Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 20 फरवरी 2026

मण्डला जिले में पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा का सफल आगाज

गंभीर रूप से बीमार रितिका को एयरलिफ्ट कर भेजा गया चंडीगढ़

कलेक्टर की संवेदनशीलता से मिली त्वरित राहत

आर्थिक सहायता और पीजीआई में उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित

मंडला, 20 फरवरी 2026

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा मण्डला जिले के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। इस सेवा के माध्यम से जिले के ग्राम घुटास निवासी 16 वर्षीय कु. रितिका यादव को गंभीर अवस्था में एयरलिफ्ट कर चंडीगढ़ भेजा गया। वे जिले की इस सेवा का लाभ प्राप्त करने वाली प्रथम हितग्राही हैं।

    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने जानकारी देते हुए बताया कि कु. रितिका यादव फाइब्रोसिस एवं पल्मनरी आर्टरीज हाइपरटेंशन जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। पूर्व में उनका उपचार नागपुर मेडिकल कॉलेज में भी कराया गया था, किंतु बीमारी की जटिलता को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उन्हें उन्नत उपचार के लिए पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, चंडीगढ़ भेजने की सलाह दी गई।

    रितिका के पिता का पूर्व में निधन हो चुका है तथा उनकी माता श्रीमती तरेसा यादव ही उनका एकमात्र सहारा हैं। कु. रितिका प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत पात्र हितग्राही हैं। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा पीजीआई चंडीगढ़ के फेफड़ा रोग विशेषज्ञों से समन्वय स्थापित कर मरीज की स्थिति से अवगत कराया गया, जिसके पश्चात संस्थान द्वारा निःशुल्क उपचार के लिए सहमति प्रदान की गई।

    इस पूरे प्रकरण में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की संवेदनशीलता और तत्परता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उनके मार्गदर्शन में न केवल एयर एम्बुलेंस की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित की गई, बल्कि रितिका की माता को आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई, ताकि उपचार के दौरान किसी प्रकार की आर्थिक बाधा न आए। चंडीगढ़ मेडिकल कॉलेज में समन्वय स्थापित कराने में भी कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई गई।

    20 फरवरी को प्रातः 8:30 बजे रितिका यादव को जबलपुर एयरपोर्ट से एयर एम्बुलेंस के माध्यम से चंडीगढ़ रवाना किया गया। वर्तमान में उनका उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में प्रारंभ हो चुका है।

    उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्रता होने के कारण मरीज को यह महंगी एयर एम्बुलेंस सुविधा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर शासन और जिला प्रशासन ने जीवन रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

 

 

 

 

 

 

 

 

तेंदूपत्ता सीजन 2026 के लिए वनमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

 

मंडला, 20 फरवरी 2026

    जिला वनोपज सहकारी यूनियन पश्चिम मंडला द्वारा तेंदूपत्ता सीजन वर्ष 2026 के लिए वनमंडल स्तरीय शाखाकर्मियों के प्रशिक्षण के लिए कार्यशाला का आयोजन 19 फरवरी 2026 को किया गया। कार्यशाला में वनमंडलाधिकारी एवं पदेन प्रबंध संचालक श्री एम.एस. मौर्य, श्री आकाश साहू (प्रशिक्षु भा.रा.से.), उपमंडलाधिकारी श्री श्रीराम सुकरवार सहित संबंधित अधिकारी, पालक अधिकारी एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।

    बैठक में तेंदूपत्ता उत्पादन बढ़ाने, कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित अवधि 12 मार्च 2026 से 24 मार्च 2026 तक शाखाकर्मियों द्वारा कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संग्रहण स्तर पर कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने पर जोर दिया गया, ताकि संग्राहकों को अधिक से अधिक तेंदूपत्ता प्राप्त हो सके और रोजगार के अवसर भी बढ़ें। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी संबंधितों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने और लक्ष्य समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

26 फरवरी को जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक

 

मंडला, 20 फरवरी 2026

    कलेक्टर कार्यालय मंडला द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक 26 फरवरी को सायं 4 बजे जिला योजना भवन मंडला में आयोजित की जाएगी।

    जारी पत्र में समस्त कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों में आयोजित विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक की कार्यवाही विवरण एवं अद्यतन जानकारी सहित बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति एवं संबंधित विषयों पर विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान अभियान: न्यून प्रगति पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को एससीएन जारी

