मंडला 4 जुलाई 2025
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद का 28वां स्थापना दिवस जिला पंचायत मंडला के सभागार में मनाया गया। स्थापना दिवस के तत्वाधान में जिला स्तरीय स्वैच्छिकता पर्व का आयोजन जन अभियान परिषद के गठन दिवस के शुभ अवसर पर जिला पंचायत मंडला में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सोनू भलावी, सुश्री सीमा पटले जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, जिला समन्वयक श्री राजेंद्र चौधरी की उपस्थिति में किया गया। जिला समन्वयक श्री चौधरी द्वारा परिषद की अवधारणा एवं संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशराम ने कहा कि जन अभियान परिषद के कार्य जनभागीदारी से होते हैं। परिषद के कार्य समाजहित में और जन सामान्य को जागरूक बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास का हिस्सा बनते हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम, एक बगिया मां के नाम सहित अन्य विभिन्न कार्यक्रमों के जरिये सरकार हमें पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझाने का प्रयास कर रही है। जनपद अध्यक्ष श्री भलावी ने परिषद के कार्यों की तारीफ करते हुए समाज के बीच में कार्य करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अपने सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव और जीवन में किये गये संघर्ष को रेखांकित किया। जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन सुश्री पटले द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में समस्त विकासखण्ड समन्वयक, समस्त नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधिगण, समस्त मेंटर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

