टाऊनहॉल में आयोजित हुआ जिला स्तरीय लाड़ली लक्ष्मी कार्यक्रम
मंडला की बेटी अंकिता को सीएम ने दिया चेक
मंडला 2 नवम्बर 2022
म.प्र. स्थापना के उपलक्ष्य में 2 नवंबर को भोपाल में ’लाड़ली लक्ष्मी योजना’ के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का नगरपालिका के टाऊनहॉल में सीधा प्रसारण किया गया। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री जिला स्तरीय कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। टाऊनहॉल में विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, सहायक संचालक रोहित बड़कुल, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव, लाड़ली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित हुई बेटिया, उनके अभिभावक एवं संबंधित उपस्थित थे। कार्यक्रम में अतिथियों ने लाड़ली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित हुई बेटियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत लाभान्वित हुई मंडला की बेटी अंकित मसराम को मुख्यमंत्री ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में 12 हजार 500 रूपए का चेक प्रदान किया। मंडला जिले से 7 बेटियां प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुई। जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि सरकार बेटियों के सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने योजना से लाभान्वित होने वाली बेटियों को शुभकामनाएं दी। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने कहा कि ’लाड़ली लक्ष्मी योजना’ बेटियों के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। इस योजना का अन्य प्रदेशों द्वारा भी अनुसरण किया जा रहा है। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों के बिना सृष्टि की कल्पना नहीं की जा सकती। आज रक्षा, खेल, शिक्षा सहित हर क्षेत्र में बेटियाँ नाम रोशन कर रही हैं।

जल-जीवन मिशन के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में पूरा करें
कलेक्टर ने की समीक्षा
मंडला 2 नवम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जल-जीवन मिशन के अंतर्गत जिले के सभी गांव में संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम विभाग के अधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे। कलेक्टर ने कहा कि जल-जीवन मिशन के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरा किया जाए। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि जल-जीवन मिशन के सभी कार्यों को जल निगम एवं पीएचई विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि जल-जीवन मिशन योजना के अंतर्गत कोई भी गांव न छूटे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी उनके क्षेत्र में संचालित होने वाले जल-जीवन मिशन के कार्यों की जानकारी दें एवं आवश्यक होने पर सूची प्रदान करें।
बैठक में कलेक्टर ने सोर्स चिन्हांकन का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने हालौन तथा अलग-अलग परियोजना के अंतर्गत जल-जीवन मिशन के चयनित गांव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ईईपीएचई जल-जीवन मिशन के अंतर्गत अब तक हुए पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों का संपूर्ण ब्यौरा दें। उन्होंने सर्वे की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि सोर्स नहीं मिलने पर वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजाम करें। कलेक्टर ने बैठक में टेंडर प्रक्रिया, भूमि आवंटन से संबंधित विषय तथा दस्तावेजी प्रक्रिया आदि के संबंध में जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।

’लाड़ली लक्ष्मी योजना’ के अंतर्गत नेहरू पार्क में हुआ कार्यक्रम
बेटियों का मनाया गया जन्मोत्सव
मंडला 2 नवम्बर 2022
मध्यप्रदेश राज्य स्थापना के उपलक्ष्य में प्रदेश के साथ-साथ जिले भर में 1 से 7 नवंबर तक अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 2 नवंबर को जिला मुख्यालय के नेहरू पार्क में लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत लाभान्वित हुई बेटियों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद सम्पतिया उईके, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एएसपी गजेन्द्रसिंह कंवर, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, जनपद मंडला अध्यक्ष सोनू भलावी, महिला मोर्चा के पदाधिकारीगण, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, बेटियाँ, उनके अभिभावक एवं संबंधित उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की सभी बेटियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब बेटी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 1 से 7 नवम्बर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी 2.0 की सभी को बधाई भी दी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपस्थितजनों से बेटियों के जन्म उत्सव पर एक पेड़ लगाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नेहरू पार्क के निचले भाग में लाड़लियों के लिए वाटिका बनाई जा रही है जिसमें बेटियों के जन्म उत्सव पर वृक्षारोपण भी किया जा सकेगा। कार्यक्रम का प्रारंभ कन्यापूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

कलेक्ट्रेट से लेकर एसपी कार्यालय तक ’लाड़ली लक्ष्मी पथ’
मंडला 2 नवम्बर 2022
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अंतर्गत 2 नवम्बर को लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत लाड़लियों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय से लेकर एसपी ऑफिस तक के पथ को ‘लाड़ली लक्ष्मी पथ’ के रूप में सजाया गया। इस अवसर पर कलश यात्रा भी निकाली गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह, महिला बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित बेटियाँ कलश यात्रा में शामिल हुई।

