मंडला, 31 जनवरी 2026
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंडला पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत पूरे जनवरी माह में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा हेलमेट के प्रति जनजागरूकता के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 जनवरी को पुलिस अधीक्षक श्री सकलेचा द्वारा योजना भवन मंडला से हेलमेट पहनने की अनिवार्यता को लेकर आयोजित जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सकलेचा ने बताया कि इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंडला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों, चौपाल, वाहन चेकिंग, समझाइश, जनसंवाद एवं रैलियों के जरिए नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सके।

कार्यक्रम में माहिष्मती बाइक राइडर ग्रुप सहित स्थानीय युवाओं ने सक्रिय सहभागिता की। बुलेट एवं अन्य दोपहिया वाहनों के साथ निकाली गई इस रैली के माध्यम से नागरिकों को हेलमेट के महत्व, यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया।
इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, आरटीओ श्री विमलेश गुप्ता, यातायात थाना प्रभारी श्री ललित धुर्वे, सूबेदार श्री योगेश राजपूत, माहिष्मती बाइक राइडर के सदस्य एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
