Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 8 मई 2022

आदि उत्सव का समापन नहीं वरन पुनः भव्य आयोजन तक अल्प विराम है – श्री कुलस्ते
संगोष्ठी एवं लोकनृत्यों से सजा दूसरा दिन, विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामय उपस्थिति

8/5/2022
ऐतिहासिक रामनगर में प्रतिवर्ष आयोजित हो रहे जनजातीय महापर्व आदि उत्सव का 8 मई को भव्य रूप से समापन हुआ। आदि उत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय इस्पात एवं राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि पाँचवे आदि उत्सव का आज समापन नहीं हो रहा है बल्कि अगले और बड़े आयोजन तक का अल्प विराम है। उन्होंने कहा कि आदि उत्सव का आने वाले वर्षों में बड़े स्तर पर आयोजन करेंगे। श्री कुलस्ते ने कहा कि इसी वादे के साथ थोड़े समय के लिए विराम ले रहे हैं। हम सब जानते हैं कि भाषा, बोली और पोशाक भले ही अलग-अलग हो लेकिन जनजाति समाज एक है। राष्ट्र के प्रति जनजाति समाज का समर्पण को कोई नहीं भुला सकता है। स्वाधीनता आंदोलन में जनजाति समाज के योद्धाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। केन्द्रीय मंत्री ने सिवनी में हुई घटना के प्रति मंच से संवेदना भी व्यक्त की। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा जनजाति कल्याण के लिए किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों की जानकारी देते हुए सरकार को संकल्प की जानकारी भी दी।
श्री कुलस्ते ने कहा कि आज जब भारत वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तब हम उन वीरों और वीरांगनाओं का स्मरण करते हैं, उन्हें प्रणाम करते हैं। जनजातीय समाज में अनेक वीर योद्धा हुए जिन्होंने भारतीय स्वाधीनता संग्राम का इतिहास बदल दिया। राज्य की सीमाओं से परे देशभूमि उनके लिए थी, इसलिए समूचा जनजातीय समाज गौरव के साथ भगवान माने गए बिरसा मुंडा, शंकर शाह, रघुनाथ शाह, टंट्या भील, खाज्या नायक, भीमा नायक, रघुनाथसिंह मंडलोई जैसे अनेक वीर नायक हुए तो टुरिया शहीद मुड्डे बाई और रानी दुर्गावती ने अपने पराक्रम से भारत वर्ष का नाम ऊंचा किया है। इन नामों के साथ-साथ और भी कई जननायकों के नाम ऐसे हैं जिन्हें हम भारतवासी प्रणाम करते हैं।
केन्द्री मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी के लिए संघर्ष में देशभक्ति की गाथा लिखने वाले लोगों का स्मरण करते हुए हम जनजातीय समाज की परंपरा संस्कृति बोली भाषा गोंड राजाओं के इतिहास से आज की पीढ़ी को परिचय कराने के लिए आदि उत्सव का आयोजन करते हैं। यह उत्सव एक औपचारिक उत्सव नहीं है बल्कि यह आदिम संस्कृति, साहित्य, परम्परा से देश-समाज को परिचय कराने का एक विनम्र आयोजन है। उन्होंने कहा कि आदि उत्सव में सभी अतिथि जनजाति समाज के प्रतिनिधि सहित प्रदेश भर से आए नागरिकजनों ने उपस्थित होकर हमारे प्रयासों को सराहा है और आने वाले समय में आदि उत्सव को बेहतर तरीके से आयोजित करने के लिए हौसला दिया है। श्री कुलस्ते ने कहा कि 2015 से आरंभ किया गया ‘आदि उत्सव’ आहिस्ता-आहिस्ता उड़ान भर रहा है। बीच में कोविड महामारी में ‘आदि उत्सव’ कुछ समय के लिए स्थगित रहा लेकिन अब पूरे उत्साह के साथ ‘आदि उत्सव का दो दिवसीय भव्य आयोजन किया गया और यह निरंतर किया जाएगा।

