और नीट की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अपना ’प्रीमियम ऑनलाइन कोर्स’ निःशुल्क उपलब्ध कराया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

समय-सीमा बैठक संपन्न

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला पंचायत सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सीएम हेल्पलाईन, खाद-बीज उपलब्धता, मध्यान्ह भोजन, निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश एवं अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि विगत माह के अनुरूप सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों का निराकरण जारी रखें। 50 दिवस से अधिक की शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से करें। उन्होंने शिकायत निवारण के लिए विभागवार लक्ष्यों की चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर नियमानुसार फोर्सक्लोज एवं डिमांड क्लोजर की कार्यवाही भी सुनिश्चित करें।

 

स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर करें

 

कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों की निकायवार सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्हांेने कहा कि नगरीय निकाय शिकायत निवारण के साथ-साथ स्वच्छता सर्वेक्षण की प्रक्रिया में बेहतर कार्य करें। बैठक में कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की कार्यवाही को प्राथमिकता से करें। उन्हांेने अपने भ्रमण के दौरान चिन्हित किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए की गई कार्यवाही की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों की जानकारी सीईएमएस पोर्टल पर अनिवार्यतः अपडेट करें।

 

खाद की उपलब्धता की ली जानकारी

 

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रभारी उपसंचालक कृषि से जिले में खाद की उपलब्धता की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अब तक किए गए खाद वितरण एवं शेष खाद की सोसायटीवार जानकारी ली। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में भ्रमण के दौरान किसानों की मांग के अनुरूप खाद उपलब्धता की मॉनिटरिंग करें। बैठक में उन्होंने जिला कोषालय अधिकारी से डीडीओवार वेतन आहरण संबंधी रिपोर्ट ली। उन्होंने कहा कि सभी डीडीओ संवेदनशीलता के साथ अपने अधिनस्थों का 1 तारीख को वेतन आहरण सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

1 अक्टूबर को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले जिले के निवासी अपना नाम मतदाता सूची में ज़रूर जुड़वाएं – ज़िला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सिडाना

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिलेवासियों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अपील की है। उन्होंने कहा है कि 2 अगस्त 2023 से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने अपनी अपील में कहा है कि 1 अक्टूबर 2023 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले अपना नाम वोटर लिस्ट में जरूर जुड़वाएं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदक को फॉर्म-6 भरना होगा, इसके अलावा नाम अथवा अन्य कोई जानकारी में संशोधन है तो फॉर्म-8 भरें और नाम काटने के लिए फॉर्म-7 भरा जा सकता है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि एक अच्छी मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। मतदाता अपने क्षेत्र की मतदाता सूची का अवलोकन करके यह जांच लें कि उनका नाम मतदाता सूची में जुड़ा है या नहीं या उसमें कोई संशोधन है। उक्त स्थिति में निर्धारित फॉर्म भरकर अपने बीएलओ से संपर्क कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं या नाम संशोधन करवा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जनसुनवाई में सुनी गई 98 आवेदकों की समस्याएँ

 

मंडला 1 अगस्त 2023

जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आवेदकों की समस्याएं सुनी। 98 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे ने भी जनसुनवाई मंे पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

1 अगस्त को सम्पन्न हुई जनसुनवाई में लिमरूआ निवासी रामफल नंदा ने अवैध कब्जा से संबंधित, ग्राम पोंड़ी के मजदूरों ने मजदूरी भुगतान, बंम्हनी बंजर निवासी रामकली ने प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्राम नरेन्द्रगढ़ निवासी राजूलाल ने अत्यधिक बिजली बिल, वनग्राम भैंसादाह निवासी फूलसिंह ने किसान सम्मान निधि के संबंध में आवेदन दिए। साथ ही जनसुनवाई में अगल-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जनसुनवाई में राजकुमार एवं नर्मदा को मिला 5-5 हजार का चैक

