विधानसभा आम निर्वाचन-2023
कोई भी मतदाता न छूटे, शतप्रतिशत मतदान का प्रयास करें – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने किया मंडला विधानसभा के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
मंडला 23 अक्टूबर 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना तथा पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मंडला विधानसभा के हाईस्कूल भालीवाड़ा माल, प्राथमिक शाला भालीवाड़ा जर, प्राथमिक शाला पौंड़ी, प्राथमिक शाला चीचगाँव, प्राथमिक शाला आमाटोला केरेगांव, माध्यमिक शाला पांडीवारा एवं माध्यमिक शाला भरवेली के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मतदान केन्द्रों में बिजली, पानी, रैम्प, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्हांेने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री को निर्देशित किया कि सभी मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर पेयजल संबंधी विषयों का निराकरण करें। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मतदान केन्द्रों में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्हांेने ग्रामीणजनों से निर्भय होकर मतदान करने का आव्हान किया।

ग्रामीणों को बतलाया मतदान का महत्व
भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्रामीणों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व को समझाते हुए उनसे शतप्रतिशत मतदान करने का आव्हान किया। कलेक्टर ने कहा कि 17 नवंबर को प्रत्येक मतदाता अनिवार्य रूप से मतदान में शामिल हो। कोई भी मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहना चाहिए। मतदान के समय वोटर आईडी अथवा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य कोई भी फोटोयुक्त शासकीय दस्तावेज पहचान के रूप में साथ ले जाना आवश्यक है।

मोहल्ला, टोला तक आयोजित करें स्वीप गतिविधियाँ
भ्रमण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि प्रत्येक मोहल्ला, टोला तक स्वीप गतिविधियां आयोजित करते हुए प्रत्येक मतदाता को निर्वाचन तिथि, समय एवं स्थान के संबंध में जानकारी प्रदान करें। ग्राम के प्रमुख स्थलों पर मतदाता जागरूकता से संबंधित नारे, स्लोगन, निर्वाचन तिथि, स्थान एवं समय की जानकारी लिखवाएं। पटवारी, रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत सचिव एवं कोटवार सहित ग्राम स्तर पर कार्यरत सभी शासकीय अमला स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता के लिए कार्य करें।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
निवास में एक अभ्यर्थी ने 2 आवेदन प्रस्तुत किए
मंडला 23 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत 23 अक्टूबर को जिले में एक अभ्यर्थी द्वारा 2 आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 106 निवास विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा 2 आवेदन पत्र प्रस्तुत किए गए हैं। बिछिया तथा मंडला विधानसभा में एक भी अभ्यर्थी द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किए गए। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2023 नियत है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
देशी-विदेशी मदिरा, बीयर तथा महुआ लाहन जब्त
आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब विक्रय पर छापामार कार्यवाही
मंडला 23 अक्टूबर 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 को मद्देनजर रखते हुए आबकारी टीम द्वारा गत दिवस से लगातार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में संदिग्ध होटलों, ढाबों एवं स्थानों में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन करने वालों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही करते हुए 12 नग देशी मदिरा प्लेन 18 नग विदेशी मदिरा एवं 17 बोतल बीयर के जब्त किये गये। कार्यवाही के दौरान 109 लीटर हाथ से बनी महुआ शराब तथा महुआ शराब बनाने के लिए प्रयुक्त किये जाने वाले लगभग 870 किलो ग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। इस अपराध में संलिप्त 09 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क एवं च के अन्तर्गत न्यायालयीन मामला दर्ज किया गया है।
उक्त कार्यवाही में आबकारी बल के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध शराब के विनिर्माण, संग्रहण, परिवहन व विक्रय की रोकथाम हेतु निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
519 लीटर शराब जब्त
स्थैतिक निगरानी एवं फ्लांइग स्कॉट द्वारा की गई कार्यवाही
मंडला 23 अक्टूबर 2023
जिला कम्पलेंट सेल एवं सी-विजिल कन्ट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में गठित फ्लाइंग स्कॉड की टीम एवं स्थैतिक निगरानी दल की टीम द्वारा लगातार आदर्श आचरण संहिता से संबंधित कार्यवाहियाँ की जा रही है, जिले में अब तक सी-विजिल ऐप के माध्यम से 24 केश आदर्श आचरण संहिता उल्लंघन से संबंधित पाए गए जिन पर एफएसटी टीम द्वारा कार्यवाहियाँ की गई हैं। इसी प्रकार आबकारी विभाग एवं एसएसटी टीम द्वारा 519 लीटर शराब जब्त की गई है जिसकी कीमत लगभग 58 हजार 540 रूपए है। जिला संपर्क केन्द्र मंडला के हेल्पलाईन नंबर 1950 एवं ऑफलाईन आवेदन पत्र के माध्यम से प्रतिदिन शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
दुर्गा पंडालों में आयोजित की गई स्वीप की गतिविधियाँ
मंडला 23 अक्टूबर 2023
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए मण्डला जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों मतदान 17 नवंबर 2023 को संपन्न होगा। निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करें, इसके लिए स्वीप प्लान के तहत जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट के निर्देशानुसार मतदाता जागरूता अभियान संचालित किया जा रहा है।