अतिथियों का किया गया पारंपरिक स्वागत

आदि उत्सव के दूसरे दिन जनजातीय कार्य राज्यमंत्री रेणुका सिंह, उप मुख्यमंत्री त्रिपुरा जिष्णु देवशर्मा, सदस्य राष्ट्रीय जनजातीय आयोग अनंतनायक, विधायक सिहोरा नंदनी मरावी, विधायक कुशीनगर उत्तरप्रदेश विनयप्रकाश गौंड़, पूर्व विधायक डिंडौरी दुलीचंद कुरैती, महापौर रांची आशा लाकरा, अखिल भारतीय गौंड़ आदिवासी संघ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरूणा सिंह, प्रो. आर.डी. कॉलेज डॉ. उर्मिला खरपूसे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, जनप्रतिनिधि, जनजातीय प्रतिनिधि, लोक कलाकारों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों के अलावा जनजातीय समुदाय एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

जनजातीय जीवन पर संगोष्ठी आयोजित

आदि उत्सव के दूसरे दिन 8 मई को जनजातीय शोध, कला, संस्कृति, इतिहास तथा जनजातीय जीवन के वृहद पहलुओं पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इस संगोष्ठी में विद्वानों द्वारा जनजातीय जीवन कला संस्कृति, मान्यताओं, ऐतिहासिकता एवं अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसी प्रकार विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय लोक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुति हुई जिसमें जनजातीय वाद्ययंत्र एवं लोकनृत्वों ने उपस्थित लोगों का मन मोहा। कार्यक्रम का समापन सभी राज्यों से आए जनजातीय लोक संस्कृति के कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुति के साथ हुआ।

 

 

 

किसली रेस्ट हाउस में महामहिम को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

 

मण्डला 8 मई 2022

महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल 7 एवं 8 मई को मंडला जिले के प्रवास पर रहे। उन्होंने 7 मई को आदि उत्सव कार्यक्रम का रामनगर में शुभारंभ भी किया। इसके पश्चात श्री पटेल ने कान्हा में रात्रि विश्राम किया। राज्यपाल को 8 मई को प्रातः किसली रेस्ट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, कान्हा फील्ड डायरेक्टर, एडीएम मीना मसराम, एडिशनल एसपी गजेंद्र कवर, एसडीएम सुलेखा उईके, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने देखा कान्हा म्यूजियम

वनराज और वन्य जीवन को देख अभिभूत हुए

 

मण्डला 8 मई 2022

महामहिम राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल ने अपने कान्हा प्रवास के दौरान 7 मई को कान्हा पार्क क्षेत्र में रात्रि विश्राम किया। 8 मई को सुबह श्री पटेल ने कान्हा राष्ट्रीय उद्यान की सफारी में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वन्य जीवन को करीब से देखा। कान्हा भ्रमण के दौरान श्री पटेल को बाघ सहित अन्य वन्य जीवों उनके प्राकृतिक परिवेश में देख आनन्दित हुए। राज्यपाल श्री पटेल ने कान्हा क्षेत्र में जनजातीय संस्कृति का परिचय कराने वाले कान्हा म्यूजियम केंद्र का विजिट भी किया। इस दौरान उन्होंने शोध कार्य, लेख, जनजातीय जीवन, वन्य प्राणी एवं स्थानीय शिल्प कला, चित्रकला से संबंधित कलाकृतियों एवं चित्रों का अवलोकन भी किया। उन्होंने जनजातीय जीवन की समृद्ध कला-संस्कृति की भूरी-भूरी प्रशंसा भी की। इसके पश्चात महामहिम राज्यपाल ने एमपीटी तथा जिला प्रशासन के साथ ग्रुप फोटो में शामिल हुए।

 

 

 

 

 

 

 

