पंचायत एवं ग्राम स्वराज अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत दो अक्टूबर को जिले की ग्राम सभाओं में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बरबसपुर में आयोजित विशेष ग्राम सभा में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामीणों के साथ चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है, जहाँ विकास संबंधी निर्णय सीधे जनता की भागीदारी से लिए जाते हैं।

कलेक्टर ने ग्रामवासियों से चर्चा करते हुए बताया कि ग्राम स्तर पर आदि सेवा पर्व और विलेज विज़न 2030 तैयार किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत ग्रामीणों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर आने वाले वर्षों की विकास रूपरेखा बनाई जाएगी। ग्राम का समग्र विकास तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना, सुराज अभियान, सूर्य उदय मुफ्त बिजली योजना, मनरेगा कार्य, स्कूल शिक्षा, जल संरक्षण, स्वच्छता और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसीईओ श्री विनोद मरावी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

