Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 16 फरवरी 2026

टीएल बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश

संकल्प से समाधान अभियान के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करें

गेहूं उपार्जन, खाद प्रबंधन और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा

 

मंडला, 16 फरवरी 2026

जिला मुख्यालय स्थित जिला योजना भवन में आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता और समय-सीमा में किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि “संकल्प से समाधान” अभियान का दूसरा चरण प्रारंभ हो चुका है। ऐसे में प्रथम चरण में प्राप्त सभी आवेदनों का शीघ्र और संतोषजनक निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए और निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आमजन को वास्तविक लाभ मिल सके।

बैठक में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री संतराम भलावी ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसान पंजीयन 7 मार्च 2026 तक किया जाएगा। जिले में कुल 36 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां किसान अपना पंजीयन करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि सभी पंजीयन केंद्रों को शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने नागरिक आपूर्ति निगम, कृषि, सहकारिता और खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे हर सप्ताह संयुक्त बैठक कर कृषि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करें। इसमें समर्थन मूल्य पर उपार्जन की तैयारियाँ, खाद की उपलब्धता और वितरण, भंडारण व्यवस्था तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन दुकानों से खाद्यान्न वितरण की स्थिति की नियमित समीक्षा शामिल रहेगी।

बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे आवासों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि यह केंद्र शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील योजना है, इसलिए इसमें प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाए और सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर-कमिश्नर चर्चा के बिंदुओं पर भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी रैंकिंग का आकलन करें और जिन क्षेत्रों में प्रदर्शन कमजोर है, वहां सुधारात्मक कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, श्री हुनेन्द्र घोरमारे, श्री सचिन जैन, श्री आशुतोष महादेव ठाकुर एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 17 फरवरी को

 

मंडला, 16 फरवरी 2026

जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक 17 फरवरी को जिला योजना भवन में दोपहर 3 बजे से आयोजित की गई है। बैठक में क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, आशा कार्यक्रम, एन.सी.डी. कार्यक्रम, एम.पी. औषधी तथा आरोग्यम् मण्डला 2.0 की समीक्षा की जायेगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने समस्त कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है कि जिला स्वास्थ्य समिति के एजेण्डा की जानकारी अपने-अपने कार्यक्रम से संबंधित रैकिंग मापदण्ड के आधार पर विकासखण्डवार पॉवर प्वाईंट प्रेजेन्टेशन तैयार करें एवं समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी विकासखण्ड स्तर का प्रस्तुतीकरण स्वयं करेंगे तथा सभी पूर्ण तैयारी के साथ जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अनिवार्यतः उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान विशेष अभियान: 18 फरवरी को 7 कलस्टर ग्राम पंचायत में लगाए जायेंगे शिविर

 

मंडला, 16 फरवरी 2026

संकल्प से समाधान विशेष अभियान के अंतर्गत 18 फरवरी को 7 कलस्टर ग्राम पंचायतों में शिविर लगाया जायेगा। 18 फरवरी को जनपद पंचायत नैनपुर के ग्राम सर्रापिपरिया, जनपद पंचायत बिछिया के ग्राम औरई, जनपद पंचायत घुघरी के ग्राम लाटो, जनपद पंचायत मवई के ग्राम घुटास, जनपद पंचायत निवास के मनेरी, नारायणगंज के ग्राम मानेगांव, जनपद पंचायत बीजाडांडी के मानिकसरा में कलस्टर स्तरीय शिविर लगाया जायेगा।

इसी प्रकार 19 फरवरी को जनपद पंचायत मंडला के ग्राम मानादेई, जनपद पंचायत मोहगांव के ग्राम सिंगारपुर में शिविर लगाया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने जिला स्तरीय ओलिंपियाड के विजेता छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

 