श्रवण बाधित दिव्यांगजनों के लिए शिविर 9 मई को

 

मण्डला 8 मई 2022

सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र के लिए डॉ. अमित अग्रवाल, पीजीएमओ, ईएनटी, सिविल अस्पताल रांझी, जिला जबलपुर 9 मई 2022 को जिला चिकित्सालय मण्डला में अपनी सेवाएं देंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के ऐसे श्रवण बाधित दिव्यांगजन जिनके प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त हो गयी है, जिनके प्रमाण पत्र का नवीनीकरण किया जाना है, अथवा नवीन प्रमाण पत्र बनाये जाने है, वे आवश्यक दस्तावेज जिसमें आधार कार्ड, समग्र आई.डी. की छायाप्रति, दो फोटो, पुराना प्रमाण पत्र यदि उपलब्ध हो तो के साथ जिला चिकित्सालय मंडला में 9 मई 2022 को शिविर का लाभ उठा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता पखवाड़ा 9 से 16 मई तक

 

मण्डला 8 मई 2022

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 मई 2022 को ’’राष्ट्रीय डेंगू दिवस’’ मनाया जाएगा तथा 9 मई 2022 से 23 मई 2022 की अवधि को डेंगू बीमारी से बचाव के लिए जनजागरुकता पखवाड़ा के रुप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस के रूप में मनाया जाता है आने वाले समय में वाहक जनित रोग जैसे की डेंगू, मलेरिया, रोग का संक्रमण काल शुरू होने वाला है जिसमें डेंगू सबसे ज्यादा खतरनाक है। वर्षाकाल, मानसून सीजन में इन बीमारियों के फैलने के ज्यादा अवसर होते हैं। जून से इसका प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ता जाता है जो वर्ष के अंत से कम होने लगता है। डेंगू बुखार, डेंगू नामक वायरस के कारण होता जिसके प्रमुख लक्षण तेज बुखार, सिरदर्द; त्वचा पर चेचक जैसे लाल चकत्ते तथा मांसपेशियों हड्डीयों एवं आंख के पीछे दर्द शामिल है इनमें से किसी भी लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी से संपर्क करना चाहिए। डेंगू, एडीज मच्छर के काटने से फैलता है यह मच्छर काले रंग के साथ शरीर पर सफेद धारी लिए होने से आसानी से पहचाना जा सकता है। यह मच्छर दिन के समय काटता है, जब एक स्वस्थ व्यक्ति को संक्रमित, एडीज मच्छर काटता है तो डेंगू होने की संभावना रहती है। एडीज मच्छर साफ व रुके हुए पानी में अंडे देता है। कहीं पर भी पानी जमा न होने दें, साफ पानी को ढक्कर रखें, कूलर, टंकी, होदी, घर के अन्दर रखे गमलों के पानी, को हफ्ते में जरूर बदलें। घरों की छत पर रखे अनुपयोगी वस्तुएं जैसे- डब्बे, फूलदान, टायर, बर्तन इत्यादि की सफाई करें, उन्हें इस प्रकार रखें कि इनमें पानी जमा ना होने पाये, पानी की टंक्कियों के ढक्कन लगायें। घरों में मच्छर निरोधक पौधे जैसे- लेमन ग्रास, लहसुन, लेवेंडर, गेंदा, तुलसी, सिट्रोनेला इत्यादि लगाएं। आवश्यक है कि हम सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, घरों में मच्छर निरोधक जालियों का उपयोग करें, मच्छर निरोधी क्रीम,  कॉइल तथा रेपेलेंट का उपयोग करें।

 

 

 

 

 

 

पेयजल की शिकायत के लिए कंट्रोल रूम

 

