मंडला 5 अगस्त 2025
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार मंगलवार को एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम ने खैरी स्थित खाद गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम में खाद वितरण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

गोदाम में किसानों की भीड़ को देखते हुए एसडीएम ने खाद वितरण की व्यवस्था बनवाई। उन्होंने किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। उन्होंने किसान बंधुओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की उर्वरक की कमी के संबंध में अफवाहों पर ध्यान न दें एवं बारी-बारी से आकर खाद ले सकते हैं। एसडीएम श्रीमती सिडाम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान नायब तहसीलदार श्री पुष्पेन्द्र पन्द्रे तथा मार्कफेड के संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