मंडला, 16 फरवरी 2026

जिला योजना भवन में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिला स्तरीय ओलिंपियाड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 32 स्कूली छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया, इनमें कक्षा दूसरी से कक्षा आठवी तक के विद्यार्थी शामिल हैं। कलेक्टर द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों को बैग, शील्ड, वाटर बॉटल, लंच बॉक्स, ज्योमेट्री बॉक्स और प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि ओलिंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में तार्किक क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने बच्चों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि आज के छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़ी सफलताओं का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने उपस्थित बच्चों से संवाद किया और उन्हें निरंतर सीखने व आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन किए जाएं ताकि जिले की प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सके। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ एवं श्री सचिन जैन, डीपीसी श्री कुलदीप कठल सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित थे।

इन विद्यार्थियों में कनक मरावी, सावित्री कुड़ापे, माधुरी मरावी, रागिनी उइके, साहिल कुर्राम, राधे यादव, अन्या विश्वकर्मा, विद्यांशी बिंझिया, सविता यादव, तुषार बरमन, सुमनेश्वर मार्को, शिल्पा साहू, रीता परते, विनायक भांवरे, नितिन कुमार लोधी, प्रवीण कुमार धुर्वे, यमुनादेवी धूमकेती, प्रवीण नाडा, आरूशी तेकाम, कल्पना भारद्वाज, क्रांति मार्को, तारा परस्ते, योगेन्द्र कुमार वरकड़े, अमीशा चौधरी, तनुज सरौंते, संध्या ओयाम, भागरती सैयाम, राजेन्द्र कुमार धुर्वे, इशिका राजपूत, निशा झारिया, करन एवं मेनका मरावी शामिल है।

 

 

 

 

 

 

 

 

नक्सल-मुक्त होने के उपलक्ष्य में ग्रामीण स्तरीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन

पुलिस अधीक्षक ने विजेताओं को हेलमेट देकर किया सम्मानित

 

मंडला, 16 फरवरी 2026

ग्राम खटोला में पुलिस विभाग (हॉक फोर्स) के तत्वावधान में जिला मंडला एवं संपूर्ण मध्यप्रदेश के नक्सल-मुक्त होने के उपलक्ष्य में ग्राम स्तरीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाइनल मैच में कड़े एवं रोमांचक मुकाबलों के उपरांत मझीपुर टीम विजेता रही, जबकि खटोला टीम उपविजेता घोषित हुई।

समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा द्वारा युवाओं को नशा-मुक्त जीवन अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया। एसपी श्री सकलेचा द्वारा प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों के कप्तानों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हेलमेट पुरस्कार स्वरूप देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी बिछिया श्री सौरव तिवारी, हॉक निरीक्षक श्री अतुल शुक्ला, थाना प्रभारी बिछिया श्री रंजीत सैयाम, स्थानीय सरपंच एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

17 फरवरी से 19 मार्च तक दस्तक अभियान का द्वितीय चरण

 

मंडला, 16 फरवरी 2026

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती के द्वारा जानकारी दी गई कि प्रदेश में बाल स्वास्थ्य एवं पोषण वृद्धि के लिए शासन द्वारा सतत् प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में दस्तक अभियान प्रदेश की एक महत्वपूर्ण गतिविधि है, जिसका आयोजन स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से वर्ष 2017 से प्रति वर्ष लगातार किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत 5 वर्ष उम्र तक के बच्चों में प्रमुख बाल्यकालीन बीमारियों की सक्रिय पहचान एवं प्रबंधन किया जाता है, ताकि बाल मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

वर्ष 2025-26 में दस्तक अभियान के द्वितीय चरण का आयोजन स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से 17 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक किया रहा है। दस्तक दल के द्वारा प्रत्येक व्ही.एच.एन.डी. दिवस में दस्तक दल जिसमें एएनएम, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता सी.एच.ओ. के द्वारा सेवायें दी जा रही हैं। 9 माह से 5 वर्ष के समस्त बच्चों को विटामिन-ए अनुपूरण, वीएचएनडी सत्र के दौरान अनुपूरण एवं मॉपअप दिवस में छूटे हुये बच्चों का अनुपूरण, सेवा प्रदाता एएनएम द्वारा अनुपूरण अथवा एएनएम की निगरानी में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता द्वारा अनुपूरण दिया जायेगा। अभियान के प्रथम चरण 2025 में 6 माह से 5 वर्ष के (अल्प, मध्यम, गंभीर) चिन्हित एनीमिक बच्‍चों का फॉलोअप जांच एवं प्रबंधन, वीएचएनडी, मॉपअप के दौरान डिजीटल एचबी मीटर से जांच एवं यथोचित उपचार।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बाल विवाह मुक्त भारत: शासकीय हाईस्कूल आई.टी.आई. में जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

