Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 28 अगस्त 2023

कर्मचारियों को समय पर वेतन जारी करना सुनिश्चित करें – डॉ. सिडाना

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न

मण्डला 28 अगस्त 2023

                समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को समय पर वेतन जारी करना सुनिश्चित करें। आदिम जाति कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए 700 नवपदस्थ शिक्षकों का विगत 6 माह से वेतन जारी नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की तथा तत्काल वेतन जारी करने के निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि इसी प्रकार पेंशन आदि के प्रकरणों को पूरी संवेदनशीलता के साथ समय पर निराकृत करें। लाड़ली बहना योजना के तहत प्राप्त दावे-आपत्तियों का निर्धारित समयावधि में समुचित निराकरण करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना, बैगा आहार अनुदान योजना सहित शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के शतप्रतिशत हितग्राहियों के डीबीटी तथा ई-केवाईसी की कार्यवाही भी जल्द पूर्ण करें। मध्यान्ह भोजन योजना के तहत अगस्त माह के खाद्यान्न का शतप्रतिशत उठाव कराएं। संबंधित अधिकारी मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम की सतत मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित मीनू का पालन सुनिश्चित करें। इसी प्रकार उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार वितरण तथा सांझा चूल्हा कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जो वन अधिकार पट्टा बन चुके हैं उन्हें संबंधित हितग्राहियों को वितरित करें। साथ ही अपात्र किए गए आवेदकों को कारण सहित लिखित सूचना दें। स्कूल छात्रावास सहित अन्य शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। राजस्व विभाग सीमांकन तथा बंटवारा के प्रकरणों के निराकरण पर फोकस करें। सीमांकन में रोवर मशीन का उपयोग करें। बैठक में कलेक्टर ने टीएल प्रकरण, आंगनवाड़ी केन्द्रों की मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास आवंटन, बस्ती विकास योजना, न्यायालयीन प्रकरण तथा पुस्तक वितरण आदि की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

समय पर पूरा करें हालोन परियोजना

 

बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने हालोन डेम परियोजना की विस्तार से समीक्षा करते हुए प्रोजेक्ट को समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवम्बर माह तक सिंचाई के लिए पानी छोड़ने का लक्ष्य रखते हुए कार्य करें। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सभी शालाओं की वाटर ड्रिकिंग यूनिट ठीक कराएं। बैठक में कलेक्टर ने खाद तथा यूरिया की उपलब्धता एवं वितरण की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एसडीएम तथा तहसीलदार खाद, यूरिया वितरण की सतत समीक्षा करें। विक्रय केन्द्रों के स्टॉक की भी जांच करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

रोल ऑब्जर्वर ने किया मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य का अवलोकन

मण्डला 28 अगस्त 2023

                रोल ऑब्जर्वर एवं आयुक्त जनजाति कार्य विभाग संजीव सिंह ने मतदान केन्द्र चाबी एवं देवगांव का निरीक्षण करते हुए फोटो निर्वाचक नामावली के द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत की जा रही कार्यवाहियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, मतदाता सूची से नाम काटने, तथा संशोधन के लिए भरे गए आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने सभी आवेदनों को निर्धारित समयावधि में ऑनलाईन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुनरीक्षण की कार्यवाही के तहत मतदाता सूची के वाचन सहित अन्य गतिविधियों के बारे में ग्रामीणों से फीडबैक भी लिया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्हें मतदान का महत्व बतलाया तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग प्रदान करने का आव्हान किया। इस दौरान एसडीएम घुघरी, एसडीएम निवास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने बीएलओ एवं बीएलए में समन्वय आवश्यक

रोल ऑब्जर्वर ने की पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा

मण्डला 28 अगस्त 2023

                रोल ऑब्जर्वर एवं आयुक्त जनजाति कार्य विभाग संजीव सिंह ने फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण के संबंध में रिटर्निंग ऑफीसर, सहायक रिटर्निंग ऑफीसर, नोडल अधिकारी तथा बीएलओ की बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता से करते हुए निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें। पुनरीक्षण के माध्यम से मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए बीएलओ एवं बीएलए में समन्वय आवश्यक है। जिला योजना भवन में संपन्न हुई बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।

