Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 10 जनवरी 2024

भारत का सांस्कृतिक तथा वैज्ञानिक गौरव भी निरंतर बढ़ रहा है – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने किया मंडला के हितग्राहियों से वर्चुअली संवाद

मंडला 10 जनवरी 2024

            प्रत्येक पात्र व्यक्तियों को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें लाभान्वित करने के उद्देश्य से आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा 10 जनवरी को मण्डला विकासखंड के सकवाह पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हितग्राही जागेश्वर कछवाहा एवं श्वेता नंदा से वर्चुअली संवाद करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में आए बदलाव के संबंध में जानकारी ली। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू भलावी, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह, जनपद सदस्य संदीप सिंगौर, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, प्रफुल्ल मिश्रा, विनय मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

देश को 2047 तक दुनिया में नंबर वन बनाना है

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के गरीबों का कल्याण हो रहा है और भारत का सांस्कृतिक तथा वैज्ञानिक गौरव भी निरंतर बढ़ रहा है। आजादी के अमृतकाल में देश के हर नागरिक तक सभी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने और सभी पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देशभर में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से प्रेरित इस संकल्प यात्रा के दौरान ग्राम पंचायतें और शहरी क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में अपने देश को 2047 तक दुनिया में नंबर वन बनाना है।

 

आयुष्मान कार्ड से मिला पुर्नजीवन

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से संवाद करते हुए जागेश्वर कछवाहा ने बताया कि वह हृदय रोग से पीड़ित था, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण अच्छे चिकित्सालय में उपचार कराने में असमर्थ था। ऐसी स्थिति में उसके उपचार में आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रूपए प्रदाए किए गए जिससे उसे पुर्नजीवन प्राप्त हुआ। जागेश्वर ने बताया कि किसान सम्मान निधि के तहत प्राप्त राशि से उसने खेती को बेहतर किया है जिससे उत्पादन बढ़ा है। जागेश्वर अब प्राकृतिक खेती करना चाहता है।

बारिश अब समस्या नहीं

 

संवाद के दौरान हितग्राही श्वेता नंदा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बताया कि पहले उनका मकान कच्चा था, जिससे बारिश के दिनों में बहुत समस्या होती थी। प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने के बाद उनका मकान पक्का बन गया है जिससे बारिश के दिनों में भी अब उन्हें कोई समस्या नहीं होती। श्वेता ने बताया कि उसके परिवार में शौचालय भी स्वीकृत किया गया है जिसका निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से अब उन्हें लकड़ी के लिए परेशान नहीं होना पड़ता, साथ ही समय की बचत भी हो रही है। श्वेता ने पात्रता पर्ची सहित अन्य योजनाओं से मिलने वाले लाभों तथा योजनाओं के माध्यम से जीवन में आए बदलाव के संबंध में भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

योजनाओं का लाभ देने गांव, घर तक पहुंच रहा प्रशासन

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत सकवाह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि प्रत्येक व्यक्तियों को पात्रतानुसार योजनाओं से आच्छादित करने के लिए प्रशासन गांव, घर तक पहुंच कर रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आव्हान किया कि वे शासन की योजनाओं को समझें तथा उनका लाभ उठाएं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने उपस्थित लोगों से शासन की योजनाओं के माध्यम से विकास की मुख्य धारा से जुड़ने का आव्हान किया। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा तथा सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा ने विभिन्न विभागों द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव भी साझा किए गए। मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

 

 

 

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से लाभांवित हुईं जिले की 2 लाख से अधिक लाड़ली बहनें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की हितग्राहियों के खातों में राशि

 

मंडला 10 जनवरी 2024

                मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की 1.29 करोड़ महिलाओं को 1576.61 करोड़ रूपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरण की। इस दौरान जिले की 2 लाख 70 पात्र महिलाओं के खातों में लाड़ली बहना योजना की राशि अंतरित की गई। राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम का जिले में सीधा सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में एनआईसी कक्ष मंडला से लाड़ली बहनों ने सहभागिता की। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, जिला कार्यक्रम अधिकारी शालिनी तिवारी, सहायक संचालक रोहित बड़कुल सहित संबंधित उपस्थित रहे।

      कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने लाड़ली बहना योजना की राशि अंतरित होने पर महिला हितग्राहियों को शुभकामनायें देते हुए कहा कि योजना के माध्यम से मिलने वाले पैसों से महिलाएं आर्थिक सशक्तिकरण की ओर एक कदम और बढ़ सकेंगी।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की प्रधानमंत्री जनमन अभियान की समीक्षा