सामान्य सभा की बैठक 7 को
मंडला 2 नवम्बर 2022
जिला पंचायत मण्डला सामान्य सभा की बैठक 7 नवम्बर 2022 दिन सोमवार को सायं 4 बजे से जिला पंचायत मण्डला के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम करेंगे, जिसमें जिले में विभागों द्वारा संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही जिले में खेलकूद गतिविधियों के आयोजन पर विचार, विभागों द्वारा रोजगार उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा, नशा मुक्ति अभियान के संचालन के सम्बन्ध में विचार, मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान, जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की, उद्योग विभाग, रेशम विभाग, ग्रामोद्योग एवं हाथकरघा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा, गौरव दिवस के संचालन के सम्बन्ध में चर्चा, विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य एवं पूर्ति की समीक्षा, जिले में विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा, जिला पंचायत द्वारा संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा, जिला पंचायत भवन निर्माण जिला पंचायत निधि से कराये जाने विषयक विचार, पन्द्रहवा वित्त आयोग के अंतर्गत खण्ड स्तरीय बी0पी0-डी0पी0 के अनुमोदन बावद् विचार, जिला पंचायत कर्मचारियों की पदोन्नति, जिला पंचायत के भृत्य की अनुकम्पा नियुक्ति तथा अन्य विषयों की समीक्षा की जाएगी।

कृषक जल्द कराएं ईकेवाईसी अन्यथा आगामी भुगतान होगा बाधित
मण्डला 2 नवंबर 2022
अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ प्राप्त कर रहे जिले के कृषक, जिन्होंने अपना ई-केवायसी एवं बैंक खाता आधार से लिंक नही करवाया है, वे अपना ई-केवायसी व बैंक खाता आधार से शीघ्र लिंक करवाएं। प्रभारी अधीक्षक भू-अभिलेख मण्डला ने बताया कि सभी कृषकों को अपना ई-केवायसी एवं बैंक खाता आधार से लिंक करवाना अनिवार्य है। कृषक ई-केवायसी हेतु नजदीकी ग्राहक सेवा केन्द्र या ग्राम में स्थित इस्मॉल बैंक जहाँ बायोमैट्रिक डिवाईश उपलब्ध है वहाँ पहुंचकर सभी किसान शीघ्र ही अपना आधार फिंगर बैंक खाते में लिंक कराकर सत्यापन करायें। ई-केवायसी एवं बैंक खाता आधार से लिंक न होने की दशा में उक्त दोनों योजनाओं में कृषकों को आगामी किश्तों का भुगतान होना बाधित होगा।

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण के लिए आज से विशेष शिविर
मण्डला 2 नवंबर 2022
सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए तहसील मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न ग्रामों में भी शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 3 नवम्बर 2022 को मंडला तहसील, निवारी, मनेरी, मोहगांव एवं कालपी में शिविर आयोजित होंगे। 4 नवम्बर को बकौरी, पदमी, अंजनिया, भीमडोंगरी, पिण्डरई, बबलिया, चाबी एवं भावल में शिविर लगेंगे। 5 नवम्बर को बम्हनी, सिझौरा, घुटास, बम्हनी, पिपरिया, सलवाह एवं मानिकसरा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार 6 नवम्बर को ग्वारा, मवई, पालासुंदर, सुखराम एवं चौगान में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अब मोबाइल ऐप से घर बैठे अपनी कृषि उपज का विक्रय कर सकेगें कृषक
म.प्र. शासन एवं मंडी बोर्ड ने दी कृषकों को बड़ी सौगात
मण्डला 2 नवंबर 2022
मध्यप्रदेश शासन एवं मंडी बोर्ड द्वारा कृषकों को बड़ी सौगात कृषि उपज विवरण के क्षेत्र में अभिनव कदम उठाते हुए मोबाइल ऐप के माध्यम से कृषि उपज विक्रय को सुविधा प्रदान की गई है। मंडी सचिव द्वारा बताया गया कि शासन की इस सुविधा के तहत कृषकों को सबसे पहले अपने एंड्रॉयड मोबाइल पर एमपी फॉर्म गेट मोबाइल ऐप इंस्टॉल करना होगा। ऐप के माध्यम से कृषक बंधु अपने पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण कर सकेंगें। यह एक फसल विक्रय की सुविधा के लिए शासन द्वारा बनाया गया है जिसमें कृषक बंधु कृषि उपज के संबंध में मंडी फसल ग्रेड, किस्म, मात्रा एवं भाव की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। कृषकों के द्वारा अंकित की गई समस्त जानकारियां चयनित मंडी के व्यापारियों को प्राप्त हो जाएगी एवं ऐप पर प्रदर्शित होगी। व्यापारी द्वारा फसल की जानकारी एवं बाजार की स्थिति के अनुसार दरें ऑनलाइन दर्ज की जाएंगी, जो कृषक के एंड्रॉयड मोबाइल पर फॉर्म गेट ऐप में ऑनलाइन प्रदर्शित होगी। व्यापारी द्वारा प्रस्तुत दरों में उच्चतम दर पर कृषक द्वारा अपनी सहमति ऐप पर ऑनलाइन दर्ज करने पर संबधित व्यापारियों को ऐप से मैसेज प्राप्त होगा जिसके उपरांत आपसी सहमति के आधार पर चयनित स्थान पर कृषि उपज का तौल कार्य हो सकेगा। ऐप पर दर्ज होने के बाद ऑनलाइन सौदा पत्रक एवं भुगतान पत्रक जारी किया जाएगा। शासन एवं मंडी के नियम अनुसार नगद अथवा बैंक खाते के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। इस प्रकार कृषक बंधु इस मोबाइल ऐप के माध्यम से मंडी में जाए बिना अपने घर पर गोदाम, खलिहान से भी अपनी कृषि उपज का विक्रय कर सकते हैं। मंडी सचिव ने समस्त कृषक बंधुओं से अपील की है कि राज्य शासन एवं मंडी बोर्ड की इस अभिनव पहल का लाभ उठाते हुए अपने एंड्रॉयड मोबाइल में एमपी फॉर्म गेट ऐप इंस्टॉल करें जिससे सभी लाभान्वित हो सकें।

