Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रसैयादौना में चंद घंटों में बहाल हुई पेयजल व्यवस्था पीएचई विभाग ने युद्धस्तर पर कार्य कर दूर की समस्या

मंडला, 1 जून 2026

मंडला-डिंडौरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान अचानक क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन के कारण ग्राम रसैयादौना (पंचायत खुड़िया) में बाधित हुई पेयजल आपूर्ति को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने तत्परता दिखाते हुए बहाल कर दिया है। प्रशासन और विभाग की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से ग्रामीणों की समस्या का उसी दिन (1 जून) कुछ ही घंटों के भीतर सफलतापूर्वक निराकरण कर दिया गया।

शासन की नल-जल योजना के तहत ग्राम रसैयादौना में ग्रामीणों को नियमित रूप से पेयजल मिल रहा था। लेकिन एनएच/पीडब्ल्यूडी द्वारा किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान अचानक मुख्य पाइपलाइन टूट गई। इससे सुबह के समय गांव की जल आपूर्ति ठप हो गई और असुविधा के कारण नाराज ग्रामीणों ने मंडला-डिंडौरी मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।

जैसे ही मामले की सूचना जिला प्रशासन और पीएचई विभाग को मिली, अधिकारी-कर्मचारी बिना समय गंवाए राहत दल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री मनोज भास्कर और सहायक यंत्री श्री विनेश उइके के कुशल नेतृत्व में तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें जल्द से जल्द पानी सप्लाई शुरू करने का भरोसा दिलाया।

सड़क निर्माण एजेंसी और पीएचई के आपसी तालमेल से टूटी पाइप को तुरंत जोड़ दिया गया और नल-जल योजना के माध्यम से गांव में दोबारा सुचारू रूप से पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई। पानी आते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और चक्का जाम समाप्त कर दिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर नायब तहसीलदार श्री राम सिंह ओड़ाली, ग्राम पंचायत सचिव, एनएच/पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदार अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

पीएचई विभाग ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि भविष्य में सड़क या अन्य विकास कार्यों के दौरान पेयजल ढांचे को कोई नुकसान न पहुंचे, इसके लिए निर्माण एजेंसियों के साथ मजबूत समन्वय बनाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि यदि भविष्य में कोई तकनीकी समस्या आती भी है, तो उसे तत्काल सुधारकर ग्रामीणों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन के इस सकारात्मक और त्वरित रवैये की ग्रामीणों ने भी सराहना की है।

Related posts

घुघरी:खातेदार का आरोप निराधार  घुघरी रोड स्थित कियोस्क सेंटर का मामला

Reva India News

परीक्षाओं के मद्देनजर ध्वनि विस्तारक यंत्र रात 10 से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित जिला दण्डाधिकारी ने जारी किए आदेश

Reva India News

अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो डंपर जब्त

Reva India News

Leave a Comment