 

मंडला, 16 फरवरी 2026

बाल विवाह के विरुद्ध संचालित 100 दिवसीय जन जागरूकता अभियान के तीसरे चरण के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल आई.टी.आई. में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को बाल विवाह जैसी कुरीति से मुक्त करना और युवाओं को कानूनी अधिकारों के प्रति सचेत करना था। प्रमुख गतिविधियाँ और कानूनी जानकारी वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी प्रशासक मधुलिका उपाध्याय ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रतिभागियों को दी। यह स्पष्ट किया गया कि लड़की की आयु 18 वर्ष और लड़के की आयु 21 वर्ष से कम होने पर किया गया विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है, जो कानूनन प्रतिबंधित है। बाल विवाह करने, करवाने या इसमें शामिल होने वाले व्यक्तियों को 2 वर्ष का कारावास और 1 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।

प्रतिभागियों को पॉक्सो एक्ट और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी गई। सहायता एवं हेल्पलाइन नंबर कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय कंट्रोल रूम और वन स्टॉप सेंटर द्वारा दी जाने वाली सहायता के बारे में बताया गया। आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग की समझाइश दी गई। हेल्पलाइन सेवा नंबर महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, पुलिस हेल्पलाइन (डायल) 112 के बारे में बताया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान अभियान: न्यून प्रगति पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग को एससीएन जारी

 

मंडला, 16 फरवरी 2026

संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक में महिला बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सेवाओं के क्रियान्वयन में प्रगति अत्यंत न्यून है। इसके अंतर्गत लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए कुल 604 आवेदन में 309 स्वीकृत किए गए तथा 309 निराकृत हुए एवं 295 आवेदन लम्बित हैं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के कुल 481 आवेदन में 267 आवेदन स्वीकृत हुए, 268 निराकृत हुए तथा 213 आवेदन लंबित हैं। संकल्प से समाधान अभियान को प्रारंभ हुए 20 दिन से अधिक की अवधि के बाद भी निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की प्रगति अत्यंत न्यून है।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग श्रीमती शालिनी तिवारी को इस संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। आपके विभागीय दायित्वों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लिया जा रहा है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। आपका उक्त कृत्य कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। आपका उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) उप नियम (एक) (दो) (तीन) के विपरीत होने से दण्डनीय कृत्य है। अतः उक्त संबंध में आप अपना लिखित उत्तर पत्र प्राप्ति के दो दिवस के अन्दर प्रस्तुत करें। निर्धारित समयवाधि में तथा संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की दशा में आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। जिसके लिये आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

गांव-गांव पहुंची मंडला पुलिस, सुरक्षा का दिया संदेश

माइक्रो बीट पुलिस चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को किया गया जागरूक

 

मंडला, 16 फरवरी 2026

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में सोमवार को मंडला जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीण नागरिकों को जागरूक किया गया।

अभियान के अंतर्गत थाना महाराजपुर (मानादेही), थाना बिछिया (राजो), थाना मवई (बिलगांव), थाना मोतीनाला (बेला) तथा चौकी टाटरी (खुकसर), चौकी सलवाह (चौबा), चौकी अंजनिया (दिवारा), चौकी मनेरी (गडरा) क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा चौपाल लगाकर ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। चौपाल कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियमों का पालन, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई।

Related posts

डोंगरगांव में श्रमदान से किया गया बोरी बंधान जल गंगा संवर्धन अंतर्गत जन अभियान परिषद ने आयोजित किया कार्यक्रम  

Reva India News

अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई

Reva India News

वन परिक्षेत्र खटिया (बफर) में अनुभूति षिविर का हुआ आयोजन

Reva India News

Leave a Comment