आगंनवाड़ी कार्यकर्ता एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा ग्राम किसली, कूम्हा, सिंघनपुरी, रमपुरी, खैरी, नारायणगंज, घुघरी, सुबेवाड़ा, बम्हनी बंजर, बिछिया तथा मवई सहित जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए एवं दुर्गा पूजा पंडाल तक आने वाले श्रद्धालु से 17 नवंबर को होने वाले निर्वाचन में अपने मताधिकार का उपयोग करने की बात कही गई। मतदान दिवस के दिन सारे काम-काज छोड़कर अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की गई।

निर्वाचन प्रशिक्षण में अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी
24 घंटे में कारण स्पष्ट करने के निर्देश
मंडला 23 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत् आयोजित प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले 7 अधिकारी, कर्मचारियों को अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण में उपस्थित नहीं होने पर जिन कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है उनमें नमन कुमार पटेल सहायक ग्रेड-3 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, प्रेमसिंह धुर्वे सहायक शिक्षक बीईओ बिछिया, ब्रजलाल सहायक अध्यापक उत्कृष्ट विद्यालय नारायणगंज, मुन्नालाल परस्ते सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला झालपानी, प्रहलाद सिंह आर्मो हाईस्कूल देवरी, प्रहलाद सिंह पटेल सहायक शिक्षक बीईओ मंडला तथा तुलसी निवास बिसेन हाईस्कूल झिरिया सम्मिलित हैं। संबंधितों को नोटिस प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
नवरत्न गरबा में आयोजित की गई स्वीप गतिविधियाँ
दिलवाई गई नैतिक मतदान की शपथ
मंडला 23 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में शतप्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। दुर्गा पंडाल तथा विविध आयोजनों में भी स्वीप की गतिविधियों को शामिल किया जा रहा है। इसी क्रम में वृंदावन गार्डन मंडला में आयोजित नवरत्न गरबा में भी प्रतिभागियों एवं उपस्थित दर्शकों को नैतिक मतदान की शपथ दिलवाई गई तथा आग्रह किया गया कि सभी लोग अपने परिवार, आस-पड़ोस तथा मोहल्ले के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए मतदाता जागरूकता के गीत भी बजाये गये। इस अवसर पर 148वी बटालियन के कमांडेंट विक्रांत सारंग पाणी, प्राचार्य हाईस्कूल बिंझिया मुकेश पांडे, बीआरसी अनादि वर्मा, इंडिया गोट टेलेंट सीजन 10 के कलाकार देवा अघोरी, ब्रम्हकुमारी ममता एवं हेमलता दीदी, समिति सदस्य तरूण कछवाहा, रानू चंद्रौल, राधिका मूलचंदानी सहित संबंधित उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
गैस एजेंसी तथा पेट्रोल पंपों में लगाए जा रहे मतदाता जागरूकता के पोस्टर
मंडला 23 अक्टूबर 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 में मण्डला जिले में अधिक से अधिक मतदान के लिए गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप में पोस्टर के माध्यम से नागरिकों को मतदान दिवस के दिन अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की जा रही है। इसी क्रम में अवसर फ्यूल्स बम्हनी बंजर, श्रीराम फ्यूल्स, शुभम गैस एजेंसी, देवरीकला इण्डेन ग्रामीण वितरण बबलिया, अनुजा एवं पी गैस पिण्डरई, इण्डेन मार्बन गैस एंजेसी, मण्डला गैस कम्पनी तथा देविका गैस ऐजेंसी द्वारा मतदान प्रतिशत बढाने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक कर रहे हैं तथा सभी से अपनी जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए अपील भी कर रहे हैं।