मंडला 8 मई 2022

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कठिनाईयों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष क्रमांक 07642-252443 है। उपयंत्री सुमनरानी मरावी को कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है जिनका मोबाईल नम्बर 7470588230 है। यह कंट्रोल रूम कार्य दिवसों में प्रातः 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक संचालित रहेगा। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा कंट्रोल रूम के लिए कर्मचारियों की पालीवार ड्îूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के लिए नियुक्त कर्मचारी जिले के किसी भी क्षेत्र से पेयजल समस्या संबंधी शिकायतों की पंजी संधारित करते हुए निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री तथा संबंधित सहायक यंत्री को सूचित करेंगे। कर्मचारी अवकाश दिवस में भी कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

स्वरोजगार प्रशिक्षण के लिए ऑनलाईन आवेदन 20 मई तक

 

मण्डला 8 मई 2022

प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने बताया कि मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम अन्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जायेगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर गुड्स, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रियालि, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टेली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राजमिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर, कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इम्ब्रोईडरी, जरी जरदोसी विडियो ग्राफी फोटोग्राफी मोटर वाइरिंग, मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरबत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आवेदन ऑनलाईन 20 मई 2022 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/User_Registration_khadi.aspx पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला के मोबाईल नंबर 8959500194 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

नेशनल लोक अदालत 14 मई को

 

मण्डला 8 मई 2022

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश आर.एस. शर्मा के निर्देशन में 14 मई को नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास, बिछिया में किया जा रहा है। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय में लंबित प्रकरण एवं प्रीलिटिगेशन प्रकरणों के अंतर्गत बैंक, नगरपालिका, विद्युत विभाग, श्रम विभाग, दूर संचार विभाग एवं अन्य विभाग के लम्बित एवं प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण भी किया जायेगा।

 

 

 

 

 

पशुओं को लू और तापघात से बचाने जानकारी

 

मण्डला 8 मई 2022

पशुधन को भीषण गर्मी, लू एवं तापमान के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। तेज गर्म मौसम तथा तेज हवाओं का प्रभाव पशुओं की सामान्य दिनचर्या को प्रभावित करता है। भीषण गर्मी की स्थिति में पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रबंधन एवं उपायों, जिनमें ठंडा एवं छायादार पशु आवास, स्वच्छ पीने का पानी आदि पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता हैं। तेज गर्मी से बचाव प्रबंधन में जरा सी लापरवाही से पशु को लू नामक रोग हो जाता है। लू से ग्रस्त पशु को तेज बुखार हो जाता है और पशु सुस्त होकर खाना पीना बन्द कर देता है। शुरू में पशु की श्वसन गति एवं नाड़ी गति तेज हो जाती है। कभी-कभी नाक से खून भी बहने लगता है। पशु पालक के समय पर ध्यान नहीं देने से पशु की श्वसन गति धीरे-धीरे कम होने लगती है एवं पशु चक्कर खाकर बेहोशी की दशा में ही मर जाता है। पशुपालकों को सलाह दी जाती है कि वे पशु आवास हेतु पक्के निर्मित मकानों की छत पर सूखी घास या कड़बी रखें ताकि छत को गर्म होने से रोका जा सके। पशु आवास के अभाव में पशुओं को छायादार पेड़ों के नीचे बांधना चाहिए। पशु आवास में आवश्यकता पड़ने पर बोरी के टाट को गीला कर दें, जिससे ठंडक बनी रहेगी। पशु आवास गृह में आवश्यकता से अधिक पशुओं को नहीं बांधे तथा रात्रि में पशुओं को खुले स्थान पर बांधे। गर्मी के मौसम में पशुओं को हरा चारा अधिक खिलाएं। पशु मे बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरन्त नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था से सम्पर्क कर पशु का उपचार कराएं, जिससे पशुधन तथा उसके उत्पादन में होने वाली हानि से बचा जा सकता है।

 

 

 

 

 

जाति प्रमाण पत्र लोक सेवा केन्द्रों से बनवाएं

 