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देश पर शिकायतों का मौके पर ही निराकरण होने से आवेदक खुशी जाहिर कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के मण्डला विकासखंड के ग्राम खेमरखापा निवासी नर्मदा सिंगौर ने आँख के इलाज हेतु एवं मवई विकासखण्ड के ग्राम भाईबहन नाला निवासी राजकुमार ने जीवनयापन हेतु कलेक्टर को आवेदन देकर अपनी समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से दोनों ही आवेदकों को 5-5 हजार रूपए का चैक देकर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। नर्मदा सिंगौर एवं राजकुमार ने जिला प्रशासन की इस संवेदनशील सहायता के लिए आभार व्यक्त किया है।

 

 

 

 

 

 

 

द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अंतर्गत प्रेसवार्ता आज

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रमानुसार 2 अगस्त 2023 को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। 2 अगस्त 2023 को प्रातः 10:45 बजे से कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में प्रेसवार्ता का आयोजन किया जाएगा। जिले के मीडिया प्रतिनिधि प्रेसवार्ता के लिए सादर आमंत्रित हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आज

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर 2023 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटो निर्वाचक नामावली का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के संबंध में आयोग द्वारा जारी कार्यक्रमानुसार 2 अगस्त 2023 को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया जायेगा।

2 अगस्त 2023 को प्रातः 10:30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के गोलमेज सभाकक्ष में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में चर्चा के साथ-साथ मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को प्रारूप निर्वाचक नामावली (फोटोयुक्त) की प्रति, फोटोरहित प्रारूप नामावली की सी.डी. के साथ ही युक्तियुक्तकरण की कार्यवाही के फलस्वरूप नवीन मतदान केन्द्रों की अद्यतन सूची निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

विकास पर्व: आज निवारी, मेढा एवं पोनियामाल में होंगे कार्यक्रम

 

मंडला 1 अगस्त 2023

16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज मंडला विधानसभा के निवारी, बिछिया विधानसभा के मेढा एवं निवास विधानसभा के पोनियामाल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।

मंडला विधानसभा के निवारी में आयोजित कार्यक्रम में निवारी, मक्के, हीरापुर, समनापुर, गौंझी एवं अलीपुर पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए राजेश बुरडे पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिछिया विधानसभा के मेढा में आयोजित कार्यक्रम में मेढा, जमगांव, परसेल, पोंडी बेहरमुंडा, मझगांव एवं सुरजपुरा पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए बलराम सरोते पंचा.सम.अधि. एवं सतीष हरदहा उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के पोनियामाल में आयोजित कार्यक्रम में पोनियामाल, चरगांवकला, लहसर एवं बिलनगरी पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए अभिषेक शर्मा उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय पेसा प्रशिक्षण 3 अगस्त को

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) नियम 2022 के प्रचार-प्रसार हेतु परिषद् द्वारा मास्टर ट्रेनर का जिला स्तरीय एक दिवसीय पेसा प्रशिक्षण 3 अगस्त 2023 को जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रातः 9:30 बजे किया जाना है। प्रशिक्षण में प्रातः 9:30 बजे से 3 बजे तक पेसा से संबंधित प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा 3 बजे से किसी एक पंचायत में पेसा ग्रामसभा का आयोजन किया जायेगा। प्रशिक्षण हेतु विकासखण्ड समन्वयक जनअभियान परिषद, विकासखण्ड पेसा मोबेलाईजर, ग्रामीण विकास विभाग, नवांकुर समिति प्रस्फुटन समिति सीएमसीएलडीपी के 1-1 प्रतिनिधि तथा 2 समाजसेवी, कुल 8 प्रतिनिधियों को उक्त प्रशिक्षण में सम्मिलित होंगे।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मण्डला किसी एक ग्राम पंचायत में ग्रामसभा का आयोजन 3 बजे से कराना सुनिश्चित करेंगे। उक्त ग्रामसभा में ग्राम के समस्त मतदाता, पंचायत स्तरीय अधिकारी, प्रशिक्षण के सभी प्रतिभागी तथा राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

