Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

विद्यार्थियों ने किया जिले के महत्वपूर्ण स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण

मंडला, 19 दिसंबर 2025

शासकीय महाविद्यालय अंजनिया के विद्यार्थियों ने परियोजना कार्य पूर्ण करने के उद्देश्य से जिले के प्रमुख एवं ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों के दल को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नवीन कुमार हरदहा द्वारा हरी झंडी दिखाकर महाविद्यालय परिसर से रवाना किया गया।

भ्रमण के प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने जिला पुरातत्व संग्रहालय, मंडला का अवलोकन किया, जहाँ संग्रहालय प्रभारी श्रीमती सुलोचना मरावी द्वारा प्राचीन मूर्तियाँ, जीवाश्म, ब्रिटिश कालीन पत्र, मांग पत्र, क्रांतिकारियों के छायाचित्र, पुराने अस्त्र-शस्त्र सहित अन्य ऐतिहासिक सामग्री के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वर्गीय रामभरोस अग्रवाल स्मृति लोक संस्कृति संग्रहालय, गोंडी ट्रस्ट माहिष्मती घाट का भ्रमण किया। यहाँ उन्हें जीवाश्मों के साथ-साथ जिले के प्रसिद्ध लेखकों, कवियों एवं प्राचीन सिक्कों से संबंधित जानकारी प्राप्त हुई।

विद्यार्थियों ने माहिष्मती घाट स्थित कलादीर्घा हस्तकला उत्पाद विक्रय केंद्र का भी अवलोकन किया, जहाँ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों से जिले के हस्तशिल्प, वन उत्पाद, रेशम उत्पाद आदि की जानकारी प्राप्त की तथा स्वयं उत्पादों का क्रय भी किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने माँ नर्मदा के पावन तट पर स्थित मंदिरों का भ्रमण किया।

इसी क्रम में विद्यार्थियों ने सहस्त्रधारा पहुँचकर नर्मदा नदी के अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान जिले के रामनगर स्थित मोती महल, चिमनी बाई का महल एवं राय भगत की कोठी का भी भ्रमण किया गया, जहाँ संबंधित कर्मचारियों द्वारा इन ऐतिहासिक धरोहरों के निर्माण एवं उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। इस शैक्षणिक भ्रमण में लगभग 45 विद्यार्थी सम्मिलित रहे। दल प्रभारी के रूप में डॉ. सुरेंद्र लिल्हारे, डॉ. घनश्याम झरिया एवं डॉ. गरिमा छाबड़ा उपस्थित रहे।

Related posts

समेकित छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2025-26 प्रोफाइल अपडेशन एवं छात्रवृत्ति स्वीकृति के निर्देश  

Reva India News

4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत

Reva India News

26 मार्च का स्थानीय अवकाश निरस्त

Reva India News

Leave a Comment