बीएमओ मवई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

 

मंडला 10 जनवरी 2024

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला योजना भवन में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान की विस्तृत समीक्षा की। उन्हांेने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी ग्रामवार लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। एसडीएम, जनपद सीईओ तथा तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी बैगा ग्रामों का भ्रमण करते हुए प्रधानमंत्री जनमन अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की सघन मॉनिटरिंग करें।

 

                कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रत्येक बैगा का आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र तथा आयुष्मान पंजीयन की कार्यवाही को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करें। इसी प्रकार बैंक खाता, पात्रता पर्ची, किसान सम्मान निधि, वन अधिकार पट्टा, किसान क्रेडिट कार्ड आदि के कार्य भी जल्द पूर्ण करें। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्यक्रम है जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्‍होंने आयुष्मान पंजीयन के कार्यों में पर्याप्त रूचि न लेने पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी मवई तथा बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

आमजन के जीवन को समृद्ध बनाना ही विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य

 

मंडला 10 जनवरी 2024

                विकसित भारत संकल्प यात्रा 10 जनवरी 2024 को मंडला के सकवाह एवं टिकरवारा, बिछिया के इमलिया एवं नरैनी माल, घुघरी के खमरिया एवं लाटो, मवई के अतरिया एवं सोढ़ा, नैनपुर के जलतारा एवं खिरखिरी, नारायणगंज के बीजेगांव एवं पटेहरा, निवास के गडरा एवं कोहानी पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव भी साझा किए गए। मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आज इन पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा

 

                विकसित भारत संकल्प यात्रा 11 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के मांद एवं अंजनिया, घुघरी में पाटन एवं ढेकों, मवई में अमवार एवं धनगांव माल, नैनपुर में भैंसवाही एवं तूमेगांव, नारायणगंज में मानेगांव एवं देवहारी तथा निवास में हाथीतारा माल एवं भलवारा पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

 

 

 

 

 

9 बैगाओं के जाति प्रमाण पत्र, 7 को पात्रता पर्ची

पीएम जनमन अभियान के तहत 6 स्थानों पर लगे शिविर

 

मंडला 10 जनवरी 2024

                प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए सामाजिक, आर्थिक पिछड़ापन दूर करने हेतु विभिन्न गतिविधियां क्रियान्वित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले की प्रत्येक बैगा बस्तियों में शिविरों का आयोजन कर बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। 10 जनवरी को जिले के 6 ग्रामों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार आज बिछिया के इमलिया, बीजाडांडी के बेलखेड़ी, घुघरी के चुरिया, मवई के सहजपुरी तथा मवई, निवास के सतपहरी ग्राम में विशेष शिविर आयोजित किए गए। शिविर में 24 बैगाओं के आधार कार्ड, 27 के आयुष्मान पंजीयन, 9 के जाति प्रमाण पत्र तथा 7 बैगा को पात्रता पर्ची प्रदान करने संबंधी कार्यवाही की गई। शिविरों के दौरान सिकलसेल एनीमिया की जांच की गई तथा दवाईयों का वितरण किया गया। साथ ही अन्य योजनाओं के लिए हितग्राहियों का चयन किया गया। शिविर में संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

आज इन ग्रामों में लगेंगे शिविर

 

                बैगाओं के आधार कार्ड बनाने के लिए 11 जनवरी को जिले के 7 ग्रामों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार आज घुघरी के किसली, मवई के लालपुर एवं पिपरी रैयत, मोहगांव के निधानी एवं मोहगांव माल तथा निवास के गडरा एवं पिपरिया ग्राम में शिविर लगाए जाएंगे।

 

 

 

 

 

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री संपतिया उईके का 12 को मंडला आगमन

 

मंडला 10 जनवरी 2024

                लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री श्रीमती संपतिया उईके का 12 जनवरी 2024 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार श्रीमती संपतिया उइके 12 जनवरी को शाम 3ः30 बजे छिंदवाड़ा से मंडला के लिए रवाना होकर सायं 7ः30 बजे मंडला पहुंचेंगी एवं रात्रि विश्राम करेंगी।

 

 

 

अवैध उत्खनन में संलिप्त दो वाहन जब्त

 

मंडला 10 जनवरी 2024

                खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में तथा कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में तहसील मण्डला अन्तर्गत बम्हनी बंजर नदी में 9 जनवरी 2024 को खनिज रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त दो वाहन क्रमशः वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 51 एए 6370, वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 51 एबी 1758 को खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया। उक्त वाहनों को शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना बम्हनी की सुपुर्दगी में दिया गया। वाहनों के विरूध म0प्र0 खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

