मंडला, 26 दिसंबर 2025
महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम 2005 (मनरेगा) के स्थान पर विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025 में परिवर्तित किए जाने के संबंध में शुक्रवार 26 दिसंबर को विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया गया। मंडला जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कटरा में आयोजित ग्रामसभा में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना शामिल हुए। उन्होंने ग्रामसभा में उपस्थित ग्रामसभा सदस्यों से नवीन अधिनियम के विषय में चर्चा करते हुए अधिनियम के प्रावधानों के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज संपूर्ण जिले में प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्रामसभा आयोजित कर नए अधिनियम के प्रावधानों से आमजन को परिचित कराया जा रहा है। जिससे आम नागरिक नवीन प्रावधानों के विषय में जागरूक हो सकें। इस दौरान अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा श्री अनुपम दुबे, ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक तथा ग्रामसभा सदस्य, महिला-पुरूष उपस्थित रहे।