श्री सिंह ने कहा कि बीएलओ अपने क्षेत्र का भ्रमण करें तथा जिन भी व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से छूटे व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उनसे नियमानुसार फॉर्म भरवाएं तथा उनका मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि जो भी फॉर्म प्राप्त हो रहे हैं उन्हें तत्काल ऑनलाईन करें। मतदाता सूची से किसी भी का नाम काटने के पूर्व दस्तावेजों से विधिवत सत्यापन सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण के तहत जिले में की गई कार्यवाहियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

रोल ऑब्जर्वर ने ली राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक

मण्डला 28 अगस्त 2023

                रोल ऑब्जर्वर एवं आयुक्त जनजाति कार्य विभाग संजीव सिंह ने फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। उन्होंने राजनैतिक दलों का आव्हान किया कि वे भी पुनरीक्षण कार्य में भागीदारी करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें। श्री सिंह ने उपस्थित प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण की गतिविधियों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने पुनरीक्षण कार्य के तहत जिले में किए गए कार्यों की जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सहायक कलेक्टर ने दिखाई वाहन रैली को हरी झंडी

मण्डला 28 अगस्त 2023

                आगामी विधानसभा निर्वाचन-2023 के अंतर्गत मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने, मतदान प्रतिशत बढ़ाने तथा लोकतंत्र को मज़बूत करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग ने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली नगरपालिका परिसर से प्रारंभ होकर रेडक्रॉस, चिलमन चौक, बस स्टेंड, लालीपुर, बैगा-बैगी चौक, रपटाघाट में संपन्न हुई। रैली के दौरान लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा नैतिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। सहायक कलेक्टर ने रपटाघाट में सफाईकर्मियों को निष्पक्ष मतदान की शपथ भी दिलाई।

 

 

 

 

थर्ड जेंडर्स ने की नैतिक मतदान की अपील

 

मण्डला 28 अगस्त 2023

                आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 को ध्यान में रखते हुए जिले में मतदाता जागरूकता के संबंध में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, स्वीप गतिविधियों के इसी क्रम में नगरीय क्षेत्र के विभिन्न वार्ड में थर्ड जेंडर्स की टोली ने नुक्कड़ सभाएं कर मतदाताओं से नैतिक मतदान की अपील की। इस दौरान उनके द्वारा पारंपरिक नृत्य एवं करतल ध्वनि के माध्यम से गलियों में घूमकर लोगों का ध्यान आकर्षण किया गया। थर्ड जेंडर आईकॉन सुनीता ने इस दौरान लोगों से मिलकर लोकतंत्र में प्रत्येक मत के महत्व को समझाया।

 

 

 

 

 

 

 

पोस्टर से दी जा रही पुनरीक्षण की जानकारी

 

मण्डला 28 अगस्त 2023

                फोटोयुक्त मतदाता सूची के द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण की गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए जिला स्तर पर अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आमजन को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम कटवाने अथवा आवश्यक संशोधन कराने की प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए यात्री वाहनों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं। पोस्टर्स में फॉर्म-6, 7 एवं 8 के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

आकिब गौरी एक वर्ष के लिए जिलाबदर

 

मण्डला 28 अगस्त 2023

                आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलग्न रहने के कारण कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा आकिब गौरी उम्र 30 वर्ष, निवासी साकिन अम्बेडकर वार्ड मंडला को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला मंडला तथा उसकी सीमा से सम्बद्ध मध्यप्रदेश राज्य के राजस्व जिले जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट एवं सिवनी की सीमाओं से एक वर्ष की कालावधि के लिए बाहर जाने का आदेश दिया गया है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। निर्बन्ध आदेश की अवधि में आकिब गौरी जिस-जिस थाना क्षेत्र में निवास अथवा आवागमन करेगा, अपने आने तथा प्रस्थान करने की सूचना देगा तथा प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे क्षेत्राधिकार वाले थाना में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।

 

 

 

 

 

 

 

सखी निवास स्थापित करने प्रस्ताव आमंत्रित

 