मंडला 10 जनवरी 2023

                केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 12 जनवरी 2024 को मंडला आगमन होगा। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 12 जनवरी को प्रातः 10 बजे घोटखेड़ा नारायणगंज तथा खमरिया में विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल हांेगे। दोपहर 1ः30 बजे खमरिया से निवास के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 3 बजे से निवास तथा थामनगांव में विकसित भारत संकल्प यात्रा में सम्मिलित होंगे। वे सायं 7 बजे थामनगांव से जेवरा के लिए रवाना होकर सायं 7ः40 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 13 जनवरी को प्रातः 10 बजे जेवरा से केवलारी जिला सिवनी के लिए प्रस्थान करंेगे। श्री कुलस्ते 14 जनवरी की देर रात मंडला पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

11 एवं 12 जनवरी को रोजगार, स्वरोजगार मेला जागरूकता शिविर का आयोजन

 

मंडला 10 जनवरी 2024

                जिले में मकर संक्राति के शुभ अवसर पर 11 से 15 जनवरी 2024 के मध्य पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाने के निर्देश मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये हैं। तत् संबंध में 11 जनवरी 2024 को रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मण्डला एवं 12 जनवरी 2024 को पॉलिटेकनिक कॉलेज मण्डला में रोजगार, स्वरोजगार मेला, जागरूकता शिविर का आयोजन प्रातः 11 बजे से प्रारंभ किया जायेगा। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक, युवतियां अपने स्वयं का रोजगार स्थापित करने हेतु शासन द्वारा संचालित केन्द्र एवं राज्य शासन की स्वरोजगार से संबंधित सभी योजनाओं के अधिकारी एवं बैंक उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदाय किये जायेंगे।

 

 

 

 

 

 

अवैध उत्खनन के 32, परिवहन के 181 तथा भण्डारण के 27 प्रकरण दर्ज किए गए

91.07 लाख रू. अर्थदण्ड के रूप में वसूल 

वर्ष 2023 में खनिज विभाग मण्डला की उपलब्धियाँ

 

मंडला 10 जनवरी 2024

                शासन के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा मण्डला जिला अन्तर्गत पाए जाने वाले खनिजों में मुख्यतः डोलोमाईट, पत्थर (गिट्टी), रेत तथा मुरूम है। इन खदानों के वाणिज्यिक दोहन हेतु शासन के नियम, निर्देश प्रचलित है, जिससे आम नागरिक, कंपनी, फर्म द्वारा खदानों की स्वीकृति कराया जाकर नियमानुसार राज्यांश का भुगतान किया जाता है। खनि रियायतों, खदानों से प्राप्त राजस्व से ही जिले का खनिज राजस्व होता है। वर्ष 2023 में माह जनवरी से दिसम्बर तक की शीर्ष 0853 में 12 करोड़ तथा शीर्ष 0035 में 0.36 करोड़ खनिज राजस्व के रूप में प्राप्त किया गया है। इसके अतिरिक्त डी०एम०एफ० मद में 2.86 करोड़ की प्राप्ति हुई है।

                कलेक्टर के निर्देश एवं मार्गदर्शन में विभाग द्वारा सतत् रूप से खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण के संबंध में कार्यवाहियां संपादित की गई है। वर्ष 2023 में माह जनवरी से दिसम्बर तक विभाग द्वारा अवैध उत्खनन के 32 प्रकरण, अवैध परिवहन के 181 प्रकरण तथा अवैध भण्डारण के 27 प्रकरण दर्ज किए गए है जिनसे निराकृत प्रकरणों में 91.07 लाख रू. अर्थदण्ड के रूप में वसूल किया गया है। जिले में अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन, अवैध भण्डारण पर सतत् रूप से निगरानी कर प्रावधानों के अनुसार कार्यवाहियां की जा रही है। जिसमें राजस्व, पुलिस तथा वन विभाग से समन्वय स्थापित कर सहयोग प्राप्त किया जाता है।

Related posts

बलराम जयंती पर मुख्यमंत्री आएंगे मंडला मंत्री श्रीमती उइके ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

Reva India News

रामनगर पंहुचे केंद्रीय मंत्री, आदि उत्सव की तैयारियों का लिया जायजा राज्यपाल 7 मई को करेंगे आयोजन का शुभारंभ

Reva India News

एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 9174 बालिकाएं हुईं टीकाकृत

Reva India News

Leave a Comment