 

मंडला, 20 फरवरी 2026

    कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के द्वारा संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें पाया गया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मण्डला के अंतर्गत संचालित सेवाओं के क्रियान्वयन में प्रगति अत्यंत न्यून है। इसके अंतर्गत नलजल योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों जहाँ तकनीकि रूप से साध्य हो, वहां नवीन कलेक्शन के लिए मांग पत्र प्रस्तुत किया जाना के कुल आवेदन 6242, स्वीकृत आवेदन 6076, कुल निराकत 6076 तथा 166 लंबित आवेदन है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भवन निर्माण के लिए अनुज्ञा पत्र के 1714 कुल आवेदन, 1225 स्वीकृत आवेदन, 1227 कुल निराकृत तथा 487 लम्बित आवेदन हैं। संकल्प से समाधान अभियान को प्रारंभ हुए 20 दिन से अधिक की अवधि के बाद भी निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की प्रगति अत्यंत न्यून है।

    कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मंडला को इस संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। आपके विभागीय दायित्वों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लिया जा रहा है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। आपका उक्त कृत्य कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। आपका उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) उप नियम (एक) (दो) (तीन) के विपरीत होने से दण्डनीय कृत्य है। अतः उक्त संबंध में आप अपना लिखित उत्तर पत्र प्राप्ति के दो दिवस के अन्दर प्रस्तुत करें। निर्धारित समयवाधि में तथा संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की दशा में आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। जिसके लिये आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान अभियान: 24 फरवरी को ठरका एवं मुनू कलस्टर में शिविर लगाया जायेगा

 

मंडला, 20 फरवरी 2026

    संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत 24 फरवरी को मंडला जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत ठरका एवं मोहगांव जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत मुनू में शिविर लगाया जायेगा। इसी प्रकार 25 फरवरी को जनपद पंचायत नैनपुर के ग्राम इंद्री एवं पिंडरई, जनपद पंचायत मवई के ग्राम पंचायत अंजनी में कलस्टर स्तरीय शिविर लगाया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

ग्राम पंचायत चौगान में सीईओ जिला पंचायत का निरीक्षण

पौधरोपण एवं पर्यटन स्थलों का अवलोकन

 

मंडला, 20 फरवरी 2026

    सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना द्वारा जनपद पंचायत मोहगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत चौगान का दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने नर्मदा पथ आश्रय स्थल पर पौधरोपण किया तथा स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    निरीक्षण के क्रम में दल बादल महल, चिमनी रानी महल एवं संचालित होम स्टे का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों को पर्यटन स्थलों के रख-रखाव, स्वच्छता एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। नर्मदा पथ आश्रय स्थल पर पौधरोपण कार्यक्रम ग्राम पंचायत चौगान एवं जनपद पंचायत मोहगांव के सहयोग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रभारी सीईओ जनपद पंचायत मंडला श्री कपिल तिवारी, बीपीओ मंडला, सहायक यंत्री मोहगांव श्री राहुल मंडरहा, उपयंत्री, सरपंच, उपसरपंच, सचिव एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

हस्तशिल्प एवं तकनीकी विकास योजना अंतर्गत आवेदन आमंत्रित

 

मंडला, 20 फरवरी 2026

    कार्यालय जिला पंचायत मंडला ग्रामोद्योग एवं माटीकला द्वारा हस्तशिल्प एवं कुटीर उद्योग क्षेत्र से जुड़े हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हस्तशिल्प एवं तकनीकी विकास योजना 2021 अंतर्गत मंडला जिले के बुनकरों एवं शिल्पियों, स्व-सहायता समूहों, बुनकर सहकारी समितियों तथा मास्टर उद्यमियों से वर्ष 2025-26 के लिए हस्तकला प्रशिक्षण, कच्चे एवं हस्तशिल्प उपकरण प्राप्त करने के लिए 25 फरवरी तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। इस कार्य के लिए हस्तकला संचालनालय भोपाल से निर्धारित विवरण अनुसार बजट आवंटित किया गया है, जिसमें (अनुसूचित जनजाति) के तहत 2.25 लाख रुपये, हस्तकला/हस्तशिल्प प्रशिक्षण एवं उपकरण। (सामान्य) के तहत 4.01 लाख रुपये, हस्तकला/हस्तशिल्प प्रशिक्षण एवं उपकरण। (अनुसूचित जाति) के तहत 2.27 लाख रुपये, हस्तकला प्रशिक्षण एवं उपकरण। कुल 8.53 लाख रुपये की राशि इस योजना अंतर्गत स्वीकृत की गई है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक हितग्राही जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला पंचायत मंडला से संपर्क कर सकते हैं अथवा मोबाइल नंबर 8989723206 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रमुख सचिव ने की जल-जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा

मंडला, 20 फरवरी 2026

            लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव पी. नरहरि ने सभी जिला कलेक्टरों के साथ वीसी के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूरा करें और आगामी ग्रीष्म काल को ध्यान में रखते हुए समूह जल प्रदाय योजनाओं और एकल ग्राम योजनाओं पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है, और इसके लिए सभी कार्यों को समय पर पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने जिला कलेक्टरों से कहा कि वे अपने-अपने जिलों में जल जीवन मिशन के कार्यों की मॉनिटरिंग करें और जहां भी आवश्यक हो, वहां अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराएं।

            वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में प्रमुख सचिव ने जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी ग्रीष्म काल में पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि समूह जल प्रदाय योजनाओं और एकल ग्राम योजनाओं को प्राथमिकता दें और इन योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। मंडला एनआईसी कक्ष से इस वीडियो कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, कार्यपालन यंत्री पीएचई श्री मनोज भास्कर सहित संबंधित शामिल हुए।

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर में 1 अप्रैल से प्रारंभ होगा नवीन लेखा प्रशिक्षण सत्र

16 मार्च तक आमंत्रित किए गए आवेदन

मंडला, 20 फरवरी 2026

            शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर द्वारा लेखा प्रशिक्षण सत्र 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण जबलपुर संभाग के समस्त शासकीय कार्यालयों के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में वे नियमित लिपिक वर्गीय कर्मचारी आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने परिवीक्षा अवधि पूर्ण कर ली है तथा म.प्र. शासन सामान्य प्रशासन विभाग के परिपत्र एवं वित्त विभाग के आदेशानुसार निर्धारित अनिवार्य अर्हताएं पूर्ण की हैं। आवेदन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर आमंत्रित किए गए हैं।

            इच्छुक कर्मचारी निर्धारित प्रपत्र “अ” में आवेदन 16 मार्च 2026 सायं 6 बजे तक शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, जबलपुर में जमा कर सकते हैं। प्रशिक्षण म.प्र. शासन के विभागों के कर्मचारियों के लिए निःशुल्क रहेगा, जबकि स्थानीय निकाय एवं अर्द्धशासकीय संस्थाओं के कर्मचारियों के लिए 5 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसे चयन उपरांत प्रवेश के समय जमा करना अनिवार्य होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अवैध संचालन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, वर्धमान मैरिज लॉन सील

मंडला, 20 फरवरी 2026

            कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध गतिविधियों और नियमों के विरुद्ध संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में राजस्व एवं नगरपालिका की संयुक्त टीम द्वारा महाराजपुर स्थित वर्धमान मैरिज लॉन को सील करने की कार्यवाही की गई। यह संपूर्ण कार्यवाही एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस दौरान नायब तहसीलदार श्री राम सिंह उलाड़ी सहित राजस्व एवं नगर पालिका की टीम उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

एमपीटाआस्क पोर्टल 20 फरवरी से 20 मार्च तक रहेगा खुला

प्रतिभा योजना अंतर्गत अनुसूचित जनजाति विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित

मंडला, 20 फरवरी 2026

            सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग मंडला द्वारा जानकारी दी गई है कि प्रतिभा योजना अंतर्गत अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन पत्र प्राप्त किए जाने हेतु एमपीटाआस्क पोर्टल 20 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक पुनः खोला जा रहा है। इस संबंध में आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग भोपाल के निर्देशानुसार जिला स्तर पर आवेदन पत्रों के सत्यापन एवं स्वीकृति की कार्यवाही की जाएगी। पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथि के भीतर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। यह योजना अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को प्रोत्साहन एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।

 

 

 

 

 

 

 

स्टेंडिंग कमेटी की बैठक सह प्रेसवार्ता 21 फरवरी को

मंडला, 20 फरवरी 2026

            भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत 21 फरवरी 2026 को अपरान्ह 4 बजे जिला योजना भवन मण्डला के सभाकक्ष में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी।

            अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार सिंह ने उक्त बैठक में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति की अपील की है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई

ट्रैक्टर वाहन जब्त, प्रकरण दर्ज

मंडला, 20 फरवरी 2026

            जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। मध्यप्रदेश शासन, खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 20 फरवरी को आमानाला क्षेत्र में भ्रमण के दौरान खनिज मिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त एक ट्रैक्टर वाहन क्रमांक एमपी 51 जेडडी 6623 को खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया। जब्त वाहन को शासकीय अभिरक्षा में थाना कोतवाली मंडला की सुपुर्दगी में रखा गया है। वाहन के विरुद्ध म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

केएफडब्ल्यू डेवलपमेंट बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने मंडला सीवरेज परियोजना का किया स्थलीय निरीक्षण

मंडला, 20 फरवरी 2026

            जर्मन विकास सहयोग संस्था केएफडब्ल्यू डेवलपमेंट बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार एवं गुरुवार को जबलपुर पीआईयू अंतर्गत आने वाली मंडला नगर पालिका की सीवरेज परियोजना का स्थल पर पहुँचकर विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिनिधियों ने परियोजना के विभिन्न घटकों का अवलोकन करते हुए कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के क्रियान्वयन की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया तथा भविष्य में संभावित चुनौतियों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए उत्कृष्ट नीति, बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध कार्यान्वयन पर विशेष बल दिया। साथ ही, परियोजना के दीर्घकालिक संचालन एवं रखरखाव को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। निरीक्षण के अवसर पर केएफडब्ल्यू के विशेषज्ञ लुकास एवं राहुल मनकोटिया के साथ मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के तकनीकी अधिकारी कमलेश भटनागर, उप परियोजना प्रबंधक अभय जैन, सामुदायिक विकास अधिकारी अपराजिता मिश्रा तथा सामुदायिक विशेषज्ञ छाया खले सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

            इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल एवं परियोजना से जुड़े अधिकारियों के बीच विस्तृत परस्पर संवाद भी हुआ, जिसमें परियोजना की प्रगति, आगामी कार्ययोजना, सामुदायिक सहभागिता तथा संचालन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए समन्वित प्रयास जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

 

 

 

 

 

 

 

वृद्धाश्रम बीजाडांडी में आयोजित हुआ नियमित योगाभ्यास शिविर

वरिष्ठजनों को बताया गया योग का महत्व

मंडला, 20 फरवरी 2026

            जिला प्रशासन, आयुष विभाग एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ’होलिस्टिक वेल एण्ड बेईंग केम्प्स’ के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न स्वास्थ्यपरक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आयुष विभाग द्वारा 20 फरवरी को वृद्धाश्रम बीजाडांडी में “नियमित योगाभ्यास” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

            शिविर में उपस्थित वृद्धजनों को सरल एवं उपयोगी योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियां सिखाई गईं। साथ ही योग के नियमित अभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से रक्तचाप नियंत्रण, जोड़ों के दर्द में राहत, तनाव में कमी तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है।

            कार्यक्रम में डॉ. गोविंद मरावी, डॉ. सुनील भांवरे एवं योग प्रशिक्षक राजेंद्र प्रसाद ने वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर शासकीय होम्योपैथी डिस्पेंसरी कालपी एवं शासकीय आयुर्वेद डिस्पेंसरी फूलसागर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। वृद्धजनों ने योगाभ्यास में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा ऐसे स्वास्थ्यवर्धक आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

 

 

 

 

 

 

 

ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल के जरिए चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

मंडला, 20 फरवरी 2026

            पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को मंडला जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीण नागरिकों को हेलमेट अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में व्यापक रूप से जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत थाना टिकरिया के सिकोशी, थाना मवई के सिमरिया, थाना निवास के मसूरघुघरी, थाना घुघरी के माल, मोतीनाला के लूरी, थाना मोहगांव के मछला, थाना कोतवाली के बिनेका, थाना बिछिया के मांगावेली एवं पिंडरई, पोड़ी, चौकी पांडीवारा क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 31 अगस्त 2023

Reva India News

ग्राम घुटास में हटाए गए अतिक्रमण स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण के अंतर्गत 4080 वर्ग फुट क्षेत्र मुक्त

Reva India News

नर्मदा नदी के माहिष्मती घाट में संध्याकालीन पंचचौकी महाआरती का आयोजन हुआ

Reva India News

Leave a Comment