अंजनियां पुलिस की कार्यवाही
अवैध रूप से लोहे की बका लेकर घूमते आरोपी गिरफ्तार
मंडला 23 अक्टूबर 2023
वर्तमान में दुर्गोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण मनाने व विधानसभा निर्वाचन के परिप्रेक्ष्य में पुलिस अधीक्षक मंडला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नैनपुर द्वारा अवैध कार्यों पर त्वरित कार्यवाही करने व शांति भंग करने के सूचना पर तत्काल करने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त तारतम्य में 23 अक्टूबर 2023 को ग्राम बोकर से सूचना मिली कि दुर्गेश भांवरे गाँधी चौक बोकर में अवैध रूप से लोहे की बका लिये लोगों को डरा धमका रहा है कि सूचना तस्दीक मौके पर पहुँचकर की गई जो आरोपी दुर्गेश भांवरे उर्फ टोनी पिता स्व. चूरामन उम्र 32 वर्ष ग्राम बोकर गाँधी चौक में अपने हाथ में लोहे की धारदार बका लिये लोगों को डरा धमका रहा था जहाँ पर लोगों की भीड़ लग गई थी। आरोपी को हिकमत अमली से पकड़कर उसके हाथ में रखे बका को जब्त किया जाकर आरोपी को धारा 25 (बी) आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया गया।

ग्राम अहमदपुर में अवैध शराब पर की गई कार्यवाही
ग्राम अहमदपुर से आरोपी दुर्गेश झारिया पिता बच्चू लाल झारिया उम्र 38 वर्ष ग्राम अहमदपुर के कब्जा से अवैध अंग्रेजी शराब 26 पाव जप्त कर आरोपी के विरूद्ध धारा 34 (1) आबकारी एक्ट पंजीबद्ध किया गया एवं 01 अनावेदक के विरूद्ध धारा 110 जा.फौ. तथा 02 अनावेदकों पर धारा 107,116(3) जा.फौ. के अंतर्गत कार्यवाही की गयी। उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी थाना बम्हनी के निर्देशन पर चौकी प्रभारी उनि शक्ति सिंह यादव, सउनि राजेश सराठे, प्र. आर. पी.एल. पंचेश्वर, आरक्षक उत्तम गोठरिया, अनिल भलावी, विनोद तेकाम, कीर्ति कुमार नगपुरे, म. आर. अनुपा पन्द्राम, सैनिक रामचरण पटैल, टेकचंद जंघेला, कृपाल सिंह कुम्हरे के द्वारा की गई।

विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर मंडला पुलिस की अपराधों में सलिप्त आरोपियों पर कार्यवाही, थाना कोतवाली पुलिस ने जिला बदर के आरोपी के विरूद्ध एफआईआर कर पहुंचाया जेल
मंडला 23 अक्टूबर 2023
थाना कोतवाली पुलिस द्वारा कार्यवाही में जिला बदर के आरोपी आकिब गौरी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और जिला बदर के आदेश के उल्लंघन पर एफआईआर कर जेल भेज दिया। बता दें कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है एवं मंडला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आचार संहिता के पालन करवाने एवं चुनाव को निर्विघ्न, भयमुक्त माहौल में, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने हेतु विभिन्न कार्यवाहियां की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा जिले में पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों, समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपराध एवं आपराधिक तत्वों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करने, आपराधिक तत्वों के गतिविधियों पर नजर रखने व जिला बदर के आरोपियों को लगातार चेक करने हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक के प्रस्ताव पर कलेक्टर के द्वारा आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलग्न रहने के कारण कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा आदतन अपराधी आकिब गौरी पिता आदिल गौरी 30 वर्ष को निवासी डॉ.अम्बेडकर वार्ड मंडला को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला मंडला तथा उसकी सीमा से सम्बद्ध मध्यप्रदेश राज्य के राजस्व जिले जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट एवं सिवनी की सीमाओं से एक वर्ष की कालावधि के लिए बाहर जाने का आदेश दिया गया था। अगस्त 2023 को जारी जिला बदर की कार्रवाई के आदेश के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को जिले की सीमा से बाहर कर दिया था।
थाना कोतवाली पुलिस टीम को जिला बदर के आरोपी की चोरी छिपे जिला बदर की कार्यवाही का उल्लंघन करते हुए वापस मंडला शहर में घुमने की जानकारी प्राप्त हुई। आचार संहिता लगने के बाद सभी जिला बदर के आरोपियों को चैक किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली को प्राप्त जानकारी पर पुलिस टीम द्वारा आरोपी को चिलमन चौक के पास से ही घेराबंदी कर पकड़ा गया। हालाँकि उसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया लेकिन उसे पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए दबोच लिया। जिला बदर के आरोपी का कृत्य पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 188 एवं मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 के तहत थाना कोतवाली में अपराध पंजीबध्द किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी कोतवाली शफिक खान के नेतृत्व में उप निरीक्षक रवि प्रताप चौहान, सउनि अशोक राणा और प्रधान आरक्षक पुरन इडपांचे, आरक्षक मानसिंह परस्ते, रमेश सिंगौर की अहम भूमिका रही हैं।

