मंडला, 27 जनवरी 2026
आदिवासी बाहुल्यता वाले मण्डला जिले में आमजन को ग्राम पंचायत स्तर पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराने के उददेश्य से जिला प्रशासन एवं कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अन्य विभागों के सहयोग से आरोग्यम मण्डला 2.0 का आयोजन किया जा रहा है।
बुधवार 28 जनवरी को जिले भर में कुल 33 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें विकासखण्ड मण्डला (बम्हनी बंजर) में बरबसपुर, बनियातारा ठरका, बकौरी, बहंगा, विकासखण्ड बिछिया में खमरोटी, बंजी, खिरहनी, बटवार, किसली भिलवानी, विकासखण्ड नैनपुर में सुरखी, चिरईडोंगरी, ईश्वरपुर, खिरखिरी, सर्रीपिपरिया, विकासखण्ड बीजाडांडी में जमठार, देवरी, कालपी, विकासखण्ड घुघरी में नाहरवेली, लाटो, खोड़ाखुदरा, विकासखण्ड मवई में सारसडोली, सुरजपुरा, केवलारीकला, विकासखण्ड मोहगांव में मुनू, मचला, पिपरिया, विकासखण्ड नारायणगंज में सुखराम, छपरा, मुकासखुर्द, विकासखण्ड निवास में झुरकी, कटंगसिवनी, गुंदलई के ग्राम पंचायत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रातः 9 बजे से सायंकाल 5 बजे तक आयोजन किया जायेगा।
शिविर में प्रमुख रूप से सिकिल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की जांच, 0 से 5 वर्ष के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, शेष बचे बच्चों का टीकाकरण, कुपोषित बच्चों की जांच, जन्मजात विकृति वाले बच्चों का चिन्हांकन एवं जांच, किशोर बालक, बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, मेंटल हेल्थ परीक्षण, वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, टीबी, कुष्ठ एवं मलेरिया के मरीजों का परीक्षण, साथ में पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाये जायेंगे।
आरोग्यम 2.0 में 6 प्रकार की अतिरिक्त सेवायें कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के दिशा-निर्देश में संचालित की जानी है, जिसमें चिन्हित हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं का शतप्रतिशत प्रबंधन, सिकिल सेल मरीजों का उपचार, एसएनसीयू से डिस्चार्ज हुए बच्चों का फॉलोअप एवं कुपोषण से ग्रसित बच्चों का कम्यूनिटी फॉलोअप, असंचयी रोगों के अंतर्गत डायबिटिक एवं हायपर टेंशन से ग्रसित मरीजों का उपचार, पिछले आरोग्यम शिविर के डायग्नोसिस एवं सर्जरी हुए मरीजों का फॉलोअप, क्षय रोगियों की जांच एवं उपचार किया जायेगा। शिविर में आवश्यक अनुसार मरीजों का सिकिल सेल, एचवी, यूरिन एल्ब्यूमिन, यूरिन शुगर, ब्लड शुगर, मलेरिया, टायफाइड, खंखार, एचआईवी, सिफलिस, डेंगू, फायलिसिस, हेपेटाईटिस बी एवं सी की कुल 14 प्रकार की जांच की जायेंगी।
