Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 29 मई 2024

निर्वाचन परिणामों के सारणीकरण, एनकोर पोर्टल पर एंट्री तथा कम्यूनिकेशन से संबंधित प्रशिक्षण संपन्न

 

मंडला 29 मई 2024

लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के मतों की गणना 4 जून को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में की जाएगी। परिणामों के सारणीकरण, एनकोर पोर्टल पर एंट्री तथा कम्यूनिकेशन से संबंधित प्रशिक्षण जिला योजना भवन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में परिणामों सारणीकरण तथा पोर्टल एंट्री की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

 

इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि मतों की गणना एवं उनका सारणीकरण पूरे निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, इसलिए इन कार्यों में अत्यधिक सावधानी बरते जाने की आवश्यकता है। निर्वाचन से संबंधित किसी भी कार्य में गलतियों के लिए कोई स्थान नहीं होता। उन्होंने नियुक्त अधिकारी, कर्मचारियों से आग्रह किया कि प्रशिक्षण के दौरान सारणीकरण तथा पोर्टल एंट्री की बारीकियों को समझें। अपनी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही प्राप्त करें। इसी प्रकार कम्यूनिकेशन के लिए नियुक्त किए गए अधिकारी, कर्मचारी संसदीय क्षेत्र के अन्य जिलों से भी समन्वय करते हुए सूचनाओं के आदान-प्रदान को प्रभावी बनाएं। कलेक्टर ने सभी को निर्धारित समय से मतगणना स्थल पर पहुंचने तथा गोपनीयता को बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, उपसंचालक कृषि मधु अली, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मधु मिश्रा सहित संबंधित उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर वेद गुप्ता द्वारा पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से सारणीकरण एवं पोर्टल एंट्री से संबंधित जानकारियां प्रदान की गई।

 

 

 

 

 

 

 

कम उपजाऊ भूमि के लिए वरदान है कोदो – कुटकी

खारी एवं सलवा में आयोजित की गई कृषक संगोष्ठी

मंडला 29 मई 2024

मंडला विकासखंड के ग्राम खारी तथा घुघरी विकासखंड के सलवाह में कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें किसानों को कोदो कुटकी, रागी, कंगनी और सांवा लघु धान्य फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, जैविक खेती के बढ़ते महत्व तथा खरीफ पूर्व आवश्यक तैयारी के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। खारी में आयोजित किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उपसंचालक कृषि मधु अली द्वारा बताया गया कि मिलेट्स कम उपजाऊ भूमि के लिए वरदान है। कम लागत में किसान मिलेट्स का उत्पादन लेकर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। औषधीय गुण होने के कारण अब कोदो कुटकी एवं अन्य लघु धान्य फसलों की मांग बढ़ती जा रही है और मांग अनुरूप किसानों को अच्छे दाम भी मिल रहे हैं।  उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि कोदो-कुटकी की खेती में उन्नत तकनीक, उन्नत किस्म के बीज का उपयोग तथा खेती में वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग करें। प्रशिक्षण में उपसंचालक कृषि मधु अली, सहायक संचालक नेहा डेहरवाल, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी जेआर गजेंद्र, कृषि विस्तार अधिकारी रामकिशोर सैयाम, निधि, पुष्पा कोरचे उपस्थित थे।

कृषि में करें उन्नत तकनीक का उपयोग

 

प्रशिक्षण में कृषकों को खेती में जैविक खाद का उपयोग, उन्नत प्रमाणित बीज की जानकारी और कतार बोनी की जानकारी दी गई। कोदो-कुटकी, रागी आदि मोटे अनाज की खेती में जैविक खाद का महत्व एवं उपयोग विधि के बारे में भी बताया गया। प्रशिक्षण में कृषकों को अन्य खरीफ फसलों की फसल उत्पादन तकनीक और बारिश पूर्व तैयारियों, फसल बीमा, उन्नत यंत्रों की जानकारी एवं ऑनलाइन पंजीयन पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

उपसंचालक कृषि द्वारा किया प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण

 

उपसंचालक मधु अली द्वारा महिष्मति फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा संचालित कोदो कुटकी प्रसंस्करण इकाई बम्होरी और बकोरी में स्थापित शिवम कोदो कुटकी प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया गया और आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

 

 

 

 

 

 

 

मतगणना कार्य से संबंधित मॉकड्रिल 3 जून को

 

मंडला 29 मई 2024

संसदीय निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 14 मंडला की विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना का कार्य 4 जून 2024 को प्रातः 8 बजे से किया जाएगा। इस संबंध में 3 जून 2024 दिन मंगलवार को प्रातः 9 बजे से रानी फूलकुंवर शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला में मतगणना कार्य से संबंधित मॉकड्रिल किया जाएगा। मतगणना से संबंधित सभी अधिकारी, कर्मचारी मतगणना मॉकड्रिल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

सीईओ जिला पंचायत ने किया निवास क्षेत्र का भ्रमण

 

मंडला 29 मई 2024

                जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट ने बुधवार को निवास क्षेत्र के सरसवाही, सिंगपुर, पिपरिया, मसूरघुघरी, जवैधा, हिरनाछापर, बम्हनी, गुंदलई एवं हाथीतारा आदि ग्रामों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत सरोवर, आँगनवाड़ी भवन, खेत तालाब, सड़क निर्माण तथा सीएम राईज स्कूल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

                श्री कूमट ने निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारी लगातार क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं। आवास निर्माण के कार्यों में हितग्राहियों को समुचित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करें। सीएम राईज स्कूल हाथीतारा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी भी कार्यों की मॉनिटरिंग करें। भ्रमण के दौरान श्री कूमट ने वृक्षारोपण की तैयारियों के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

Related posts

बारिश से पहले ग्रेवल सड़क निर्माण पूरा करें – सीईओ श्री कूमट

Reva India News

माँ शीतला स्पोर्ट्स क्लब मंडला ने एवं एम.सी.ए. सिवनी ने जीता मैच |

Reva India News

22 नवम्बर को मंडला के रामनगर में मुख्यमंत्री श्री चौहान का दौरा प्रस्तावित कलेक्टर ने ली संबंधित अधिकारियों की बैठक, दिए निर्देश  

Reva India News

Leave a Comment