डाक विभाग द्वारा कोदो-कुटकी पर जारी किया गया विशेष आवरण

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

अधीक्षक डाकघर ने बताया कि कोदो-कुटकी मंडला जिले के बैगा आदिवासी अंचलों में पारंपरिक रूप से उत्पादित किया जाता है। वर्तमान में कोदो-कुटकी के उपयोग की बढती लोकप्रियता से हर कोई रूबरू है। इसी क्रम में 1 अगस्त को डाक विभाग द्वारा कोदो-कुटकी पर विशेष आवरण एवं विरूपण विमोचन समारोह का आयोजन प्रधान डाकघर मंडला परिसर में हुआ। इस मौके पर माया हिरकने सहायक संचालक कृषि के मुख्य आतिथ्य व परमानन्द सिंगौर सहायक अधीक्षक डाकघर की अध्यक्षता में विशेष आवरण व विरूपण का विमोचन किया गया।

भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा कोदो-कुटकी के प्रसंस्करण के लिए ’एक जिला एक उत्पाद’ के तहत मंडला जिले को राष्ट्रीय स्तर पर चिन्हित किया गया है। मंडला जिले का यह प्रमुख उत्पाद है, जिससे विभिन्न प्रकार के व्यंजनों को तैयार किया जाता है जैसे- कोदो की खीर, कोदो-कुटकी के बिस्किट तथा चावल के रूप में खाया जाता है। कोदो कुटकी छोटे किस्म के मोटे अनाज हैं व इनमें प्रचुर मात्रा में प्रोटीन की उपलब्धता होती है। मंडला जिले के इस उत्पाद की मान्यता में डाक विभाग द्वारा यह विशेष आवरण जारी किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आईफ्लू से पीड़ित बच्चों का परीक्षण एवं देखभाल के लिए दी गई जानकारी

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि नेत्र चिकित्सा सहायक द्वारा 31 जुलाई 2023 को बालक, बालिका छात्रावास, चटुआमार एवं एकलव्य छात्रावास सेमरखापा में आई फ्लू से पीड़ित बच्चों का परीक्षण किया गया। आई फ्लू से पीड़ित 29 बच्चों को दवाईयां दी गई एवं बच्चों को नेत्र संबंधी देखभाल की समझाईश भी दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

आँखों के संक्रमण से बचाव के लिए एडवायजरी

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जारी एडवायजरी में कहा है कि वर्तमान में कंजेक्टिवाइटिस पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। आंखे आना या लालिमा आंखों से जुड़ी एक सामान्य समस्या है। चिकित्सीय भाषा में इसे कंजेक्टिवाइटिस कहते हैं। आंखों में एक पारदर्शी पतली झिल्ली कंजेक्टाइवा होती है, इसमें सूजन आ जाती है। यह बैक्टीरिया और वायरस से होने वाला रोग है। संक्रमित व्यक्ति की आंखों से निकलने वाले डिस्चार्ज के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष सम्पर्क में आने के द्वारा यह फैलता है। संक्रमण एक या दोनों आंखों में हो सकता है। यह काफी संक्रामक है बहुत तेजी से फैलता है और 4 से 5 दिनों तक रहता है।

 

लक्षण

 

एक या दोनों आंखों में जलन या खुजली, असामान्य रूप से अधिक आंसू निकलना, आंखों से पानी जैसा गाढा डिस्चार्ज आना, आंखों में सूजन आना, आंखों में किरकिरी जैसा महसूस होना।

 

फैलने से कैसे रोकें –

 

