कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण
मंडला 4 सितम्बर 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्टेडियम ग्राउंड के 3 किलोमीटर की परिधि में नो फ्लाईंग जोन घोषित
मंडला 4 सितम्बर 2023
अमित शाह केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री भारत सरकार के प्रस्तावित भ्रमण 5 सितम्बर 2023 को उनकी सुरक्षा श्रेणी (जेड प्लस) एवं संभावित खतरों को दृष्टिगत रखते हुए हेलीपेड स्थल एवं महात्मा गांधी स्टेडियम ग्राउंड के 3 किलोमीटर की परिधि में ड्रोन, पैराग्लाईडर, हॉट बैलून, अन्य फ्लाईंग ऑब्जेक्ट के उड़ने पर एतद् आदेश द्वारा प्रतिबंध लगाया जाकर उक्त स्थान को रेड जोन, नो फ्लाईंग जोन घोषित किया गया है। यह आदेश 5 सितम्बर 2023 को प्रभावशील रहेगा। इस आदेश के उल्लंघन पाये जाने पर दोषी व्यक्ति के विरूद्ध नियमानुसार दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 188 अन्तर्गत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

कन्हैया को मिला आय का जरिया, मुख्यमंत्री जी को किया धन्यवाद ज्ञापित
मंडला 4 सितम्बर 2023
प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को स्व-रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में अनेकों कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना का संचालन प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है।
ग्राम बिंझिया निवासी कन्हैयालाल नंदा ने भी इस योजना के अंतर्गत लाभ लेकर अपनी आय का जरिया बनाया। वे बताते हैं कि अपनी बीसीए की पढ़ाई पूरी करने के पश्चात बेरोजगारी से लड़ रहे थे। उनके पास आय का कोई भी जरिया नहीं था, किंतु उन्होंने सोचा कि स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहिए। कन्हैया कहते हैं कि जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला से संपूर्ण जानकारी लेकर मैंने ऑनलाईन के माध्यम से इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। शीघ्र ही मेरा प्रकरण स्वीकृत कर वर्ष 2021-22 में सेंट्रल बैक हिरदेनगर माध्यम से मुझे 20 लाख रूपये का ऋण प्राप्त होने से मैं स्टील फेब्रीकेशन का व्यवसाय शुरू किया और अन्य लोगों को रोजगार भी दे रहा हूं। ऋण प्राप्त होने से मैं स्वयं की जगह में शेड तैयार कराया तथा बेल्डिंग मशीन, लेंसर मशीन, बफिंग मशीन, ग्राइंडर एवं बेडिंग मशीन आदि खरीदकर मैं व्यवसाय कर रहा हूं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के माध्यम से युवाओं को अब रोजगार मिल रहा है। रोजगारमूलक योजनाओं के संचालन के लिए कन्हैया ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की मदद से अभिषेक बने आत्मनिर्भर
मंडला 4 सितम्बर 2023
जिले में उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना की सहायता से पात्र हितग्राहियों सफल उद्यमी बनकर उभर रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से लाभान्वित होने वाले सहस्त्रधारा रोड, नेहरूस्मारक निवासी अभिषेक दुबे ने बताया कि इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं टेलीकम्यूनिकेशन में पॉलीटेक्निक से डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद शासकीय नौकरी की तलाश कर रहा था, किंतु मैने सोचा कि स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहिए।
अभिषेक कहते हैं कि समाचार पत्रों के माध्यम से उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली और मैंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में जाकर सम्पर्क किया। विभाग से संपूर्ण जानकारी लेकर मैंने ऑनलाईन के माध्यम से उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। शीघ्र ही मेरा प्रकरण स्वीकृत कर स्टेट बैंक मण्डला के माध्यम से मुझे 2 लाख 80 हजार रूपये का ऋण प्राप्त होने से मैं किराना दुकान शुरू किया और अब मैं एक अन्य व्यक्ति को रोजगार भी दे रहा हूं। वर्तमान में मेरी दुकान अच्छी चल रही है। शासन की योजना के माध्यम से मुझे रोजगार प्रदान करने के लिए मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।

स्वयं का रोजगार स्थापित करने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
मंडला 4 सितम्बर 2023
मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए 40 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग ने बताया कि बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- सिलाई, रेडीमेड गारमेंट, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, प्लम्बर, दोनापत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, मोबाईल रिपेयरिंग, ढाबा रेस्टोरेन्ट, राईस मिल, फोटोकॉपी, कम्प्यूटर ऑनलाईन सर्विस, आटाचक्की, तेल मिल, टेन्ट हाउस, फर्नीचर निर्माण, एवं रेपेरिंग, निर्माणकार्य से सबंधित आदि ट्रेडों में स्वयं का व्यवसाय किये जाने हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 एवं एस.एल. वरकडे मो. 9424361125 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहगांव में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर
मंडला 4 सितम्बर 2023
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहगांव में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। रक्तदान शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में अनुज कछवाहा, अर्पित अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, सरोज दुबे, करन यादव, सुमित दुबे, आकाश चक्रवर्ती, प्रतीक तिवारी, अभिषेक अग्रवाल, पंकज उईके एवं मुंगवानी के युवा सरपंच रामकिशोर धुर्वे, इरफान मलिक, तीशान मलिक एवं अस्पताल स्टॉफ के डॉ. कमलेश मोहन सिंह झिकराम, डॉ. अमित भलावी व डॉ. प्रसून झा, सुपरवाईजर बीरबल कुम्हरे एवं डीईओ भवानी चन्द्रोल ने भी रक्तदान किया।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का मंडला आगमन आज
मंडला 4 सितम्बर 2023
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का 5 सितम्बर 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री सिंह 5 सितम्बर को प्रातः 11:45 बजे जबलपुर से मंडला के लिए हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे तथा दोपहर 12:15 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे दोपहर 2 बजे मंडला से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