मण्डला 8 मई 2022

शासन द्वारा जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान अंतर्गत लोक सेवा केन्द्रों पर स्कूलों से आवेदन पत्र प्राप्त करने की समय-सीमा 30 जून 2022 तक बढ़ाई गई है। जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान के तहत शैक्षणिक सत्र से शालाओं में नवीन नामांकित छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र निःशुल्क बनाए जाने के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने की तिथि 30 जून 2022 तक बढ़ाई गई है। नवीन नामांकित छात्र-छात्राओं के प्राप्त ऑनलाईन दर्ज आवेदन पत्र का निराकरण के लिए 10 मई तक एवं जाति प्रमाण पत्र प्रिंट आउट संकुल प्राचार्य को उपलब्ध कराने के लिए 11 से 20 मई तक किया जाएगा।

 

 

 

 

अवंतीबाई स्कूल में मनाया गया जिला स्तरीय लाड़ली लक्ष्मी उत्सव

लाड़लियों को मिला सर्टिफिकेट

 

मण्डला 8 मई 2022

लाड़ली लक्ष्मी उत्सव का आयोजन 8 मई की शाम को किया गया। मुख्य कार्यक्रम भोपाल में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल में लाड़ली लक्ष्मी उत्सव के साथ-साथ इस योजना के द्वितीय चरण के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला स्तरीय लाड़ली लक्ष्मी उत्सव तथा योजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ कार्यक्रम रानी अवंती बाई स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, महिला पार्षद, सहायक संचालक रोहित बड़कुल, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव, संबंधित अधिकारी तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राही उपस्थित थे।

राज्यसभा सांसद ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना ने मध्यप्रदेश के साथ-साथ भारतभर में बेटियों के प्रति समाज के दृष्टिकोंण में आमूलचूल परिवर्तन लाया है। इस योजना के सकारात्मक परिणाम मध्यप्रदेश के लिंगानुपात में भी दिखाई दे रहे हैं। अब बेटियाँ परिवार तथा समाज पर बोझ की बजाए वरदान साबित हो रही हैं। महिलाएं एवं बेटियाँ समाज के प्रत्येक क्षेत्र में उन्नति कर रही हैं। हम सभी को अपने घर, परिवार तथा समाज में महिलाओं तथा बेटियों को सम्मान देते हुए उनकी तरक्की के लिए अवसर प्रदान करना चाहिए। श्रीमती उईके ने कहा कि बेटियां 2 कुलों की परंपरा को आगे बढ़ाती हैं। मध्यप्रदेश की लाड़ली लक्ष्मी योजना की राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है।

लाड़ली लक्ष्मी योजना की जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि मंडला जिले में अब तक लगभग 71 हजार पात्र परिवारों को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि आगामी एक माह में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस योजना के लाभ से वंचित पात्र परिवारों को चिन्हित कर उन्हें योजना का लाभ प्रदान करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि हम सभी को बेटा एवं बेटियों के बीच भेदभाव न रखते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए समान अवसर देना चाहिए। प्रकृति ने दोनों को समान रूप से बनाया है। उन्होंने उपस्थित लाड़लियों एवं उनके परिवारों को स्वस्थ एवं प्रसन्न रहते हुए योजना से लाभ की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम का प्रारंभ परंपरागत सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कन्यापूजन हुआ। मंचासीन अतिथियों का लाड़ली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित हुई बेटियों ने पुष्पगुच्छ से अभिनंदन किया। इस अवसर पर लाड़ली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित हुई बेटियों को सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। साथ ही ऐसे परिवार जिन्होंने 2 बेटियों के बाद परिवार नियोजन को अपनाया है उन्हें भी मंच से सम्मानित किया गया।

Related posts

जिला जेल में अतंर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन हुआ

Reva India News

आईडीबीआई बैंक की सराहनीय पहल जिला चिकित्सालय मंडला को मिले 5 लाख रुपये के अत्याधुनिक चिकित्सीय उपकरण

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 24 फरवरी 2023

Reva India News

Leave a Comment