सामाजिक दूरी बनायें, व्यक्तिगत स्वच्छता, आंखों को हाथों से न छूएं, हाथों को बार-बार धोयें, निजी उपयोगी की सामग्री जैसे- पैन, मोबाइल, तौलिया, रूमाल, आई कॉस्मेटिक आदि को किसी से साझा न करें, आंखों का संक्रमण है तो चिकित्सीय सलाह लेकर ही उपचार करवायें। संक्रमित बच्चों को 4 से 5 दिनों तक स्कूल न जाने दें। अधिक भीड़ वाली जगह में न जाने दें, धूल आदि से आंखों की सुरक्षा करें। जिला चिकित्सालय मण्डला एवं स्कूल, छात्रावास में मेडिकल टीम द्वारा आंख के रोगियों का इलाज किया गया। 21 जुलाई 2023 से 1 अगस्त 2023 तक 580 कंजेक्टिवाइटिस के केस देखे गए।

 

 

 

 

 

 

 

घर-घर दस्तक देकर 24883 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० श्री नाथ सिंह ने जानकारी दी कि सघन दस्त रोग, नियंत्रण पखवाड़ा एवं दस्तक अभियान का प्रथम चरण 18 जुलाई से शुरूवात हो गया है जो 31 अगस्त 2023 तक चलेगा। इसके अंतर्गत 0 से 5 साल के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, बीमारियों की पहचान, जांच, उपचार एवं रेफरल सेवाएं दस्तक दल द्वारा प्रदान की जा रही है। इसी तारतम्य में एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता के द्वारा घर-घर दस्तक देकर 24883 बच्चों की स्क्रीनिंग कर 73 सेम बच्चों का चिन्हांकन किया गया 25 एनिमिक बच्चों का चिन्हांकन कर रेफर किया गया। 21396 बच्चों को विटामिन-ए पिलाया गया। डायरिया से बचाव के लिए 59 बच्चों को ओआरएस एवं जिंक की गोली दी गई एवं डायरिया प्रबंधन किया गया। निमोनिया के 6 बच्चे चिन्हांकित किये गये। डायरिया बीमारी के चिन्हांकित 59 बच्चे, निमोनिया बीमारी के चिन्हांकित 6 बच्चे एवं अन्य बीमारी के चिन्हांकित 33 बच्चे को रेफर किया गया। एनीमिक बच्चे 8649, अल्प एनीमिक 5355, मध्यम एनीमिक 3174 बच्चे चिन्हांकित किये गये तथा आई.एफ.ए. की गोलियां 8649 बच्चों को प्रदाय की गई।

 

 

 

 

 

 

 

विश्व स्तनपान दिवस मनाया गया

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि जिला चिकित्सालय मण्डला की एनआरसी में विश्व स्तनपान दिवस मनाया गया। इसका उद्देश्य नवजात के लिए स्तनपान के महत्व को लेकर माताओं को जागरूक करना है। विश्व स्तनपान की थीम ENBLE Breast Feeding Making A Diffrens FAR Warking Parents है। इसका संदेश यही है कि कार्य स्थल में भी शिशु स्तनपान से वंचित न रहे और इसे एक अनिवार्य आवश्यकता मानते हुए पूरा करें।

 

स्तनपान क्यों जरूरी है-

 

स्तनपान से बच्चों में किसी भी रोग से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। यह क्षमता इस बात पर निर्भर करती है कि जन्म से किस तरह देखरेख हुई है। बच्चे को पहले घंटे में मां का गाढ़ा पीला दूध आवश्यक है। जन्म से छह माह तक एक्सक्लूसिव फीडिंग यानी केवल स्तनपान कराना चाहिए। जन्म के पहले घंटे में मां का गाढा पीला दूध शिशु के लिए प्रकृति का वरदान है जो शिशु के लिए संपूर्ण आहार है। मां यदि बच्चे को सही स्तनपान कराती है तो शिशु मृत्यु दर में 22 प्रतिशत की कमी आ सकती है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

जिले में इस वर्ष 1 जून से 1 अगस्त 2023 के दौरान 587.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 582.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 4.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगस्त को बिछिया में 13 मि.मी., निवास में 15.8 मि.मी. तथा घुघरी में 1 मि.मी. एवं नारायणगंज में 8.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 1 अगस्त 2023 को 6.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