मण्डला 28 अगस्त 2023

                भारत सरकार की मिशन शक्ति सामर्थ्य अंतर्गत कामकाजी महिलाओं को सुविधाजनक व सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने हेतु महिला वसति गृह (सखी निवास) योजना संचालित की जा रही है जिन शहरों/क्षेत्रों में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं, उन क्षेत्रों में कामकाजी महिलाओं के लिए भारत सरकार की योजना अंतर्गत सुविधाजनक व सुरक्षित आवास उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। महिला वसतिगृह (सखी निवास) के स्थान चयन हेतु जिले में कारखाना बाहुल्य स्थान, तकनीकी शिक्षा, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, निजी बैंक व महाविद्यालय अथवा अन्य ऐसे स्थान जहां पर कामकाजी महिलाओं की संख्या अधिक हो महिला वसतिगृह (सखी निवास) स्थापित किये जा सकते हैं।

                महिला वसतिगृह (सखी निवास) की स्थापना संबंधी व्यय का भार भारत सरकार, राज्य सरकार द्वारा 60: 40 अनुपात में निर्वहन किया जायेगा। वसति गृह स्थापित करने के लिये शासकीय रिक्त भवन अथवा पूर्ण सुविधायुक्त किराये के भवन में की जा सकती है। भारत सरकार महिला एवं बाल विकास विभाग की ऑफिशियल साइट https://wcd.nic.in//act@2420 पर भी उपलब्ध है। अपना प्रस्ताव कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग जिला पंचायत परिसर मण्डला में डाक द्वारा या स्वयं उपस्थित होकर कार्यालयीन समय में जमा किये जा सकते हैं एवं अधिक जानकारी हेतु कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी मण्डला प्रथम तल जिला पंचायत परिसर मण्डला से संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सिकिल सेल एनीमिया का प्रशिक्षण आयोजित

 

मण्डला 28 अगस्त 2023

                सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तरों पर सिकिल सेल एनीमिया जागरूकता एवं जानकारी के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थी के रूप में खण्ड चिकित्सा अधिकारी, मेडिकल ऑफीसर, आर.बी.एस.के. मेडिकल ऑफीसर, सीएचओ, एएनएम एल.टी. एवं तीसरे दिवस आशा कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। प्रशिक्षक के रूप में आईसीएमआर जबलपुर की टीम के द्वारा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में सिकिल सेल वाहक एवं रोग का पूरा परिचय दिया जा रहा है। केंद्र सरकार के मंशानुसार 2047 तक पूरे भारत में सिकिल सेल बीमारी उन्नमूलन करने का प्लान है।

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा है कि 0 से 40 वर्ष के व्यक्ति एवं गर्भवती महिलाएँ की सिकलिंग जांच जरूर कराएँ। जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ये बीमारी वशांनुगत होती है जिसमें लाल रक्त कणिकाओं का स्वरूप बदल जाता है। सिकिल सेल एनीमिया खून की कमी से से जुड़ी एक बीमारी है। इस अनुवांशिक डिसॉडर में ब्लड सेल्स टूट जाते हैं। उनका साइज बदलने लगता है जो खून की नसों को ब्लॉकेज कर देती हैं। सिकिल सेल एनीमिया में लाल रक्त कण मर जाते हैं और शरीर में खून की कमी हो जाती हैं। जेनेटिक बीमारी के चलते शरीर में खून बनना बंद हो जाता है। शरीर में खून की कमी हो जाने के कारण यह रोग कई जरूरी अंगों को डेमेज होने का कारण बनता है जैसे- किडनी, तिल्ली, लीवर शामिल है। पर्याप्त लाल रक्त कोशिकाएं न होने से एनीमिया विकसित करते हैं। वह स्थिति जो है सिकिल सेल एनीमिया का नाम देती हैं। सिकिल कोशिकाएं, लाल रक्त कोशिकाओं को अपना काम करने के लिये रोकती है जो पूरे शरीर में ऑक्सीजन ले जा रही हैं। परामर्श देना एवं आभा आई.डी. तैयार करना, इलाज एवं उपचार पर फोकस करना एवं 29 अगस्त को बिछिया, नारायणगंज, मोहगांव एवं घुघरी में तथा 31 अगस्त 1, 2 सितम्बर को मवई में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान में एक दिवसीय प्रशिक्षण जन सेवा मित्र को दिया जाएगा।

Related posts

मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने विश्व जल दिवस मनाया…

Reva India News

जिलहरी घाट, ग्राम गयाजीपुर, मंडला में स्थित काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल

Reva India News

20 नवम्बर को होगी अर्द्धवार्षिक परीक्षा की पीटीएम

Reva India News

Leave a Comment