मंडला, 18 जनवरी 2026
जिले में युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने वाले खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025-26 के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का प्रथम चरण उत्साह और उमंग के साथ प्रारंभ हुआ। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंडला द्वारा आयोजित इस आयोजन में एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, कबड्डी, शतरंज, पिट्ठू, क्रिकेट एवं रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
यह प्रतियोगिताएं 17 से 18 जनवरी 2026 तक जिले के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में जिला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में विभागीय तैयारियां सुनिश्चित की गईं।

विभिन्न स्थानों पर हुआ मुकाबलों का आयोजन
खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री विकास खराड़कर ने जानकारी देते हुए बताया कि एथलेटिक्स, वॉलीबॉल एवं पिट्ठू क्रिकेट प्रतियोगिताएं महारानी लक्ष्मीबाई स्टेडियम में आयोजित की गईं। टेबल टेनिस, शतरंज एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में संपन्न हुईं।
प्रतियोगिताओ में जूनियर वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिसमें मंडला जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हुए।
चयनित खिलाड़ी अब संभाग स्तर पर दिखाएंगे दम
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में मंडला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन एंट्री, भोजन एवं चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। वहीं चयनित खिलाड़ियों के लिए किट एवं परिवहन व्यवस्था भी विभाग द्वारा की जा रही है।

एएसपी श्री शिवकुमार वर्मा ने किया पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास सफलता की कुंजी है। साथ ही खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने एवं ट्रैफिक नियमों का पालन करने की प्रेरणा भी दी।
खेल जगत और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