विकास पर्व: जनपद घुघरी के सलवाह में कार्यक्रम आयोजित

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

            जनपद पंचायत घुघरी के ग्राम पंचायत भवन सलवाह में विकास पर्व कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पाटन, ढेंको, चलनी, बरवानी एवं चुरिया शामिल थी। आयोजन के दौरान 9.03 लाख के 3 निर्माण कार्यों एवं 57.98 लाख के 6 निर्माण कार्यों इस प्रकार कुल लागत 67.01 लाख के कार्यों का जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम द्वारा लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधीगण, ग्राम पंचायत के वरिष्ठगण उपस्थित रहे।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शासन की विभिन्न योजनाओं तथा कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विकास पर्व में जनसामान्य की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास पर्व के दौरान स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा पूर्ण हो चुके कार्यों के लोकार्पण की कार्यवाही करें। बैठक में एनआईसी कक्ष से विधायक देवसिंह सैयाम, पूर्व राज्यसभा सांसद सम्पतिया उईके, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना सहित संबंधित उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संबंधित अधिकारी नदी, नाला तथा बांधों पर सतत नजर रखें। मौसम विभाग से समन्वय करें। आपदा प्रबंधन के लिए बेहतर तैयारी रखें। बारिश में खराब हो रही सड़कों की मरम्मत पर ध्यान दें। वर्षाजनित बीमारियों के संबंध में सावधानी रखें। श्री चौहान ने मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।

 

सामाजिक ताकत बनेगी लाड़ली बहना सेना

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली बहना सेना के गठन तथा उनके प्रशिक्षण के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में लाड़ली बहना सेना सामाजिक ताकत बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 अगस्त को लाड़ली बहना योजना के राशि हस्तांतरित की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने वार्ड तथा ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि कार्यक्रम में लाड़ली बहना, ग्रामवासी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करें।

 

सभी को खाद उपलब्ध कराएं

 

श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। जिलाधिकारी प्रभावी योजना बनाते हुए प्रत्येक किसान को खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जनप्रतिनिधि भी खाद वितरण की व्यवस्था में सहयोग करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी किसानों का फसल बीमा कराएं। मूंग खरीदी के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें साथ ही समय पर भुगतान की कार्यवाही करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

नायब तहसीलदार/प्रभारी नायब तहसीलदार की पदस्थापना

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने स्थानांतरित होकर आए नायब तहसीलदार एवं प्रभारी नायब तहसीलदारों को नवीन स्थान, तहसील निर्धारित करते हुए आगामी आदेश पर्यन्त तक प्रशासनिक दृष्टि से कार्य संपादित करने हेतु आदेशित किया है।

जारी आदेश के तहत नायब तहसीलदार पूजा राणा को चिरईडोंगरी वृत्त तहसील नैनपुर, नायब तहसीलदार कैलाश प्रसाद कोल को अतिरिक्त तहसीलदार मंडला, नायब तहसीलदार चंद्रकुमार वट्टे को प्रभारी तहसीलदार घुघरी, नायब तहसीलदार दिनेश वरकड़े को प्रभारी तहसीलदार बिछिया तथा नायब तहसीलदार पूजा उईके को अंजनिया वृत्त तहसील बिछिया के लिए को आदेशित किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

हीरालाल तिवारी को तहसीलदार नारायणगंज का प्रभार

 

मण्डला 1 अगस्त 2023

प्रशासनिक दृष्टि से शासकीय कार्य को सुचारू रूप से संपादित करने हेतु कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रभारी अधीक्षक भू-अभिलेख हीरालाल तिवारी को आगामी आदेश पर्यन्त प्रभारी तहसीलदार नारायणगंज का कार्य संपादित करने हेतु आदेशित किया है।

 

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मण्डला 16 फरवरी 2024

Reva India News

कचरा संग्रहण वाहनों में बज रहा टीबी जागरूकता जिंगल

Reva India News

जिला कोषालय में वेतन निर्धारण के लिए शिविर प्रारंभ

Reva India News

Leave a Comment