9 को प्रेस कॉन्फ्रेंस
मण्डला 2 नवंबर 2022
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण वर्ष 2023 के संबंध में 9 नवम्बर 2022 को दोपहर 12 बजे से जिला योजना के सभाकक्ष मण्डला में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई है। कॉन्फ्रेंस में सभी मीडिया प्रतिनिधियों को उपस्थित होने का आग्रह है।

स्टेडिंग कमेटी की बैठक 9 को
मण्डला 2 नवंबर 2022
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 नवम्बर को दोपहर 12 बजे जिला योजना भवन के सभाकक्ष में स्टेडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला द्वारा अनेक गतिविधियां आयोजित की गई
मंडला 2 नवम्बर 2022
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा माननीय आर.एस. शर्मा, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के आदेशानुसार एवं श्री डी0आर0 कुमरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के मार्गदर्शन में ’एंपावरमेंट ऑफ सिटीजन थ्रो लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच’ एवं हक हमारा भी है 75 अभियान के अंतर्गत विधि विद्यार्थियों की टीम गठित की गई। 2 नवम्बर को निम्नानुसार स्थानों पर गठित टीमों द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर ग्रामवासियों को मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य, निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी दी तथा योजनाओं से संबंधित पम्पलेट्स वितरित किये।
टीम-अ-विधि विद्यार्थीगण मोक्षिमा रघुवंशी, स्वाती विश्वकर्मा एवं कुमकुम तेकाम द्वारा प्रज्ञानगर देवदरा मण्डला में उक्त कार्यकम का प्रचार-प्रसार कर पम्पलेट्स वितरित किये गये।
टीम ब- विधि विद्यार्थीगण सलिल सिंह, करीना चौरसिया, मुस्कान सौदागर द्वारा ग्राम गौंझी में उक्त कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार कर पम्पलेट्स वितरित किये गये।
टीम स- विधि विद्यार्थीगण धीरेन्द्र उपाध्याय, साक्षी दुबे, हरसला द्वारा देवदरा पंचायत मंडला में उक्त कार्यकम का प्रचार-प्रसार कर पम्पलेट्स वितरित किये गये।
टीम द–विधि विद्यार्थीगण हिमांशु झारिया, कुमकुम, आकांक्षा द्वारा ग्राम चटुआमार मण्डला में उक्त कार्यकम का प्रचार-प्रसार कर पम्पलेट्स वितरित किये गये।

राज्य स्तरीय शालेय कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने फहराया परचम
मण्डला। राज्य स्तरीय शालेय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 15 से 18 अक्टूबर तक दतिया में एवं 27 से 30 अक्टूबर तक इंदौर में किया गया था। जिसमें मण्डला जिले के खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इसमें ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम हा.से. स्कूल से किंजल झारिया, श्रृष्टि झारिया, तन्मय पटेल ने कांस्य पदक हासिल किया। एवं निर्मला सीनियर सेकेंडरी स्कूल से नम्रता तिवारी ने रजत पदक एवं मोंटकोर्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से ने स्वर्ण पदक एवं एन.जे.एन. स्कूल से आशीष सिंधिया युवराज सिंधिया ने कास्य पदक प्राप्त करते हुए सभी खिलाड़ियों ने जिले का नाम रोशन किया। सभी खिलाड़ियों की सफलता पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुनीता बर्वे, जिला खेल अधिकारी रविंद्र ठाकुर, समस्त स्कूल के प्राचार्य एवं कंधीलाल मरकाम, ब्रजमी बैरागी, सोनम कछवाहा, अभिषेक श्रीवास, वासु सिंधिया, अभिषेक श्रीवास ने शुभआशीष एवं बधाई दी।

